samacharsecretary.com

सिरपुर महोत्सव 2026: विदेशी कलाकारों की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति का भव्य प्रदर्शन

महासमुंद महासमुंद जिले के पुरातात्विक नगरी सिरपुर के ऐतिहासिक वैभव और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को नजदीक से समझने-देखने इस बार आयोजित होने वाले सिरपुर महोत्सव में विदेशी मेहमान भी शामिल होंगे। 1 से 3 फरवरी तक तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का आयोजन इस वर्ष और भी भव्य व आकर्षक होने जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के इतिहास, कला और संस्कृति के जानकार भाग लेंगे। महोत्सव में दक्षिण कोरिया से इतिहास, कला और संस्कृति के विशेषज्ञ आमंत्रित किए गए हैं। महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जानकारी देते हुए बताया कि, इनमें दक्षिण कोरिया के प्रो. जंग संगीर, किम डांग ग्वी, डॉ. ली ची रैन और एन नाजियम प्रमुख रूप से शामिल हैं, जिनकी सहभागिता से सिरपुर की अंतर्राष्ट्रीय पहचान और सशक्त होगी। वहीं, नागपुर से दीक्षा भूमि स्मारक समिति के अध्यक्ष भदंत आर्य नागार्जुन सुरई ससाई जी तथा कर्नाटक से भदंत प्रज्ञा बोधि थेरो की भी उपस्थिति सुनिश्चित हो चुकी है। देश के विभिन्न हिस्सों से बौद्ध धर्म के आर्य एवं विद्वान भी इस आयोजन में शामिल होकर सिरपुर की ऐतिहासिक और बौद्ध विरासत पर अपने विचार साझा करेंगे। महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने बताया कि, महोत्सव में बॉलीवुड के कलाकार प्रस्तुति देंगे। तीन दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव सिरपुर की प्राचीन सभ्यता, विरासत, कला-संस्कृति और पर्यटन को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगा।

सिरपुर महोत्सव 2026 की धूम: बॉलीवुड और छालीवुड कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां, कलेक्टर ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की

महासमुंद छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में माघ पूर्णिमा पर सिरपुर महोत्सव का आगाज होने जा रहा है. तीन दिवसीय महोत्सव में बॉलीवुड कलाकारों से लेकर छत्तीसगढ़ के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समा बाधेंगे. 1 से 3 फरवरी तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की आकर्षक छटा देखने को मिलेगी. कार्यक्रम की तैयारियां अब अंतिम रूप में आ चुकी हैं, जिसका जायजा लेने जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और अन्य अधिकारी कार्यक्रम स्थल पहुंचे. कार्यक्रम स्थल पहुंचे कलेक्टर, तैयारियों का लिया जायजा कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कायक्रम की अंतिम चरण में पहुंच चुकी तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंगे जिम्मेदार अधिकारियों को महोत्सव स्थल, स्टेज, डोम में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, विद्युत व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने मुख्य मंच तक पहुंचने वाले मार्गों को पर्याप्त चौड़ा रखने, सुगम आवागमन तथा दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए. बॉलीवुड और छॉलीवुड सितारों से सजेगी शाम कार्यक्रम का आयोजन हर दिन शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक होगा. इस अवसर पर प्रतिदिन महानदी आरती भी होगी. कलेक्टर ने मुख्य मंच को आकर्षक और सांस्कृतिक थीम आधारित सजावट देने के निर्देश दिए. महोत्सव परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.