samacharsecretary.com

जालंधर में अंबेडकर प्रतिमा से तोड़फोड़, तीसरी बार शीशा टूटने से मचा हड़कंप

लुधियाना. लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के बाहर लगे शीशे को एक बार फिर किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर मारकर तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि इस तरह की यह तीसरी घटना है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया और वाल्मीकि समाज व बहुजन समाज पार्टी के लोग मौके पर एकत्रित होने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जालंधर बाईपास चौक और आसपास का क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। पुलिस बल मौके पर तैनात है और हालात पर नजर रख रहा है। इस घटना की जानकारी एडवोकेट नरेंद्र आद्या ने अपने फेसबुक पेज पर लाइव होकर दी। उन्होंने लोगों को घटना के बारे में बताया। लगातार तीसरी बार प्रतिमा के बाहर लगे शीशे को निशाना बनाए जाने से समाज के लोगों में रोष है। फिलहाल शीशा तोड़ने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पंजाब के मोगा में भगत सिंह की प्रतिमा से छेड़छाड़, लोगों में भारी आक्रोश

मोगा. मोगा में शरारती तत्वों ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस घटना से ग्रामीणों में रोष है। यह वारदात बाघापुराना के गांव वैरोके में हुई। लोगों ने प्रशासन से जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए जीवन कुर्बान किया। उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और समाज में समानता के लिए संघर्ष किया। उनका बलिदान आज भी याद किया जाता है। ग्रामीणों ने कहा कि शहीदों का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने मांग की कि कालिख लगाने वालों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो। पुलिस को दी गई शिकायत, जांच शुरू इस मामले में डीएसपी बाघापुराना जसविंदर सिंह खैहरा ने बताया कि गांव वैरोके में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित है। प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ किए जाने संबंधी ग्रामीणों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रतिमा पर पेंट आदि लगा हुआ है और पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।