samacharsecretary.com

16 जुलाई बुधवार 2025, सूर्य की तरह चमकेगा इन राशियों का भाग्य

मेष राशि- आज शाम को माता-पिता के साथ समय बिताना अच्छा रहेगा। आर्थिक परेशानियां खत्म होती नजर आ रही हैं। कार्यस्थल पर बदलाव बेहतरी के लिए होंगे। वैवाहिक जीवन में कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। व्यापारिक स्थिति अच्छी रहने वाली है। भाई-बहन का साथ मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। वृषभ राशि- आज आपके पास एक्स्ट्रा एनर्जी होगी, जिससे आप कई कार्यों को करने में सफल रहेंगे। खर्च की अधिकता मन को परेशान कर सकती है। पारिवारिक मोर्चे पर सब ठीक-ठाक रहने वाला है। जीवनसाथी का साथ मिलेगा। अपने करियर की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए अपनी प्रोफेशनल ताकत का प्रयोग करेंगे। मिथुन राशि- आज भाग्य पर भरोसा करके कोई काम नहीं करें। दिन की शुरुआत एक्सरसाइज से करने से आपकी एनर्जी बढ़ेगी। आर्थिक स्थिति ख़राब होने के कारण कुछ महत्वपूर्ण कार्य रुक जाएंगे। जीवनसाथी को लेकर आपको अपना व्यवहार सबसे अच्छा रखने की जरूरत है। व्यापारिक रूप से आप प्रगति करेंगे। कर्क राशि- आज आपको किसी महत्वपूर्ण कार्य में सफलता मिल सकती है। बच्चों की सेहत पर नजर रखें। जीवनसाथी के साथ पर ध्यान रखने की जरूरत है। दोस्तों के साथ शाम या खरीदारी बेहद आनंददायक और रोमांचक रहेगी। कार्यस्थल पर अच्छे परिणाम पाने के लिए आपको अपने काम करने के तरीके पर ध्यान देने की जरूरत है। आर्थिक स्थिति सामान्य रहने वाली है। सिंह राशि– आज आपका स्वास्थ्य ठीक रहने की उम्मीद है। धन की कमी का एहसास हो सकता है। व्यक्तिगत मामलों को सुलझाने के लिए आज का दिन चुन सकते हैं। नए प्रोजेक्ट और खर्चों को टालें। आज आप अच्छे विचारों से भरे रहेंगे और आपकी एक्टिविटी का चयन आपको आपकी उम्मीदों से कहीं ज्यादा लाभ दिलाएगा। कन्या राशि- आज आपको बाहरी एक्टिविटी से लाभ होगा। घर पर किसी मेहमान का आगमन हो सकता है। शारीरिक व मानसिक विकास होगा। करियर में उन्नति की बाधाएं दूर होंगी। आर्थिक रूप से आप अच्छे रहेंगे। जीवनसाथी के साथ आप अच्छा समय बिताएंगे। तुला राशि- आप ऊर्जा से भरपूर रहेंगे। भूमि, भवन व वाहन की खरीदारी संभव है। जीवनसाथी के साथ अनबन से बचें। भावनात्मक अशांति आपको परेशान कर सकती है। आपको अप्रत्याशित पुरस्कार मिल सकता है। आज जीवनसाथी की सेहत को लेकर आप तनाव में रह सकते हैं। वृश्चिक राशि- आज आपको बेवजह गुस्सा करने से बचना चाहिए। आपकी सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए खानपान पर नजर रखें। आपके व्यक्तिगत मोर्चे पर एक महत्वपूर्ण विकास होगा। दिन की शुरुआत आपके प्यार की मुस्कान से होगी। जीवनसाथी के साथ बहस से बचें। आर्थिक व व्यापारिक रूप से अच्छे रहेंगे। धनु राशि- आज आपको आर्थिक लाभ मिलेगा। जिन लोगों ने किसी से पैसा उधार लिया है उन्हें किसी भी परिस्थिति में उधार चुकाना पड़ सकता है। शुभ समाचार की प्राप्ति हो सकती है। कार्यस्थल पर नई जिम्मेदारी मिल सकती है। जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बिताने का मौका मिलेगा। मकर राशि- आज आपकी सेहत पहले से अच्छी होगी। आर्थिक लाभ होने की संभावना है। सामाजिक मान-प्रतिष्ठा बढ़ेगी। ऑनलाइन पेमेंट करते समय सतर्क रहें, वरना आर्थिक नुकसान भी हो सकता है। आप अपने व्यस्त शेड्यूल से अपने लिए समय निकाल सकते हैं और अपने जीवनसाथी के साथ बाहर घूमने जा सकते हैं। व्यापारिक रूप से आप अच्छे रहने वाले हैं। कुंभ राशि- आज आपको मानसिक शांति मिलेगी। कार्यस्थल पर ज्यादा तनाव के कारण पारिवारिक जरूरतें नजरअंदाज कर सकते हैं। रोमांस के लिहाज से दिन अच्छा रहेगा। निवेश का भविष्य में अच्छा रिटर्न मिल सकता है। आप अपने जीवनसाथी के साथ बहुत बढ़िया समय बिताएंगे। मीन राशि- आपमें भरपूर ऊर्जा रहेगी, लेकिन काम के दबाव के कारण आप तनाव महसूस कर सकते हैं। कार्यस्थल पर सीनियर्स के साथ-साथ कलीग का समर्थन भी आपके मनोबल को बढ़ाएगा। आज आप अपना ज्यादातर समय उन चीजों पर खर्च कर सकते हैं जो जरूरी या महत्वपूर्ण नहीं हैं। जीवनसाथी के साथ मनमुटाव हो सकता है।

एलन मस्क के नेतृत्व वाली टेस्ला दिल्ली में जल्द शोरूम खोलने की योजना पर काम कर रही है

मुंबई  मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में मंगलवार को शोरूम खोलने के बाद एलन मस्क के नेतृत्व वाली टेस्ला दिल्ली में जल्द शोरूम खोलने की योजना पर काम कर रही है। टेस्ला के मुताबिक, वह नई दिल्ली में चार चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना पर काम कर रही है। इसमें 16 सुपरचार्जर होंगे, जबकि 15 डेस्टिनेशन चार्जर होंगे। टेस्ला ने मुंबई में 'एक्सपीरियंस सेंटर' लॉन्च करने के साथ देश में अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक एसयूवी मॉडल वाई को लॉन्च किया। टेस्ला ने आधिकारिक बयान में कहा कि कंपनी ने भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों के इर्द-गिर्द एक संपूर्ण इकोसिस्टम तैयार करके विकास की बड़ी योजना तैयार की है। कंपनी के ईवी इकोसिस्टम में शोरूम, सर्विस सेंटर, डिलीवरी इन्फ्रास्ट्रक्चर, चार्जिंग स्टेशन, लॉजिस्टिक्स हब और कंपनी के ऑफिस शामिल हैं। मुंबई में टेस्ला ने प्रमुख क्षेत्रों जैसे लोअर परेल, बीकेसी, नवी मुंबई और ठाणे में चार प्रमुख चार्जिंग स्टेशनों के निर्माण का ऐलान किया है। इसमें 16 सुपरचार्जर और 16 डेस्टिनेशन चार्जर होंगे। टेस्ला ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन उसके व्यापक मिशन का सिर्फ एक हिस्सा है। कंपनी का असली लक्ष्य एक सस्टेनेबल इकोसिस्टम बनाना है। कंपनी ने बताया कि दुनिया भर के 55 देशों में 80 लाख से ज्यादा टेस्ला वाहन वितरित किए जा चुके हैं और सिर्फ 2024 में ही ओवर-द-एयर (ओटीए) सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए 250 से ज्यादा नए फीचर जोड़े गए हैं। कंपनी समय के साथ कारों को और स्मार्ट बनाने के लिए ऐसे अपडेट जारी रखने की योजना बना रही है। कंपनी पहले से ही दुनिया भर में 70,000 से ज्यादा सुपरचार्जर के साथ 7,000 से ज्यादा सुपरचार्जिंग स्टेशन संचालित करती है। भारत के रोजगार बाजार को एक बड़ा बढ़ावा देते हुए, टेस्ला ने पुष्टि की कि वह पूरी तरह से स्थानीय प्रतिभाओं पर निर्भर रहेगी। उसने कहा, "देश में कंपनी के संचालन का नेतृत्व करने के लिए भारतीय नागरिकों को नियुक्त किया जाएगा, जिससे एक वैश्विक ब्रांड के लिए घरेलू नेतृत्व सुनिश्चित होगा।"

भारत को राहत: जून 2025 में व्यापार घाटे में गिरावट दर्ज

नई दिल्ली  वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों में बताया गया कि इस साल जून में भारत का व्यापार घाटा कम होकर 18.78 अरब डॉलर रह गया, जबकि मई में यह 21.88 अरब डॉलर था। जून में भारत का निर्यात 35.14 अरब डॉलर पर स्थिर रहा है, जबकि पिछले साल इसी महीने यह 35.16 अरब डॉलर था। मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, जून में देश का आयात 3.71 प्रतिशत घटकर 53.92 अरब डॉलर रह गया, जबकि एक साल पहले यह 56 अरब डॉलर था। हालांकि, देश के सेवा क्षेत्र ने जून में अच्छा प्रदर्शन किया है। इस दौरान सर्विस ट्रेड सरप्लस 15.62 अरब डॉलर रह गया है। बीते महीने भारत ने 32.84 अरब डॉलर की सेवाओं का निर्यात किया है, जबकि 17.58 अरब डॉलर की सेवाओं का आयात किया है। जून में व्यापारिक वस्तुओं और सेवाओं का कुल निर्यात 67.98 अरब डॉलर रहा, जबकि वस्तुओं और सेवाओं का कुल आयात 71.50 अरब डॉलर रहा। जून में शुद्ध व्यापार घाटा 3.51 अरब डॉलर था। वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने पिछले महीने मीडिया के साथ बातचीत में कहा था कि वैश्विक संघर्ष और अनिश्चितताएं भारतीय निर्यात को प्रभावित कर रही हैं, हालांकि सरकार शिपिंग और बीमा से संबंधित निर्यातकों की चिंताओं को दूर करने के लिए उनके साथ सक्रिय रूप से काम कर रही है। ये आंकड़े अमेरिका और अन्य वैश्विक साझेदारों के साथ चल रही व्यापार वार्ताओं के बीच आए हैं। अमेरिका अपने कृषि और डेयरी उत्पादों के लिए देश में व्यापक बाजार पहुंच चाहता है, जो भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता में एक बड़ा मुद्दा है, क्योंकि इससे भारत में बड़ी संख्या में छोटे किसानों की आजीविका प्रभावित होगी। वहीं, अमेरिका ने अन्य देशों को व्यापार वार्ता के लिए और अधिक समय देते हुए टैरिफ बढ़ोतरी को 1 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दिया है।

अंतरिक्ष मिशन से लौटे शुभांशु, भावुक हुए माता-पिता – ‘गर्व है हमारे बेटे पर’

लखनऊ  भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के सकुशल पृथ्वी पर लौट आने से देशवासियों में खुशी की लहर है। उनके पिता शंभू दयाल शुक्ला और माता आशा शुक्ला ने इस ऐतिहासिक क्षण पर अपनी भावनाएं साझा कीं। शंभू दयाल शुक्ला ने गर्व से कहा, "मेरे बेटे की अंतरिक्ष यात्रा मेरे और मेरे परिवार के लिए गर्व का विषय है। यह देशवासियों के आशीर्वाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन से ही संभव हुआ।" उन्होंने बताया कि त्रिवेंद्रम में जब मेरे बेटे शुभांशु को 'एस्ट्रोनॉट विंग' प्रदान किया गया था, तब से ही उसे गगनयात्री की उपाधि मिली थी। प्रधानमंत्री ने शुभांशु की तारीफ की और आशीर्वाद भी दिया था, जिससे उसका उत्साह और बढ़ गया। मैं उनका दिल से धन्यवाद करता हूं। शुभांशु की माता आशा शुक्ला ने भावुक होकर कहा, "जब त्रिवेंद्रम में मेरे बेटे को एस्ट्रोनॉट विंग मिला, तो हॉल में तालियों की गड़गड़ाहट गूंजी थी। सभी लोग भावुक थे। पिछले चार साल से शुभांशु ने कड़ी मेहनत और ट्रेनिंग की थी। जब प्रधानमंत्री ने उनके नाम का ऐलान किया, तो वह मेरे लिए गर्व का पल था।" उन्होंने आगे कहा, "शुभांशु अब केवल मेरा बेटा नहीं, बल्कि पूरे देश का बेटा है। देश की हर मां उसे आशीर्वाद दे रही हैं। मुझे अपने बेटे पर बहुत गर्व है। एक्सिओम-4 मिशन में शुभांशु ने 60 प्रयोगों में हिस्सा लिया, जिनमें से सात इसरो के थे। ” बता दें कि शुभांशु शुक्ला समेत चार अंतरिक्ष यात्री 20 दिन बाद स्पेस से पृथ्वी पर लौट आए हैं। 23 घंटे के सफर के बाद ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट ने कैलिफोर्निया के समुद्र में लैंड किया। वहीं, स्पेसएक्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "ड्रैगन के सुरक्षित उतरने की पुष्टि हो गई है। पृथ्वी पर आपका स्वागत है!"

पुणे पोर्श हादसे में नया मोड़, आरोपी पर किशोर के तौर पर चलेगी सुनवाई

पुणे  पुणे पोर्श एक्सीडेंट के बहुचर्चित मामले में अब एक अहम मोड़ सामने आया है। किशोर न्याय बोर्ड ने मंगलवार को यह स्पष्ट कर दिया कि इस मामले में 17 वर्षीय आरोपी पर नाबालिग की तरह मुकदमा चलाया जाएगा, न कि वयस्क की तरह, जैसा कि पुणे पुलिस की मांग थी। यह हादसा 19 मई को पुणे में हुआ था, जहां एक तेज रफ्तार पोर्श कार ने मोटरसाइकिल सवार दो आईटी प्रोफेशनल्स, अनीश अवधिया और अश्विनी कोस्टा, को कुचल दिया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। आरोपी किशोर कथित तौर पर नशे की हालत में था और बगैर ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चला रहा था। पुणे पुलिस ने इस घटना को जघन्य अपराध करार देते हुए किशोर पर एक वयस्क की तरह मुकदमा चलाने की मांग की थी। पुलिस का तर्क था कि केवल दो लोगों की जान लेना ही नहीं, बल्कि आरोपी ने सबूतों से छेड़छाड़ करने की कोशिश भी की थी, जिससे उसकी मंशा और गंभीरता साफ जाहिर होती है। हालांकि, बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि उसे नाबालिग की तरह ही देखा जाना चाहिए। इसके बाद, किशोर न्याय बोर्ड ने पुलिस की याचिका को खारिज करते हुए यह फैसला सुनाया कि आरोपी पर नाबालिग की तरह ही मुकदमा चलेगा। बोर्ड के फैसले के बाद अब यह साफ हो गया है कि आरोपी पर एक नाबालिग की तरह मुकदमा चलेगा। यह मामला शुरुआत से ही विवादों में रहा है। घटना के बाद जब आरोपी को सड़क सुरक्षा पर 300 शब्दों का निबंध लिखने जैसी शर्तों के साथ जमानत दी गई, तो देशभर में भारी आलोचना हुई। सोशल मीडिया से लेकर राजनैतिक गलियारों तक इस पर सवाल उठे। आलोचना के बाद आरोपी की जमानत रद्द करते हुए उसे सुधार गृह में भेज दिया गया था। इस बीच, 25 जून 2024 को बॉम्बे हाईकोर्ट ने किशोर न्याय बोर्ड के सुधार गृह भेजने के फैसले को अवैध करार देते हुए लड़के की तत्काल रिहाई के आदेश दिए। अदालत ने कहा कि किशोरों के मामलों में कानून का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए और न्याय प्रक्रिया में कोई जल्दबाजी या दबाव नहीं होना चाहिए।

धमकियों से नहीं झुकेगा रूस, ट्रंप के 50 दिन वाले बयान पर बड़ा बयान

मॉस्को, ब्लूमबर्ग अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध को लेकर रूस पर दबाव बढ़ा दिया है। उन्होंने धमकी दी है कि अगर रूस 50 दिनों के भीतर यूक्रेन पर हमला बंद नहीं करता, तो अमेरिका उसकी अर्थव्यवस्था पर 100% तक के भारी टैरिफ लगाएगा। लेकिन रूस ने इस चेतावनी को सिरे से खारिज कर दिया है। रूसी उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव ने सरकारी समाचार एजेंसी TASS से बातचीत में कहा, “हम किसी भी तरह के अल्टीमेटम को स्वीकार नहीं करते।” क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि ट्रंप की टिप्पणी “गंभीर” है और मास्को इसे विस्तार से समझने की कोशिश करेगा। ट्रंप ने क्या कहा था वाइट हाउस में नाटो प्रमुख मार्क रुट्टे के साथ बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा, “अगर 50 दिन में समझौता नहीं हुआ तो हम बेहद कड़े टैरिफ लगाएंगे, लगभग 100% तक।” ट्रंप ने यह भी बताया कि यूक्रेन को हथियारों की एक नई खेप भेजी जाएगी, जिसमें Patriot एयर डिफेंस सिस्टम शामिल होगा। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि अमेरिका इसके लिए भुगतान नहीं करेगा। किन देशों पर पड़ेगा असर? ट्रंप की योजना में ‘सेकेंडरी टैरिफ’ यानी उन देशों पर टैक्स लगाना भी शामिल है, जो रूसी तेल और गैस खरीदते हैं — जैसे कि चीन और भारत। यह प्रस्ताव कांग्रेस में पेश एक द्विदलीय बिल से मेल खाता है, जो ऐसे देशों पर 500% तक के टैरिफ लगाने की सिफारिश करता है। अमेरिकी वाणिज्य सचिव हावर्ड लटकनिक ने कहा कि ट्रंप के पास टैरिफ और प्रतिबंध दोनों विकल्प हैं, और वो इनमें से कोई भी इस्तेमाल कर सकते हैं। चीन ने जताई नाराज़गी चीन ने अमेरिका की आलोचना करते हुए इसे “लॉन्ग-आर्म जुरिस्डिक्शन” बताया। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका को बीजिंग और मास्को के बीच ऊर्जा संबंधों में दखल नहीं देना चाहिए। इस बीच, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की मुलाकात भी हुई, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने पर सहमति बनी। रूस की प्रतिक्रिया ट्रंप के बयान के बाद रूस ने साफ कर दिया है कि वह किसी तरह की धमकी या दबाव में नहीं झुकेगा। रयाबकोव ने कहा कि मास्को डिप्लोमैटिक बातचीत को प्राथमिकता देगा, लेकिन उसे पश्चिम से “लोहे जैसे ठोस आश्वासन” चाहिए, खासकर इस बात पर कि यूक्रेन नाटो का हिस्सा नहीं बनेगा। यूक्रेन को क्या मिला? यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने सोमवार को X पर बताया कि उन्होंने ट्रंप से फोन पर बात की और नई सैन्य मदद और शांति प्रयासों पर चर्चा की। उन्होंने कहा, “हम हरसंभव उत्पादक तरीके से शांति स्थापित करने के लिए तैयार हैं।”  

उच्च शिक्षा मंत्री परमार ने उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए

भोपाल  उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार ने मंत्रालय में, उच्च शिक्षा विभाग के विभिन्न विभागीय विषयों एवं गतिविधियों की समीक्षा की। उच्च शिक्षा मंत्री श्री परमार ने माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय में लंबित विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निलंबन से संबंधित गंभीर एवं अनावश्यक रूप से लंबित विभागीय प्रकरणों को, सामान्य प्रशासन के नियमानुरूप समय पर निराकृत करने के निर्देश भी दिए। श्री परमार ने जनभागीदारी समिति के नियमों का पुनर्वलोकन कर, वर्तमान परिदृश्य अनुरूप समसामयिक बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। मंत्री श्री परमार ने सार्थक ऐप पर अनुचित रूप से फर्जी उपस्थिति दर्ज करने वाले प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी और अतिथि विद्वानों पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। श्री परमार ने क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक कार्यालयों के सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन करने को कहा। श्री परमार ने उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने की दृष्टि से, महाविद्यालयों में एकल संकाय को बहुसंकाय में उन्नयन करने की कार्यवाही को यथाशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा श्री अनुपम राजन एवं आयुक्त उच्च शिक्षा श्री प्रबल सिपाहा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

सभी विद्युत कंपनियों में अंशदायी कैशलेस स्वास्थ्य योजना स्वीकृत : ऊर्जा मंत्री तोमर

भोपाल  ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया है कि प्रदेश के सभी 6 विद्युत कंपनियों में अंशदायी कैशलेस स्वास्थ्य योजना स्वीकृत कर दी गई है। मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी ने प्रदेश की समस्त विद्युत कंपनियों में कार्यरत अभियंता व कार्मिकों के लिए बहुप्रतीक्ष‍ित पॉवर कंपनी अंशदायी कैशलेस स्वास्थ्य योजना (एमपीपीसीएचएस) के क्रि‍यान्वयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। लगभग एक लाख 82 हजार होंगे लाभार्थी मंत्री श्री तोमर ने बताया है कि इस योजना का लाभ प्रदेश की 6 विद्युत कंपनियों में कार्यरत नियमित कार्मिकों, संविदा कार्मिकों व विद्युत कंपनियों के पेंशनरों और उनके परिजन को मिलेगा। इनकी संख्या लगभग एक लाख 82 हजार है। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी को प्रदेश की विद्युत कंपनियों में पॉवर कंपनी अंशदायी कैशलेस स्वास्थ्य योजना लागू करने की जिम्मेदारी दी गई है। कार्यान्वयन सहायता एजेंसी के लिये ई-टेंडर जारी मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने जानकारी दी कि पॉवर कंपनी अंशदायी कैशलेस स्वास्थ्य योजना के कार्यान्वयन के लिये 15 जुलाई को ई-टेंडर जारी कर दिया गया है। इस योजना के कार्यान्वयन सहायता एजेंसी (आईएसए) चयन के लिये भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) द्वारा लाइसेंस प्राप्त किसी मौजूदा तृतीय पक्ष प्रशासक (टीपीए) या उसकी होल्डिंग कंपनी या उसकी सहायक कंपनी या उसकी समूह कंपनी, जिन्हें इस क्षेत्र में कार्य करने का वृहद् अनुभव हो, से टेंडर आमंत्रि‍त किए गए हैं। पॉवर कंपनी अंशदायी कैशलेस स्वास्थ्य योजना के लिए प्री-बिड मीटिंग 24 जुलाई को होगी। विद्युत कंपनियों के लिए पॉवर कंपनी अंशदायी कैशलेस स्वास्थ्य योजना के क्रि‍यान्वयन करने को इच्छुक कंपनियां 18 अगस्त तक टेंडर प्रक्रि‍या में अपनी निविदा जमा कर सकेंगी। आगामी 20 अगस्त को ई-टेंडर खोले जाएंगे। पॉवर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक श्री सिंह ने बताया है कि योजना एक अक्टूबर 2025 तक प्रारंभ करने का लक्ष्य है।  

कार्टून विवाद में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, हेमंत मालवीय को अंतरिम राहत

नई दिल्ली  सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और आरएसएस कार्यकर्ताओं के कथित आपत्तिजनक कार्टून सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोपी एक कार्टूनिस्ट के माफीनामे के बाद, गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। शीर्ष अदालत ने सोशल मीडिया पर बढ़ती आपत्तिजनक पोस्ट पर भी चिंता व्यक्त की और इस पर अंकुश लगाने के लिए न्यायिक आदेश पारित करने की आवश्यकता पर बल दिया। जस्टिस सुधांशु धूलिया और जस्टिस अरविंद कुमार की पीठ ने कहा, ‘लोग किसी को भी, कुछ भी कह देते हैं। हमें इस बारे में कुछ करना होगा।’ इस बीच, पीठ ने कार्टूनिस्ट हेमंत मालवीय को मध्य प्रदेश में दर्ज प्राथमिकी के मद्देनजर राज्य की दंडात्मक कार्रवाई से संरक्षण प्रदान किया। मालवीय की वकील वृंदा ग्रोवर ने आश्वासन दिया कि इस मामले में माफी मांग ली गई है। हालांकि, पीठ ने आगाह किया कि अगर कार्टूनिस्ट सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालते रहे, तो राज्य सरकार कानून के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र है। राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के एम नटराज ने ‘एक्स’ पर न्यायपालिका के खिलाफ भी मालवीय के कुछ अन्य पोस्ट का जिक्र किया, जिसके बाद पीठ ने कहा, ‘यदि याचिकाकर्ता सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक पोस्ट डालते हैं, तो प्रतिवादी राज्य (मध्य प्रदेश) को कानून के अनुसार आगे बढ़ने की स्वतंत्रता होगी।’ ग्रोवर ने विधि अधिकारी की दलील का विरोध करते हुए कहा, ‘इससे तो समस्याओं का पिटारा खुल जाएगा।’ ग्रोवर ने इससे पहले सुनवाई में कहा, ‘यह खराब और गंदी भाषा का मामला है। मैं खुद से पूछती हूं कि क्या यह आपराधिक मामला है या अवैध भाषा का मामला है।’ पीठ ने कहा, ‘मुद्दा यह है कि आपने कोई बात किस तरह कही। आपने जो किया, वो स्पष्ट रूप से अपराध है।’ शीर्ष अदालत ने मालवीय के एक ट्वीट का जिक्र करते हुए कहा कि इस पर ‘सभी तरह के दंडनीय प्रावधान लागू हो सकते हैं’। इस बीच, पीठ ने कार्टूनिस्ट की सोशल मीडिया पोस्ट हटाने की याचिका स्वीकार नहीं की और सुनवाई अगस्त में तय कर दी। कार्टूनिस्ट मालवीय ने तीन जुलाई को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट द्वारा उन्हें अग्रिम जमानत देने से इनकार करने के आदेश को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी। वकील और आरएसएस कार्यकर्ता विनय जोशी द्वारा दायर एक शिकायत पर मई में इंदौर के लसूड़िया थाने में मालवीय के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जोशी ने आरोप लगाया कि मालवीय ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री अपलोड करके हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई और सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ा। दलील दी गई कि यह मुद्दा कोविड-19 महामारी के दौरान 2021 में बनाए गए एक कार्टून से संबंधित है। उन्होंने कहा, ‘यह अरुचिकर हो सकता है। मैं कहती हूं कि यह अशोभनीय है। मैं यह भी कहने को तैयार हूं। लेकिन क्या यह अपराध है? माननीय न्यायाधीश ने कहा है, यह आपत्तिजनक हो सकता है, लेकिन यह अपराध नहीं है। मैं सिर्फ कानून की बात कर रही हूं। मैं किसी भी चीज को सही ठहराने की कोशिश नहीं कर रही हूं।’ ग्रोवर ने कथित आपत्तिजनक पोस्ट को हटाने पर सहमति जताई। जस्टिस धूलिया ने तब कहा, ‘हम इस मामले में चाहे जो भी करें, लेकिन यह निश्चित रूप से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दुरुपयोग है।’ प्राथमिकी में कई ‘आपत्तिजनक’ पोस्ट का ज़िक्र है, जिनमें भगवान शिव पर कथित रूप से अनुचित टिप्पणियों के साथ-साथ कार्टून, वीडियो, तस्वीरें और मोदी, आरएसएस कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों के बारे में टिप्पणियां शामिल हैं।  

नई तकनीक से कृषि में आएगा क्रांतिकारी परिवर्तन: राज्यमंत्री कृष्णा गौर

भोपाल   नई तकनीकें न केवल समय की बचत करती हैं, बल्कि जीवन को सरल और समृद्ध भी बनाती हैं। मंगलवार को पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर एक निजी उपकरण कंपनी द्वारा संचालित 'परिवर्तन यात्रा' के समापन अवसर पर निवास कार्यालय, भोपाल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि मशीनीकरण अब कृषि का अभिन्न अंग बन चुका है, जो किसानों की उत्पादकता बढ़ाने और उनकी जीवनशैली को बेहतर बनाने में सहायक है। उन्होंने विशेष रूप से महिला किसानों की सराहना करते हुए कहा कि आज वे भी आधुनिक मशीनों को अपनाकर खेती को आसान और सशक्त बना रही हैं। पावर टूल्स और कृषि उपकरणों की निर्माता कंपनी ने परिवर्तन यात्रा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी जागरूकता फैलाने और कृषि के आधुनिकीकरण में अहम योगदान दिया है। परिवर्तन यात्रा के तहत 5100 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करते हुए 35 जिलों में 1500 से अधिक किसानों से सीधा संवाद किया गया। इस पहल ने किसानों में नई तकनीकों को लेकर विश्वास और उत्साह उत्पन्न किया है। कार्यक्रम में भोपाल के पूर्व सांसद श्री आलोक संजर, उपकरण निर्माता कंपनी के एमपी एएसएम श्री अनीमेश वाघेला, एवं भोपाल के अधिकृत डीलर भी उपस्थित रहे। राज्यमंत्री ने कंपनी को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि ऐसे प्रयास किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएंगे और प्रदेश को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाएंगे।