samacharsecretary.com

संजू सैमसन पर बैन की चर्चाएं, क्या सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ वह खेल पाएंगे? नियम बताते हैं

कलकत्ता  ‘Sanju Samson ban’ शब्द सोशल मीडिया पर जमकर ट्रेंड कर रहा है, खासकर आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल से पहले. भारत और इंग्लैंड की टीमें इस मुकाबले में आमने-सामने होंगी. सोशल मीडिया पर ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर 8 में मैच जिताऊ पारी के बाद जश्न मनाने के कारण इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) संजू सैमसन पर बैन लगा सकती है, जिससे फैंस काफी परेशान हैं। आखिर हुआ क्या था? कोलकाता के ईडन गार्डन्स में रविवार को विजयी चौका लगाने के बाद संजू सैमसन ने हेलमेट उतारकर जमीन पर फेंक दिया और घुटनों के बल बैठकर भगवान का धन्यवाद किया. कुछ लोगों का मानना है कि हेलमेट ‘फेंकने’ का यह एक्शन ICC के ‘क्रिकेट उपकरण के दुरुपयोग’ वाले नियम के तहत आ सकता है। फिलहाल, इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि ICC संजू सैमसन के खिलाफ कोई कार्रवाई करने जा रही है. हालांकि, सोशल मीडिया पर चर्चा है कि अगर सैमसन दोषी पाए गए तो उन्हें एक मैच के लिए सस्पेंड किया जा सकता है. ICC का नियम क्या कहता है? ICC के आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के तहत, खिलाड़ियों को क्रिकेट उपकरण का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए. इसमें हेलमेट, बैट, स्टंप या किसी भी अन्य उपकरण को फेंकना या मारना शामिल है. अगर यह काम गुस्से में नहीं, बल्कि भावनाओं में किया गया हो, तब भी इसकी समीक्षा की जा सकती है और कार्रवाई हो सकती है। नियम में यह भी कहा गया है कि अगर किसी भी एक्शन से उपकरण या स्टेडियम की संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, तो उसे नियम का उल्लंघन माना जाएगा. हाल ही में, स्कॉटलैंड के क्रिकेटर जॉर्ज मंसी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के एक मैच में आउट होने के बाद हेलमेट फेंकने पर एक डिमेरिट प्वाइंट दिया गया था. यानी ऐसे मामलों में कार्रवाई संभव है। क्या सैमसन सस्पेंड हो सकते हैं? तकनीकी रूप से, अगर मैच अधिकारियों को लगता है कि सैमसन ने हेलमेट फेंका है, तो उन्हें सजा मिल सकती है. आमतौर पर, ऐसे मामलों को लेवल 1 अपराध माना जाता है. लेवल 1 के उल्लंघन पर अधिकतम 50% मैच फीस का जुर्माना और दो डिमेरिट प्वाइंट दिए जा सकते हैं। अक्सर, खिलाड़ियों को ऐसे मामलों में बैन नहीं किया जाता, सिर्फ डिमेरिट प्वाइंट मिलते हैं. मैच रेफरी भी देखते हैं कि यह एक्शन किस संदर्भ में किया गया. जश्न के दौरान किए गए ऐसे एक्शन को आमतौर पर गुस्से में किए गए कामों की तुलना में हल्के में लिया जाता है. इसलिए, सैमसन पर बैन लगना संभव नहीं लगता।

वर्ल्ड कप की दहलीज़ पर संजू सैमसन के लिए ‘करो या मरो’, ईशान–अक्षर की वापसी पर टिकी निगाहें

तिरुवनंतपुरम भारत और न्यूजीलैंड के बीच शनिवार को पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। टी20 विश्व कप से पहले भारत का यह आखिरी मैच होगा जिसमें एक बार फिर सभी की नजरें सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन पर रहेंगी। सैमसन इस सीरीज में अब तक अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि अब वह अपने होम ग्राउंड पर खेलने उतरेंगे। भारत पहले ही सीरीज में 3-1 से आगे चल रहा है, ऐसे में उसकी कोशिश इस मैच से संयोजन और विश्व कप से पहले तैयारियां परखने की होगी। सैमसन के लिए क्यों अहम है मैच?     अपनी निर्भीक बल्लेबाजी के लिए मशहूर सैमसन इस सीरीज में रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं।     सैमसन की फॉर्म के बजाय उनकी तकनीकी कमजोरी चिंता का विषय है जिससे उनका आत्मविश्वास भी डगमगा गया है।     वह सात फरवरी से शुरू होने वाले विश्व कप से पहले बड़ी पारी खेलने के लिए बेताब होंगे।     सैमसन के पास फॉर्म में आने का यह संभवत: आखिरी अवसर होगा क्योंकि टीम के पास ईशान किशन के रूप में उनका विकल्प मौजूद है। बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की संभावना कम विश्व कप को देखते हुए भारत का संयोजन लगभग तय है और टीम प्रबंधन बस बेंच स्ट्रेंग्थ को परख रहा है। इस बात की संभावना कम है कि बल्लेबाजी विभाग में बदलाव होगा। बस यह देखना होगा कि पिछले मैच में चोट के कारण बाहर रहे ईशान किशन वापसी करेंगे या नहीं। वहीं, अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे भी लय में रहना चाहेंगे क्योंकि भारतीय टीम के लिए आने वाले दिन काफी महत्वपूर्ण हैं। ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी नागपुर में खेले गए पहले टी20 मैच में अंगुली में चोट लगने के बाद से नहीं खेले हैं। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे मैच से पहले नेट पर गेंदबाजी की थी। उम्मीद है कि अक्षर पांचवें टी20 मैच के लिए प्लेइंग-11 का हिस्सा होंगे।   गेंदबाजी विभाग में हो सकता है परिवर्तन विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे टी20 मैच में भारत ने प्रयोग करते हुए पांच मुख्य गेंदबाजों को ही खिलाया तथा ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे से गेंदबाजी नहीं करवाई। जैसा कि सीरीज के पिछले मैचों में देखा गया, भारत अपने गेंदबाजी विभाग में एक बार फिर फेरबदल कर सकता है। भारतीय टीम प्रबंधन पिछले दो मैचों में आराम देने के बाद मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को मौका दे सकता है। इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11: भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती। न्यूजीलैंड: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चापमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशाम, जैक फोल्क्स, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी।  

जन्मदिन पर बढ़ी सरगर्मी! CSK की शुभकामनाओं से संजू सैमसन ट्रेड की अटकलें तेज

नई दिल्ली  भारतीय क्रिकेटर और राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन आज 11 नवंबर को अपना 31वां जन्मदिन मना रहे हैं। अपने स्थिर प्रदर्शन और आक्रामक बल्लेबाजी से उन्होंने भारतीय T20 टीम में मजबूत जगह बनाई है। इसी बीच, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की ओर से उन्हें सोशल मीडिया पर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं लेकिन यह संदेश केवल बधाई नहीं, बल्कि एक संकेत भी माना जा रहा है। क्रिकेट जगत में चर्चा है कि सैमसन IPL 2026 से पहले एक बड़े ट्रेड के तहत चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ सकते हैं।  CSK और RR के बीच बड़े ट्रेड की तैयारी  रविवार, 9 नवंबर को यह खबर सामने आई कि IPL इतिहास के सबसे बड़े ट्रेड्स में से एक जल्द हो सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच एक अहम डील पर बातचीत चल रही है, जिसमें सैमसन को CSK में शामिल किया जा सकता है। इस डील के तहत, चेन्नई अपने स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को राजस्थान भेज सकती है। जडेजा लंबे समय से CSK का अहम हिस्सा रहे हैं, लेकिन पिछले सीजन के बाद उनके फ्रेंचाइज़ी के साथ संबंधों में कुछ तनाव की चर्चा रही थी। इसके साथ ही, इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन का नाम भी इस संभावित डील में जुड़ गया है। करन को भी जडेजा के साथ राजस्थान जाने की उम्मीद जताई जा रही है। अगर यह सौदा होता है, तो यह IPL इतिहास का सबसे बड़ा और चौंकाने वाला खिलाड़ी एक्सचेंज साबित हो सकता है।    संजू सैमसन का करियर और वर्तमान स्थिति संजू सैमसन ने IPL 2013 से अपने करियर की शुरुआत की थी और तब से उन्होंने निरंतर प्रदर्शन से खुद को एक भरोसेमंद बल्लेबाज और कप्तान के रूप में स्थापित किया है। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान के रूप में, उन्होंने टीम को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया और प्लेऑफ तक कई बार नेतृत्व किया। साथ ही, भारतीय टीम में उन्होंने T20 और ODI फॉर्मेट में अहम भूमिका निभाई है। उनकी बल्लेबाज़ी शैली, शांत स्वभाव और रणनीतिक सोच उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स जैसी अनुभवी टीम के लिए एक आदर्श कप्तान विकल्प बनाती है, ख़ासकर तब जब एमएस धोनी के रिटायरमेंट की अटकलें लगातार बढ़ रही हैं।  CSK का सोशल मीडिया संदेश : इशारा या संयोग?  चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने ऑफिशियल X (Twitter) अकाउंट पर सैमसन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। पोस्ट में लिखा था, "आपको और शक्ति मिले, संजू! जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं!' इस संदेश के बाद फैंस ने तुरंत अनुमान लगाना शुरू कर दिया कि शायद यह बधाई किसी संभावित ट्रेड की ओर इशारा है। पोस्ट पर हजारों प्रतिक्रियाएं आईं, जहां कई यूजर्स ने लिखा, “CSK में स्वागत है, संजू!'  रिटेंशन और ट्रेड की आधिकारिक घोषणा का इंतजार फिलहाल, दोनों फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स ने इस ट्रेड डील पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। माना जा रहा है कि IPL 2026 सीजन के लिए रिटेंशन सूची 15 नवंबर को घोषित की जाएगी। तब तक क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इसी बात पर टिकी हैं कि क्या यह ऐतिहासिक ट्रेड वाकई हकीकत बन पाएगा।   

संजू सैमसन का जलवा – सबके सामने मिला मेडल और बड़ा सम्मान

दुबई  भारतीय टीम ने शुक्रवार को श्रीलंका को एशिया कप 2025 के आखिरी सुपर फोर मुकाबले में हराया। टूर्नामेंट में भारत की ये छठी जीत थी। हालांकि भारत के लिए एशिया कप 2025 का ये सबसे मुश्किल मुकाबला रहा। पिछले पांच मैचों में भारतीय टीम ने आसानी से विरोधी टीम को मात दी थी लेकिन इस मैच में श्रीलंका ने भारत को कड़ी टक्कर दी और मैच का नतीजा सुपर ओवर में निकला। हाई स्कोरिंग मैच में भारत के लिए अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने दमदार पारी खेली। हालांकि गेंदबाज उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। वहीं मैच खत्म होने के बाद ड्रेसिंग रूम में संजू सैमसन इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड अपने नाम करने में कामयाब रहे। विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने शुक्रवार को बल्ले से दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 23 गेंद में 39 रन की पारी खेली। तिलक के साथ उन्होंने बीच के ओवरों में अच्छी साझेदारी भी की। उन्होंने कुसल परेरा को स्टंप आउट किया, जिससे भारत मैच में वापसी करने में सफल रहा। इस शानदार प्रदर्शन के लिए संजू सैमसन को इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच का मेडल दिया गया है। सैमसन को फिजियोथेरेपिस्ट योगेश परमार ने इम्पैक्ट प्लेयर मेडल प्रदान किया। संजू सैमसन ने मेडल मिलने के बाद कहा, "यह वाकई बहुत मायने रखता है। यह छोटी सी सराहना हम सभी के लिए बहुत मायने रखती है और मुझे व्यक्तिगत रूप से इस ड्रेसिंग रूम में होने पर बहुत गर्व है। यह आसान नहीं है और हम सभी करते हैं और मुझे इसमें योगदान देने और अपना सर्वश्रेष्ठ देने में बहुत खुशी हो रही है, जैसा कि हम सभी करते हैं। बहुत-बहुत धन्यवाद।'' सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के टूर्नामेंट में तीसरे अर्धशतक की मदद से भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 202 रन बनाये । जवाब में पथुम निसांका के शतक की मदद से श्रीलंका ने जीत की ओर लगभग कदम रख दिया था । हर्षित राणा के आखिरी ओवर में उसे 12 रन और आखिरी गेंद पर तीन रन चाहिये थे जिस पर दासुन शनाका दो ही रन ले पाये और मैच सुपर ओवर में चला गया । सुपर ओवर पूरी तरह से अर्शदीप के नाम रहा जिन्होंने पांच गेंद में दो रन देकर दो विकेट लिये । भारत को तीन रन का लक्ष्य मिला जो कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली ही गेंद पर हासिल कर लिया ।  

संजू सैमसन का IPL 2026 में CSK में जाना तय? राजस्थान रॉयल्स से हो सकता है विदाई

मुंबई  आईपीएल ट्रेड मार्केट में सबसे ज्यादा चर्चा इन दिनों राजस्थान रॉयल्स  (RR) और उनके कप्तान संजू सैमसन को लेकर हो रही है. क्या सैमसन टीम में बने रहेंगे? क्या फ्रेंचाइजी उन्हें किसी और खिलाड़ी से ट्रेड करेगी या उन्हें नीलामी के लिए रिलीज कर देगी? जवाब इतना सीधा नहीं है क्योंकि मामला जटिल है. यहां नियम हैं, व्यक्तिगत नजरिए हैं और सबसे बड़ी बात यह है कि कोई खिलाड़ी अगर खुद ही टीम में नहीं रहना चाहता तो क्या फ्रेंचाइजी उसे रोक सकती है? तथ्य हैं और फिर जटिलताएं भी विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, संजू सैमसन और राजस्थान रॉयल्स के मैनेजमेंट के बीच गंभीर मतभेद हो चुके हैं. हालात इतने बिगड़ गए हैं कि सैमसन ने फ्रेंचाइजी से खुद को ट्रेड करने या नीलामी में छोड़ने की औपचारिक मांग कर दी है. सैमसन के परिवार के सदस्य भी यह खुलेआम कह चुके हैं कि वह अब इस फ्रेंचाइजी के साथ नहीं रहना चाहते. उनके करीबी कुछ आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि टीम के साथ उनके संबंध पहले जैसे नहीं रहे. … लेकिन नियम क्या कहते हैं? आईपीएल में एक बार कोई खिलाड़ी किसी टीम से रिटेन या नीलामी के जरिए जुड़ता है तो वह उस टीम से तीन साल के लिए अनुबंधित होता है. ऐसे में यह फैसला खिलाड़ी नहीं, बल्कि फ्रेंचाइजी ही करती है कि उसे रिलीज करना है या नहीं. कानूनी रूप से सैमसन अभी भी 2027 सीजन तक राजस्थान रॉयल्स के साथ बंधे हैं. फ्रेंचाइजी के लिए चुनौती यह स्थिति राजस्थान के लिए असमंजसपूर्ण है. क्या किसी ऐसे खिलाड़ी को बनाए रखा जाए जो खुद ही टीम में नहीं रहना चाहता? खासकर तब जब टीम एक खुशहाल ड्रेसिंग रूम का सपना देखती हो. वहीं, इतना बड़ा खिलाड़ी यूं ही छोड़ना भी मुश्किल है. संजू को किशोरावस्था से संवारने वाली राजस्थान रॉयल्स मैनेजमेंट इस समय लगभग हर टीम से संपर्क कर चुकी है. यह जानने के लिए कि क्या कोई फ्रेंचाइजी ट्रेड में दिलचस्पी रखती है. शुरुआती बातचीत कुछ टीमों से हुई भी है, यहां तक कि उन टीमों से भी जिनके पास पहले से ही विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं. बल्लेबाजी क्रम बना कारण? बतौर कप्तान संजू को अपनी बल्लेबाजी स्थिति तय करने की आजादी की अपेक्षा थी. टीम इंडिया की टी20 स्कीम में वह ओपनिंग करते हैं, लेकिन पिछले सीजन में यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की युवा ओपनिंग जोड़ी ने ऐसा जलवा दिखाया कि सैमसन की पुरानी भूमिका खतरे में पड़ गई. माना जा रहा है कि यह भी मतभेद का एक बड़ा कारण रहा. राजस्थान से सैमसन का पुराना नाता संजू 2015 में कोलकाता नाइट राइडर्स से रिलीज होकर राजस्थान से जुड़े थे और तब से इस फ्रेंचाइज़ी का चेहरा बन चुके हैं. सिर्फ 2016 और 2017 में टीम के निलंबन के दौरान वह बाहर रहे. एक वक्त था जब उनकी प्रतिभा से खुद सचिन तेंदुलकर इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने एक मैच के बाद निजी तौर पर उनसे मिलने की इच्छा जताई. उस मुलाकात में सचिन ने उनकी बल्लेबाजी की जमकर सराहना की थी. अब आगे क्या? सीएसके ने दिखाई दिलचस्पी, लेकिन… चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने संजू को लेकर दिलचस्पी जरूर दिखाई है, लेकिन उनकी नीति किसी भी खिलाड़ी को रिलीज करने की नहीं है. ऐसे में डायरेक्ट ट्रेड का रास्ता बंद हो जाता है. धोनी और ऋतुराज गायकवाड़ इन दिनों चेन्नई में हैं और टीम के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में अभ्यास कर रहे हैं. शीर्ष प्रबंधन के साथ बैठकें भी हो रही हैं, हालांकि यह साफ नहीं है कि उनमें सैमसन को लेकर चर्चा हुई या नहीं. बाकी टीमें भी सैमसन में दिलचस्पी रखती हैं, लेकिन अब तक ऐसा कोई ऑफर सामने नहीं आया है जो राजस्थान को मंजूर हो. फैसला अब राजस्थान के पाले में राजस्थान के लिए यह नाजुक मोड़ है. उन्हें तय करना है कि वे कप्तान को मनाने की कोशिश करेंगे या एक नया अध्याय शुरू करेंगे. फिलहाल फ्रेंचाइजी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.