samacharsecretary.com

सारंगढ़ में मानव श्रृंखला और नुक्कड़ नाटक के जरिए गूंजा नशा मुक्त भारत का संदेश

​रायपुर     ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा के 25 वर्ष’ के उपलक्ष्य में समाज कल्याण विभाग द्वारा खेलभांठा मैदान सारंगढ़ में एक विशाल नशा मुक्त भारत जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को नशे के गंभीर दुष्परिणामों के प्रति सचेत करते हुए एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया गया।     ​कार्यक्रम की शुरुआत में कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। इस प्रस्तुति में नशे के कारण व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार की खुशहाली और सामाजिक ताने-बाने पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों का सजीव व संवेदनशील चित्रण किया गया। तत्पश्चात खेलभांठा मैदान से एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने नशामुक्ति के नारों के साथ जन-जन को जागरूक किया।           ​रैली के उपरांत मैदान में एकत्र प्रतिभागियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर विशाल मानव श्रृंखला बनाई और नशामुक्त भारत का संदेश बुलंद किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार व समाज को नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर जनजागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों ने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।

नुक्कड़ नाटक के जरिए पहुँचाया जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश

​रायपुर सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित ‘नमो सेवा – अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम के अंतर्गत नारायणपुर जिले के सुदूर क्षेत्र कोहकामेटा में शिक्षकों ने एक अनुकरणीय पहल की है। शिक्षकों ने मंच पर उतरकर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं के प्रति जागरूक किया।  ​शिक्षकों ने अपने प्रभावशाली अभिनय, सहज-सरल संवादों और रचनात्मक प्रस्तुति से योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता एवं उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुँचाई। नाटक के जरिए स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी प्रमुख योजनाओं को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। इसके साथ ही, जिले को नक्सलमुक्त बनाने के लिए शासन द्वारा चलाई जा रही पहलों का भी सकारात्मक संदेश दिया गया। कलाकार बने शिक्षकों ने स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, पक्के मकान, कृषि विकास एवं ग्रामीण सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए आह्वान किया कि योजनाओं की जानकारी हर घर तक पहुँचे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इनके लाभ से वंचित न रहे।  ​इस रचनात्मक पहल ने न केवल शिक्षकों की कलात्मक प्रतिभा को एक बड़ा मंच दिया, बल्कि उन्हें सीधे जनसेवा और सामाजिक बदलाव की मुहीम से भी जोड़ा। नाटक की जीवंत प्रस्तुति ने ग्रामीणों को गहराई से प्रभावित किया और उनमें योजनाओं के प्रति जनभागीदारी की भावना को जगाया।   ​कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष,उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत ओरछा के उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य सहित क्षेत्र के अनेक सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।