samacharsecretary.com

किसानों के लिए खुशखबरी: बीज संघ ने शुरू किया उच्च गुणवत्ता वाले हाइब्रिड बीजों का उत्पादन

मंत्री सारंग की अध्यक्षता में सहकारी बीज उत्पादक-विपणन संघ की बैठक भोपाल  सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंगलवार को मंत्रालय में मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बीज उत्पादक एवं विपणन संघ मर्यादित के संचालक मंडल की बैठक की। बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए संघ द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान प्रजनक बीज उठाव एवं वितरण, आधार एवं प्रमाणित बीज के उत्पादन और विपणन की वर्तमान स्थिति तथा आगामी लक्ष्यों की समीक्षा की गई। मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की वास्तविक मांग के अनुरूप बीजों का उत्पादन बढ़ाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जोर दिया कि जिन बीजों एवं ब्रांड की अधिक मांग है, उनके उत्पादन एवं आपूर्ति पर प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाए। मंत्री सारंग ने कहा कि ‘एमपी चीता’ ब्रांड को एक सशक्त मार्केटिंग रणनीति के साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित किया जाए, जिससे यह किसानों के बीच एक भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण ब्रांड के रूप में स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि चिन्हित फसलों और बीजों पर फोकस करते हुए, हॉटिकल्चर (बागवानी) फसलों को भी बढ़ावा देने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। बैठक में बताया गया कि बीज संघ ने किसानों की उत्पादकता और लाभप्रदता बढ़ाने के उद्देश्य से उच्च गुणवत्ता वाले हाइब्रिड बीजों का उत्पादन प्रारंभ कर दिया है। इन बीजों से बेहतर पैदावार, रोग प्रतिरोधक क्षमता तथा गुणवत्तापूर्ण फसल प्राप्त होगी। मंत्री सारंग ने इस पहल को कृषि क्षेत्र में बड़ा कदम बताते हुए इसे व्यापक स्तर पर प्रचारित करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी बताया गया कि बीज उत्पादन एवं गुणवत्ता सुधार के लिए किसानों और तकनीकी कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मंत्री सारंग ने निर्देश दिये है कि रिसर्च एवं डेवलपमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाए और इसके लिए आवश्यकतानुसार मैन पावर भी बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि बीज उत्पादन एवं गुणवत्ता संवर्धन के लिए एक दिवसीय सेमिनार आयोजित किया जाए, जिसमें विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों, अनुसंधान संस्थानों तथा कृषि विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाए। इससे बीजों की ब्रांड वैल्यू और गुणवत्ता सुधार के नए आयाम जुड़ सकेंगे। बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त अशोक वर्णवाल, प्रमुख सचिव सहकारिता डीपी आहूजा, कृषि सचिव निशांत वरवड़े, आयुक्त सहकारिता मनोज पुष्प, प्रबंध संचालक अपेक्स बैंक मनोज गुप्ता, बीज संघ के प्रबंध संचालक महेंद्र दीक्षित सहित सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं संघ के संचालक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।  

क्याकिंग और केनोइंग में मप्र के खिलाड़ियों ने दिखाया दम, खेल मंत्री सारंग ने दी बधाई

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि श्रीनगर (कश्मीर) की डल झील में हो रहे देश के पहले 'खेलो इंडिया जल-खेल महोत्सव-2025' में मध्यप्रदेश की खिलाड़ी सुडॉली विश्नोई ने कयाकिंग स्पर्धा की (के-1) 500 मीटर महिला वर्ग में स्वर्ण पदक और इसी स्पर्धा की (के-2) 500 मीटर में सुनिहारिका सिंह और सुचंद्रकला ने स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेशवासियों को गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तीनों बेटियों को इस स्वर्णिम उपलब्धि के लिए बधाई देकर इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां और सभी खिलाड़ी हमारा गौरव हैं। इन्हें पदक मिलने से पूरा प्रदेश गौरवान्वित हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि इसी खेल महोत्सव में मध्यप्रदेश के मंजीत मैतेई और आदित्य सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष वर्ग की (के-2) 500 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने इन दोनों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बधाई देकर इनके उज्ज्वल भविष्य कामना की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसी खेल महोत्सव में मध्यप्रदेश के सुधीर कुमार और प्रिंस गोस्वामी ने कैनो स्पर्धा की (सी-2) 500 मीटर पुरुष वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल करने पर इन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एथलीट अर्जुन वास्कले को दी बधाई मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चेन्नई में हो रहे 64वें राष्ट्रीय प्रादेशिक सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ी अर्जुन वास्कले द्वारा पुरूष स्पर्धा के 1500 मीटर इवेंट में कांस्य पदक जीतने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वास्कले निरंतर आगे बढ़ते रहें और नए-नए कीर्तिमान रचते रहें।