samacharsecretary.com

रेलवे का तोहफा: नवरात्रि में मैहर जाने वाले भक्तों के लिए 15 ट्रेनों का ठहराव बढ़ाया गया

मैहर  शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान हर साल लाखों श्रद्धालु मैहर स्थित माता शारदा धाम में दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में जैसे जैसे यह पर्व करीब आ रहा है, यहां दर्शन के लिए आने के इच्छुक भक्तों की उत्सुकता भी बढ़ती जा रही है। हालांकि यहां आने के लिए सीमित संख्या में ट्रेनों की उपलब्धता को देखते हुए लोगों को यहां पहुंचने को लेकर चिंता भी सता रही थी, लेकिन अब इस समस्या का हल भारतीय रेलवे ने कर दिया है। लाखों भक्तों की भीड़ और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने उन्हें एक बड़ी सौगात दे दी है। दरअसल पश्चिम मध्य रेलवे ने नवरात्रि के दौरान 22 सितंबर से 6 अक्टूबर 2025 के बीच मैहर रेलवे स्टेशन पर 15 जोड़ी लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों का पांच मिनट का विशेष ठहराव देने की घोषणा की है। कौन सी ट्रेनों का रहेगा स्टॉपेज रेल प्रशासन द्वारा जारी सूची के मुताबिक, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर, छपरा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, चेन्नई-छपरा, वलसाड-मुजफ्फरपुर, दुर्ग-नौतनवा, पुणे-बनारस, सूरत-छपरा सहित अन्य प्रमुख ट्रेनों का मैहर में अस्थाई हॉल्ट रहेगा। इस फैसले से मुंबई, गुजरात, बिहार, उत्तर प्रदेश और दक्षिण भारत से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सीधे मैहर पहुंचने की सुविधा मिलेगी। श्रद्धालुओं के लिए रेलवे की विशेष तैयारी पश्चिम मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि नवरात्रि के दौरान मैहर स्थित मां शारदा मंदिर में हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। इस दौरान स्टेशन परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल और रेलवे स्टाफ की तैनाती रहेगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भीड़ प्रबंधन योजना लागू होगी। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त हेल्प डेस्क, पूछताछ काउंटर और मेडिकल टीम भी उपलब्ध कराई जाएगी। रेलवे ने श्रद्धालुओं से की खास अपील त्योहारी सीजन में ट्रेनों में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ही अपने गंतव्य की ट्रेन के आगमन और प्रस्थान के समय की जानकारी जरूर ले लें। इसके लिए NTES ऐप और हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग किया जा सकता है। मैहर आने वाले भक्तों के लिए बड़ी राहत अब तक श्रद्धालुओं को मैहर पहुंचने के लिए कटनी या सतना में ट्रेन बदलनी पड़ती थी। लेकिन इस विशेष ठहराव से लाखों श्रद्धालुओं को मैहर पहुंचने की सीधी सुविधा मिलेगी, ऐसे में दर्शन व यात्रा और भी सुगम हो जाएंग। नवरात्रि के दौरान मैहर में होने वाला यह विशेष इंतजाम रेलवे और प्रशासन की तरफ से श्रद्धालुओं को दिया गया एक बड़ा तोहफा है।

जनसेवक की मिसाल: MLA भावना बोहरा ने घायल को निजी वाहन से कराया अस्पताल भेजवाया

कवर्धा पांडातराई के पास शुक्रवार रात दर्दनाक हादसा हो गया. दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. सड़क पर वह खून से लथपथ हालत में वह सड़क पर तड़प रहा था. इस दौरान घटनास्थल से गुजर रही भाजपा विधायक भावना बोहरा ने काफिला रोककर घायल की मदद कर मिसाल पेश की. दरअसल, पंडरिया विधायक भावना बोहरा बिलासपुर से लौट रही थी. इस दौरान सड़क पर हादसे में खून से लथपथ युवक को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया. इसके बाद विधायक भीड़ में पहुंची और घायल युवक के सिर बह रहे खून को रोकने के लिए कपड़ा भी रख दिया. मसीहा की तरह पहुंची विधायक भावना ने अपनी गाड़ी से युवक को अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल अस्पताल में युवक का इलाज जारी है. वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने विधायक भावना बोहरा के इस मानवीय कदम की सराहना की.

मुस्लिम इलाके को ‘पाकिस्तान’ कहने पर मचा बवाल, सामने आया पूर्व CJI का बयान

नई दिल्ली  भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश धनंजय यशवंत चंद्रचूड़ (DY Chandrachud) अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। उन्होंने बतौर चीफ जस्टिस सुप्रीम कोर्ट में बिताए अपने अनुभवों को साझा करते हुए एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा है कि कर्नाटक हाईकोर्ट के एक जज ने एक मुस्लिम बाहुल्य इलाके को पाकिस्तान कहा था। जस्टिस चंद्रचूड़ को यह बात पसंद नहीं आई। उन्होंने स्वत: संज्ञान लेते हुए इस मामले को देखा था। 'द ललनटॉप' को दिए एक इंटरव्यू में खुद इसका खुलासा किया है। डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा, ''जहां तक मुझे याद है। कर्नाटक हाईकोर्ट में मोटर वाहन अधिनियम से जुड़े एक मामले पर सुनवाई हो रही थी। इस दौरान एक जज ने कहा- 'इस पुल के आगे जो जगह है वह पाकिस्तान है।' मैंने इससे जुड़ा एक वीडियो देखा। इसके बाद मैंने स्वत: संज्ञान लिया। मैंने पांच जजों की एक बैंच बिठाई। मैंने कहा किसी हाईकोर्ट के जज के द्वारा भारत के किसी हिस्से को पाकिस्तान कहना बिल्कुल गलत है। हमने एक नोटिस भेजकर इसकी सच्चाई जानी।'' डीवीआई चंद्रचूड़ ने आगे कहा, ''रिपोर्ट सामने आने के बाद पता चला कि जज साहब ने यह कहा था। मैंने एक छोटा सा फैसला दिया कि किसी जज को यह बात नहीं कहनी चाहिए। आप जो कहते हो या फिर आप जो फैसला सुनाते हुए उसमें एक गरिमा होनी चाहिए। इसका समाज पर असर पड़ता है।'' इस दौरान उनसे इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज यशवंत वर्मा के दिल्ली स्थित आवास से मिले नकदी के बारे में भी पूछा गया। उन्होंने कहा है कि इस मामले में एफआईआर जरूर होनी चाहिए थी। हालांकि, उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या पैसे उनके थे या उनके घर से मिले थे? उन्हें पूरी सुनवाई का मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ''क्या पैसे उनके थे, क्या उनके घर में मिले थे? आइए जज को पूरी सुनवाई का अवसर दिए जाने से पहले इस मुद्दे पर पहले से फैसला न करें।'' वहीं, जज यशवंत वर्मा के खिलाफ एफआईआर फाइल होनी चाहिए थी? इस पर पूर्व सीजेआई चंद्रचूड़ ने कहा कि जी, बिल्कुल सही कह रहे हैं कि एफआईआर दायर होनी चाहिए। उस समय के जो वाइस प्रेसिडेंट थे, उन्होंने टिप्पणी की थी एक दो-बार… कार्य करने देना चाहिए था, क्योंकि जो ऊंचे संवैधानिक पद पर लोग आते हैं तो जो आप टिप्पणी करते हैं उसपर थोड़ा संयम होना चाहिए।''  

भविष्य निर्माण में युवाओं को मिलेगी प्राथमिकता : उपमुख्यमंत्री

जयपुर,  उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने प्रतापनगर, जयपुर स्थित आयुष भवन में चल रही आयुष यू.जी. काउंसलिंग-2025 की व्यवस्थाओं का शुक्रवार को जायजा लिया और काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उनसे व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने  काउंसलिंग वाले अभ्यर्थियों को एलॉटमेंट लेटर भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पूरी व्यवस्था की है कि काउंसलिंग में विद्यार्थियों व उनके परिवारजनों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। इस पर उपस्थित अभिभावकों और अभ्यर्थियों ने बताया कि बदली हुई व्यवस्था वे स्वयं महसूस कर रहे हैं, इसके लिए राज्य सरकार का आभार प्रकट करते हैं। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रत्येक विजन और नीति में युवा केन्द्र बिन्दु है। मुख्यमंत्री की सोच है कि चाहे शिक्षा का मामला हो या स्वरोजगार का, राज्य में युवा को भरपूर सहायता, अवसर और मार्गदर्शन प्रदान कर उसे वैश्विक मंच पर सफलता प्राप्त कर राज्य और राष्ट्र के विकास में पूर्ण भागीदार बनाने की भूमिका में लाना है। प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य समेत प्रत्येक क्षेत्र में पारदर्शिता और सरलता बनी रहे ताकि युवा बिना किसी बाधा के अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।

टीम इंडिया की नई जर्सी: रंग में बदलाव और पीछे की कहानी जो सभी को जाननी चाहिए

नई दिल्ली  भारतीय क्रिकेट टीम को हमने हमेशा लिमिटेड ओवर क्रिकेट में नीली जर्सी में देखा है, मगर बीसीसीआई ने ऐताहिसिक कदम उठाते हुए इंडिया वुमेंस वर्सेस ऑस्ट्रेलिया वुमेंस तीसरे वनडे में जर्सी का रंग बदलने का बड़ा फैसला किया है। यह फैसला ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है। बीसीसीआई ने इसकी जानकारी X पर दी। भारतीय क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है जब जर्सी का रंग पूरे तरीके से बदला गया है। 2019 वर्ल्ड कप के दौरान भारत ने ऑरेंज कल की जर्सी पहली थी, मगर उसमें आगे नीला कलर था। मगर इस बार जर्सी का कलर पूरी तरह से पिंक किया गया है। हालांकि जर्सी का रंग सिर्फ एक मैच के लिए ही बदला गया है। बीसीसीआई ने इसका जानकारी देते हुए X पर लिखा, “स्तन कैंसर जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए टीम इंडिया आज तीसरे वनडे में विशेष गुलाबी रंग की जर्सी पहनेगी।” भारत ही ऐसा करने वाला पहला देश नहीं है। ऑस्ट्रेलिया में हर साल, सिडनी में न्यू ईयर टेस्ट के दौरान एक प्रमुख वार्षिक स्तन कैंसर जागरूकता अभियान आयोजित किया जाता है, जिसे 'पिंक टेस्ट' के नाम से जाना जाता है। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) में आयोजित यह मैच जेन मैकग्राथ (ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्राथ की दिवंगत पत्नी) के सम्मान में गुलाबी रंग में रंग जाता है और मैकग्राथ फाउंडेशन के लिए धन और जागरूकता बढ़ाता है। यह आयोजन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के घरेलू कैलेंडर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है, और मैकग्राथ फाउंडेशन के साथ इसकी साझेदारी स्तन कैंसर से प्रभावित लोगों की सहायता करती है। बात मुकाबले की करें तो, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह डिसाइडर मैच खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले वनडे में 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। वहीं हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने दूसरे वनडे में पलटवार करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 108 रनों से धूल चटाई थी। आगामी वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए भारत इस सीरीज का अंत जीत के साथ करना चाहेगा।  

बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेज, वित्त मंत्री ने एम्बुलेंस भेजी

मोहाली   पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज मोहाली से बाढ़ प्रभावित सीमावर्ती जिलों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए तीन एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये एम्बुलेंस परनोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से उपलब्ध कराई गई हैं और इनमें डॉक्टरों, नर्सों व फार्मासिस्टों की टीम तैनात रहेगी। वित्त मंत्री ने कहा कि इन एम्बुलेंसों के माध्यम से आगामी 45 दिनों तक बाढ़ प्रभावित परिवारों को मुफ्त चिकित्सा जांच और दवाइयां दी जाएंगी। गंभीर मरीजों को नज़दीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर करने की व्यवस्था भी होगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से जल जनित और अन्य बीमारियों पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी। विधायक कुलवंत सिंह के योगदान की सराहना करते हुए चीमा ने कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी प्रयास प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में अहम होंगे। आगामी विधानसभा सत्र को लेकर पूछे गए सवाल पर वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बाढ़ पीड़ितों को बेहतर मुआवज़ा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन अधिनियम, खनन अधिनियम और अन्य संबद्ध कानूनों में संशोधन का प्रस्ताव इसी सत्र में लाया जाएगा, ताकि राहत और पुनर्वास कार्यों में कोई कानूनी अड़चन न रहे। वित्त मंत्री ने ‘रंगला पंजाब चढ़दी कला निधि संग्रह अभियान’ की भी सराहना की। इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी की मोहाली इकाई हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। कार्यक्रम में जिला योजना समिति की अध्यक्ष एवं आप जिला अध्यक्ष प्रभजोत कौर, मार्केट कमेटी मोहाली के चेयरमैन गोविंद मित्तल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

डिजिटल प्रेम का खौफनाक अंजाम: ग्वालियर में महिला से न्यूड वीडियो के बहाने लाखों की ठगी

ग्वालियर मध्य प्रदेश के ग्वालियर डिजिटल इश्क के चक्कर में पड़ी 34 साल की एक शादीशुदा महिला के साथ जो हुआ, वो सभी के लिए एक चेतावनी है। इश्क और इमोशंस के नाम पर एक अनजान युवक ने एक महिला को इस कदर अपने प्रेमजाल में फंसाया कि उसने अपनी लाखों रुपये के साथ अपनी इज्जत भी दांव पर लगा दी। महिला के पति डॉक्टर हैं। डिजिटल प्लैटफार्म पर हुई दोस्ती मे महिला इस कदर अंधी हो गई कि उसने अपना न्यूड वीडियो तक बनाकर उस अनजान युवक को भेज दिया। उसके बाद ठग ने उसे गिफ्ट भेजने के बहाने उससे 3.76 लाख रुपये भी ठग लिए। इसके बाद जब उस न्यूड वीडियो के नाम पर ब्लैकमेलिंग शुरू की तब महिला थाने पहुंची। पीड़ित महिला द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, एक महीने पहले उसके पास 923007507684 से वॉटसऐप कॉल आया था। कॉल करने वाले ने अपना नाम विपिन और खुद को एक एनआरआई बताया था। उसने महिला से कहा था कि वह उससे दोस्ती करना चाहता है। उस दिन के बाद से अपने डॉक्टर पति से छुपकर महिला और युवक के बीच नियमित और लम्बी-लम्बी बातचीत शुरू हो गईं, जो कुछ दिनो में प्रेम से भरी चर्चाओं में बदल गई। कथित विपिन ने महिला को लंदन आने के लिए कहा, लेकिन पीड़िता ने इससे इनकार कर दिया। फोन पर परवान चढ़े इस डिजिटल इश्क में आरोपी विपिन ने पीड़िता से उसके फोटो मांगने शुरू कर दिए। पीड़िता ने भी आरोपी युवक पर विश्वास कर उसे अपने कई फोटो भेज दिए। इतना ही नहीं, महिला ने आरोपी युवक की डिमांड पर अपना न्यूड वीडियो बनाकर उसके वॉटसऐप नंबर पर भेज दिया। गिफ्ट भेजने के नाम पर ली आधार कार्ड की कॉपी वीडियो भेजने के बाद आरोपी युवक ने पीड़ित महिला से गिफ्ट भेजने के नाम पर उसके आधारकार्ड की कॉपी भी वॉट्सऐप पर ले ली। इसके बाद आरोपी युवक ने महिला को बताया कि उसने एक पार्सल भेजा है, उसे तुम ले लेना। पार्सल पर एड्रेस और फोन नंबर भी लिखा होना बताया। अगले दिन महिला के नंबर पर 9459316606 से कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि आपका पार्सल आया है और वह एयरपोर्ट से बोल रहा है। इस पार्सल को लेने के लिए 15 हजार रुपये जीएसटी के चुकाने होंगे। लिहाजा महिला ने 15 हजार का पेमेंट कर दिया। इसके बाद युवक ने डॉलर चेंज करने के नाम पर 46 हजार, गाड़ी आगे बढ़वाने के नाम पर 1 लाख 20 हजार, परमिट कार्ड बनवाने के नाम पर 1 लाख 15 हजार व सामान की रसीद बनवाने के नाम पर 80 हजार पेमेंट अलग-अलग अकाउंट नंबरों व मोबाइल नंबरों पर करने को कहा। पीड़िता ने उसकी बातों में आकर आरोपी विपिन को फोनपे के जरिये 3 लाख 76 हजार का पेमेंट कर दिया। 17 सितंबर को फिर से आरोपी युवक विपिन ने महिला को फोन किया और 2 लाख 85 हजार रुपये देने की मांग की। महिला ने जब और रुपये देने से इनकार किया तो युवक अपने असली रूप में आ गया, उसने कहा कि पार्सल वाले युवक से बात कर लो। जब महिला ने उससे बात की तो उसने सीधी धमकी दी कि पैसे देने पड़ेंगे, अगर नहीं दिए तो तुम्हारा न्यूड वीडियो वायरल कर देंगे। यकीन दिलाने के लिए अनजान युवक ने वह वीडियो भी महिला को भेजा जो उसने विपिन को भेजा था। वह महिला जब पूरी तरह आर्थिक और मानसिक तौर पर टूट गई तब वह साहस जुटाकर पुलिस के पास पहुंची। पीड़ित महिला की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।आशंका जताई जा रही है कि यह अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गैंग हो सकता है। इस मामले में सीएसपी रॉबिन जैन का कहना है कि क्राइम ब्रांच टीम मामले की जांच कर रही है। जैन ने कहा कि सोशल मीडिया या फोन पर अनजान लोगों से दोस्ती करना खतरनाक हो सकता है। किसी भी प्रकार के निजी वीडियो या फोटो साझा करने से पहले पूरी तरह पड़ताल कर लेना जरूरी है। अगर किसी से ब्लैकमेलिंग का सामना हो तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

अजमेर: विधानसभा अध्यक्ष ने शहरी सेवा शिविर का लिया जायज़ा

जयपुर, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को अजमेर में रीजनल कॉलेज के पास लगे शहरी सेवा शिविर का अवलोकन किया तथा सेवा पखवाड़ा अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम स्वच्छता रैली, स्वच्छता शपथ एवं सफाई अभियान में भाग लिया। सफाई मित्र सुरक्षा शिविर में देवनानी ने नगर निगम सफाई कर्मचारियों को पीपीई किट का वितरण किया एवं स्वच्छता शपथ दिलाई गई। देवनानी ने आमजन से अभियान का लाभ उठाने की अपील की। शुक्रवार को आनासागर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर पुष्कर रोड पर वार्ड संख्या 1, 2, 3 व 4 के लिए शहरी सेवा शिविर 2025 का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न श्रेणियों के 8 पट्टों, भवन निर्माण स्वीकृति के 10 प्रकरण, फायर एनओसी के 2 प्रकरण का निस्तारण लाभार्थियों को उक्त का वितरण शिविर के दौरान किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अन्तर्गत शिविर परिसर में विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी द्वारा 58 व्यक्तियों प्रथम किश्त 50 हजार रूपए खाते में भेजी गई। जन्म मृत्यु विवाह पंजीयन के 21 प्रकरणों का निस्तारण कर 10 से 15 मिनट में ही कर हाथों-हाथ प्रमाण पत्र जारी किए गए। शिविर में विभिन्न श्रेणियों के कुल 249 लाभार्थियों द्वारा सम्पर्क किया गया। शिविर में नगर निगम के मुख्य कार्य जन्म-मृत्यु, विवाह पंजीयन, स्ट्रीट लाईट, साफ-सफाई, नगरीय विकास कर, भवन निर्माण स्वीकृति, लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे, 69-ए श्रेणी के पट्टे, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं अन्य विभाग आयुर्वेद, पीएचईडी, पीडब्ल्यूडी, सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग, ऋण के लिए बैंकिंग सुविधा आदि के आवेदन प्राप्त कर त्वरित निस्तारण की कार्यवाही की गई। शनिवार, 20 सितम्बर को वार्ड संख्या 5, 6, 71, 80 के लिये मित्तल हॉस्पिटल के सामने, आनासागर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लान्ट के पास, पुष्कर रोड शहरी सेवा शिविर 2025 का आयोजन किया जाएगा। शिविर के दौरान उपमहापौर नीरज जैन, पार्षद   बनवारीलाल शर्मा, राजू साहु,  प्रतिभा पाराशर,  रूबी जैन उपस्थित रहे। हेल्थ चेकअप शिविर में सरकारी व गैर सरकारी सफाई कर्मचारियों का हेल्थ चेकअप किया गया। शिविर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा वेस्ट टू आर्ट प्रदर्शनी लगाई गई। शिविर में आमजन एवं नगर निगम कार्मिकों को घरेलू शौचालय, अमृत, पीएम आवास योजना शहरी, पेंशन योजना, पीएम जन आरोग्य योजना, सीवर कनेक्शन का लाभ दिया गया। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत दरगाह कमेटी और नगर निगम द्वारा निजाम गेट से दिल्ली गेट तक सफाई कार्य किया गया। निजाम गेट पर नाजिम बिलाल खान ने सभी को स्वच्छता का संदेश दिया और स्वच्छता की शपथ दिलवाई। जन जागरूकता के उद्देश्य से नगर निगम की टीम द्वारा निजाम गेट के सामने रंगोली भी बनाई गई। उन्होंने बताया कि स्वच्छता का संदेश पूरे हिंदुस्तान के जन-जन तक पहुँच चुका है, इसका प्रभाव अब गलियों और मोहल्लों में भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। पिछले वर्षों की तुलना में अब आमजन में स्वच्छता को लेकर अधिक गंभीरता आई है और लोग बड़ी संख्या में इस अभियान से जुड़ रहे हैं। इस अवसर पर दरगाह के नाजिम मोहम्मद बिलाल खान व नगर निगम के कार्मिक उपस्थित रहे। अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आरम्भ की गई हैं। इनमें  रियूज्ड रिसाइकल्ड पुराने कपड़े, खिलौने, प्लास्टिक इत्यादि के समान का संग्रहण, हेल्थ चेकअप शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। विभिन्न पब्लिक स्पेसेज, पार्क, गार्डन, विद्यालय, सामुदायिक केंद्र, श्मशान, क​ब्रिस्तान, शौचालय इत्यादि स्थानों की वार्डवार कार्यक्रम बनाकर सफाई सुनिश्चित की गई है। इसी कड़ी में आमजन से भी सहयोग मांगा गया है। स्वंय सहायता समूहों, सामुदायिक संगठनों, सरकारी कार्यालयों, गैर सरकारी कार्यालयों एवं प्रतिष्ठान आसपास के क्षेत्र में सफाई रंगोली पेंटिंग्स और विभिन्न तरह की प्रतियोगिताएं करवाकर इस स्वच्छता ही सेवा अभियान को सफल बना रहे हैं।

हाईकोर्ट का फैसला: दोबारा विवाह करने पर तलाक आदेश पर नहीं कर सकते आपत्ति

जबलपुर   हाईकोर्ट ने अपने अहम आदेश में कहा है कि पुनर्विवाह हो जाने के बाद विवाह विच्छेद आदेश को चुनौती देने वाली अपील प्रचलन योग्य नहीं है। अपील निर्धारित समय सीमा में दायर की जाती तो सुनवाई योग्य थी। हाईकोर्ट जस्टिस विशाल धगट तथा जस्टिस अनुराधा शुक्ला ने अपील को खारिज करते हुए अपने आदेश में कहा है कि सुनवाई करने से तीसरे पक्ष के वैवाहिक नागरिक अधिकार खतरे में पड़ सकता है। नरसिंहपुर निवासी रजनी पटेल की तरफ से दायर अपील में कुटुम्ब न्यायालय जबलपुर के द्वारा 24 जून 2022 को पारित विवाह विच्छेद आदेश को चुनौती दी गयी थी। युगलपीठ ने सुनवाई के दौरान पाया कि अपीलकर्ता ने तलाक के आदेश को चुनौती देते हुए 6 दिसम्बर 2022 को अपील दायर की थी। अपीलकर्ता ने निर्धारित अवधि के 130 दिन बाद आदेश को चुनौती देते हुए अपील दायर की है। प्रतिवादी ने अपील की निर्धारित अवधि पूर्ण होने के बाद 28 अक्तूबर 2022 को पुनर्विवाह कर लिया है। अपीलकर्ता निर्धारित समय अवधि में अपील दायर करती तो हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 15 के अंतर्गत पुनर्विवाह पर प्रतिबंध का प्रावधान था। प्रतिवाद ने अपील दायर करने की निर्धारित समय सीमा पूर्ण होने के बाद वैध रूप से पुनर्विवाह किया है। समय अवधि के लिए क्षमादान प्रदान करने के बावजूद भी अपील में गुण-दोष के आधार पर निर्णय लेने के प्रतिकूल प्रभाव होंगे। इससे तीसरे पक्ष के वैवाहिक नागरिक अधिकार खतरे में पड़ेंगे। युगलपीठ ने अपील को खारित करते हुए निचली अदालत के समक्ष भरण-पोषण के लिए आवेदन प्रस्तुत करने अपीलकर्ता को स्वतंत्रता प्रदान की है।   

6.60 करोड़ कैश के साथ पकड़ी गई दो स्कॉर्पियो, दुर्ग में सनसनी; महाराष्ट्र नंबर की गाड़ियों से बरामदगी

दुर्ग   दुर्ग पुलिस ने कुम्हारी थाना क्षेत्र में दो स्कॉर्पियो वाहनों से 6 करोड़ 60 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। दोनों गाड़ियों में बने गुप्त चेंबर से यह भारी-भरकम राशि बरामद हुई। पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की जानकारी आयकर विभाग को सौंप दी है। कैसे हुआ खुलासा? दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल को सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र पासिंग दो स्कॉर्पियो में बड़ी मात्रा में नगदी ले जाई जा रही है। निर्देश पर कुम्हारी पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर वाहनों को रोका। तलाशी के दौरान दोनों गाड़ियों के अंदर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर मिले। इन्हीं से करोड़ों रुपये नकद बरामद हुए। आयकर विभाग को सौंपी गई जांच बरामद नगदी को लेकर पुलिस ने तत्काल आयकर विभाग को सूचित किया। अब आगे की जांच और कार्रवाई आयकर विभाग कर रहा है। फिलहाल शक जताया जा रहा है कि पकड़े गए लोग हवाला कारोबार से जुड़े हो सकते हैं। पूछताछ जारी गिरफ्तार चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है। आयकर विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई और किस उद्देश्य के लिए ले जाई जा रही थी। आयकर विभाग करेगा कार्रवाई कार से इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस ने जानकारी आयकर विभाग को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दी है। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि इतनी बड़ी रकम चुनावी माहौल या अन्य संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी हो सकती है। आयकर विभाग जांच में जुटा है। वहीं, स्थानीय लोगों की भीड़ थाने में इकट्ठा हो गई और मामले की चर्चा पूरे क्षेत्र में होने लगी। ASP सुखनंदन राठौर ने बताया कि भारी मात्रा में कैश बरामद होने के बाद पुलिस-आयकर विभाग की संयुक्त टीम इस रकम के स्रोत और इस्तेमाल की जांच कर रही है।