samacharsecretary.com

मध्यप्रदेश भवन में 2 दिवसीय समर वर्कशॉप का सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन

भोपाल  नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित मध्यप्रदेश भवन में आयोजित 2 दिवसीय समर वर्कशॉप का समापन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गत दिवस हुआ। समापन समारोह में सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव  शिवशेखर शुक्ला ने प्रतिभागियों के उत्साह और रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास में मदद मिलती है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पद्म कालूराम बामनिया द्वारा प्रस्तुत कबीर गायन तथा  महेश कुलश्रेष्ठ की मनमोहक ‘फूलपाती’ नृत्य प्रस्तुति रही। इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मध्यप्रदेश की समृद्ध लोक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया। कार्यशाला में प्रतिभागियों के लिए हीटलेस कुकिंग (बिना आग के खाना बनाना), फैब्रिक पेंटिंग, मधुबनी पेंटिंग कला तथा डीआईवाई (DIY) क्रॉफ्ट सत्र जैसी रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। समारोह में ट्रेज़र हंट प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा कार्यशाला में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। दो दिनों तक चली इस कार्यशाला ने प्रतिभागियों को सीखने, सृजनात्मकता विकसित करने और मनोरंजन के साथ नई गतिविधियों का अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन उत्साह, उमंग और मधुर स्मृतियों के साथ हुआ।  

JP नड्डा का झारखंड दौरा आज से शुरू, जानें कार्यक्रम की पूरी टाइमलाइन

देवघर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा आज यानी शुक्रवार को झारखंड के देवघर पहुंचेंगे। जेपी नड्डा यहां 2 दिन रहेंगे। इस दौरान जेपी नड्डा राज्य की प्रदेश कोर कमेटी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। जेपी नड्डा का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम सूत्रों के मुताबिक नड्डा शाम 7:30 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। रात 8:45 बजे नड्डा राज्य की प्रदेश कोर कमेटी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे, जिसमें राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और आगामी रणनीतियों पर चर्चा होने की संभावना है। कल यानी शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सुबह बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे और फिर सुबह 10 बजे देवघर में ही नवनिर्मित जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। कार्यालय के उद्घाटन के बाद नड्डा पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद जिला भाजपा कार्यालय में भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। फिर शाम को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा एम्स, देवघर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वे देवघर से ही वर्चुअल तरीके से गुमला जिला भाजपा कार्यालय का भी उद्घाटन करेंगे।