samacharsecretary.com

धीमी धान खरीदी पर कांग्रेस का वार: PCC चीफ बैज बोले—सरकार उदासीन, किसान बेहाल

  रायपुर  छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का बहुप्रतीक्षित सीजन आज 15 नवंबर से औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। हालांकि खरीदी के पहले ही दिन व्यवस्थाएँ पूरी तरह पटरी पर नहीं दिखीं। PACS कर्मचारियों की हड़ताल के चलते कई खरीदी केंद्रों पर कामकाज ठप रहा। कई केंद्रों में मशीनें बंद रहीं, किसान लाइन में खड़े रहे, मगर खरीदी शुरू नहीं हो सकी। इस स्थिति पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार को आड़े हाथों लिया। दीपक बैज ने कहा कि सरकार की चुप्पी और लापरवाही का सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है। “धान खरीदी केंद्रों में सन्नाटा है। कर्मचारी हड़ताल पर हैं और किसान अपना धान बेच नहीं पा रहे। सरकार को तुरंत कर्मचारियों से संवाद करना चाहिए। कांग्रेस हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों के साथ है और धान खरीदी की स्थिति पर पूरी निगरानी कर रही है। आदिवासी गौरव जनजाति दिवस पर भाजपा बड़े कार्यक्रम आयोजित कर रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ने वाले हैं। इसी बीच पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भाजपा पर “आदिवासी विरोधी मानसिकता” का आरोप लगाया। बैज ने कहा कि आज बिरसा मुंडा की जयंती पर पूरा आदिवासी समाज उनके संघर्ष और योगदान को याद कर रहा है। उन्होंने कहा, “बीजेपी आदिवासी दिवस का विरोध करती रही है। आज दिखावे के कार्यक्रमों से आदिवासियों को भ्रमित करने की कोशिश हो रही है। जल, जंगल और जमीन को लगातार बेचा जा रहा है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।” कांग्रेस द्वारा आयोजित बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) बैठक में PCC चीफ दीपक बैज ने बिहार चुनाव के नतीजों को लेकर गंभीर प्रश्न उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताओं की शिकायतें सामने आईं। बैज ने कहा, “बिहार में आए चुनाव परिणाम चौंकाने वाले हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार और मंत्रियों के प्रति गहरा आक्रोश था, फिर भी नतीजे बिलकुल उलटे आए। कई जगह लोगों को वोटिंग से रोका गया और कई मतदाताओं की जगह किसी और ने वोट डाल दिए—ऐसी शिकायतें आम रहीं।” उन्होंने कहा कि यह स्थिति “चुनाव आयोग और भाजपा के गठजोड़” का संकेत देती है। बैठक में बीएलओ को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। जिला अध्यक्षों ने भी भाग लिया और तय किया गया कि आने वाले दिनों में जिले, विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर भी प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे, ताकि मतदाता सूची (SIR) से जुड़े कार्यों में लोगों की अधिक प्रभावी सहायता की जा सके।

सौर ऊर्जा उत्पादन में यूपी राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष प्रदर्शन करने वाले राज्यों में शामिल

2.72 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित, 48 हजार से अधिक रोजगार सृजित छतों पर सौर ऊर्जा की कुल स्थापित क्षमता 950 मेगावाट से भी अधिक पहुंची   लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पीएम सूर्यघर योजना ने रिकॉर्ड सफलता हासिल की है। प्रदेश में अब तक 2.72 लाख से अधिक रूफटॉप सौर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिनसे प्रतिदिन करीब 40 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है। छतों पर सौर ऊर्जा की कुल स्थापित क्षमता 950 मेगावाट से भी अधिक पहुंच गई है, जिसके साथ यूपी राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष प्रदर्शन करने वाले राज्यों में शामिल हो गया है। स्थापना के मामले में प्रदेश गुजरात और महाराष्ट्र के बाद तीसरे स्थान पर है, जबकि कुल आवेदनों में दूसरा स्थान प्राप्त है। वेंडर्स की संख्या 400 से बढ़कर 4,000, रोजगार के नए अवसर योजना की शुरुआत में जहां मात्र 400 वेंडर थे, वहीं यह संख्या अब बढ़कर करीब 4 हजार पहुंच गई है। इसके चलते प्रदेश में 48,000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार और सप्लाई चेन व मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्रों में लाखों अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित हुए हैं। रूफटॉप सोलर मॉडल से अब तक 3,800 एकड़ कृषि भूमि की बचत भी संभव हुई है। यूपी की अर्थव्यवस्था को मिला नई ऊर्जा का संबल योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा ₹1,808 करोड़, जबकि राज्य सरकार द्वारा ₹584 करोड़ की सब्सिडी सीधे उपभोक्ताओं को प्रदान की गई है। सोलर संयंत्रों के माध्यम से बिजली लागत में वार्षिक बचत प्रदेश के GDP में 0.2% से अधिक योगदान दे रही है, जो उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर गति प्रदान कर रही है। कार्बन उत्सर्जन में बड़ी कमी रूफटॉप सौर संयंत्रों से हर वर्ष 11.3 लाख टन CO₂ उत्सर्जन में कमी आ रही है, जो 2.3 करोड़ पेड़ों के अवशोषण के बराबर है। यह पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है। युवाओं के लिए बड़ा अवसर प्रदेश सरकार ने सौर ऊर्जा क्षेत्र में युवाओं को जोड़ने के लिए योजना को सीएम युवा से भी लिंक किया है। यूपीनेडा के माध्यम से इंपैनलमेंट होने के बाद युवाओं को सौर वेंडर फर्म स्थापित करने हेतु 5 लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी। उत्तर प्रदेश को 'सोलर प्रदेश' बनाने का लक्ष्य राज्य सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2027 तक रूफटॉप सौर स्थापना में गुजरात को पीछे छोड़ते हुए उत्तर प्रदेश को सोलर प्रदेश यूपी के रूप में स्थापित किया जाए। यह कदम ऊर्जा आत्मनिर्भरता और हरित भविष्य की दिशा में यूपी को अग्रणी बनाएगा।

क्षेत्र में सनसनी: झाड़ियों से मिला कंकाल, जाँच में जुटी पुलिस

दुर्ग  कुम्हारी रेलवे स्टेशन के परसदा रेलवे फाटक के पास झाड़ियाें में नर कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि शव लंबे समय से पड़े रहने के कारण सड़ चुका है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कचांदूर स्थित सीसीएम मेडिकल कॉलेज भेजा। दरअसल राजेश नाम का व्यक्ति रेलवे लाइन के किनारे अपनी बकरियों को चरा रहा था। तभी अचानक बकरियां दौड़ने भागने लगी, जिससे राजेश को अनहोनी की आशंका हुई। जब राजेश झाड़ियों के बीच पहुंचा तो उसने सड़ी गली अवस्था में नर कंकाल देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 और पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव की पहचान शुरू कर दी है।

सरकार के इनकार के बाद 21 साल की लड़ाई जीती, 4 HCS अधिकारियों की नियुक्ति रास्ता साफ

चंडीगढ़  पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने 21 साल से लंबित एक महत्वपूर्ण विवाद का निपटारा करते हुए हरियाणा सिविल सेवा के 4 चयनित उम्मीदवार शक्ति सिंह, कुलदीप मलिक, सुभाष तायल और दीपक कुमार के पक्ष में फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने राज्य सरकार द्वारा इनकी नियुक्ति रोकने के सभी आधारों को अमान्य ठहराते हुए कहा कि चयन और सिफारिश के बाद उम्मीदवारों को दागी मानकर नियुक्ति न देना उचित नहीं है। दरअसल इन चारों अधिकारियों का चयन हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा 24 जनवरी 2004 के विज्ञापन के आधार पर आयोजित परीक्षा में हुआ था। आयोग ने उन्हें योग्य पाकर औपचारिक रूप से राज्य सरकार को नियुक्ति के लिए भेज दिया था, लेकिन 2004 के विधानसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता लागू होने से प्रक्रिया रुक गई। बाद में सरकार ने इन्हें नियुक्ति देने से इन्कार कर दिया, जिससे मामला अदालत पहुंचा। हाईकोर्ट के इस निर्णय से इन सभी को अब पुरानी तारीख से नियुक्ति, सांकेतिक वरिष्ठता, और परिणामी सेवा लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इससे पहले इसी मामले में उम्मीदवार सुरेंद्र लाठर के पक्ष में भी समान फैसला दिया गया था। कोर्ट के इस आदेश ने 2 दशक से अधिक समय से जारी न्यायिक संघर्ष का अंत कर दिया है। 

टी20 ब्लाइंड महिला विश्व कप: भारत की शानदार जीत, सेमीफाइनल का टिकट पक्का

बेंगलुरु  भारतीय टीम ने अमेरिका को 10 विकेट से हराकर दृष्टिबाधित महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अमेरिका का भारत के खिलाफ बेहद साधारण प्रदर्शन रहा। पहले बल्लेबाजी करते हुए अमेरिकी टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 60 रन बना सकी। अमेरिका के लिए तात्याना ने 17 और कैरोलीन ने 12 रन बनाए। इसके अलावा, अन्य बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने बेदम नजर आईं। भारत की तरफ से सिमरनजीत कौर, सुनीता सराठे, सिमू दास, और गंगा कदम ने 1-1 विकेट लिए। कई बल्लेबाज रन आउट हुए। 61 रन का सामान्य लक्ष्य भारतीय टीम ने बेहतरीन अंदाज में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए हासिल किया। भारत ने 3.3 ओवर में बिना किसी नुकसान के 61 रन बनाकर मैच 10 विकेट से हासिल कर लिया। सिमरनजीत कौर ने 12 गेंदों पर नाबाद 31 रन बनाए, जबकि काव्या एन.आर. ने 12 गेंदों पर 21 रन की पारी खेली। सिमरनजीत कौर प्लेयर ऑफ द मैच रही। भारत की विश्व कप के छठे मैच में ये चौथी जीत थी। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। अमेरिकी टीम बेहद युवा है। विश्व कप के लिए अमेरिकी टीम को भारत की संस्थाओं के सहयोग से पिछले 1 साल के दौरान तैयार किया है। अमेरिका बेशक हार गई, लेकिन टीम ने वैश्विक स्तर पर खेलने का जज्बा दिखाया और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जगाई। भारतीय टीम का अगला मुकाबला रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ खेला जाएगा। मैच कोलंबो में खेला जाएगा। पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए टीम इंडिया कड़ी तैयारी कर रही है। दृष्टिबाधित महिला टी20 विश्व कप का आयोजन 11 नवंबर से 23 नवंबर तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में किया जा रहा है। विश्व कप में भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका और अमेरिका की टीम हिस्सा ले रही है।

राहत कार्यों में खुली बड़ी पोल! चंद घंटों में अधिकारियों की लापरवाही हुई बेनकाब

लुधियाना सरकार द्वारा क्वॉलिटी कंट्रोल नियमों के पालन को लेकर जो ताजा निर्देश जारी किए गए हैं, उसके तहत नगर निगम द्वारा घटिया मैटीरियल का इस्तेमाल करने वाले ठेकेदार पर बड़ी कार्रवाई की गई है। यह मामला जगराओं पुल के नजदीक गुरुद्वारा दुख निवारण रोड पर सामने आया है जहां एक ठेकेदार द्वारा बनाई गई सड़क चंद घंटों में बिखर गई। इस संबंध में शिकायत मिलने पर सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर द्वारा साइट विजिट की गई तो लोग सड़क की बजरी को हाथ से इकट्ठा कर रहे थे। इस पर नगर निगम अधिकारियों को बुलाकर सड़क को जे.सी.बी. मशीन से उखाड़ दिया गया और ठेकेदार को दोबारा सड़क बनाने के लिए बोला गया है।   बी. एंड आर. ब्रांच के अधिकारियों पर खड़े हुए सवाल नगर निगम द्वारा की गई सड़क को उखाड़ने की कार्रवाई के बाद बी. एंड आर. ब्रांच के अधिकारियों पर सवाल खड़े हुए हैं, क्योंकि नियमों के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान बी. एंड आर. ब्रांच के अधिकारियों का मौजूद होना जरूरी है। अगर इस सड़क का निर्माण बी. एंड आर. ब्रांच के अधिकारियों की निगरानी में किया गया है तो उन्होंने मिलीभगत के चलते घटिया मैटीरियल का इस्तेमाल होने को लेकर आंखे बंद कर लीं या फिर साइट से गायब होकर ठेकेदार को मनमानी करने की छूट दी गई जिसका सबूत नाममात्र तारकोल के इस्तेमाल से बनाई गई सड़क के चंद घंटों में बिखरने के रूप में सामने आया है। इसे लेकर सीनियर डिप्टी मेयर के दखल के बाद ठेकेदार पर तो सड़क उखाड़ने की कार्रवाई कर दी गई है लेकिन बी. एंड आर. ब्रांच के अधिकारियों को कमिश्नर की तरफ से कोई नोटिस जारी नहीं किया गया। 

जबरन भूमि कब्जे का मामला: सपा विधायक राम अचल राजभर पर गंभीर आरोप

अम्बेडकरनगर उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक पीड़ित ने अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक राम अचल राजभर पर जमीन कब्जाने का गंभीर आरोप लगा है। शिकायतकर्ता राम भजन राजभर ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।   पीड़ित का आरोप है कि विधायक राम अचल राजभर अपने सहयोगियों के साथ उसके घर पहुंचे और उसे धमकाया। विवादित जमीन राम अचल राजभर के महाविद्यालय के पास स्थित है, जिस पर कब्जा कर जबरन बैनामा कराने का दबाव बनाए जाने का आरोप भी लगाया गया है।   राम भजन राजभर का कहना है कि विधायक और उनके बेटे संजय राजभर मिलकर उसकी जमीन हड़पने की कोशिश कर रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है। मामले के बढ़ने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है, जबकि पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।  

कांकेर जिले के धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था का लिया जायज़ा : सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने

रायपुर, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की आयुक्त श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले ने आज कांकेर जिले के धान खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। समर्थन मूल्य पर सुचारू धान खरीदी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्होंने चारामा तहसील के माहुद, चारामा, लखनपुरी और कांकेर तहसील के नाथिया नवागांव एवं सरोना स्थित खरीदी केन्द्रों की व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को जाना। उन्होंने धान विक्रय टोकन की प्रक्रिया का परीक्षण किया और किसानों को बताया कि टोकन सोसायटी मॉड्यूल के माध्यम से भी प्राप्त किए जा सकते हैं। सचिव ने जिला खाद्य अधिकारी और सहकारी बैंक के नोडल अधिकारियों से कम्प्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्ति, उनके प्रशिक्षण, नमी मापक यंत्र, बारदाना उपलब्धता, डेमेज एवं हमाल की व्यवस्था संबंधी जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीदी केन्द्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि कांकेर जिले में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय हेतु 94 हज़ार 192 किसानों का पंजीयन किया जा चुका है तथा 85 प्रतिशत बारदाना उपलब्ध करा दिया गया है। सचिव के द्वारा निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री अरुण वर्मा, खाद्य अधिकारी श्री जे.जे. नायक, उप पंजीयक सहकारी समिति श्री आशुतोष डडसेना, तहसीलदार चारामा श्री सतेन्द्र शुक्ल, नायब तहसीलदार श्री कृष्ण कुमार पाटले, तहसीलदार सरोना श्री मोहित साहू, सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी श्री मनोज वानखेडे तथा नान के जिला प्रबंधक श्री आकाश राही भी उपस्थित रहे।

विकास का महाकुंभ: योगी सरकार ने सोनभद्र में 548 करोड़ की योजनाओं को दी हरी झंडी

सोनभद्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश और बिहार के संबंध की तुलना भगवान राम और देवी सीता के पवित्र संबंध से करते हुए शनिवार को कहा कि दोनों राज्यों का रिश्ता भी ‘‘अटूट और सुदृढ़'' है। सोनभद्र में आयोजित ‘जनजातीय गौरव दिवस' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने 548 करोड़ रुपये की 432 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।  बिहार में ऐतिहासिक जीत पर सीएम योगी ने जताई प्रसन्नता  बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ऐतिहासिक जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए योगी ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश और बिहार साझा संस्कृति, साझा विरासत और साझा संकल्प के प्रतीक हैं। प्रभु राम और माता जानकी के पवित्र संबंध की तरह दोनों राज्यों का रिश्ता भी अटूट और सुदृढ़ है। डबल इंजन की सरकार पर लोगों का बढ़ रहा विश्वास उन्होंने कहा, ‘‘वहां की जनता ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेकर यह संदेश दिया है कि विकास, सुशासन और स्थिरता के लिए डबल इंजन की सरकार पर विश्वास लगातार बढ़ रहा है तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रहित व विकास की नीतियों को जनता का सशक्त समर्थन मिल रहा है।'' मुख्यमंत्री ने सोनभद्र की धरती को उत्तर प्रदेश की ऊर्जा राजधानी, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध संसाधनों के अनोखे संगम की संज्ञा दी।  बिहार में सीएम योगी ने की 30 रैलियां और एक रोड शो उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित जनजातीय बहनों–भाइयों की भागीदारी बदलाव की आकांक्षा और विश्वास का प्रतीक है। योगी की टिप्पणी इसलिए अहम मानी जा रही है क्योंकि यह बिहार में राजग द्वारा महागठबंधन को हराकर सत्ता बरकरार रखने के एक दिन बाद आई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, योगी आदित्यनाथ ने 10 दिन के चुनाव अभियान में 30 रैलियां और एक रोड शो किया। उनका अभियान 16 अक्टूबर को शुरू हुआ था। अपने भाषणों में योगी ने उत्तर प्रदेश और बिहार में राजग सरकारों के विकास कार्यों को प्रमुखता से रखा, जबकि कांग्रेस-राजद गठबंधन पर ‘‘जंगल राज'', अपराध और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर हमला बोला।   

मृदुल तिवारी का खुलासा: बेघर होने पर गौरव खन्ना ने दिया था खास तोहफ़ा

मुंबई 'बिग बॉस 19' से जब मृदुल तिवारी को मिड वीक एविक्शन में बेघर किया गया, तो 'बड़े भैया' गौरव खन्ना रो पड़े थे। पूरा घर मृदुल के लिए रोया, पर गौरव का दिल बुरी तरह टूट गया था। वह और मृदुल तिवारी काफी देर तक एक-दूसरे को कसकर गले लगाए रहे। जब मृदुल घर से जा रहे थे, तो गौरव खन्ना ने उन्हें एक चीज दी थी। बहुत से दर्शकों को लगा कि वह रिंग थी, पर अब मृदुल ने खुद खुलासा किया है कि वो क्या चीज थी। मृदुल तिवारी ने 'इंस्टेंट बॉलीवुड' से बातचीत में बताया कि गौरव भाई ने उन्हें जो चीज दी, उसे उन्होंने उनके नाम से पैक करके रख दिया है। वह उनके लिए गौरव की निशानी रहेगी। साथ ही यह भी बताया कि जब गौरव खन्ना ने कैप्टन बनने के बाद उनका नाम लिया, तो कैसा लगा। गौरव खन्ना ने क्या दी थी वो खास चीज, मृदुल तिवारी ने बताया मृदुल तिवारी ने गौरव द्वारा दी गई खास चीज के बारे में पूछे जाने पर कहा, 'बहुत लोगों ने मुझसे पूछा कि क्या चीज है वो। रिंग नहीं थी वो। गौरव भाई इलायची खाते रहते हैं हमेशा। उनकी जेब में पड़ी थी, तो कहते कि अभी और तो कुछ है नहीं मेरे पास देने के लिए, तो ये इलायची ले जा। वो इलायची मैंने अब भी संभाल कर रखी है। और पैक कर दिया है कि गौरव भाई की निशानी बिग बॉस की रहेगी मेरे पास।' गौरव ने कैप्टन बनने पर लिया मृदुल का नाम तो कैसा लगा? यह बोले हाल ही के एपिसोड में जब गौरव खन्ना घर के कैप्टन बने तो उन्होंने माइक पर बोला था- मृदुल मैं कैप्टन बन गया। उस पल ने फैंस को भावुक कर दिया था। उसे देख कैसा लगा? मृदुल तिवारी बोले, 'अच्छा लग रहा था और वो मुझे प्यार तो करता है इतना। गौरव भाई बहुत इमोशनल है। मैं घर में सिर्फ गौरव भाई को ही मिस कर रहा हूं।' साथ ही मृदुल ने कहा कि उन्हें शो से बाहर आकर अच्छा तो नहीं लग रहा है, पर अब आ गए हैं तो अपने लोगों से मिलकर खुश हैं। ये भी कहा कि वह सबसे ज्यादा गौरव भाई को मिस कर रहे हैं। मृदुल तिवारी के एविक्शन से गुस्से में यूजर्स और फैंस मालूम हो कि मृदुल तिवारी के एविक्शन से यूजर्स बहुत गुस्से में हैं और उन्होंने मेकर्स पर गुस्सा निकाला था। अभिषेक बजाज और बसीर अली के साथ-साथ अब मृदुल के अनफेयर एविक्शन से उनका गुस्सा फूट पड़ा। खुद मृदुल को भी अपने एविक्शन से झटका लगा और बाहर आने के बाद एक इंटरव्यू में बताया कि मेकर्स ने कैसे उनको बाहर निकालने की बिसात बिछाई।