samacharsecretary.com

जब 2017 में टूटा था भारत का सपना… अब महिला टीम के पास बदला लेने का मौका

नई दिल्ली  हरमनप्रीत कौर की अगुआई में भारतीय टीम महिला एकदिवसीय विश्व कप के फाइनल में पहुंच चुकी है। गुरुवार को सेमीफाइनल में उसने 7 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को रिकॉर्ड रनों का पीछा करते हुए हराया। अब हरमनप्रीत कौर आर्मी भारतीय महिला क्रिकेट की वो गौरवशाली गाथा लिखने की दहलीज पर खड़ी है जो अतीत में लिखते-लिखते रह गई थी। कौर के जेहन में 2017 की वो दिल तोड़ने वाली फाइनल की हार ताजा होगी और उनकी अगुआई में टीम इस बार वो कसर पूरी करने के लिए जी जान लगाएगी। 2017 में भारत के विश्व कप जीतने का सपना टूटा था। तब सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को ही शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई थी। सेमी में हरमनप्रीत कौर ने 115 गेंदों में 171 रनों की बेमिसाल तूफानी पारी खेली थी और भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 36 रन से हराया था। उसके बाद लगा कि 2017 महिला क्रिकेट के लिए 1983 बनने वाला है जब पुरुष टीम ने पहली बार विश्व विजय हासिल की थी। लेकिन वो हो न सका। फाइनल में भारत को मेजबान इंग्लैंड के हाथों 9 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी। 8 गेंदें बाकी थीं लेकिन पूरी भारतीय टीम आउट हो चुकी थी। तब इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 228 रन का स्कोर खड़ा किया था। जीत के लिए 229 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 5 रन के टीम स्कोर पर स्मृति मंधाना बिना खाता खोले आउट हो गईं। 43 रन पर भारत को दूसरा झटका लग गया और कप्तान मिताली राज दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गईं। उसके बाद हरमनप्रीत कौर और पूनम राउत ने तीसरे विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी की। हरमनप्रीत 51 रन बनाकर आउट हुईं। भारत को चौथा झटका पूनम राउत के रूप में लगा जो शतक की तरफ बढ़ रही थीं। उन्होंने 86 रन की शानदार पारी खेली। भारत तब भी जीत की स्थिति में था। तब भारत का स्कोर 191 रन था और जीत के लिए 43 गेंदों में सिर्फ 38 रन चाहिए थे और हाथ में बचे थे 6 विकेट। स्कोर बोर्ड में अभी 5 रन ही जुड़े थे कि भारत को सुषमा वर्मा के रूप में पांचवां झटका लगा। 45वें ओवर में एक समय भारत का स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर 201 रन था। तब भी जीत मुट्ठी में लग रही थी। लेकिन तभी झूलन गोस्वामी के रूप में सातवां झटका लगा। 47.2 ओवर में स्कोर था 7 विकेट के नुकसान पर 218 रन। तब 20 गेंद में सिर्फ 11 रन चाहिए थे। लेकिन 2 रन के अंतराल पर ही भारत के आखिरी 3 विकेट गिर गए और एक नया इतिहास रचते-रचते रह गया। करोड़ों दिल टूट गए। मेजबान इंग्लैंड ने विश्व कप अपने नाम कर लिया था। अब भारत के पास उस टीस को खत्म करने, उस कसर को पूरा करने का सुनहरा मौका है। 2 नवंबर को फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के सामने उस अधूरी कहानी को पूरा करने का मौका है। सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने जिस विलक्षण जज्बे, जुनून और हौसले का मुजाहिरा किया है, वो उम्मीद जगाता है- अबकी बार 2017 वाली कसर पूरी होकर रहेगी।  

क्रिकेट महासंग्राम: साउथ अफ्रीका बनाम बांग्लादेश, वुमेंस वर्ल्ड कप 2025 की लड़ाई रोमांचक होगी!

नई दिल्ली साउथ अफ्रीका की टीम लगातार दो जीत से महिला वनडे विश्व कप में अपने अभियान को शानदार अंदाज में पटरी पर लाने के बाद सोमवार को बांग्लादेश से भिड़ेगी। इस दौरान साउथ अफ्रीका की टीम बांग्लादेश को रौंदकर जीत की हैट्रिक लगाने की कोशिश करेगी। अपने पहले मैच में इंग्लैंड से 10 विकेट की करारी हार झेलने के बाद दक्षिण अफ्रीका महिला टीम ने न्यूजीलैंड और मेजबान भारत पर दमदार जीत दर्ज कर शानदार वापसी की है। इन दो जीतों से टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ गया है। टीम अंक तालिका में चौथे (-0.888 के नेट रन रेट के साथ) स्थान पर है। कप्तान लॉरा वॉलवार्ट, मारियाने काप, ताजमिन ब्रिट्स, सुने लुस और अयाबोंगा खाका जैसी खिलाड़ियों से सजी दक्षिण अफ्रीका की टीम कागजों पर काफी मजबूत नजर आती है। इंग्लैंड के खिलाफ 69 रनों पर ऑल आउट होने के बाद, उनका शीर्ष क्रम शानदार फॉर्म में है। ब्रिट्स और लुस ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया, वहीं वॉलवार्ट ने भारत के खिलाफ अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। निचले क्रम में नादिन डी क्लार्क और खाका ने अहम योगदान के साथ भारत के खिलाफ मैच का पासा पलटते हुए दक्षिण अफ्रीका को यादगार जीत दिलाई थी। दक्षिण अफ्रीका इस मुकाबले में परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ होने के कारण उतरेगा, क्योंकि वह इस मैदान पर पहले ही दो मैच खेल चुका है। बांग्लादेश ने पाकिस्तान पर मनोबल बढ़ाने वाली सात विकेट से जीत के साथ टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत लेकिन इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार हार ने उनकी कमजोरियों को उजागर किया है। बीस साल की प्रतिभाशाली तेज गेंदबाज मारुफा अख्तर की अगुवाई में गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन टीम को शीर्ष क्रम में लचर बल्लेबाजी से परेशानी का सामना करना पड़ा है। कप्तान और विकेटकीपर निगार सुल्ताना जोटी भी रन बनाने के लिए जूझती रही हैं और टूर्नामेंट में उनका औसत सिर्फ नौ रन का है।बांग्लादेश को मुकाबले में बने रहने के लिए ऐसे में शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। मैच दोपहर को तीन बजे से खेला जाएगा। टीमें इस प्रकार हैं दक्षिण अफ्रीका: लौरा वॉलवार्ट (कप्तान), तजमिन ब्रिट्स, एनेरी डर्कसन, मारिजन काप, एनेके बॉश, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), क्लो ट्रायोन, नादिन डी क्लार्क, अयाबोंगा खाका, मसाबाता क्लास, नॉनकुलुलेको म्लाबा, सुने लुस, तुमी सेखुखुने, नोंदुमिसो शांगासे, काराबो मेसो। बांग्लादेश: निगार सुल्ताना जोटी (कप्तान), नाहिदा अख्तर, फरजाना हक, रुब्या हैदर झेलिक, शर्मिन अख्तर सुप्ता, शोभना मोस्तरी, रितु मोनी, शोर्ना अख्तर, फाहिमा खातून, राबेया खान, मारुफा अख्तर, फरिहा इस्लाम त्रिस्ना, शंजीदा अख्तर माघला, निशिता अख्तर निशि, सुमैया अख्तर।  

BCCI ने घोषित की Women’s World Cup 2025 टीम, 15 खिलाड़ियों की किस्मत चमकी

मुंबई  बीसीसीआई ने  आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया। हरमनप्रीत कौर को 15 सदस्यीय टीम की कमान सौंपी गई है। उन्हें गोल्डन चांस मिला है। वह पहली बार 50 ओवर फॉर्मेट के वनडे वर्ल्ड में भारत की कप्तानी करेंगी। ओपनर स्मृति मंधाना को उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टूर्नामेंट 30 सितंबर से भारतीय सरजमीं पर शुरू होगा। भारत ने अब तक महिला वनडे वर्ल्ड कप नहीं जीता है। नीतू डेविड की अगुवाई वाली चयन समिति ने स्टार प्लेयर शेफाली वर्मा को वर्ल्ड कप स्क्वॉड में जगह नहीं दी। नीतू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि टीम अच्छा खेल रही है। हमें लगा कि इसमें ज्यादा बदलाव करने का कोई फायदा नहीं है। इसीलिए शेफाली टीम में नहीं है। लेकिन वो हमारी रणनीति का हिस्सा बनी हुई है। शीर्षक्रम की बल्लेबाज प्रतीका रावल को टीम में चुना गया है। उन्होंने पिछले 14 वनडे में शानदार प्रदर्शन किया है। हरलीन देओल को भी अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है। चयनकर्ताओं ने इंग्लैंड में हालिया सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाली क्रांति गौड़ और श्रीचरणी को भी चुना है। बॉलिंग अटैक की कमान रेणुका सिंह ठाकुर संभालेंगी। रेणुका महिला प्रीमियर लीग के बाद पैर की चोट के कारण बाहर हो गई थीं। वह श्रीलंका में टॉई सीरीज में भी नहीं खेल पाईं। बता दें कि वर्ल्ड कप के अलावा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की महिला वनडे सीरीज के लिए भी भारतीय स्क्वॉड की घोषणा की गई है। वर्ल्ड कप और ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए स्क्वॉड में सिर्फ एक बदलाव है। तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर अमनजोत कौर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आराम दिया गया है लेकिन वह वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 14 सितंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज आयोजित होगी। सीरीज के शुरुआती दो मैच मुल्लांपुर के स्टेडियम में होंगे जबकि अंतिम मुकाबले दिल्ली में खेला जाना है। महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के लिए भारतीय स्कॉड: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (वीसी), प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), क्रांति गौड़, अमनजोत कौर, राधा यादव, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर) और स्नेह राणा। ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज के लिए भारतीय स्कॉड: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), क्रांति गौड़, सयाली सतघरे, राधा यादव, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), स्नेह राणा।