samacharsecretary.com

सोनी सब के शो हुई ग़म यादें – एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ में सृष्टि सिंह निभाएँगी डॉ. वाणी का किरदार

मुंबई, अभिनेत्री सृष्टि सिंह सोनी सब के आगामी शो हुई ग़म यादें – एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ में डॉ. वाणी का किरदार निभाती नजर आयेंगी। सोनी सब नया शो हुई ग़म यादें – एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ प्रस्तुत करने जा रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित इतालवी सीरीज़(डीओसी) का भारतीय रूपांतरण है। यह शो कई देशों में सफलतापूर्वक रूपांतरित किया जा चुका है। शो की कहानी डॉ. देव (इक़बाल खान) पर केंद्रित है-एक प्रतिभाशाली डॉक्टर जो एक दुर्घटना के बाद अपनी आठ वर्षों की स्मृति खो देता है और अपने व्यक्तिगत तथा पेशेवर जीवन को नए सिरे से सँवारने की कोशिश करता है।इस प्रभावशाली कथा में शामिल हो रही हैं लोकप्रिय अभिनेत्री सृष्टि सिंह, जो डॉ. वाणी का किरदार निभा रही हैं। सृष्टि सिंह ने कहा,“हुई ग़म यादें में मुझे सबसे अधिक छू गया उसके रिश्तों की भावनात्मक सच्चाई। डॉ. देव की स्मृति खोने के बाद भी, वाणी अतीत को वापस पाने की कोशिश नहीं करती, बल्कि उनके रिश्ते को बिना किसी अपेक्षा के स्वाभाविक रूप से बढ़ने देती है। वाणी मानती है कि प्रेम को न तो जबरन लाया जा सकता है और न ही समझाया जा सकता है-या तो वह अपना रास्ता खोज लेता है या नहीं। मुझे उनकी ओर आकर्षित किया वह तरीका, जिसमें वह महत्वाकांक्षा और सहानुभूति, सिद्धांत और नाज़ुकता के बीच संतुलन साधती है। उस जटिलता को निभाना मेरे लिए चुनौती और सौभाग्य दोनों होगा। मैं इक़बाल खान के साथ काम करने के लिए भी उत्साहित हूँ, जिनके अनुशासन और कला की मैं हमेशा प्रशंसा करती रही हूँ।” ग़म यादें – एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ, जल्द ही केवल सोनी सब पर प्रसारित होगा।  

सोनी सब के बाल कलाकारों ने बाल दिवस के बारे में अपने विचार साझा किये

मुंबई, सोनी सब के बाल कलाकारों ने बाल दिवस के बारे में अपने विचार प्रशंसकों के साथ साझा किये हैं। सोनी सब के प्रतिभाशाली बाल कलाकार सुभान खान, एकांश कठोरिया, आयशा विंधारा, परी भट्टी और रोशन वालकर ने बताया है कि वे यह दिन कैसे मनाते हैं और अपने साथियों एवं प्रशंसकों के लिए क्या संदेश देना चाहते हैं। गाथा शिव परिवार की गणेश कार्तिकेय में कार्तिकेय का किरदार निभा रहे सुभान खान ने कहा, “बाल दिवस मुझे यह याद दिलाता है कि हर बच्चे में कुछ खास होता है,चाहे वह खेल हो, पढ़ाई हो या दोस्त बनाना। इस साल मैं अपने दोस्तों से कहना चाहता हूं, नई चीज़ों को आज़माने से कभी मत डरना! जब मैं भगवान कार्तिकेय की भूमिका के लिए कलारिपयट्टू सीख रहा था, तो ट्रेनिंग बहुत कठिन थी, लेकिन हर चुनौती ने मुझे और मज़बूत और केंद्रित बनाया। इस किरदार ने मुझे सिखाया कि असली ताकत अनुशासन और दयालुता में है।” गाथा शिव परिवार की गणेश कार्तिकेय में भगवान गणेश की भूमिका निभा रहे एकांश कठोरिया ने बताया, “बाल दिवस मेरा पसंदीदा दिन है क्योंकि यह मुझे याद दिलाता है कि बच्चा होना कितना मज़ेदार है। मुझे खेलना, दोस्तों के साथ हँसना और बिना किसी चिंता के खुश रहना बहुत अच्छा लगता है। हर साल मैं इस दिन का इंतज़ार करता हूँ क्योंकि स्कूल में हमें बहुत सारी चॉकलेट्स और ट्रीट्स मिलती हैं। मैं अपने दोस्तों से हमेशा कहता हूं।हर पल का आनंद लो, नई चीज़ें सीखो और खुद पर भरोसा रखो।यही बच्चा होने की सबसे बड़ी खूबसूरती है!” इत्ती सी खुशी में चिड़िया का किरदार निभा रहीं आयशा विंधारा ने कहा, “बाल दिवस पर मेरी यही इच्छा है कि हर बच्चा खुश रहे ।चाहे वह स्कूल में हो, घर पर हो या सेट पर। मैं हमेशा अपने भाई-बहनों की मदद करने और दोस्तों का मन खुश करने की कोशिश करती हूँ। हर बच्चे को यह महसूस होना चाहिए कि उसकी छोटी-छोटी बातों की भी कद्र होती है। ‘चिड़िया’ का किरदार निभाते हुए मुझे एहसास हुआ कि परिवार और दोस्त जीवन के सबसे ज़रूरी हिस्से हैं।” पुष्पा इम्पॉसिबल में स्वरा की भूमिका निभा रहीं परी भट्टी ने कहा, “मेरे लिए बाल दिवस सिर्फ़ जश्न मनाने का दिन नहीं है, बल्कि यह याद करने का भी दिन है कि सपने देखना कितना ज़रूरी है। मैंने हाल ही में स्वरा का किरदार निभाना शुरू किया है, और इसने मुझे सिखाया कि हर बच्चा चुनौतियों का सामना करता है, लेकिन जब हम खुद पर विश्वास करते हैं, तो कुछ भी असंभव नहीं होता। मैं अपने सभी दोस्तों से कहना चाहती हूँ कि एक-दूसरे का साथ दें और मुस्कुराने की वजह हमेशा ढूंढें ,चाहे परिस्थिति कैसी भी हो।” पुष्पा इम्पॉसिबल में रोशन की भूमिका निभा रहे रोशन वालकर ने कहा,“मैंने स्कूल में पढ़ा है कि हमारे पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू जी बच्चों को देश का भविष्य मानते थे और इसी कारण बाल दिवस मनाया जाता है। जब भी मैं यह सोचता हूँ, मुझे गर्व और खुशी महसूस होती है। मैं हमेशा कुछ नया सीखने की कोशिश करता हूँ और मुझे अभिनय बहुत पसंद है। यह दिन मुझे याद दिलाता है कि जिज्ञासु रहना और दुनिया के प्रति उत्साह बनाए रखना कितना जरूरी है। मेरी यही कामना है कि हर बच्चा इस दिन और हर दिन खुद को खास और प्यारा महसूस करे।”  

सोनी सब लेकर आ रहा है लोकप्रिय बंगाली जासूसी कॉमेडी ‘एकेन बाबू’ का हिंदी वर्जन

  मुंबई, हिंदी मनोरंजन चैनल सोनी सब अब अपने दर्शकों के लिये लोकप्रिय बंगाली जासूसी कॉमेडी ‘एकेन बाबू’ का हिंदी वर्जन लेकर आ रहा है। आठ सफल वेब सीज़न और तीन हिट फिल्मों के बाद, लोकप्रिय बंगाली जासूसी कॉमेडी एकेन बाबू अब अपने हिंदी डब संस्करण के साथ टेलीविज़न पर दस्तक दे रही है। अपने अनोखे हास्य, बुद्धिमत्ता और मज़ेदार रहस्य-सुलझाने की शैली के साथ ‘एकेन बाबू’ अब देशभर के दर्शकों का मनोरंजन सिर्फ सोनी सब पर करेगा। ‘एकेन बाबू’ की कहानी एकेंद्र सेन की है ,जिनका किरदार प्रसिद्ध बंगाली फिल्म अभिनेता अनिर्बाण चक्रवर्ती निभा रहे हैं, जिन्हें प्यार से एकेन बाबू कहा जाता है। वह एक अजीबोगरीब, मूडी और खाने के बेहद शौकीन जासूस हैं, जिनकी सरलता और विचित्र आदतें अपराधियों और साथियों दोनों को ही चौंका देती हैं। यह शो पारंपरिक गंभीर क्राइम ड्रामाओं से बिल्कुल अलग है, जो दर्शकों को एक हल्का-फुल्का, मनोरंजक और दिलचस्प जासूसी अनुभव देता है। यह साबित करते हुए कि एक आम आदमी भी असाधारण रहस्यों को सुलझा सकता है। अपना उत्साह साझा करते हुए एकेन बाबू की भूमिका निभा रहे अभिनेता अनिर्बाण चक्रवर्ती ने कहा, “एकेन बाबू बनना मेरे कॅरियर की सबसे आनंददायक यात्राओं में से एक रहा है। इन वर्षों में मुझे उनके हर पहलू को जीने का मौका मिला ।उनकी अनोखी आदतें, खाने के प्रति प्रेम, और रहस्यों को सुलझाने का उनका सरल लेकिन शानदार तरीका। एकेन बाबू की सबसे खास बात यह है कि वह किसी भी पारंपरिक जासूस की तरह नहीं हैं। वह आम इंसान की तरह हैं, मज़ेदार हैं, कभी-कभी थोड़े आलसी, लेकिन हमेशा अपने ढंग से बेहद चतुर। मुझे बेहद खुशी है कि सोनी सब उन्हें इतना बड़ा मंच दे रहा है ताकि भारतभर के दर्शक उनकी हास्यभरी और रोमांचक कहानियों का आनंद उठा सकें।”  

जावेद अली ने सोनी सब के शो गणेश कार्तिकेय के गीत को अपनी सुरीली आवाज़ से बनाया दिव्य

मुंबई,  जानेमाने पार्श्वगायक जावेद अली ने सोनी सब के आगामी शो गणेश कार्तिकेय में गाना गाया है। सोनी सब पौराणिक शो गाथा शिव परिवार की गणेश कार्तिकेय को 06 अक्टूबर रात आठ बजे लॉन्च करने जा रहा है। यह शो देवों के सबसे शक्तिशाली परिवार भगवान शिव (मोहित मलिक), माता पार्वती (श्रेनु पारिख) और उनके पुत्र, भगवान गणेश एवं भगवान कार्तिकेय की अनकही कथा को भव्य रूप में प्रस्तुत करेगा। इस महागाथा को और भव्य बनाने के लिए मशहूर गायक जावेद अली ने शो के शक्तिशाली एंथम को अपनी मधुर आवाज़ से सजाया है। यह एंथम, भक्ति और भव्यता से ओत-प्रोत है, जो शिव परिवार की दिव्य शक्ति, मूल्यों और भावनाओं को संजोता है और शो की महान कथा का स्वर निर्धारित करता है। अपनी बहुमुखी प्रतिभा और आत्मा को छू लेने वाले गायन के लिए प्रसिद्ध जावेद अली की आवाज़ इस एंथम में श्रद्धा और आस्था की उस गहराई को जीवंत करती है, जिसे गणेश कार्तिकेय दर्शकों तक पहुँचाना चाहता है। जावेद अली ने कहा, “यह गीत बेहद खूबसूरत है। आदिल जी (आदिल-प्रशांत जोड़ी के) ने मुझे कॉल किया और कहा कि जब वे यह ट्रैक बना रहे थे, तो उन्हें किसी और का ख्याल ही नहीं आया। जैसे ही मैंने गीत सुना, तुरंत एक भक्ति-भाव से भर गया। इसके बोल और धुन इतनी सुंदरता से गूंथे गए हैं कि सीधा दिल को छू जाते हैं। इस रचना में एक प्रार्थना है, एक पुकार है, जिसने मुझे भीतर तक प्रभावित किया। यही वजह है कि मैंने इसे गाने के लिए हामी भरी। इस गीत का सार इतना पवित्र और शक्तिशाली है कि मुझे यकीन है जब दर्शक इसे सुनेंगे, तो वे भी किसी न किसी रूप में इससे जुड़ जाएंगे और इसकी दिव्य शक्ति में खो जाएंगे।”