samacharsecretary.com

बिना शॉट खेले छक्का, क्रिकेट मैदान पर दिखा चौंकाने वाला नजारा

नई दिल्ली ऑस्ट्रेलिया के घरेलू वनडे कप में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के ओपनर सैम फैनिंग ने गेंद छोड़ने की कोशिश की, लेकिन वह सीधा छक्के के लिए चली गई, जिसे देख सभी हैरान रह गए। ऑस्ट्रेलिया के घरेलू वनडे कप में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने क्रिकेट फैंस को चौंका दिया। टी20 क्रिकेट के आने के बाद बल्लेबाजी में कई नए शॉट्स देखने को मिले हैं, जिनका असर टेस्ट और वनडे प्रारूप में भी साफ दिखता है। हालांकि शायद ही कभी ऐसा हुआ हो कि कोई बल्लेबाज गेंद को छोड़ने की कोशिश करे और वह सीधे छक्के में बदल जाए। वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया और विक्टोरिया के बीच खेले गए मुकाबले में कुछ ऐसा ही हुआ। छोड़ने गए थे गेंद, हो गया छक्का वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया को मैच में 231 रनों का लक्ष्य मिला था। टीम की ओर से ओपनिंग करने सैम फैनिंग और जोएल कर्टिस उतरे। पारी के पहले ओवर की पांचवीं गेंद विक्टोरिया के गेंदबाज कैमरून मैक्लोयरे ने ऑफ स्टंप के बाहर डाली। गेंद को देखकर सैम फैनिंग ने उसे छोड़ने का फैसला किया, लेकिन तभी बल्ले का हल्का सा किनारा लग गया। यह किनारा इतना सही टाइमिंग के साथ लगा कि गेंद विकेटकीपर के ऊपर से निकलते हुए सीधे बाउंड्री पार कर छक्के में बदल गई। फैनिंग खुद इस घटना से हैरान रह गए, जबकि मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और दर्शक भी अवाक रह गए। जिस गेंद को डॉट बॉल माना जा रहा था, वह अचानक छह रन में तब्दील हो गई। वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की शानदार जीत इस मुकाबले में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। 232 रनों के टारगेट को टीम ने महज 39.5 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। जोएल कर्टिस ने 91 रन की अहम पारी खेली, जबकि कैमरून बेनक्रॉफ्ट ने नाबाद 70 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। यह वनडे कप में दोनों टीमों का आखिरी लीग मुकाबला था। इस सीजन वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया ने कुल 7 मैच खेले, जिनमें से 4 में जीत और 3 में हार का सामना किया। टीम का प्रदर्शन संतुलित रहा और उसने अहम मौकों पर बेहतर खेल दिखाया। अब नजर फाइनल मुकाबले पर टूर्नामेंट का फाइनल 11 मार्च को तस्मानिया और न्यू साउथ वेल्स के बीच होबार्ट में खेला जाएगा। लीग चरण में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले और सैम फैनिंग का यह अनोखा छक्का इस सीजन की सबसे चर्चित घटनाओं में से एक बन गया है।  

हाई कोर्ट का सख्त रुख: बिजली चोरी केस में सबूत विश्वसनीय, दोषसिद्धि बरकरार

बिलासपुर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने बिजली चोरी के एक मामले में दोषसिद्धि और सजा को बरकरार रखते हुए आरोपी की आपराधिक अपील खारिज कर दी है. न्यायमूर्ति अरविंद कुमार वर्मा की एकलपीठ ने यह फैसला सुनाया है. प्रकरण के अनुसार 28 जनवरी 2015 को छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की सतर्कता टीम ने कवर्धा शहर में एक परिसर का निरीक्षण किया. जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी विक्की गुप्ता द्वारा लिए गए बिजली कनेक्शन में मीटर बोर्ड के पीछे सर्विस वायर से छेड़छाड़ कर अतिरिक्त तार और एमसीबी लगाकर मीटर को बायपास किया गया था. इस व्यवस्था के कारण बिजली की खपत तो हो रही थी, लेकिन मीटर में वास्तविक खपत दर्ज नहीं हो रही थी. जांच में कुल 2840 वॉट का घरेलू लोड पाया गया. मौके से तार, एमसीबी और अन्य सामग्री जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया. एक लाख से अधिक का जुर्माना आकलित बिजली विभाग ने गणना पत्रक के आधार पर आरोपी पर 1,18,925 का अस्थायी आकलन (प्रोविजनल असेसमेंट) लगाया और सात दिन में राशि जमा करने या आपत्ति दर्ज करने का अवसर दिया. हालांकि आरोपी ने न तो आपत्ति दी और न ही निर्धारित समय में राशि जमा की, जिसके बाद विशेष न्यायालय में परिवाद दायर किया गया. ट्रायल कोर्ट ने दी थी सजा कबीरधाम जिले के विशेष न्यायाधीश (विद्युत अधिनियम) ने 22 नवंबर 2018 को आरोपी को इलेक्ट्रिसिटी एक्ट, 2003 की धारा 135(1)(ए) के तहत दोषी ठहराया. अदालत ने आरोपी को न्यायालय उठने तक की सजा और 1000 के अर्थदंड से दंडित किया था. जुर्माना न देने पर एक माह के साधारण कारावास का प्रावधान रखा गया था. अपीलकर्ता की ओर से दलील दी गई कि अभियोजन पक्ष आरोप सिद्ध करने में असफल रहा है. गवाहों के बयान में विरोधाभास हैं, और स्वतंत्र गवाह प्रस्तुत नहीं किए गए. यह भी कहा गया कि आरोपी ने आकलित राशि जमा कर दी थी, जिससे आपराधिक मंशा सिद्ध नहीं होती. हाई कोर्ट ने सुनाया फैसला हाई कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और अभिलेखों का परीक्षण करने के बाद कहा कि सतर्कता टीम द्वारा की गई जांच, जब्ती और दस्तावेजी साक्ष्य विश्वसनीय हैं. अधिकारियों के बयान जिरह में कमजोर नहीं पड़े और साक्ष्य स्पष्ट रूप से मीटर बायपास कर बिजली उपयोग को सिद्ध करते हैं. अदालत ने यह भी कहा कि ट्रायल कोर्ट द्वारा दी गई सजा अत्यंत हल्की और अनुपातिक है, इसलिए उसमें हस्तक्षेप का कोई औचित्य नहीं बनता. इसी के साथ कोर्ट ने आपराधिक अपील खारिज करते हुए ट्रायल कोर्ट के दोषसिद्धि और सजा संबंधी आदेश को यथावत रखा.

पाली में 4 साल के बेटे-मां सहित एक साथ उठीं 5 अर्थियां

पाली. राजस्थान के पाली जिले के भावनगर (गुड़ा एंदला) गांव में रविवार को ऐसा मंजर दिखा, जिसे देखकर पत्थर दिल भी पिघल जाए। भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले एक ही परिवार के पांच लोगों की अर्थियां जब एक साथ उठीं, तो पूरा गांव सिसक उठा। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सबसे मार्मिक दृश्य तब सामने आया, जब मां और उसके चार साल के मासूम बेटे को एक ही अर्थी पर अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। एक ही परिवार की 5 अर्थियां एक साथ गांव की गलियों से निकली तो पूरा माहौल गमगीन हो गया। परिजन बिलख रहे थे, ग्रामीण ढांढस बंधा रहे थे, लेकिन आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। ऐसे में ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। बता दें कि गुजरात में ऊंझा-मेहसाणा हाइवे पर शनिवार सुबह उस वक्त भीषण हादसा हुआ था, जब भावनगर (गुड़ा एंदला) हाल निवासी अहमदाबाद रामलाल कुमावत का परिवार भांजे विकास की शादी में शामिल होने के बाद मणिहारी गांव से वापस लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार वैन डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि रामलाल लाखाजी कुमावत, कोमल मदनलाल कुमावत, कैलाश रामलाल कुमावत और चार वर्षीय आयुष कुमावत की मौके पर ही मौत हो गई। गुजरात के अस्पताल में 6 घायल भर्ती हादसे में घायल हुए छह लोगों का इलाज गुजरात के अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टर्स के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर ट्रैफिक भी बाधित रहा। शादी की खुशियों के बाद घर लौट रहा परिवार इस भीषण दुर्घटना से शोक में डूब गया है।

टेनिस स्टार स्टीफंस और पूर्व अमेरिकी फुटबॉलर अल्टिडोर ने चार साल का वैवाहिक बंधन तोड़ा

न्यूयॉर्क अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट की पूर्व चैंपियन स्लोएन स्टीफंस और अमेरिकी पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के पूर्व खिलाड़ी जोजी अल्टिडोर ने चार साल बाद अपना वैवाहिक बंधन समाप्त समाप्त कर दिया है। अमेरिकी ओपन में 2017 की चैंपियन स्टीफंस ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में जोजी से अलग होने की घोषणा की। स्टीफंस ने लिखा, ‘‘जोजी और मैंने अपना वैवाहिक बंधन खत्म करने का फैसला क्या है। मैं आपसी सहमति और पूरे सम्मान के साथ इस बदलाव का सामना कर रही हूं और इस दौरान निजता बनाए रखने का अनुरोध करती हूं। आपके प्यार और निरंतर समर्थन बनाए रखने के लिए हार्दिक आभार।’’ बत्तीस वर्षीय स्टीफंस 2018 में फ्रेंच ओपन में उपविजेता भी रही थी जबकि 36 वर्षीय अल्टिडोर ने 2007 से 2019 तक अमेरिकी पुरुष फुटबॉल टीम के लिए 115 मैचों में 42 गोल किए। इसके अलावा मेजर लीग सॉकर और विदेशों में उनका लंबा पेशेवर करियर रहा है।  

बिहार की जेलें शिक्षा के मामले में देश में बनीं नंबर वन

पटना. जेल अब केवल सजा काटने की जगह नहीं रह गई है, बल्कि नई शुरुआत का दरवाजा बन रही है. 2025 में बिहार के जेलों ने शिक्षा और पुनर्वास के क्षेत्र में ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसने उसे पूरे देश में सर्वोच्च स्थान पर पहुंचा दिया है. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग के माध्यम से 10वीं में 1256 और 12वीं में 183 बंदियों का नामांकन कराया गया है. देश में नंबर वन बिहार यह आंकड़ा देश में सबसे अधिक है और इसने बिहार की जेलों को सुधारात्मक मॉडल के रूप में स्थापित कर दिया है. उच्च शिक्षा के मोर्चे पर भी राज्य आगे है. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के माध्यम से 1565 बंदियों का नामांकन कराया गया है, जबकि 2025 में ही 1354 बंदियों को उच्च शिक्षा से जोड़ा गया है. जॉब ओरिएंटेड ट्रेनिंग पर भी जोर दिया गया है. कैदियों को क्या मिलेगा फायदा? 2025-26 में 3902 सजायाफ्ता और विचाराधीन बंदियों को अलग-अलग ट्रेंडों में स्किल ट्रेनिंग दिया गया. कंप्यूटर शिक्षा के क्षेत्र में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और अन्य एजेंसियों के माध्यम से 1443 बंदियों को प्रशिक्षित किया गया. इसका सीधा फायदा यह होगा कि रिहाई के बाद उन्हें रोजगार के अवसर मिलेंगे और दोबारा अपराध की संभावना घटेगी. आर्ट ऑफ लिविंग के साथ समझौता जानकारी के मुताबिक, राज्य की सभी 59 जेलों में मानसिक और शारीरिक संतुलन के लिए आर्ट ऑफ लिविंग के साथ पांच सालों का समझौता किया गया है. दूसरी ओर अपराध पीड़ित कल्याण न्यास के माध्यम से 2025 में पीड़ित परिवारों को दो करोड़ 73 लाख नौ हजार 590 रुपए की सहायता राशि देने की प्रक्रिया चल रही है. वीरान पहाड़ों पर बनाए जायेंगे जेल इससे पहले बजट सत्र के दौरान गंभीर श्रेणी के अपराधियों के लिए वीरान पहाड़ पर जेल बनाने का ऐलान किया गया था. गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने खुद ही इसे लेकर ऐलान किया था. सम्राट चौधरी के मुताबिक, अपराधियों के लिए हाई सिक्योरिटी जेल पहाड़ पर बनेंगे, जहां मोबाइल नेटवर्क नहीं होगा. यहां आने-जाने के लिए सिर्फ एक ही रास्ता होगा और इस रास्ते में चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जाएगी.

मेस्सी की मौजूदगी में एमएलएस चैंपियन इंटर मियामी को मिली पहले मैच में हार

लॉस एंजिलिस स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी की मौजूदगी के बावजूद इंटर मियामी ने एमएलएस कप में अपने खिताब के बचाव का अभियान हार के साथ किया।इंटर मियामी को अपने पहले मैच में लॉस एंजिलिस एफसी (एलएएफसी) से 3-0 से हार का सामना करना पड़ा। विजेता टीम की तरफ से डेविड मार्टिनेज, डेनिस बुआंगा और नाथन ऑर्डाज़ ने गोल किए। बुआंगा ने मैच के बाद कहा, ‘‘वह मैच हमेशा खास होता है जिसमें मेस्सी खेलते हैं। हम मेस्सी की मौजूदगी में मियामी को हराना चाहते थे। इस मैच के लिए प्रत्येक खिलाड़ी का मनोबल बढ़ा होता है।।’’ इस मैच को देखने के लिए ऐतिहासिक लॉस एंजिल्स मेमोरियल कोलिज़ियम स्टेडियम में 75,673 दर्शक उपस्थित थे। दर्शकों ने घरेलू टीम की शानदार जीत का जश्न मनाया और मेस्सी को खेलते हुए देखने का भरपूर आनंद लिया। मेस्सी ने इस महीने हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के बावजूद पूरा मैच खेला।  

भक्तों की आपत्ति के बाद बदली गई प्रतिमा, कौशल्या धाम पहुंची प्रभु श्रीराम की नई मूर्ति

रायपुर चंदखुरी स्थित कौशल्या माता मंदिर परिसर में स्थापना के लिए ग्वालियर से भगवान श्रीराम की 51 फीट ऊंची वनवासी प्रतिमा रायपुर पहुंच गई है. प्रतिमा रीजनल आर्ट एंड क्राफ्ट डिजाइन सेंटर में प्रसिद्ध मूर्तिकार दीपक विश्वकर्मा ने इस मूर्ति का निर्माण किया है. प्रभु श्रीराम की नई प्रतिमा की स्थापना कांग्रेस शासनकाल में कौशल्या धाम परिसर में वर्ष 2021 में 51 फीट ऊंची श्रीराम की प्रतिमा के स्थान पर की जाएगी. बता दें कि तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार ने उस समय राम वन पथ गमन और कौशल्या धाम जीर्णोद्धार को एक ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में प्रचारित किया था. प्रतिमा के स्वरूप को लेकर विपक्ष में रही भाजपा ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि भगवान राम के स्वरूप के अनुरूप मनमोहक नहीं है. यह प्रतिमा भी ग्वालियर के मूर्तिकार दीपक विश्वकर्मा द्वारा बनाई गई थी. सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को लिखा था पत्र विगत वर्ष 20 नवंबर को भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद भी नई प्रतिमा की स्थापना में हो रही देरी पर सवाल उठाते हुए नई प्रतिमा के संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखा था. पत्र में उल्लेख किया गया था कि वर्तमान सरकार के गठन के बाद भी यह मांग लगातार उठती रही, किंतु दो वर्षों के बाद भी मूर्ति परिवर्तन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने से जनता में निराशा व्याप्त है. पर्यटन मंत्री ने दिया था आश्वासन पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि चंद्रखुरी स्थित कौशल्या माता मंदिर परिसर में इसी माह प्रभु श्रीराम की नई मूर्ति स्थापित कर दी जाएगी. मूर्ति पूरी तरह तैयार है. रायपुर पहुंचने के बाद पूरे विधि-विधान के साथ इसकी स्थापना की जाएगी.

कार के ट्रक में घुसने से चार की मौके पर मौत

कोटा. कोटा जिले के चेचट क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी मृतक उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी थे और मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कार पीछे से आगे चल रहे एक ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही चेचट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने ट्रक को हिरासत में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। चेचट पुलिस मृतकों की पहचान के प्रयास में जुटी हुई है तथा परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

सिटी का दमदार प्रदर्शन, न्यूकैसल पर 2-1 से दर्ज की रोमांचक जीत

लंदन निको ओ’रेली के दो गोल की मदद से मैनचेस्टर सिटी ने एतिहाद स्टेडियम में न्यूकैसल यूनाइटेड को 2-1 से हरा दिया। ओ’रेली ने पहले ही हाफ में ही दोनों गोल करते हुए टीम की जीत तय कर दी थी। दूसरे हाफ में मैनचेस्टर की तरफ से गोल नहीं हुए, लेकिन टीम ने न्यूकैसल यूनाइटेड को बराबरी पर नहीं आने दिया। मैच में ओ’रेली का पहला गोल सिटी का 2016-17 सीजन की शुरुआत के बाद से 500वां होम प्रीमियर लीग गोल था। इस नतीजे से प्रीमियर लीग में न्यूकैसल के खिलाफ सिटी का होम जीत का रिकॉर्ड 17 गेम तक बढ़ गया। विला पार्क में लीड्स यूनाइटेड ने एस्टन विला को 1-1 से ड्रॉ पर निराश किया, जिसमें एंटोन स्टैच ने एक शानदार फ्री किक मारकर मेहमान टीम को आगे कर दिया। लीड्स 89वें मिनट तक टिकी रही, जब जनवरी में आए टैमी अब्राहम ने एस्टन विला के लिए गोल किया, जिसके खिताब जीतने की थोड़ी सी उम्मीद अब शायद खत्म हो गई है। चेल्सी की शीर्ष-चार में जगह बनाने की कोशिशें आखिरी समय में किए गए गोल से नाकाम हो गईं, जबकि बर्नले ने स्टैमफोर्ड ब्रिज पर 1-1 से ड्रॉ बचा लिया। पेड्रो नेटो के लो क्रॉस पर जोआओ पेड्रो ने सिर्फ चार मिनट में चेल्सी को आगे कर दिया, लेकिन 72वें मिनट में वेस्ली फोफाना को उनके दो येलो कार्ड में से दूसरा देखने के लिए बाहर भेज दिया गया, जिसके बाद चेल्सी ने पीछे बैठने की गलती की और जियान फ्लेमिंग ने जेम्स वार्ड-प्राउज के सटीक कॉर्नर से इंजरी-टाइम हेडर से उन्हें सजा दी। जेम्स मिलनर ने रिकॉर्ड 654वीं प्रीमियर लीग में खेलकर इतिहास रच दिया, जिसमें ब्राइटन ने ब्रेंटफोर्ड के खिलाफ 2-0 से जरूरी जीत हासिल की, जिसमें डिएगो गोमेज और डैनी वेलबेक ने पहले हाफ में गोल किए। वेस्ट हैम और बॉर्नमाउथ का मैच 0-0 से ड्रॉ रहा। टीमों में एक-एक बंटा, जिससे वेस्ट हैम अभी भी निचले तीन में है।  

यात्रियों के लिए बड़ी अपडेट: 15 स्टेशनों पर नमो भारत ट्रेन की टाइमिंग जानें, मेरठ मेट्रो के सभी 13 स्टेशनों का पूरा शेड्यूल देखें

मेरठ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के बाकी हिस्से और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही 82.15 किमी लंबा पूरा हाई-स्पीड कॉरिडोर जनता के लिए चालू हो जाएगा। अभी इस कॉरिडोर का 55 किमी का हिस्सा चालू है।   करीब 82.15 किलोमीटर (70 किमी एलिवेटेड और 12 किमी भूमिगत) लंबाई वाली नमो भारत और मेरठ मेट्रो परियोजना लगभग 30,274 करोड़ रुपये में तैयार हुई है। इससे मेरठ के अलावा आसपास के जिलों के लोगों को लाभ मिलेगा। मेरठ से दिल्ली पहुंचाना आसान हो जाएगा। अभी तक रैपिड ट्रेन दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक संचालित की जा रही थी। अब यह मेरठ मोदीपुरम से दिल्ली के सराय काले खां तक संचालित की जाएगी। करीब 82 किमी की इस दूरी की यात्रा के लिए लोगों को करीब 213 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, मेरठ में मेट्रो का संचालन पहली बार होने जा रहा है। करीब 23 किलोमीटर लंबे रूट पर चलने वाली मेट्रो का किराया अभी घोषित नहीं किया गया है। प्रधानमंत्री के दौरे के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। दिल्ली रोड पर यातायात के मार्ग में बदलाव किया गया है। रैली स्थल के पास ही वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मेरठ मेट्रो और नमो भारत का टाइम-टेबल मेरठ की सड़कों का बोझ कम होने वाला है। मेरठ मेट्रो और नमो भारत का सफर शुरू हो रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए हर स्टेशन के लिए पहली और आखिरी ट्रेन का समय भी तय कर दिया गया है। मोदीपुरम से मेरठ साउथ के बीच डाउन लाइन पर पहली मेरठ मेट्रो मोदीपुरम स्टेशन से सुबह 06:06 बजे रवाना होगी।   वहीं आखिरी मेट्रो रात 10:06 बजे चलेगी। इसी तरह मेरठ साउथ से मोदीपुरम की ओर अप लाइन पर पहली ट्रेन मेरठ साउथ से सुबह 06:10 बजे और आखिरी ट्रेन रात 10:02 बजे मिलेगी।   वहीं सराय काले खां से मोदीपुरम तक अप लाइन पर नमो भारत की पहली ट्रेन सराय काले खां से सुबह 06:00 बजे और आखिरी ट्रेन रात 10:00 बजे मिलेगी। जबकि मोदीपुरम से सराय काले खां डाउन लाइन पर पहली मोदीपुरम से ट्रेन सुबह 06:01 बजे और आखिरी ट्रेन रात 10:01 बजे मिलेगी। नमो भारत: मोदीपुरम से सराय काले खां (डाउन लाइन) स्टेशन का नाम पहली ट्रेन (सुबह) आखिरी ट्रेन (रात) मोदीपुरम 06:01 10:01 बेगमपुल 06:07 10:07 शताब्दी नगर 06:14 10:14 मेरठ सदर 05:57 10:20 मोदी नगर उत्तर 06:02 10:25 मोदी नगर दक्षिण 06:06 10:29 मुराद नगर 06:11 10:33 दुहाई 05:57 10:38 गुलधर 06:00 10:41 साहिबाबाद 06:04 10:45 आनंद विहार 06:08 10:49 तिलक नगर 06:13 10:54 न्यू अशोक नगर 06:18 10:59 नमो भारत: सराय काले खां से मोदीपुरम(अप लाइन) स्टेशन का नाम पहली ट्रेन (सुबह) आखिरी ट्रेन (रात) सराय काले खां 06:00 10:00 न्यू अशोक नगर 06:05 10:05 आनंद विहार 06:11 10:11 साहिबाबाद 06:16 10:16 गाजियाबाद 06:10 10:21 गुलधर 06:14 10:25 दुहाई 05:50 10:29 मुरादनगर 05:54 10:33 मोदीनगर सदर 05:59 10:38 मोदीनगर उत्तर 06:03 10:42 शताब्दी नगर 06:05 10:52 मेरठ मेट्रो: मोदीपुरम से मेरठ साउथ के बीच (डाउन लाइन) स्टेशन का नाम पहली ट्रेन (सुबह) आखिरी ट्रेन (रात) मोदीपुरम (प्रथम) 06:06 10:06 मेरठ नॉर्थ 06:09 10:09 दौरली 06:12 10:12 एमईएस कॉलोनी 06:16 10:16 बेगमपुल 06:19 10:19 भैंसाली 06:21 10:21 मेरठ सेंट्रल 06:23 10:23 कंकरखेड़ा 06:26 10:26 मोहन नगर 06:29 10:29 तितानी 06:32 10:32 पर्तापुर (आर्मी) 06:34 10:34 मेरठ मेट्रो: मेरठ साउथ से मोदीपुरम की ओर(अप लाइन) स्टेशन का नाम पहली ट्रेन (सुबह) आखिरी ट्रेन (रात) मेरठ सदर (प्रथम) 06:10 10:02 पर्तापुर (आर्मी) 06:13 10:05 तितानी 06:15 10:07 शताब्दी नगर 06:20 10:12 ब्रह्मपुरी 06:22 10:14 मेरठ सेंट्रल 06:25 10:17 भैंसाली 06:29 10:21 बेगमपुल 06:32 10:24 एमईएस कॉलोनी 06:34 10:26 दौरली 06:37 10:29 मेरठ नॉर्थ 06:39 10:31 मोदीपुरम (आगमन) 06:42 10:34