samacharsecretary.com

‘जीवन का अद्भुत अनुभव है कैलाश यात्रा’ – विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह का बड़ा बयान

रायपुर  लंबे इंतजार के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू होने जा रही है। इसको लेकर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि “देश और दुनिया भर से लोग मानसरोवर यात्रा पर जाते हैं। जिस स्थान पर भगवान शिव के दर्शन हों, वहां जाना जीवन का अद्भुत अनुभव है। कठिन यात्रा के बाद भी लोग वहां जाते हैं, मेरी शुभकामनाएं।” 2020 में लगा था प्रतिबंध दरअसल, भारत-चीन सीमा पर तनाव के कारण साल 2020 में चीन सरकार ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पर रोक लगा दी थी। अब पांच साल बाद 2025 की गर्मियों में यह यात्रा दोबारा शुरू की गई है। क्यों खास है कैलाश मानसरोवर हिंदू धर्म में कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील का अत्यधिक धार्मिक महत्व माना जाता है। समुद्र तल से करीब 6,657 मीटर की ऊंचाई पर स्थित कैलाश पर्वत के दोनों ओर दो पवित्र झीलें हैं, जहां पहुंचना श्रद्धालुओं के लिए एक आध्यात्मिक और जीवनभर याद रहने वाला अनुभव माना जाता है।

‘दीदी के गोठ‘ रेडियो कार्यक्रम का पूरे प्रदेश में प्रसारण

ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की नई पहल रायपुर छत्तीसगढ़ में ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने एक नई और अभिनव पहल की है। ‘दीदी के गोठ‘ नामक विशेष रेडियो कार्यक्रम का प्रसारण 31 अगस्त को दोपहर 12.15 बजे आकाशवाणी रायपुर केंद्र सहित राज्य के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ किया गया। इस कार्यक्रम को प्रदेशभर में उत्साहपूर्वक सुना गया। इस कार्यक्रम के माध्यम मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री तथा उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा की प्रेरणादायी शुभकामनाएँ और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।  उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कवर्धा जिले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूह की दीदियों और पदाधिकारियों के साथ ‘दीदी के गोठ‘ का श्रवण किया और कार्यक्रम की सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस मंच पर साझा की जा रही सफलता की कहानियाँ अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगी। विभागीय अधिकारियों ने भी विभिन्न जिलों में पहुँचकर सामूहिक श्रवण में भाग लिया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री भीम सिंह ने गरियाबंद, विशेष सचिव श्री धर्मेश साहू ने जांजगीर, प्रधानमंत्री आवास योजना के संचालक एवं आयुक्त मनरेगा श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने धमतरी और पंचायत विभाग की संचालक श्रीमती प्रियंका महोबिया ने दुर्ग जिले में समूह सदस्यों के बीच बैठकर कार्यक्रम का श्रवण किया तथा महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। रायपुर के सेरीखेड़ी स्थित समुदाय प्रबंधन प्रशिक्षण संस्थान में भी संकुल स्तरीय प्रसारण हुआ, जहाँ बिहान मिशन संचालक श्री अश्विनी देवांगन, संयुक्त मिशन संचालक श्री आर.के. झा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। ‘दीदी के गोठ‘ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना है। इसके अंतर्गत स्व-सहायता समूहों की सफल महिलाओं की प्रेरणादायक कहानियाँ साझा की जा रही हैं, ताकि अन्य महिलाएँ भी स्वरोजगार और आत्मविश्वास की राह पर आगे बढ़ें। इस विशेष प्रसारण को प्रदेश के 33 जिलों, 146 विकासखंडों और 580 संकुल संगठनों में सामूहिक श्रवण के रूप में आयोजित किया गया। लाखों महिलाएँ इस कार्यक्रम से जुड़ीं और पूरे प्रदेश में ‘दीदी के गोठ‘ को लेकर उत्साह देखने को मिला। ‘दीदी के गोठ‘ न केवल एक रेडियो कार्यक्रम है, बल्कि यह ग्रामीण महिलाओं के संघर्ष, आत्मबल और सफलता की कहानियों को सामने लाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त मंच भी है।

स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताते हैं? आंखों की रोशनी बचाने के लिए अपनाएं ये 5 घरेलू उपाय

आज की भागदौड़ भरी ज‍िंदगी और मोबाइल-लैपटॉप की लगातार स्क्रीन टाइम ने सबसे ज्‍यादा असर हमारी आंखों पर ही डाला है। आधे से ज्‍यादा लोगों को आंखों से जुड़ी कई समस्‍याएं हाेने लगी हैं। दरअसल, लगातार स्क्रीन पर देखने से आंखों में थकान, जलन, ड्राईनेस और धुंधलेपन की समस्‍या आम हो गई है। अगर इन पर ध्यान न दिया जाए तो समय के साथ नजर भी कमजोर हो सकती है। लेकिन अच्छी बात ये है कि कुछ आसान आदतें अपनाकर आप अपनी आंखों को हेल्‍दी रख सकते हैं। इससे आपके आंखों की रोशनी भी तेज होगी। साथ ही आंखों पर पड़ने वाले तनाव से भी राहत म‍िलेगी। आज हम आपको अपने इस लेख में आंखों को हेल्‍दी रखने के आसान तरीके बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं व‍िस्‍तार से – अगर आप कंप्यूटर या मोबाइल पर लगातार काम करते हैं, तो हर 20 मिनट बाद 20 फीट दूर किसी चीज को कम से कम 20 सेकंड तक देखें। इससे आंखों की मसल्‍स को आराम मिलता है और आंखों की थकान भी कम होती है। स्क्रीन की ऊंचाई और दूरी सही रखें स्क्रीन हमेशा आंखों से एक हाथ की दूरी पर और हल्का नीचे ही होना चाहिए। इससे आंखों पर स्‍क्रीन का तेज रोशनी का असर कम होता है और आंखों में दर्द भी कम होता है। बार-बार पलकें झपकाएं लंबे समय तक स्क्रीन पर देखने से कई बार लोग पलकों को झपकाना भूल जाते हैं। इससे आंखें ड्राई होने लगती हैं और जलन या धुंधलेपन की समस्‍या महसूस होने लगती है। इसलिए थोड़ी-थोड़ी देर में पलक झपकाने की आदत डाल लें। इससे आंखें नम रहती हैं। डाइट पर ध्‍यान दें आपको बता दें क‍ि पालक, कॉर्न और पपीता जैसे फूड आइटम्‍स में ल्यूटिन और जीएक्सैंथिन नाम के तत्व पाए जाते हैं, जो आंखों को हानिकारक ब्लू लाइट से बचाते हैं और नजर को लंबे समय तक बनाए रखते हैं। आंखों को आराम दें नींद की कमी से आंखों पर बुरा असर पड़ता है। रोजाना सात से आठ घंटे की नींद जरूर लें, ताकि आंखों से जुड़ी दि‍क्‍कतें न होने पाएं। इससे आपका मूड भी अच्‍छा रहेगा।

राधा अष्टमी पर करें ये सरल उपाय, जीवन में प्रेम और सुख-समृद्धि का होगा वास

हिंदू धर्म में राधा अष्टमी का दिन अत्यंत पावन और दिव्य माना जाता है। यह तिथि श्रीकृष्ण की अनन्य प्रेमिका, आध्यात्मिक शक्ति और भक्ति की सर्वोच्च मूर्ति श्रीमती राधारानी के जन्मदिवस के रूप में मनाई जाती है। राधा अष्टमी भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी को आती है और इस दिन राधा रानी की पूजा करने से जीवन में प्रेम, शांति, सुख और समृद्धि आती है। ब्रजभूमि में राधा रानी को भगवान श्रीकृष्ण की आत्मा माना गया है। राधा के बिना कृष्ण अधूरे हैं और कृष्ण के बिना राधा। दोनों का प्रेम लौकिक नहीं, बल्कि आध्यात्मिक मिलन का प्रतीक है। इसीलिए राधा अष्टमी पर यदि श्रद्धा से कोई भक्त घर में कृष्ण के नाम का दीपक जलाता है, तो राधा रानी की विशेष कृपा उस पर बरसती है। इस दिन भक्तजन व्रत रखते हैं, राधा-कृष्ण की मिलन लीला का स्मरण करते हैं और भजन-कीर्तन के माध्यम से राधा रानी को प्रसन्न करते हैं। घर के मध्य भाग में दीपक जलाने की परंपरा राधा अष्टमी पर एक विशेष उपाय अत्यधिक फलदायक माना गया है। घर के बीचो-बीच मुख्य स्थान पर कृष्ण नाम का दीया जलाना। घर में आता है सौभाग्य और सुख मान्यता है कि राधा अष्टमी के दिन यह दीपक जलाने से घर में सौभाग्य, धन-धान्य, और मन की शांति बनी रहती है। रिश्तों में मिठास आती है और जीवन में प्रेम का संचार होता है। पूजा विधि: राधा अष्टमी के दिन सुबह स्नान आदि करके शुद्ध वस्त्र पहनें। घर के बीचों बीच को साफ करें। वहां पर एक छोटा सा चौक बनाएं और दीया रखें। दीये में तेल या घी डालें और बाती लगाएं। अब श्रीकृष्ण नाम का कागज या लिखी हुई पर्ची दीये के नीचे रखें। फूल और रोली अर्पित करें और दीया जलाएं।

धोनी को T20 WC 2026 के लिए मिल रहा है खास ऑफर, एक्स-क्रिकेटर ने कर दिया तंज

इंदौर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बीसीसीआई ने महेंद्र सिंह धोनी को एक बड़ा ऑफर दिया है। ऐसी खबरें आ रही हैं कि धोनी टी20 विश्व कप के लिए धोनी भारतीय क्रिकेट टीम के मेंटॉर हो सकते हैं। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है। इस संबंध में मीडिया से बात करते हुए पूर्व क्रिकेटर मनीष तिवारी ने धोनी पर तंज भी कसा है। मीडिया से बातचीत के दौरान पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री मनीष तिवारी ने अपने कहा कि "ये तो समय ही बताए, उनको ऑफर दिया है, वो फोन उठाए हैं। जहां तक मुझे पता है उनसे फोन पर बात करना बहुत मुश्किल है। मैसेज का रिप्‍लाई भी कम ही मिलता है। बहुत सारे प्‍लेयर ऐसा कह चुके हैं। वो अगर मैसेज पढ़ते हैं तो क्‍या रिप्‍लाई करेंगे। मैसेज पढ़ेंगे या नहीं पढ़ेंगे। उन्‍हें मेंटॉरशिप दी जारी है तो वह इसे स्‍वीकार करते हैं या नहीं यह तो समय ही बताएगा। वह क्‍या इम्‍पैक्‍ट लेकर आएंगे यह बताना मुश्किल है।"   बता दें कि वर्तमान में भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर हैं। धोनी और गंभीर दोनों ही 2011 के वर्ल्ड कप के दौरान साथ में खेल चुके हैं। ऐसे में यदि धोनी यह जिम्मेदारी संभालते हैं तो, हेड कोच और मेंटॉर की जोड़ी टीम के लिए फायदेमंद हो सकती है। कैसी रहेगी हेड कोच और मेंटॉर की जोड़ी इसे लेकर भी पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि "बतौर कप्‍तान और प्‍लेयर उनका जो अनुभव रहा है वह टीम के काम आएगा। भारतीय टीम के जो नए सितारे उभरकर आ रहे हैं कहीं न कहीं उनकी बहुत इज्‍जत करते हैं, उनकी आत सुनेंगे। एमएस धोनी और हेड कोच गौतम गंभीर की जो जोड़ी बनेगी, वह भी देखने वाली होगी। यह लाजवाब जोड़ी होगी। तो समय ही बताएगा कि क्‍या हो रहा है।" पहले भी रहे हैं मेंटॉर बता दें कि यह पहला मौका नहीं है, जब धोनी को यह जिम्मेदारी मिल रही है। वह इससे पहले भी भारतीय क्रिकेट टीम के मेंटॉर रह चुके हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2021 के दौरान भी वह टीम के मेंटॉर रह चुके हैं। हालांकि उस सीरीज में भारत का प्रदर्शन बहुत ही खराब था। टीम ग्रुप स्टेज से ही हारकर बाहर हो गई थी।

हॉकी में भारत का जलवा, रोमांचक मैच में जापान पर 3-2 की जीत, कप्तान हरमनप्रीत छाए

पटना  बिहार के राजगीर में खेले जा रहे एशिया कप 2025 में भारतीय हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है. भारतीय टीम ने अपने दूसरे पूल मुकाबले में जापान को 3-2 से हरा दिया. 31 अगस्त (रविवार) को खेले गए इस मैच में भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह (5वें मिनट और 46वें मिनट) ने दो गोल दागे. वहीं मनदीप सिंह (4वें मिनट) एक गोल करने में सफल रहे. दूसरी ओर जापान के लिए कवाबे कोसेई (38वें मिनट और 59वें मिनट) ने दोनों गोल किए. जापान के खिलाफ मैच में भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक ने कुछ बेहतरीन बचाव किए. कृष्ण बहादुर का ये 150वां इंटरनेशनल मुकाबला था. बता दें कि भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में चीन को 4-3 से हराया था. अब भारतीय टीम अपने आखिरी पूल मुकाबले में 1 सितंबर (सोमवार) को कजाकिस्तान से भिड़ेगी. ऐसा रहा दोनों के बीच मुकाबला भारतीय टीम ने तूफानी शुरुआत की और पहले ही क्वार्टर में दो गोल दाग दिए. क्वार्टर के चौथे मिनट में ही मनदीप सिंह ने शानदार फील्ड गोल किया. अगले ही मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारतीय टीम को 2-0 से आगे कर दिया. दूसरा क्वार्टर कांटेदार रहा, जहां दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं. दोनों टीमों ने जरूर मौके बनाए, लेकिन गोल पोस्ट में गेंद डाल नहीं सकीं. हाफटाइम तक स्कोर भारत के पक्ष में 2-0 था. तीसरे क्वार्टर में जापान ने आक्रामक खेल दिखाने का प्रयास किया. इसका उसे फायदा भी मिला, जब क्वार्टर के आठवें मिनट में कवाबे कोसेई ने जापान के लिए गोल करके स्कोर 2-1 कर दिया. ये स्कोर तीसरे क्वार्टर के अंत रहा. फिर चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसपर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर भारत को 3-1 से आगे कर दिया. जापानी टीम इस गोल को खाने के बाद भी लड़ती रही और खेल खत्म होने से लगभग दो मिनट पहले कवाबे कोसेई गोल करने में कामयाब रहे. एशिया कप में भारतीय टीम को जापान, चीन और कजाकिस्तान के साथ पूल-ए में रखा गया है. वहीं पूल-बी में चीनी ताइपे, मलेशिया, साउथ कोरिया और बांग्लादेश की टीमें हैं. एशिया कप की विजेता टीम को अगले साल होने वाले हॉकी वर्ल्ड कप में खेलने का मौका मिलेगा. हॉकी वर्ल्ड कप नीदरलैंड्स और बेल्जियम में 14 से 30 अगस्त तक खेला जाना है. भारत ने कितनी बार जीता एशिया कप? बता दें कि एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट का ये 17वां संस्करण है. भारतीय टीम ने अब तक तीन बार एशिया कप खिताब जीता है. भारतीय टीम आखिरी बार 2017 में इस टूर्नामेंट को जीतने में सफल रही थी. उससे पहले भारत 2003 और 2007 में भी चैम्पियन रहा था. साउथ कोरिया ने सबसे ज्यादा पांच और पाकिस्तान ने 3 बार खिताब जीता. पाकिस्तानी टीम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर इस बार टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया था. एशिया कप के लिए भारतीय हॉकी टीम: गोलकीपर: कृष्ण बहादुर पाठक, सूरज करकेरा. डिफेंडर: हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, सुमित, संजय. मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, राजिंदर सिंह. फॉरवर्ड: मनदीप सिंह, सुखजीत सिंह, अभिषेक, शिलानंद लाकड़ा, दिलप्रीत सिंह.

रोड एक्सीडेंट में दमोह के GRP ASI की मौत, तेज बस ने मारी टक्कर

दमोह शहर के क्रिश्चियन कॉलोनी क्षेत्र में रहने वाले जीआरपी सहायता केंद्र दमोह के प्रभारी महेश कोरी की रविवार सुबह करीब 9 बजे सड़क हादसे में मौत हो गई। एएसआई कोरी सुबह अपनी ड्यूटी पर वारंट तामील के लिए बाइक से निकले थे। शहर के बीचों बीच जबलपुर से सागर जाने वाले मुख्य मार्ग पर किल्लाई नाका चौराहे के पास एक यात्री बस चालक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। अस्पताल में हुई मौत हवा में उछलकर करीब 15 फीट दूर गिरे एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही कोतवाली टीआई मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने मृतक एएसआई कोरी के परिजनों को सूचना दी।   परिजनों ने कहा- प्रशासन करे कड़ी कार्रवाई एएसआई महेश कोरी के भाई लखन कोरी ने बताया कि वह सुबह करीब 8 बजे घर से निकले और सड़क पर पहुंचते ही यह हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि शहर के भीतर तेज रफ्तार बसों पर नियंत्रण किया जाए। इस मार्ग पर कई स्कूल है जहां बच्चों का आवागमन होता रहता है। प्रशासन को कड़े फैसले लेकर इस लापरवाही पर प्रतिबंध लगाना चाहिए, ताकि हमारे परिवार की तरह किसी और दूसरे के परिवार को इस तरह का दुख ना झेलना पड़े। आरोपी चालक की तलाश जारी कोतवाली टीआई ने बताया कि बस को जब्त कर लिया गया है। आरोपी चालक फरार हो गया है उसकी तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना की सूचना मिलने के बाद दमोह पहुंचे सागर जीआरपी एसआई एच एल चौधरी ने बताया कि कल ही उन्होंने एएसआई को स्थाई वारंट के नोटिस तामील करने के निर्देश दिए थे और वह उस ड्यूटी को निभाने के लिए निकले थे तभी यह हादसा हो गया और उनकी दुखद मौत हो गई।

ग्लोबल पावर लीडर्स साथ दिखे, पुतिन-शी-मोदी-शहबाज की तस्वीर पर सबकी नजरें

चीन  चीन में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान एक आकर्षक नजारा देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और अन्य नेता एक मंच पर नजर आए। तियानजिन में आधिकारिक स्वागत समारोह के दौरान ये नेता एक फोटो फ्रेम में खड़े नजर आए। अब यह तस्वीर दुनिया भर में तेजी से वायरल हो रही है और राजनीतिक विश्लेषक इसे मायने तलाशने में जुट गए हैं। कहा जा रहा है कि इस एक तस्वीर ने अमेरिका समेत दूसरे शक्तिशाली देशों को मजबूत संदेश देने का काम किया है। शंघाई सहयोग संगठन (SCO) यूरेशियाई राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा संगठन है। इसकी स्थापना 2001 में शंघाई में रूस, चीन, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान की ओर से की गई थी। बाद में भारत और पाकिस्तान 2017 में पूर्ण सदस्य बने, जबकि ईरान 2023 में शामिल हुआ। एससीओ का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय सुरक्षा, आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद के खिलाफ सहयोग, आर्थिक विकास, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। यह संगठन सदस्य देशों के बीच सैन्य सहयोग, संयुक्त अभ्यास और खुफिया जानकारी साझा करने पर जोर देता है। एससीओ का मुख्यालय बीजिंग में है और इसकी आधिकारिक भाषाएं रूसी और चीनी हैं। पीएम मोदी और शी जिनपिंग की मुलाकात इससे पहले, पीएम मोदी और शी जिनपिंग ने सीमा विवाद के निष्पक्ष, उचित और पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समाधान की दिशा में काम करने पर जोर दिया। वैश्विक व्यापार को स्थिर करने की दिशा में काम करने का भी संकल्प लिया। मोदी और जिनपिंग एससीओ शिखर सम्मेलन से इतर हुई बातचीत के दौरान इस बात पर सहमत हुए कि दोनों देश प्रतिद्वंद्वी नहीं बल्कि विकास में साझेदार हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि दोनों पक्षों के बीच मतभेद विवादों में नहीं बदलने चाहिए। दोनों नेताओं ने अमेरिका की टैरिफ संबंधी नीति के कारण पैदा हुई आर्थिक उथल-पुथल के बीच वैश्विक व्यापार को स्थिर करने में अपनी अर्थव्यवस्थाओं की भूमिका को भी स्वीकार किया।  

ठगों का शिकार हुआ MP का व्यापारी, सोने के नाम पर पीतल की माला और 7 लाख की चोरी

जबलपुर विजय नगर थाना क्षेत्र निवासी एमपीईबी के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को दो युवकों ने सोना बताकर पीतल की गुरिया वाली माला पकड़ाया। उसे गिरवीं रखने का बोलकर बदले में मिले लिए सात लाख रुपये हड़प लिए। आरोपितों ने ठगी से पहले सेवानिवृत्त कर्मी को विश्वास में लिया। फिर धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया। कर्मचारी को ठगों ने ऐसे फंसाया एकता नगर निवासी प्रकाश नारायण दुबे (64) एमपीईबी के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उनके घर में कॉस्टमेटिक की दुकान है। वह भी खाली समय पर दुकान में बैठते है। 25 जुलाई को जब वह दुकान में थे, दो युवक पहुंचे। दोनों ने उसने बातचीत की। दुकान से कुछ सामान खरीदा और चले गए। अगले दिन दोनों फिर युवक पहुंचे। सेवानिवृत्त कर्मी से जान पहचान बढ़ाई और चले गए।  27 जुलाई को सेवानिवृत्त कर्मी जब दुकान पर थे, दोनों युवक फिर पहुंचे। इस पर उनके पास में सोने की दो गुरिया थी। बोले कि उनकी मां अस्वस्थ्य है। उन्हें उपचार के लिए रुपये चाहिए है। सेवानिवृत्त कर्मचारी ने जांचा तो दोनों गुरिया सोने की थी। उसने बदले में रुपये उधार दे दिए। ऐसा करके दोनों शातिर युवकों ने सेवानिवृत्त कर्मी पर विश्वास जमा लिया। सोना बताकर थमाई पीतल की माला एक अगस्त को फोन कर बताया कि मां को इलाज के लिए बाहर लेकर जाना पड़ रहा है। उनके पास में 15 तोला सोना है। उसे गिरवीं रखकर रुपये लेना है। सात लाख रुपये की आवश्यकता होना बताया। 15 तोला सोना गिरवीं रखकर बदले में सात लाख रुपये देने को सेवानिवृत्त कर्मी तैयार हो गया। तब दोनों युवकों ने उसे दीनदनयाल चौक अंतरराज्यीय बस अड्डा के प्रवेश द्वार के पास रुपये लेकर बुलाया। वह जैसे ही पहुंचे उनसे रुपये लेकर सोने जैसे दिखने वाली गुरिया की एक माला थमा दिया। जिसे घर में आकर जांचा तो वह पीतल की निकली। पुलिस ने जांच के बाद शुक्रवार की रात को एफआईआर पंजीबद्ध किया है। सीसीटीवी फुटेज देखकर दोनों आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में की मध्यप्रदेश की मिनी ब्राजील विचारपुर फुटबॉल टीम व वॉटर स्पोर्ट्स टीम की सराहना

मंत्री सारंग ने जताया आभार, कहा- प्रदेश के खिलाड़ियों को मिलेगी वैश्विक पहचान भोपाल  प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 125वें संस्करण में मध्यप्रदेश की 'मिनी ब्राजील' विचारपुर फुटबॉल टीम और वॉटर स्पोर्ट्स टीम की उपलब्धियों की सराहना की। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रदेश के खिलाड़ियों की सराहना किए जाने पर आभार व्यक्त किया। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि यह हम सबके लिए गर्व का क्षण है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने दो वर्ष पूर्व ‘मन की बात’ (30 जुलाई 2023) में शहडोल जिले के विचारपुर ग्राम को ‘मिनी ब्राजील’ के रूप में उल्लेखित किया था। आज वही फुटबॉल क्रांति विश्वस्तर पर स्थापित हो रही है। प्रधानमंत्री द्वारा पॉडकास्ट में विचारपुर टीम का उल्लेख किए जाने के बाद जर्मनी के प्रतिष्ठित फुटबॉल क्लब FC Ingolstadt 04 ने विचारपुर के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण का अवसर प्रदान करने की इच्छा व्यक्त की है। यह न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है। मंत्री श्री सारंग ने बताया कि जर्मनी के फुटबॉल क्लब ने विचारपुर ग्राम के 2 बालक, 2 बालिका एवं 1 प्रशिक्षक को 4 से 12 अक्टूबर तक जर्मनी आमंत्रित किया है, जहां उन्हें प्रशिक्षण एवं सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह अवसर विचारपुर के खिलाड़ियों के भविष्य को नई दिशा देगा और प्रदेश की खेल प्रतिभा की वैश्विक पहचान बनेगा। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी का छोटे-छोटे विषयों को गंभीरता से लेना और आदिवासी अंचलों की प्रतिभाओं को मंच देना अत्यंत उत्साहवर्धक है। प्रधानमंत्री का यह दृष्टिकोण न केवल खिलाड़ियों को प्रेरित करता है बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा भी प्रदान करता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा मध्यप्रदेश की वॉटर स्पोर्ट्स टीम की प्रशंसा पर भी प्रसन्नता व्यक्त की। प्रथम खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल, श्रीनगर में मध्यप्रदेश ने 10 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य पदक सहित कुल 18 पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने खिलाड़ियों को बधाई दी। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की यह बधाई हमारे लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। मध्यप्रदेश में वॉटर स्पोर्ट्स और फुटबॉल जैसे खेलों को बढ़ावा देने के लिए हम निरंतर कार्य कर रहे हैं। विचारपुर और हमारे खिलाड़ियों को विश्व स्तर पर पहचान मिलना हम सबके लिए अत्यंत गर्व का क्षण है।