samacharsecretary.com

T20 वर्ल्ड कप से पाकिस्तान के हटने की चर्चा तेज, लेकिन क्यों ये फैसला लेना है लगभग नामुमकिन?

नई दिल्ली बांग्लादेश तो अपनी जिद की वजह से बिना कोई मैच खेले ही टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गया है। अब पाकिस्तान उसके समर्थन में बड़ी-बड़ी डींगे हाक रहा। वर्ल्ड कप के बहिष्कार की धमकी दे रहा। अगर वर्ल्ड कप का बहिष्कार नहीं तो कम से कम 15 फरवरी को भारत से होने वाले ग्रुप मैच के बायकॉट पर विचार का संदेश दे रहा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के मुताबिक इसे लेकर आखिरी फैसला शुक्रवार या फिर सोमवार को सुना दिया जाएगा। इस बीच मीडिया रिपोर्ट्स इस तरफ इशारा कर रही हैं कि पाकिस्तान का टी20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार करना तो दूर, भारत के खिलाफ मैच से पीछे हटना तक दूर की कौड़ी लग रही है।   पाकिस्तान की पैंतरेबाजी पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की थी। मीटिंग के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘प्रधानमंत्री मियां मोहम्मद शहबाज शरीफ के साथ अच्छी मीटिंग रही। उन्हें आईसीसी से जुड़े मसले के बारे में बताया और उन्होंने निर्देश दिया कि हम इसका हल ढूंढे और साथ में सभी विकल्प भी खुला रखा है। इस पर सहमति बनी कि आखिरी फैसला या तो शुक्रवार को या फिर सोमवार को लिया जाएगा।’ नकवी ने सभी विकल्प खुले रहने की बात कहकर बायकॉट की अटकलों को पैंतरेबाजी से जिंदा रखने की कोशिश की। वैसे पाकिस्तान ने एशिया कप के बीच में ही तब उसके बहिष्कार की धमकी दी थी जब भारतीय खिलाड़ियों ने मैच के बाद पाकिस्तान टीम के साथ हाथ नहीं मिलाया था। आईसीसी के सामने मैच रेफरी को हटाने की शर्त रख दी थी। तब उस गीदड़भभकी का अंजाम दुनिया ने देखा ही था। ड्रामेबाजी के बाद पाकिस्तान ने न सिर्फ एशिया कप खेला बल्कि उसी मैच रेफरी की निगरानी में मुकाबला खेला, जिसे हटाने के लिए बहुत सारा नखरा किया था। आईसीसी ने पीसीबी को पहुंचा दिया है दो टूक संदेश अब अगर टी20 वर्ल्ड कप की बात करें तो क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक आईसीसी ने पाकिस्तान को साफ-साफ बता दिया है कि अगर वह बायकॉट कार्ड खेलता है तो उसे क्या कीमत चुकानी पड़ सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक आईसीसी ने अपनी बात पहुंचा दी है कि उसे कड़े प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है। बायकॉट पूरी तरह से प्रतिभागिता समझौते यानी पार्टिसिपेशन अग्रीमेंट का उल्लंघन होगा जिस पर आईसीसी के साथ दस्तखत किया गया है। इससे वैश्विक और एशिया कप टूर्नामेंट से पाकिस्तान को सस्पेंड किए जाने की सजा मिल सकती है। इसके अलावा विदेशी खिलाड़ियों को पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने के लिए जारी होने वाले नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट को भी वापस लिया जा सकता है। वैसे भी पाकिस्तान के पास विश्व कप या फिर भारत के साथ मैच के संभावित बहिष्कार को उचित ठहराने का कोई खास आधार नहीं है क्योंकि उन्हें उनकी पसंद के वेन्यू पर खेलने की इजाजत दी गई है। पाकिस्तान अगर बाहर हुआ तो बांग्लादेश को फिर मिल सकती है एंट्री पाकिस्तान के खिलाफ एक और बड़ा फैक्टर काम कर रहा है। दरअसल ऐसी रिपोर्ट हैं कि अगर पाकिस्तान की टीम वर्ल्ड कप का बहिष्कार करती है तो आईसीसी उसकी जगह पर बांग्लादेश को फिर शामिल कर सकती है। चूंकि पाकिस्तान के सारे मैच श्रीलंका में हैं और बांग्लादेश की मांग भी यही थी कि उसके मैच भारत से बाहर कराए जाएं तो आईसीसी को ऐसी सूरत में किसी तरह की लॉजिस्टिक से जुड़ी चुनौतियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। मामले से वाकिफ आईसीसी से जुड़े एक अधिकारी ने बताया, ‘अगर पाकिस्तान हटने का फैसला करता है तो उसकी जगह पर ग्रुप ए में बांग्लादेश को जगह दी जाएगी और उनके सारे मैच श्री लंका में होंगे। बीसीबी की भी वेन्यू को लेकर यही गुजारिश रही है। इसमें लॉजिस्टिकल चैलेंज भी बहुत सीमित रहेंगे।’ 7 फरवरी से 8 मार्च तक चलेगा टी20 वर्ल्ड कप टी20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। इसकी संयुक्त मेजबानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं। टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं जिन्हें 5-5 के कुल 4 ग्रुप में बांटा गया है। भारत ग्रुप ए में है जिसमें उसके अलावा पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड और नामीबिया हैं। बांग्लादेश को ग्रुप सी में रखा गया था लेकिन उसके भारत में मैच खेलने से इनकार के बाद उसकी जगह स्कॉटलैंड को जगह मिली है। 8 मार्च को वर्ल्ड कप फाइनल खेला जाएगा।  

लाखों बैंक कर्मचारी ‘फाइव डे वीक’ के लिए सड़कों उतरे

भोपाल. मध्य प्रदेश में मंगलवार को करीब 40 हजार बैंककर्मी हड़ताल पर हैं। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर होने वाली इस हड़ताल से प्रदेशभर की 7 हजार से ज्यादा बैंक शाखाओं में ताले लटके हुए हैं। इससे चेक क्लियरेंस, नकद लेन-देन और अन्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हैं, वहीं एटीएम में भी नकदी की कमी की आशंका है। एक ही दिन में लाखों करोड़ रुपए के कारोबार पर असर है। यह हड़ताल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर हो रही है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर सहित पूरे प्रदेश में बैंकिंग सेवाएं बाधित रहेंगी। सरकारी के साथ-साथ निजी बैंकों के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल हैं। इन बैंकों में लटके ताले यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार, सरकारी क्षेत्र की 12 प्रमुख बैंकें बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, केनरा बैंक, सेंट्रल बैंक, इंडियन बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, यूको बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के सभी अधिकारी और कर्मचारी हड़ताल में शामिल हैं। इसके अलावा निजी क्षेत्र के बैंकों में भी कामकाज प्रभावित हो सकता है। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह बैंककर्मियों की मुख्य मांग है कि बैंकिंग उद्योग में सप्ताह में पांच कार्य दिवस लागू किए जाएं। वर्तमान में केवल दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है, जबकि अन्य शनिवार कार्य दिवस होते हैं। यूनियन चाहती है कि सभी शनिवार अवकाश घोषित किए जाएं और सोमवार से शुक्रवार तक कार्य घंटे समायोजित किए जाएं। दो साल से लंबित है प्रस्ताव यूएफबीयू के मध्य प्रदेश को-ऑर्डिनेटर वीके शर्मा ने बताया कि वर्ष 2015 में हुए समझौते में इस विषय पर विचार का आश्वासन दिया गया था। 2022 में केंद्र सरकार और भारतीय बैंक संघ (IBA) के साथ चर्चा हुई, जबकि 2023 में यह सहमति बनी कि सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन 40 मिनट कार्य घंटे बढ़ाकर शेष शनिवारों को अवकाश घोषित किया जाएगा। यह प्रस्ताव सरकार को भेजा गया, लेकिन पिछले दो वर्षों से स्वीकृति लंबित है। पहले भी टली थी हड़ताल सरकार की ओर से ठोस प्रतिक्रिया न मिलने पर यूएफबीयू ने मार्च 2025 में दो दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया था, जिसे ‘मामला विचाराधीन है’ के आश्वासन पर स्थगित कर दिया गया था। अब भी मांग पूरी न होने पर बैंककर्मियों ने फिर से हड़ताल का रास्ता अपनाया है।

मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने से विशाखापत्तनम का रेल आवागमन ठप

जगदलपुर. किरंदुल-कोट्टावालसा रेललाइन पर ओडिशा के कोरापुट जंक्शन आउटर में मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए है। घटना रात नौ बजे हुई। मालगाड़ी किरंदूल से लौह अयस्क भरकर विशाखापत्तनम जा रही थी। घटना डाउन लाइन में हुई है। इस लाइन में रेल आवागमन ठप है। घटना होने से किरंदूल विशाखापत्तनम नाइट एक्सप्रेस को जड़ती स्टेशन में रोक दिया गया है। दुर्घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मौके पर कोरापुट के रेल अधिकारी पहुंच गए हैं। जगदलपुर से रेल अधिकारी रवाना हुए हैं। नाइट एक्सप्रेस को अप लाइन से ही निर्धारित मार्ग या फिर रायगढ़ा विजयनगरम परिवर्तित मार्ग से भेजा जा सकता है।

रायपुर में काटने की शिकायत पर आवारा कुत्तों को पकड़ा

रायपुर. नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा एनिमल बर्थ कण्ट्रोल (एबीसी) कार्यक्रम को निरंतर एवं प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत प्रतिदिन औसतन 15-20 आवारा श्वानों को पकडकर उनका टीकाकरण, नसबंदी (डिवार्मिंग / स्टेरिलाईजेशन) किया जा रहा है, जिससे आवारा श्वानों की संख्या नियंत्रण में लायी जा सके तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। चंद्रशेखर आजाद वार्ड के सम्बंधित क्षेत्र से शिकायत प्राप्त होते ही नगर पालिक निगम, रायपुर की डॉग कैचिंग टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आवारा श्वानों को पकड़ा गया, जिनका नियमानुसार टीकाकरण /बधियाकरण / डिवार्मिंग की कार्यवाही की जायेगी। निगम को निदान 1100, आमजन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उक्त कार्यवाही माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पूर्ण परिपालन में की जा रही है। इसी कड़ी में नगर पालिक निगम, रायपुर के समस्त जोनों के अंतर्गत सभी वार्डों में श्वानों के लिए फीडिंग स्थल चिह्नांकित कर लिए गए हैं तथा संबंधित स्थलों पर सूचना बोर्ड भी चस्पा कर दिए गए हैं, ताकि निर्धारित स्थानों पर ही भोजन व्यवस्था सुनिश्चित हो एवं अनियंत्रित भोजन वितरण से उत्पन्न समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। नगर पालिक निगम, रायपुर द्वारा यह सतत प्रयास किया जा रहा है कि पशु कल्याण के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं जनसुविधा बनी रहे। भविष्य में भी उक्त कार्यक्रम को और अधिक सुदृढ़ करते हुए सतत रूप से जारी रखा जाएगा।

चाकू दिखाकर स्कूली छात्रा का अपहरण कर छेड़छाड़

रायगढ़. जिले में बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर रायगढ़ पुलिस बेहद सख्त और सतर्क है। महिला थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बालिका से छेड़छाड़ और जबरन उठाने के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक शाकिब खान (24 साल) निवासी पूरी बगीचा चांदमारी रायगढ़ को हिरासत में ले लिया है। पीड़ित बालिका ने महिला थाना में दिए लिखित आवेदन में बताया कि वह आरोपी को पहले से जानती-पहचानती है और शाकिब बीते दो वर्षों (वर्ष 2023 से) लगातार जबरन बातचीत करता था, रास्ते में पीछा कर परेशान करता था। इसकी जानकारी उसने अपने परिजनों को दी थी, जिसके बाद उसके पिता उसे स्कूल छोड़ने जाने लगे थे। बालिका ने बताया कि वर्ष 2023 में भी आरोपी द्वारा उसके साथ छेड़छाड़ की गई थी, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी। बालिका के अनुसार 26 जनवरी को तबीयत खराब होने के बावजूद वह स्कूल गई थी। गणतंत्र दिवस रैली के दौरान अस्वस्थ होने के कारण वह स्कूल में ही रुकी रही और सुबह करीब 9 बजे मैडम से अनुमति लेकर घर के लिए निकली। इसी दौरान आरोपी शाकिब खान सफेद रंग की ईको कार से पहुंचा, गाड़ी से उतरकर चाकू जैसे हथियार से डराया-धमकाया और जबरन गाड़ी में बैठाकर पहाड़ मंदिर मार्ग की ओर ले गया, जहां गलत नियत से छेड़छाड़ की। इसके बाद दोपहर करीब 1 बजे स्कूल के सामने गली में छोड़कर फरार हो गया और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस कार्यवाही आरोपी धरपकड़ घटना की जानकारी मिलने पर बालिका ने अपने शिक्षक और परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद महिला थाना में अपराध क्रमांक 05/2026 धारा 137(2), 74, 75(2), 78(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 एवं 8 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रकरण एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आते ही तत्काल कोतवाली थाना और महिला थाना स्टाफ को आरोपी की गिरफ्तारी में लगाया गया। पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपी शाकिब खान को दबोच लिया। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर द्वारा पीड़िता से विस्तृत पूछताछ कर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया तथा वीडियो बयान लिया गया। आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त चाकू और ईको कार सीजी 13 बी बी 1840 को जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर, सहायक उप निरीक्षक विल्फ्रेड मसीह, संदीप भगत और हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही है। एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि “ जिला पुलिस बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग है। बालिकाओं से छेड़छाड़, छींटाकशी या किसी भी प्रकार की आपराधिक हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे तत्वों के खिलाफ पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी। बालिका से छेड़खानी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। ” बालिका एवं परिजन ऐसी घटनाओं की सूचना बेझिझक पुलिस को दें जिससे ऐसे तत्वों पर सख्त कार्यवाही की जा सके और ऐसी घटनाओं को लगाम लगाया जा सकें।

इंदौर में महिला की हत्‍या कर कपड़े बदल कर भागे आरोपी

इंदौर. महिला की हत्या में शामिल बदमाश पुलिस को छका रहे है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों का पीछा कर रही है। आरोपित कपड़े बदल कर भागे है। आरोपित घटना स्थल के आसपास ही देखे गए है। बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित नंदबाग निवासी गायत्री धीमान की घर में ही गला घोंटकर हत्या कर दी थी। बदमाश वारदात के बाद महिला के हाथ पैर बांध कर मुंह में कपड़ा ठूंस कर भागे थे। गायत्री सुपर कॉरिडोर स्थित आईटी कंपनी में हाऊस किपिंग का काम करती थी। पुलिस ने घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज निकाले तो दो बदमाश स्कूटर से भागते हुए नजर आए। पुलिस ने टिगरिया बादशाह क्षेत्र से सीसीटीवी फुटेज की कड़ियां जोड़ी तो पता चला बदमाशों ने चकमा देने के लिए कपड़े भी बदल लिए थे। करीब 20 किमी घुमने के बाद आरोपित पुन:घटना स्थल के आसपास आए हैं। जोन-3 के डीसीपी राजेश व्यास ने तीन टीमों का गठन किया है। आरोपितों की गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया है। पुलिस के अनुसार आरोपितों के बारे में कुछ भी पता नहीं चल रहा है। महिला की सीडीआर में भी नंबर नहीं है। स्वजन ने भी पहचाने से इनकार किया है। युवक को अगवा करने वाले बदमाश बिहार भागे 28 वर्षीय युवक को अगवा कर पीटने वाले बदमाश बिहार भाग गए है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है। बाणगंगा थाना क्षेत्र निवासी युवक को चाचा-चाची और उसके साथियों ने जमीन के लिए अगवा किया था। युवक को शाजापुर स्थित दोस्त के खेत पर पेड़ से बांधा और गरम सरिये से नाजुक स्थानों पर दागा। पीड़ित के खिलाफ ही नाबालिग बेटी से दुष्कर्म की रिपोर्ट लिखवा दी। चोट के कारण पुलिस ने पीड़ित को अस्पताल पहुंचाया लेकिन उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चाचा चाची सहित तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया लेकिन अन्य फरार हो गए।

एम्स भोपाल में लिफ्ट का गेट खुलते ही महिला का मंगलसूत्र लेकर भागा चोर

भोपाल. भोपाल एम्स को हाई-सिक्योरिटी स्वास्थ्य संस्थान माना जाता है। रविवार शाम को स्त्री रोग विभाग में अटेंडर के साथ हुई वारदात से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल परिसर की लिफ्ट में उनके साथ चेन स्नेचिंग की वारदात हुई। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सोमवार को वायरल हो गया। पीड़िता का नाम वर्षा सोनी है। वह स्त्री रोग विभाग में अटेंडर हैं। ड्यूटी के दौरान ब्लड बैंक के पीछे स्थित लिफ्ट से अकेली आ रही थीं। इसी दौरान मास्क और टोपी पहने एक युवक लिफ्ट में घुसा। वह उनसे नेत्र रोग विभाग का फ्लोर पूछने लगा। लिफ्ट तीसरे फ्लोर पर पहुंची, तो युवक पहले बाहर निकला। फिर अचानक लौटकर महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने की कोशिश की। महिला ने विरोध किया, लेकिन युवक ने धक्का देकर खुद को छुड़ा लिया। वह सीढ़ियों से नीच की ओर भाग निकला। वह महिलाका मंगलसूत्र लेकर फरार हो गया। मोतियों की माला टूटकर गिर गई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। इस दौरान लिफ्ट एरिया में कोई भी सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। वारदात के बाद पीड़िता दस मिनट तक बैठी रोती रही। उसके बाद राउंड पर आए गार्ड ने इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। महिला ने बागसेवनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। रविवार की छुट्टी की वजह से गार्ड थे कम रविवार को छुट्टी रहती है। इसी वजह से सुरक्षा व्यवस्था भी ढीली कर दी गई थी। आरोपी आईपीडी गेट से निकलकर फरार हो गया। एम्स परिसर में पहले चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन लिफ्ट के अंदर महिला से चेन स्नेचिंग का यह पहला मामला है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

उमरिया में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में कपड़े बदल रही छात्राओं का वीडियो बनाकर शिक्षकों पर हमला

उमरिया. ग्राम पिपरिया स्थित हाईस्कूल में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के दौरान 3 से 4 नशे में धुत युवकों ने छात्राओं के कपड़े बदलने के लिए निर्धारित कक्ष में घुसकर मोबाइल से फोटो-वीडियो बनाने की कोशिश की। रोकने पर उन्होंने शिक्षकों पर हमला किया। घटना के बाद पीड़ित शिक्षकों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला जिले के ग्राम पिपरिया स्थित हाईस्कूल का है। राष्ट्रीय महापर्व गणतंत्र दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था, जहां स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया था। बताया गया कि कार्यक्रम में भाग लेने के लिए छात्राओं के कपड़े बदलने के लिए एक कमरा तय किया गया था, जहां पुरुषों का आना मना था। कार्यक्रम के दौरान ही कुछ 3 से 4 नशेड़ी विद्यालय के उस कमरे में जा घुसे। कपड़े बदल रही छात्राओं का मोबाइलों से फोटो वीडियो बनाने लगे। इस दौरान ऑपरेटर रजनीश तिवारी और पुरुषोत्तम तिवारी कार्यक्रम में अतिथि के तौर पर आए शिक्षक दिलीप मिश्रा ने युवकों को ऐसी घिनौनी हरकत करने से मना किया। नशे में धुत युवकों ने तीनों शिक्षकों पर हमला कर दिया। जमकर मारपीट की। गनीमत रही कि कार्यक्रम में उपस्थित अन्य लोगों ने समय पर झगड़े में बीच बचाव कर शिक्षकों की जान बचाई। शिक्षकों ने कराया मामला दर्ज घटना की पुलिस में शिकायत के बाद मौके पर आए पुलिस वालों के साथ भी आरोपियों द्वारा जमकर गाली गलौज की गई। पीड़ित शिक्षकों द्वारा थाना कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। देखना होगा पुलिस इन अपराधियों पर क्या कार्रवाई करती है।

नरसिंहपुर में कार पलटने से चार दोस्त गंभीर घायल

नरसिंहपुर. शहर के बायपास रोड स्थित महर्षि स्कूल के पास सोमवार रात एक अनियंत्रित कार पलट गई। इस दुर्घटना में कार सवार चार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान कृष्णा तिवारी, अंश दुबे, सहज राजपूत और अर्णव जाट के रूप में हुई है। जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद दो किशोरों की नाजुक हालत को देखते हुए उनका सीटी स्कैन कराया गया और बेहतर इलाज के लिए उन्हें लक्ष्मी नारायण अस्पताल रेफर किया गया। बचे दो घायलों का इलाज वर्तमान में जिला अस्पताल में ही चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, वर्तमान में सभी की स्थिति स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है कि आखिर कार अनियंत्रित होकर कैसे पलटी।