samacharsecretary.com

स्टीव स्मिथ की ऐतिहासिक सेंचुरी, सिडनी टेस्ट में ब्रैडमैन को छोड़ा पीछे

नई दिल्ली ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने अपने ही देश के महान बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन का एक बड़ा रिकॉर्ड धराशायी कर दिया है। एशेज सीरीज के आखिरी टेस्ट मैच में सिडनी के मैदान पर स्टीव स्मिथ ने एक शानदार सेंचुरी ठोकी। इसी पारी के दौरान वह इंग्लैंड के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए और सर डॉन ब्रैडमैन का दशकों पुराना रिकॉर्ड टूट गया।   स्टीव स्मिथ ने इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी में 129 रन की पारी खेली और तीसरे दिन के खेल के बाद नाबाद लौटे। 129 रनों के साथ इंग्लैंड के खिलाफ उनके रनों की संख्या इंटरनेशनल क्रिकेट में 5085 हो गए, जबकि डॉन ब्रैडमैन ने 5028 रन इंग्लैंड के खिलाफ बनाए थे। ब्रैडमैन ने सिर्फ टेस्ट क्रिकेट खेली है, जबकि स्मिथ ने टी20 और वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट को मिलाकर यह आंकड़ा हासिल किया है। स्मिथ दुनिया के चौथे ऐसे बल्लेबाज भी बन गए, जिन्होंने एक देश के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में 5000 या इससे ज्यादा रन बनाए हैं। सचिन तेंदुलकर ने दो देशों के खिलाफ ये उपलब्धि हासिल की हुई है, जबकि विराट कोहली भी इस लिस्ट का हिस्सा हैं। बाकी दो नाम स्मिथ और डॉन ब्रैडमैन के हैं। सचिन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6707 और श्रीलंका के खिलाफ 5108 रन बनाए थे, जबकि विराट कोहली ने 5551 रन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में बनाए हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी एक विरोधी टीम के खिलाफ सबसे ज़्यादा रन 6707 – सचिन तेंदुलकर बनाम ऑस्ट्रेलिया 5551 – विराट कोहली बनाम ऑस्ट्रेलिया 5108 – सचिन तेंदुलकर बनाम श्रीलंका 5085* – स्टीवन स्मिथ बनाम इंग्लैंड 5028 – डॉन ब्रैडमैन बनाम इंग्लैंड दाएं हाथ के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ का ये मौजूदा एशेज सीरीज में पहला शतक है। अभी तक वे इस सीरीज में एक अर्धशतक ही जड़ पाए थे। हालांकि, कप्तान के तौर पर उन्होंने दो मैच इस सीरीज में जिताए हैं। एक मैच हारे हैं और एक मुकाबला जारी है। स्मिथ के टेस्ट शतकों की संख्या अब 37 हो चुकी है। 11 महीने के बाद स्टीव स्मिथ ने टेस्ट क्रिकेट में शतक जड़ा है। आखिरी शतक उनका फरवरी 2025 में श्रीलंका में आया था।  

टेस्ट क्रिकेट का पाठ: पुजारा और रहाणे जैसे बनने की सलाह स्टीव स्मिथ-जो रूट को किसने दी?

नई दिल्ली मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड की पिच आजकल चर्चा में है। आईसीसी ने उसे 'असंतोषजनक' करार दिया है। चौथे एशेज टेस्ट के दौरान ये पिच बल्लेबाजी के लिए कब्रगाह साबित हुई और मैच 2 दिन में ही खत्म हो गया। इंग्लैंड ये मैच जीत तो जरूर गया लेकिन ऑस्ट्रेलिया के साथ-साथ उसके भी बल्लेबाज पिच पर पस्त नजर आए। स्टीव स्मिथ और जो रूट जैसे दिग्गज बल्लेबाज भी बेबस नजर आए। इस पर भारत के पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने कहा है कि मेलबर्न की पिच मुश्किल थी, तेज गेंदबाजों के लिए मददगार थी लेकिन ऐसा नहीं था कि खेलने लायक नहीं थी। उन्होंने कहा कि पिच इतनी खराब इसलिए लग रही क्योंकि आधुनिक बल्लेबाजी में अब धैर्य का पुट नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी पिच पर चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे जैसा खेलना चाहिए।   उथप्पा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘देखिए ये स्थिति दो विपरीत पहलू वाली है। ये ऐसी नहीं है कि विकेट खेलने के लिए असंभव थी। मेलबर्न में विकेट ऐसी होती हैं जो तेज गेंदबाजों के लिए काफी मददगार होती हैं…मुझे लगता है कि आज जिस तरह से क्रिकेट खेली जा रही है, उसकी वजह से ऐसा है। मुझे लगता है कि ये पिचें खेलने लायक नहीं हैं लेकिन अगर आपके पास सही तकनीक है, सही मानसिकता है और आपमें जज्बा है तो आप इस तरह के विकेट के लिए भी कोई रास्ता ढूंढ लेंगे। ये हाई-स्कोरिंग मैच नहीं था लेकिन ये 300 प्लस का मैच नहीं था। लेकिन इस पिच पर 250 का स्कोर बन सकता था। आपको इसके लिए जुझारूपन दिखाना होगा। पुजारा और अजिंक्य रहाणे जैसा खेलिए, आप निश्चित तौर पर रन बनाएंगे।’ उथप्पा ने ये भी कहा कि जो रूट ब्रिसबेन में हुए दूसरे टेस्ट में संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड का ये बल्लेबाज पूरी तरह जैसे खो गया था। उन्होंने इसे टेस्ट क्रिकेट का दुर्भाग्यपूर्ण क्षण बताया। उथप्पा ने कहा, ‘आज टेस्ट क्रिकेट खेलने का तरीका बदल गया है। मैं इसे बहुत पसंद नहीं करता। एशेज टेस्ट 2 दिन में खत्म हो जा रहे हैं। एंटरटेनमेंट के लिए हम खेल के साथ क्या कर रहे हैं? जो रूट भी टेस्ट मैच में खो जा रहे हैं। वह नहीं जान पा रहे कि कैसे खेलना है, आक्रामक क्रिकेट खेलनी है कि अपने अंदाज में खेलना है। ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।’ मेलबर्न टेस्ट की बात करें तो इंग्लैंड ने इसे 4 विकेट से जीता था। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 152 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड की टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 110 रन पर सिमट गई थी। ऑस्ट्रेलिया अपनी दूसरी पारी में 132 रन ही बना सकी, जिसके बाद मैच के दूसरे ही दिन इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाकर मैच 4 विकेट से जीत लिया।  

एशेज 2025: ऑस्ट्रेलियाई स्क्वॉड में 3 नए चेहरों का समावेश, कोहली से मुकाबला करने वाला खिलाड़ी बाहर

सिडनी  इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली ऐतिहासिक एशेज सीरीज के पहले मैच के लिए ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने अपने 15 मेंबर स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है. 21 नवंबर को पर्थ में होने वाले पहले टेस्ट मैच में चोटिल पैट कमिंस की जगह स्टीव स्मिथ को कप्तान बनाया गया है. पांच टेस्ट मैच की यह सीरीज पर्थ से ब्रिस्बेन, एडिलेड, मेलबर्न और सिडनी तक चलेगी. स्क्वॉड में नए सलामी बल्लेबाज जेक वेडराल्ड के साथ ब्रैंडन डॉगेट और सीन एबॉट को बतौर बैकअप पेसर शामिल किया गया है. 31 साल के जेक वेडराल्ड पिछले कुछ साल से घरेलू क्रिकेट में अच्छी बल्लेबाजी करते आ रहे हैं. 2023 की घरेलू एशेज सीरीज में 2-2 से ड्रॉ खेलने वाला इंग्लैंड 2010-2011 के बाद से ऑस्ट्रेलिया में नहीं जीता है. वॉर्नर का रिप्लेसमेंट की तलाश जारी 31 वर्षीय वेदराल्ड पिछले साल डेविड वार्नर के संन्यास के बाद उस्मान ख्वाजा के छठे सलामी जोड़ीदार बन सकते हैं. इससे पहले स्टीव स्मिथ, नाथन मैकस्वीनी, सैम कोंस्टास, ट्रेविस हेड और मार्नस लाबुशेन बतौर ओपनर कुछ खास नहीं कर पाए हैं. प्लेइंग इलेवन अब तक पक्की नहीं मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने वेदराल्ड की शुरुआती ग्यारह में जगह पक्की नहीं की है. बेली ने कहा, ‘अभी तक प्लेइंग इलेवन तय नहीं हुई है.जाहिर है हमारी 15 सदस्यीय टीम में से 14 खिलाड़ी चौथे राउंड (शेफील्ड शील्ड) में खेलेंगे. अभी भी उससे कुछ जानकारी जुटानी बाकी है. पैट कमिंस की जगह स्मिथ होंगे कप्तान वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच के बाद से पीठ के निचले हिस्से में चोट के कारण मैदान से दूर चल रहे पैट कमिंस की जगह स्टीव स्मिथ कप्तानी करेंगे. कमिंस टीम के साथ पर्थ जाएंगे और 4 दिसंबर से ब्रिस्बेन में होने वाले दूसरे डे-नाइट टेस्ट में वापसी कर सकते हैं. विराट कोहली से पंगा लेने वाला बाहर बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में विराट कोहली से उलझने वाले युवा सलामी बल्लेबाज सैम कोंस्टास की छुट्टी हो गई है. साल 2024 में हुए बॉक्सिंग-डे टेस्ट के दौरान कोहली को उनके विवादास्पद धक्के के लिए 20% मैच फीस का जुर्माना और एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया था. ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड: स्टीव स्मिथ (कप्तान), सीन एबॉट, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, ब्रेंडन डॉगेट, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिचेल स्टार्क, जेक वेदरल्ड और ब्यू वेबस्टर.

Ashes 2025 अपडेट: पैट कमिंस आउट? स्टीव स्मिथ बन सकते हैं ऑस्ट्रेलिया के कप्तान!

नई दिल्ली  ऑस्ट्रेलिया के नियमित टेस्ट कप्तान पैट कमिंस की चोट से उबरने की प्रक्रिया अभी जारी है। चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने पुष्टि की है कि अगर कमिंस एशेज के शुरुआती मैच तक फिट नहीं हो पाते, तो स्टीव स्मिथ टीम की कप्तानी संभालेंगे। कमिंस को जुलाई 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ के दौरान पीठ में चोट लगी थी। इस कारण वह भारत के खिलाफ होने वाली व्हाइट-बॉल सीरीज़ से भी बाहर रहे। बेली ने कहा,  'अगर पैट नहीं खेलते हैं तो स्मज (स्मिथ) कप्तान होंगे। यही हमारा सामान्य तरीका है। पैट भले ही न खेलें, लेकिन टीम के साथ रहेंगे और रिहैब पर काम करते हुए खिलाड़ियों से जुड़े रहेंगे। कप्तान और उप-कप्तान का तालमेल बना रहेगा।' स्टीव स्मिथ की तैयारी स्मिथ हाल ही में न्यूयॉर्क से ऑस्ट्रेलिया लौटे हैं और तुरंत क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स के नेट्स में अभ्यास शुरू कर दिया। वह आगामी शेफ़ील्ड शील्ड के दो राउंड में भी खेलेंगे ताकि एशेज से पहले अपनी लय बनाए रखें। बेली ने कहा, 'स्मिथ ने आते ही नेट्स में बल्लेबाजी शुरू कर दी। हमने हर खिलाड़ी की तैयारी उसके अनुसार की है और वह पूरी तरह से मैच के लिए तैयार होंगे।' पिच और मौसम की अनिश्चितताएं स्टीव स्मिथ और पैट कमिंस की जोड़ी ऑस्ट्रेलिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। अगर कमिंस नहीं खेल पाए, तो स्मिथ की कप्तानी में टीम को एक अनुभवी नेतृत्व मिलेगा।