samacharsecretary.com

PM मोदी ने महिला क्रिकेट टीम से कहा: आपकी जीत देश की लाखों बेटियों का हौसला है

नई दिल्ली  आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 की चैंपियन बनने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के साथ हेड कोच अमोल मजूमदार और बीसीसीआई के अध्यक्ष मिथुन मन्हास भी थे। इस दौरान पीएम मोदी की लंबी बातचीत भारतीय खिलाड़ियों से हुई। इसी बीच पीएम मोदी ने एक खास गुजारिश हाल ही में विश्व चैंपियन बनी हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी से की है।   साउथ अफ्रीका को 2 नवंबर को नवी मुंबई में विश्व कप के फाइनल में 52 से हराने वाली भारतीय टीम की खिलाड़ियों से पीएम मोदी ने कहा है कि उन्हें अपने स्कूल में जाना चाहिए और बच्चों से बातचीत करनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “एक बार जब आप अपने घर वापस जाएंगी, तो स्वाभाविक रूप से उत्साह और उमंग का माहौल होगा, लेकिन कुछ दिनों बाद, जिस स्कूल से आपने पढ़ाई की है, वहां जाकर बच्चों से बात कीजिए।” पीएम मोदी ने आगे कहा, "बच्चे आपसे ढेर सारे सवाल पूछेंगे। मुझे विश्वास है कि स्कूल और वो बच्चे आपको जिंदगी भर याद रखेंगे। फिर आप साल में जब भी मौका मिले, तीन स्कूल चुन सकते हैं—एक दिन एक स्कूल और इस तरह आप तीन स्कूल चले जाएं। यह आपको एक तरह से प्रेरित भी करेगा।" कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पीएम मोदी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में कहा, "मुझे आज भी याद है जब 2017 में हम आपसे मिले थे। उस समय हम ट्रॉफी लेकर नहीं आए थे, लेकिन हमारे लिए ये बहुत सम्मान की बात है कि इस बार, जिस चीज़ के लिए हम इतने सालों से इतनी मेहनत कर रहे थे, उसकी ट्रॉफी को हम यहां लेकर आए हैं।" ओपनर और उपकप्तान स्मृति मंधाना ने भी यही बात कही। वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी ने टीम की खिलाड़ियों से कहा, “आपने बहुत अच्छा काम किया है। भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं है। एक तरह से, यह भारत के लोगों की जिंदगी बन गया है। अगर क्रिकेट में कुछ अच्छा होता है, तो भारत को अच्छा लगता है और अगर क्रिकेट में थोड़ा सा भी कुछ गलत होता है, तो पूरे भारत को बुरा लगता है।”  

कोचिंग पर युवराज सिंह का बयान: योगराज की तरह नहीं, नई सोच के साथ

नई दिल्ली  भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने कहा कि उनकी कोचिंग स्टाइल उनके पिता योगराज सिंह से बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि वह किसी खिलाड़ी पर अपने विचार थोपने में विश्वास नहीं रखते, बल्कि उसकी सोच और परिस्थितियों को समझना ज़रूरी मानते हैं।  “जब मैं 19 साल का था, किसी ने मेरी चुनौतियां नहीं समझीं” युवराज ने कहा कि जब वह खुद 19 साल के थे, तब उन्हें मानसिक रूप से कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि आज जब वह 19 या 20 साल के खिलाड़ियों जैसे शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा के साथ काम करते हैं, तो उन्हें अपनी पुरानी यादें याद आती हैं। वह कहते हैं, 'मैं जानता हूं कि इस उम्र में खिलाड़ी के दिमाग में क्या चलता है — इसलिए पहले सुनो, फिर सिखाओ।' कोच नहीं, मेंटर बनने में विश्वास रखते हैं युवराज युवराज ने कहा कि कोच का काम सिर्फ तकनीक सिखाना नहीं है, बल्कि खिलाड़ी के आत्मविश्वास को मजबूत करना भी है। उन्होंने बताया कि क्रिकेट मानसिक मजबूती का खेल है, इसलिए वह कोशिश करते हैं कि हर खिलाड़ी मैदान में सहज और आत्मविश्वासी महसूस करे। युवराज ने कहा कि असली कोचिंग तब होती है जब खिलाड़ी खुद अपनी गलतियों को पहचानना सीख जाए। योगराज की सख्ती, युवराज की सहानुभूति युवराज ने स्वीकार किया कि उनके पिता योगराज सिंह बेहद सख्त कोच रहे हैं। उन्होंने कभी हार या ढिलाई को बर्दाश्त नहीं किया। लेकिन युवराज ने कहा कि उन्होंने अपने पिता से अनुशासन तो सीखा, मगर अपने तरीके में भावनात्मक जुड़ाव और सहजता जोड़ी। 'मैं पिता जैसा नहीं हूं। मैं चाहता हूं कि खिलाड़ी खेल का मज़ा लें और खुद सोचें' उन्होंने कहा। वर्ल्ड कप हीरो अब युवाओं के ‘मेंटॉर’ युवराज सिंह ने अपने करियर में कई ऐतिहासिक पल दिए, 2000 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा बने, 2007 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ छह छक्के जड़े, और 2011 वर्ल्ड कप में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज़’ बने। कैंसर जैसी बीमारी से लड़कर वापसी करने वाले युवराज अब अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को सिखा रहे हैं कि जीत का रास्ता 'समझ और संयम' से होकर गुजरता है।  

CBI की बड़ी कार्रवाई की आहट! पंजाब के शीर्ष अफसरों पर जांच की गाज

चंडीगढ़  निलंबित डी.आई.जी. हरचरण सिंह भुल्लर के काले धन को संपत्तियों में निवेश करने वाला पटियाला का प्रॉपर्टी डीलर भूपिंदर सिंह अब CBI के रडार पर है। CBI ने उसके दफ्तर और घर से 50 से ज्यादा संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि उसने पंजाब के 10 IPS और 4 IAS अधिकारियों को संपत्तियां दीं, और इन अधिकारियों के काले धन को निवेश कर मुनाफा लौटाता था। CBI जल्द ही भूपिंदर सिंह के बैंक खातों और आयकर रिटर्न की जांच करेगी। यह भी खुलासा हुआ है कि पंजाब के अधिकारी अपने रिश्तेदारों के नाम पर भूपिंदर सिंह के जरिए जमीन के सौदे करते थे ताकि उनके नाम सामने न आएं। भूपिंदर पहले से ही कई अधिकारियों के संपर्क में था, और बाद में अन्य अफसरों ने भी उसके जरिए निवेश शुरू कर दिया। CBI को भुल्लर के मोबाइल फोन में दो जजों से बातचीत के सबूत भी मिले हैं। सूत्रों का कहना है कि CBI को शक है कि भुल्लर के जिला अदालत के कुछ जजों से करीबी संबंध हैं। भुल्लर का 5 दिन का रिमांड आज खत्म CBI ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में निलंबित डी.आई.जी. हरचरण सिंह भुल्लर का 5 दिन का रिमांड हासिल किया था। भुल्लर को गुरुवार को रिमांड खत्म होने के बाद दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, CBI भुल्लर के रिमांड की अवधि बढ़ाने की मांग कर सकती है। भुल्लर के न्यायिक हिरासत में जाने के बाद, पंजाब विजिलेंस विभाग प्रोडक्शन वारंट जारी कर सकता है। भुल्लर और बिचौलिए कृष्णू को अलग रखा गया 5 लाख रुपये की रिश्वत मामले में बिचौलिए कृष्णू को 9 दिन और निलंबित डी.आई.जी. भुल्लर को 5 दिन के रिमांड पर रखा गया है। CBI ने दोनों को अलग-अलग रखा है और अब तक सिर्फ दो बार आमने-सामने पूछताछ की है। इसके अलावा, एजेंसी दोनों से अलग-अलग पूछताछ कर क्रॉस-वेरिफिकेशन कर रही है।

आप तो बहुत ग्लो करते हैं सर… हरलीन देओल की बात पर शरमा गए प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली पीएम नरेंद्र मोदी ने पहली बार विश्व विजय करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की चैंपियन खिलाड़ियों से अपने आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चैंपियन खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस दौरान खिलाड़ियों से खेल के साथ-साथ उनके टैटू से लेकर इंस्टा अकाउंट की खास बातों तक तमाम चीजों पर चर्चा की। महिला क्रिकेटरों ने भी इस दौरान पीएम मोदी से सवाल किए। इस दौरान हंसी-ठहाके भी देखने को मिले। शीर्ष क्रम की बल्लेबाज हरलीन देओल ने तो पीएम मोदी से उनके ग्लो करने का राज पूछ लिया, जिस पर वह थोड़े शरमाते हुए भी दिखे और पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।   हरलीन देओल ने पूछा, ‘सर मेरे को आपकी स्किनकेयर रूटीन पूछनी है। आप बहुत ग्लो करते हो सर।’ इस पर वहां मौजूद सभी खिलाड़ी ठहाके लगाने लगीं और पीएम मोदी शरमाते हुए अपने दाहिने हाथ से चेहरे को छिपाते हुए नजर आए। कुछ क्षण रुकने के बाद उन्होंने इसका जवाब दिया और इसे देशवासियों के प्यार से जोड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके आवास पर मुलाकात के दौरान भारतीय महिला क्रिकेटरों ने न सिर्फ विश्व कप में अपने विजयी अभियान पर बातचीत की बल्कि इस दौरान टैटू और यहां तक ​​कि त्वचा की देखभाल को लेकर भी चर्चा हुई। भारत ने पिछले सप्ताह नवी मुंबई में फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपना पहला वैश्विक खिताब जीता था। इसके बाद टीम ने मुख्य कोच अमोल मजूमदार और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष मिथुन मन्हास के साथ बुधवार को यहां प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी। प्रधानमंत्री द्वारा गुरुवार को साझा किए गए बातचीत के वीडियो में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘मुझे अभी भी याद है जब हम 2017 में आपसे मिले थे। उस समय हम ट्रॉफी लेकर नहीं आए थे। लेकिन यह हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है कि इस बार हम ट्रॉफी यहां लेकर आए हैं जिसके लिए हम इतने वर्षों से कड़ी मेहनत कर रहे थे।’ उन्होंने कहा, ‘हमारा लक्ष्य है कि हम भविष्य में आपसे बार-बार मिलें तथा आपके और आपकी टीम के साथ बार-बार तस्वीरें लें।’ भारतीय महिला टीम 2017 में महिला विश्व कप फाइनल में इग्लैंड से नौ रन से हार गयी थी, जिसके बाद टीम ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी। मोदी ने कहा, ‘आपने बहुत अच्छा काम किया है। भारत में क्रिकेट सिर्फ़ एक खेल नहीं है। एक तरह से यह भारत के लोगों की ज़िंदगी बन गया है। अगर क्रिकेट में कुछ अच्छा होता है तो भारत को अच्छा लगता है और अगर क्रिकेट में थोड़ा सा भी कुछ ग़लत होता है, तो पूरे भारत को बुरा लगता है।' इसके बाद प्रधानमंत्री ने टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी दीप्ति शर्मा से उनके हनुमान वाले टैटू के बारे में पूछा जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लेकिन जिस क्षण पूरा हॉल ठहाकों से गूंजा, वह तब था जब शीर्ष क्रम की बल्लेबाज हरलीन देओल ने मोदी से उनकी त्वचा की देखभाल की दिनचर्या के बारे में पूछा। मोदी ने इस पर हंसकर जवाब दिया, ‘मैं इन सब चीजों के बारे में नहीं सोचता हूं।’

EVM की तस्वीर खींचना पड़ा महंगा, मतदान कक्ष से युवक गिरफ्तार

महुआ बिहार में जारी मतदान के बीच महुआ विधानसभा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां EVM की फोटो ले रहे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोप है कि युवक मतदान कक्ष में घुसकर ईवीएम की फोटो ले रहा था। इसी बीच मतदान कर्मियों ने उसे पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।  

स्कूल लौट रहे थे स्टूडेंट्स, तभी हुआ हादसा! रोडवेज बस ने कुचला 6 बच्चों को

यमुनानगर  यमुनानगर में सुबह बस स्टैंड प्रताप नगर पर बड़ा हादसा हो गया। जहां पांवटा साहिब से यमुनानगर जा रही रोडवेज की बस ने 6 कॉलेज स्टूडेंट्स को कुचल दिया। जिनमें से तीन स्टूडेंट्स की हालत गंभीर बताई जाती है।  बताया जा रहा है कि पोंटा साहिब से जैसे ही बस प्रताप नगर बस स्टैंड आकर रुकी। बस में चढ़ने की जल्दबाजी में कुछ स्टूडेंट्स बस की चपेट में आ गए। 6 स्टूडेंट बस के पिछले टायरों के नीचे आकर कुचले गए। प्रताप नगर के निकट गांव कुटीपुर निवासी आरती, प्रताप नगर की अर्चिता, टिब्बी की मुस्कान, बहादुरपुर की संजना, प्रताप नगर की  अंजलि व अमनदीप  की बस की चपेट में आ गई। सभी घायलों को तुरंत सी एच सी  प्रताप नगर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें यमुनानगर रेफर किया गया है। घटना के बाद कॉलेज स्टूडेंट्स ने बस अड्डे पर हंगामा शुरू कर दिया है। दूसरे स्टेशनों से आने वाली सभी बसों को यमुनानगर जाने से रोक दिया गया है। एस एच ओ  प्रताप नगर नर सिंह व डायल 112 के सब इंस्पेक्टर कंवरपाल आदि स्टूडेंट को समझाने बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।  वहीं रोडवेज बस के ड्राइवर अनिल ने बताया कि जैसे ही वह पांवटा साहिब से बस लेकर प्रताप नगर बस स्टैंड पहुंचा। बस में सवार होने की जल्दबाजी में स्टूडेंट बस की चपेट में आ गए। ड्राइवर अनिल व बस कंडक्टर कमल को पुलिस थाने बैठाया गया है। एस एच ओ नरसिंह ने बताया कि दोनों का मेडिकल कराया जाएगा।

दिल्ली में भी वोट, बिहार में भी वोट? BJP कार्यकर्ता पर फर्जी मतदान का आरोप, मामला गरमाया

नई दिल्ली  कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हरियाणा चुनाव में वोट चोरी के आरोपों के दूसरे दिन आज आम आदमी पार्टी ने भी इसी मुद्दे पर एक खुलासा किया है। आप नेता और दिल्ली के आप संयोजक सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा के एक कार्यकर्ता ने दो राज्यों में वोट डाला है। सौरभ का आरोप है कि इस बीजेपी वर्कर ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के अलावा आज बिहार के सिवान में भी वोट डाला। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि वोट चोरी का सबूत आपके सामने है।   सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो की मदद से बताया कि वोट चोरी के सुबूत आपके सामने हैं। भाजपा का एक कार्यकर्ता पहले 05 फरवरी 2025 को दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोट डालता है। उसके बाद आज 06 नवंबर 2025 वो बिहार के विधानसभा चुनाव में वोट डालता है। दिल्ली के द्वारका में फिर बिहार के सिवान में वोट डाला। SIR के बाद ये गुंजाइश ही नहीं बची कि बाहर किसी राज्य में रहने वाले व्यक्ति का वोट बिहार की वोटर लिस्ट में हो और रह जाए। फिर ये कैसे हुआ? ऐसे कितने भाजपा कार्यकर्ता हैं जो देश के अलग अलग राज्यों से आकर आज बिहार में वोट डाल रहे हैं? सौरभ भारद्वाज ने इस भाजपा वर्कर की पूरी प्रोफाइल भी बताई। बकौल सौरभ, इस बीजेपी वर्कर का नाम नागेंद्र कुमार है और ये द्वारका विधानसभा में रहते हैं। सौरभ ने नागेंद्र कुमार की फेसबुक प्रोफाइल पर लिखे एक पोस्ट को दिखाते हुए बताया कि इन्होंने 5 फरवरी 2025 को दिल्ली विधानसभा में वोट डालने के बाद एक फोटो डाला था। इसके बाद आज की बीजेपी वर्कर की दूसरी फोटो दिखाई जिसमें वह कथित तौर पर बिहार के सिवान में वोट डाल कर आए हैं। आप नेता ने कहा कि अगर इनका नाम SIR में आता तो नाम कट जाना चाहिए था पर ऐसा नहीं हुआ।  

विजय शर्मा का पलटवार: राहुल और तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा – SIR मतदाता सूची हो पारदर्शी

रायपुर/पटना बिहार विधानसभा चुनाव के मैदान में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला हैं. पटना की सभा में शर्मा ने कहा, “राहुल बाबा को SIR पर भरोसा रखना चाहिए. मतदाता सूची का शुद्धिकरण ही SIR है. गलती हुई तो सुधार भी हो रहा है.” राहुल के विदेशी दौरे पर तंज कसते हुए शर्मा ने कहा, “सेना के पराक्रम पर भरोसा रखो, विदेश जाकर भारत को बदनाम मत करो.” नक्सल मुद्दे पर सख्त संदेश दिया, “हिंसा छोड़ो, पुनर्वास मिलेगा. नहीं तो अंजाम भुगतना पड़ेगा.”  तेजस्वी यादव के 2 करोड़ नौकरी वादे पर हंसते हुए बोले, “लालू परिवार को सत्ता चाहिए, जनता को नौकरी नहीं. लोगों ने वादों का भरोसा छोड़ दिया है.” शर्मा ने एनडीए की लहर का दावा किया और कहा कि “बिहार में फिर कमल खिलेगा.”

प्रकृति को नया बसेरा: पंचकूला की तरह गुरुग्राम में तैयार होंगे 4 बर्ड हाउस

गुरुग्राम  अब गुरुग्राम में पक्षियों के लिए पक्षी घर बनाए जाएंगे। नगर निगम द्वारा गुरुग्राम में पंचकूला की तर्ज पर चार अलग-अलग स्थानों पर आधुनिक पक्षी घर स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है। इससे पहले हरियाणा के सिर्फ पंचकूला शहर में ऐसे पक्षी घर बनाए गए हैं। पक्षी घरों में कुल मिलाकर आठ से दस हजार पक्षी रह सकेंगे।  प्रत्येक टावर में बनाए जाएंगे करीब 650 पक्के घोंसले  गुरुग्राम में अभी तक कोई भी पक्षी घर नहीं बनाए गए हैं। इसका एक कारण यह भी है कि शहर में अरावली के जंगलों और शहर में पक्षी विभिन्न जगहों पर घोंसले बना लेते हैं, अब निगम की तरफ से पक्षियों के रहने के लिए पक्षी घर बनाए जाने की योजना तैयार की जा रही है। इन पक्षी घरों की ऊंचाई लगभग 52 फीट होगी, जो इसे लगभग छह से सात मंजिला इमारत जैसा स्वरूप देगी। प्रत्येक टावर में करीब 650 पक्के घोंसले बनाए जाएंगे।

अनिल अंबानी पर ED का दबाव, पहले 7500Cr की संपत्ति कुर्क की गई

मुंबई  अनिल अंबानी की मुश्किलें थमती नजर नहीं आ रही हैं. बीते कुछ दिनों से उनके नेतृत्व वाले रिलायंस ग्रुप पर ED की कार्रवाई जारी है और 7500 करोड़ रुपये की संपत्तियों की कुर्की की जा चुकी है. अब प्रवर्तन निदेशालय ने अनिल अंबानी को 14 नवंबर को ईडी कार्यालय में बुलाया है. ये दूसरी बार है जबकि ईडी ने उन्हें तलब किया है.  लगातार जारी है ED का एक्शन  गौरतलब है कि 31 अक्टूबर 2025 को PMLA की धारा 5(1) के तहत कुर्की के आदेश जारी किए गए थे. इसके तहत रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL) और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (RCFL) द्वारा जुटाए गए सार्वजनिक धन के कथित दुरुपयोग से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में 40 से ज्यादा संपत्तियां अस्थायी रूप से जब्त की गई हैं. ईडी ने जिन 7,500 करोड़ रुपये की संपत्तियों को कुर्क किया है, उनमें मुंबई के बांद्रा वेस्ट, पाली हिल में स्थित उनका एक आवास भी शामिल है. ईडी की कार्रवाई के बाद हालांकि, Anil Ambani Reliance Group की ओर से स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया गया कि इससे उनके बिजनेस पर कोई असर नहीं पड़ा है. कंपनी की ओर से कहा गया कि ईडी द्वारा कुर्क की गईं ज्यादातर संपत्तियां रिलायंस कम्युनिकेशन की हैं, जो छह साल से कॉर्पोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (CIRP) से गुजर रही है. रिलांयस पावर और रिलायंस इंफ्रा की परफॉर्मेंस पर भविष्य में भी कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. अगस्त में भी हुई थी अनिल अंबानी की पेशी अनिल अंबानी के रिलायंस समूह पर ईडी की जांच लंबे समय से चल रही है. इससे पहले 5 अगस्‍त को ED ने रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन और एमडी अनिल अंबानी को कथित लोन फ्रॉड केस की चल रही जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया था. वहीं उनकी कंपनियों पर तलाशी अभियान भी कई चरण में चलाया जा चुका है.  अनिल अंबानी की मुश्किलों को बढ़ाने वाला मनी लॉन्ड्रिंग क यह मामला उन आरोपों से जुड़ा है, जिनमें कहा गया कि आरएचएफएल और आरसीएफएल के जरिए जुटाए गए सार्वजनिक धन को अनिल अंबानी समूह से जुड़ी संस्थाओं से जुड़े लेन-देन के दौरान डायवर्ट और लॉन्ड्रिंग किया गया था.  दिल्ली, मुंबई से हैदराबाद तक एक्शन बता दें हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा की गई कुर्की की कार्रवाई जिन संपत्तियों पर की गई है. उनमें मुंबई के पाली हिल स्थित आवास, नई दिल्ली स्थित रिलायंस सेंटर की संपत्ति और दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मुंबई, पुणे, ठाणे, हैदराबाद, चेन्नई (कांचीपुरम समेत) और पूर्वी गोदावरी में स्थित कई अन्य इन संपत्तियों में कार्यालय परिसर, आवासीय इकाइयां और प्लॉट शामिल हैं.