samacharsecretary.com

छतरपुर के डायल-112 हीरोज पिकअप पलटने से घायल 08 व्यक्तियों को त्वरित सहायता से पहुँचाया अस्पताल

भोपाल  छतरपुर जिले के थाना भगवां क्षेत्र में डायल-112 जवानों की तत्पर एवं संवेदनशील कार्रवाई से पिकअप वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने से घायल 08 व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुँचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया। इस त्वरित राहत कार्य से सभी घायलों को शीघ्र चिकित्सकीय सहायता मिल सकी। 28 अप्रैल को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना भगवां क्षेत्र अंतर्गत टिगरी गाँव के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया है, जिसमें 08 व्यक्ति घायल हो गए हैं। तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही भगवां थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुँचकर डायल-112 स्टाफ प्रधान आरक्षक  उमेश पाठक एवं पायलट  रामगोपाल विश्वकर्मा ने पाया कि पिकअप पलटने से 08 व्यक्ति घायल हो गए थे। डायल-112 जवानों ने एफआरव्ही वाहन एवं निजी वाहनों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल, बड़ामलहरा पहुँचाया। डायल-112 की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से सभी घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सका। डायल-112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना दर्शाती है कि मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा आपात परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं सहायता प्रदान करने हेतु सदैव सजग, संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है।  

राशिफल (29 अप्रैल): मेष से मीन तक, जानें आज आपके लिए कैसा रहेगा दिन

मेष आज आपके अंदर पॉजिटिव एनर्जी बनी रहेगी और कमाई के नए रास्ते खुलते दिख रहे हैं। बस ध्यान रखें कि गलत दिशा में कदम न बढ़े। मन थोड़ा बेचैन रह सकता है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है- कोई बड़ी दिक्कत नहीं आएगी। प्यार और बच्चों से जुड़ी बातें थोड़ी सामान्य रहेंगी। बिजनेस ठीक चलता रहेगा। हेल्थ भी सही है। लाल रंग की कोई चीज अपने पास रखें और बजरंग बली को याद करें, मन हल्का रहेगा। वृषभ आज मन थोड़ा परेशान और बेचैन रह सकता है। बिना वजह डर या घबराहट महसूस हो सकती है। कामकाज में भी उतार-चढ़ाव रहेगा और सरकारी कामों में रुकावट आ सकती है। पिता या हेल्थ को लेकर भी चिंता हो सकती है। कुल मिलाकर समय थोड़ा मध्यम है, लेकिन बहुत बुरा भी नहीं है। थोड़ा धैर्य रखें और लाल वस्तु का दान करना आपके लिए शुभ रहेगा। मिथुन अभी यात्रा करने से बचें तो बेहतर रहेगा। इन दिनों सिर्फ किस्मत के भरोसे काम न करें, मेहनत जरूरी है। अच्छी बात ये है कि रुका हुआ पैसा वापस मिल सकता है और कमाई के नए रास्ते खुलेंगे। कोई अच्छा समाचार भी मिल सकता है। कुल मिलाकर समय मिला-जुला है, लेकिन पॉजिटिव ज्यादा है। बजरंग बली को प्रणाम करें, फायदा मिलेगा। कर्क हालात थोड़े उल्टे लग सकते हैं, लेकिन इसी बीच फायदा भी मिलेगा। कामकाज मजबूत होगा और कोर्ट-कचहरी के मामलों में जीत मिल सकती है। हेल्थ, प्यार और बच्चों का साथ अच्छा रहेगा। बिज़नेस भी सही चलेगा। काली चीज का दान करना आपके लिए लाभकारी रहेगा। सिंह भाग्य आपका साथ देगा और कामकाज में तरक्की के संकेत हैं। नौकरी या बिज़नेस में ग्रोथ होगी और यात्रा का योग भी बन रहा है। लेकिन अपने स्वास्थ्य और जीवनसाथी के साथ रिश्ते पर ध्यान दें। दांपत्य जीवन थोड़ा कमजोर रह सकता है। सूर्य को जल दें और काली वस्तु का दान करें, लाभ होगा। तुला समय थोड़ा परेशान करने वाला रह सकता है। चोट लगने या किसी परेशानी में फंसने के योग हैं, इसलिए सावधानी रखें। दुश्मन सक्रिय रहेंगे, लेकिन आपका दबदबा बना रहेगा। हेल्थ का खास ध्यान रखें। प्यार, बच्चे और बिज़नेस की स्थिति ठीक रहेगी। शनि देव को प्रणाम करें, राहत मिलेगी। धनु जीवनसाथी का पूरा साथ मिलेगा और कामकाज में भी तरक्की होगी। लेकिन मन थोड़ा परेशान रहेगा। प्रेम संबंधों में बहस हो सकती है और बच्चों की हेल्थ को लेकर चिंता रहेगी। कुल मिलाकर समय मिक्स है- कहीं खुशी तो कहीं परेशानी। लाल वस्तु अपने पास रखें, फायदा होगा। मकर आप अपने दुश्मनों पर भारी पड़ेंगे और ज्ञान में बढ़ोतरी होगी। बड़ों का आशीर्वाद मिलेगा। लेकिन घर का माहौल थोड़ा नेगेटिव रह सकता है। मां की सेहत और प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों में परेशानी आ सकती है। घर में तनाव के संकेत हैं। इसलिए संतुलन बनाकर चलें। पीली चीज़ पास रखना शुभ रहेगा। कुम्भ धन, प्यार और बच्चों के मामले में समय बहुत अच्छा है। हर तरफ से सपोर्ट मिलेगा। बस अपनी भावनाओं पर कंट्रोल रखना जरूरी है। हेल्थ में खासकर सिर, गला या कंधे से जुड़ी दिक्कत हो सकती है। इन बातों का ध्यान रखें। काली वस्तु का दान करना लाभ देगा। कन्या आज पैसा सोच-समझकर खर्च करें, नुकसान के संकेत हैं। निवेश करने से बचें और अपनी बातों पर कंट्रोल रखें। मुंह या दांत से जुड़ी परेशानी हो सकती है। आपकी पर्सनैलिटी में एक अलग चमक रहेगी और प्रॉपर्टी खरीदने के योग भी हैं। लेकिन घर में छोटे-मोटे झगड़े हो सकते हैं। इसलिए शांत रहें। मां काली को प्रणाम करना शुभ रहेगा। वृश्चिक आज आप हिम्मत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेंगे। कामकाज में सफलता मिलेगी। लेकिन मन के अंदर थोड़ा कन्फ्यूजन और बेचैनी रह सकती है। हेल्थ भी थोड़ा ऊपर-नीचे रहेगा। खर्च ज्यादा हो सकता है, इस पर ध्यान दें। लाल वस्तु का दान करना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। मीन आज थोड़ा संभलकर चलने की जरूरत है। सरकारी कामों में रुकावट आ सकती है। प्यार, बच्चों, बिज़नेस और पार्टनरशिप में दिक्कतें आ सकती हैं। सिर दर्द या आंखों से जुड़ी परेशानी हो सकती है। लेकिन अच्छी बात ये है कि पैसा आएगा और परिवार में बढ़ोतरी होगी। लाल वस्तु पास रखें, काली चीज़ का दान करें और शिवजी को जल चढ़ाएं, लाभ मिलेगा।

मैं’ से ’हम’ की यात्रा ही कामयाबी की कुंजी- राज्यपाल डेका

रायपुर मैं’ से ’हम’ की यात्रा ही कामयाबी की कुंजी- राज्यपाल  डेका प्रदेश़ के राज्यपाल  रमेन डेका आज दुर्ग और भिलाई के एक दिवसीय प्रवास पर रहे। इस दौरान राज्यपाल ने रूंगटा इंटरनेशनल स्किल यूनिवर्सिटी, भिलाई में आयोजित भव्य कार्यक्रम ’सच हुए सपने’ में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। यह कार्यक्रम युवाओं के लिए आयोजित किए गए विशाल रोजगार मेले ’प्लेसमेंटनामा’ के गौरवशाली समापन का प्रतीक था। इस दौरान राज्यपाल  डेका ने प्लेसमेंट के द्वारा चयनित युवाओं को जॉब लेटर प्रदान किया। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि सपने वे नहीं होते जो हम सोते समय देखते हैं, बल्कि सपने वे हैं जो हमें सोने नहीं देते। उन्होंने इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि ’सच हुए सपने’ के माध्यम से 1,702 मेधावी युवाओं को सम्मानजनक रोजगार प्राप्त हुआ है, जो राज्य के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। राज्यपाल ने अपने संबोधन में ’प्लेसमेंटनामा’ की सफलता के आंकड़ों की सराहना करते हुए बताया कि इस पांच दिवसीय आयोजन में 10,842 युवाओं ने पंजीयन कराया और लगभग 7,000 साक्षात्कार हुए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज का युग केवल डिग्री का नहीं, बल्कि दक्षता, आत्मविश्वास और व्यावहारिक सोच का है। युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए राज्यपाल ने तीन महत्वपूर्ण बातें साझा कीं- निरंतर सीखने की जिज्ञासा बनाए रखना, ईमानदारी व स्पष्टता को अपनाना और ’मैं’ से ’हम’ की टीम भावना को विकसित करना। उन्होंने कहा कि जब संस्थान, उद्योग और सरकार मिलकर काम करते हैं, तो ऐसे ही असाधारण परिणाम प्राप्त होते हैं। राज्यपाल  रमेन डेका ने कहा कि इस आयोजन में तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों क्षेत्रों की कंपनियों का उत्साहजनक सहयोग रहा। आईटी सेक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और कोर इंडस्ट्री की समान भागीदारी ने यह साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ का युवा हर क्षेत्र में नेतृत्व करने के लिए तैयार है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में एचआर प्रतिनिधियों की उम्मीदें बदल चुकी हैं। अब केवल हाँ में हा मिलाने से नौकरी नहीं मिलती, बल्कि विषय का गहन ज्ञान और व्यक्तित्व में झलकने वाला आत्मविश्वास ही आपकी असली पहचान है। युवाओं को भविष्य के लिए तैयार रहने का आह्वान करते हुए राज्यपाल ने कहा कि रिक्रूटर्स बेहद स्मार्ट होते हैं जो चंद मिनटों में आपकी क्षमता को परख लेते हैं। इसलिए आपकी आंखों का आत्मविश्वास और भाषा की स्पष्टता ही आपका भविष्य तय करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिग्री केवल एक शुरुआत है, असली शिक्षा जीवन के अनुभवों से आती है। जो व्यक्ति सीखना बंद कर देता है, उसके विकास के द्वार बंद हो जाते हैं। राज्यपाल ने जोर देकर कहा कि ईमानदारी और स्पष्टता सबसे बड़ी ताकत है; जो नहीं आता उसे स्वीकार करना कमजोरी नहीं, बल्कि एक मजबूत व्यक्तित्व की निशानी है। उन्होंने इस बात की सराहना की कि "प्लेसमेंटनामा" का यह मॉडल पूरे देश के लिए एक उदाहरण बन सकता है, जहाँ शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहकर सीधे रोजगार और राष्ट्र निर्माण से जुड़ती है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आपकी सफलता ही ’नए छत्तीसगढ़’ और ’नए भारत’ की नींव है। स्वयं पर अटूट भरोसा रखें, क्योंकि आज का आपका सपना ही कल के भारत का गौरव बनेगा। इस अवसर पर विधायक रिसाली  रिकेश सेन, विधायक भिलाई नगर  देवेन्द्र यादव, कलेक्टर  अभिजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक  विजय अग्रवाल, चांसलर  संतोष रूंगटा एवं  संजय रूंगटा, वाइस चांसलर  जवाहर सुनील सेट्ठी, रूंगटा यूनिवर्सिटी के फेकल्टी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व युवा उपस्थित थे।

निस्तारी संकट से मिली राहत

​रायपुर नहरों के पानी से लबालब हुए 450 तालाब भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। बलौदाबाजार-भाटापारा जिला प्रशासन ने ग्रीष्म ऋतु में होने वाली जल किल्लत और दैनिक उपयोग की समस्याओं को दूर करने के लिए महानदी जलाशय परियोजना के जल का उपयोग कर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित तालाबों को भरने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया है। ग्रामीणों को मिल रहा योजना का दोहरा लाभ ​लक्ष्य के करीब प्रशासन,​निस्तारी की समस्या का समाधान और भू-जल स्तर में होगा सुधार जल संसाधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जिले के 384 गांवों में स्थित कुल 683 तालाबों को भरने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक प्रशासन ने 450 तालाबों को पूरी तरह से भर दिया है, जबकि 128 तालाबों में पानी भरने का काम तेजी से चल रहा है। शेष तालाबों को भी बहुत जल्द पानी से भर दिया जाएगा। तालाबों में पर्याप्त पानी होने से ग्रामीण निस्तारी कार्यों को आसानी से कर पा रहे हैं।तालाबों के लबालब होने से आसपास के क्षेत्रों में भू-जल स्तर (वाटर रिचार्ज) के बढने में भी सुविधा होगा। प्रशासन द्वारा सख्त निगरानी कर पानी की बर्बादी पर लगाम लगाया जा रहा है। ​इस जल संरक्षण अभियान की मॉनिटरिंग खुद कलेक्टर कुलदीप शर्मा कर रहे हैं। पिछले सप्ताह बलौदाबाजार विकासखंड के दौरे के दौरान उन्होंने कई तालाबों और नहरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नहरों का पानी व्यर्थ न बहे और इस पूरी प्रक्रिया की कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि पानी का हर बूंद का शत प्रतिशत सही जगह उपयोग हो सके। ​जिला प्रशासन की इस तत्परता से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, वहीं गर्मी के सीजन में जल संरक्षण की दिशा में यह एक प्रभावी कदम साबित हो रहा है।

स्थानीय मंच से राष्ट्रीय पहचान: छात्र का चयन आईटी कंपनी में

रायपुर धमतरी   में 24-25 अप्रैल को आयोजित युवा फेस्ट 2026 के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। यह आयोजन युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाला साबित हो रहा है। इसी क्रम में आयोजित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वर्कशॉप से एक प्रेरणादायक सफलता कहानी सामने आई है। अभनपुर निवासी कक्षा 12वीं के छात्र प्रतीक ताम्रकार का चयन बेंगलुरु स्थित TEKNIKOZ Software Private Limited में समर इंटर्नशिप हेतु किया गया है। यह अवसर उन्हें युवा फेस्ट के दौरान आयोजित AI वर्कशॉप में सक्रिय सहभागिता, तकनीकी समझ और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्राप्त हुआ है। वे आगामी दो माह (अप्रैल से जून 2026) तक कंपनी के साथ कार्य करते हुए व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम के दौरान बेंगलुरु से आई विशेषज्ञ टीम द्वारा युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल स्किल्स, स्टार्टअप इकोसिस्टम एवं आधुनिक तकनीकों की व्यवहारिक जानकारी दी गई। वर्कशॉप में प्रतिभागियों को हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग, प्रोजेक्ट आधारित सीखने और करियर मार्गदर्शन का भी अवसर मिला। प्रतीक ने अपनी जिज्ञासा, नवाचार की सोच और सीखने की प्रतिबद्धता से प्रशिक्षकों को प्रभावित किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें यह महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ। कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने प्रतीक ताम्रकार को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि युवा फेस्ट का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं की प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें सही दिशा और मंच उपलब्ध कराना है। प्रतीक की सफलता इस बात का प्रमाण है कि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर ग्रामीण एवं छोटे शहरों के युवा भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। कलेक्टर ने जिले के अन्य युवाओं से भी इस प्रकार के नवाचार एवं कौशल आधारित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की, ताकि वे आधुनिक तकनीकों से जुड़कर अपने करियर को नई दिशा दे सकें।   समग्र रूप से “युवा फेस्ट-2026” केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम सिद्ध हुआ। इसने शिक्षा, संस्कृति, खेल और तकनीक के समन्वय के माध्यम से युवाओं को आत्मविश्वास, नवाचार और नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सीमित समय और चुनौतियों के बावजूद उत्कृष्ट टीम वर्क, समर्पण और योजनाबद्ध प्रयासों के चलते यह आयोजन पूरी तरह सफल रहा। यह फेस्ट इस बात का सशक्त उदाहरण है कि यदि युवाओं को उचित मंच, मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे अपनी प्रतिभा से समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। “युवा फेस्ट-2026” ने न केवल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि सीख, प्रेरणा और आत्मविकास का ऐसा वातावरण भी निर्मित किया, जिसकी स्मृतियाँ लंबे समय तक युवाओं के मन में जीवित रहेंगी और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रेरित करती रहेंगी। प्रतीक ताम्रकार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने चाचाजी पवन कुमार ताम्रकार, प्राध्यापक, शासकीय महाविद्यालय कुरूद को दिया, जिनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से उन्होंने युवा फेस्ट में भाग लिया और इस अवसर तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि युवा फेस्ट जैसे मंच युवाओं के लिए सीखने, आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम हैं।   उल्लेखनीय है कि युवा फेस्ट 2026 के अंतर्गत जिले में विभिन्न क्षेत्रों—तकनीक, खेल, कला, नवाचार एवं उद्यमिता—से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को निखारना और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना है। जिले में इस प्रकार के आयोजन न केवल कौशल विकास को बढ़ावा दे रहे हैं, बल्कि स्थानीय युवाओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक अवसरों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

केन्द्रीय अतिरिक्त सचिव केरोलिन खोंगवार ने की समीक्षा, किया आंगनवाड़ी, वन स्टाप सेंटर का दौरा

भोपाल  केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास की अतिरिक्त सचिव कैरोलिन खोंगवार देशमुख ने कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ-साथ लाभार्थियों तक सेवाओं की प्रभावी पहुँच सुनिश्चित करना प्रशासनिक तंत्र की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। मंगलवार को भोपाल प्रवास के दौरान उन्होंने यह बात महिला एवं बाल विकास संचालनालय में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में कही, जहाँ उन्होंने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं पोषण 2.0, मिशन शक्ति और मिशन वात्सल्य की प्रगति का विश्लेषण किया। खोंगवार ने विभागीय नवाचारों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि सेवाओं के वितरण में पारदर्शिता और गतिशीलता को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। देशमुख ने मैदानी स्तर पर व्यवस्थाओं को परखने के लिए भोपाल जिले के विभिन्न केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने ईंटखेड़ी परियोजना के जेपी नगर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का अवलोकन किया, जहाँ बच्चों के साथ सीधा संवाद कर उनकी शिक्षा और पोषण के स्तर को समझा। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शगुफ्ता खान ने उन्हें अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन (ECCE) के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन और SRF फाउंडेशन के सहयोग से तैयार किए गए शिक्षण अधिगम सामग्री (TLM) के उपयोग से बच्चों के सर्वांगीण विकास में सकारात्मक परिवर्तन आए हैं और केंद्र में बच्चों की उपस्थिति में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। निरीक्षण के दौरान देशमुख ने आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित 'बाल चौपाल' में हिस्सा लेकर पाँच बच्चों का जन्मदिवस मनाया और उन्हें उपहार वितरित किए। केंद्र में स्थापित उदिता कॉर्नर और न्यूट्री कॉर्नर के साथ-साथ उन्होंने वहां विकसित की गई पोषण वाटिका की भी प्रशंसा की, जहाँ सहजन, टमाटर, बैंगन और लौकी जैसी सब्जियों का उत्पादन किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाडली लक्ष्मी योजना और पोषण ट्रैकर ऐप के प्रभावी उपयोग पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की और उनके समर्पण भाव की सराहना की। देशमुख ने जेपी अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर और जवाहर बाल भवन स्थित सखी निवास का निरीक्षण कर महिलाओं को दी जाने वाली सुरक्षा और आश्रय सुविधाओं का जायजा लिया।  

राष्ट्रीय कृषि विकास योजना: ईश्वरी प्रसाद ने टमाटर उत्पादन से कमाए 02 लाख 90 हजार रूपए

रायपुर आधुनिक कृषि पद्धति अपनाकर एक किसान अपनी आमदनी में बढ़ोत्तरी कर रहा है।मुंगेली जिले के ग्राम कलारजेवरा (विकासखंड पथरिया) के कृषक ईश्वरी प्रसाद ने आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर सफलता की नई मिसाल पेश की है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने ड्रिप इरिगेशन सिस्टम और प्लास्टिक मल्चिंग जैसी उन्नत तकनीकों का उपयोग कर अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। ईश्वरी प्रसाद के पास कुल 1.20 हेक्टेयर भूमि है, जिसमें से 01 एकड़ क्षेत्र में उन्होंने उन्नत किस्म के टमाटर (साहो) की खेती की। यह कार्य उन्होंने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना वर्ष 2025-26 के तहत प्राप्त मार्गदर्शन और सहयोग से शुरू किया। आधुनिक तकनीकों के उपयोग से उन्हें प्रति एकड़ लगभग 150 क्विंटल टमाटर का उत्पादन प्राप्त हुआ। बाजार में 25 से 30 रुपये प्रति किलो के थोक भाव से बिक्री कर उन्होंने कुल 03 लाख 75 हजार रुपये की आय अर्जित की। वहीं, खेती में कुल लागत 85 हजार रुपये आई, जिससे उन्हें लगभग 02 लाख 90 हजार रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ। उद्यानिकी विभाग से 30 हजार रुपये का अनुदान मिलने से लागत कम करने में भी सहायता मिली। इस पहल ने न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ाया। ईश्वरी प्रसाद ने बताया कि आधुनिक तकनीकों और शासन की योजनाओं का सही उपयोग कर किसान कम भूमि में भी अधिक उत्पादन और बेहतर आय प्राप्त कर सकते हैं। उनकी यह सफलता आसपास के किसानों के लिए प्रेरणा बन रही है।

महासंघ की कार्यप्रणाली को बनाये गतिशील एवं परिणामोन्मुख : राज्यमंत्री पंवार

भोपाल  मध्यप्रदेश मत्स्य महासंघ (सह.) मर्यादित की 114वीं कार्यकारिणी समिति की बैठक मंगलवार को मछुआ एवं मत्स्य कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  नारायण सिंह पंवार की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में महासंघ की कार्य प्रणाली को अधिक प्रभावी, गतिशील एवं परिणामोन्मुख बनाने पर जोर दिया गया। राज्यमंत्री  पंवार ने अधिकारियों के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है, ताकि मत्स्य क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। प्रमुख सचिव  स्वतंत्र कुमार सिंह, प्रबंध संचालक  अनुराग चौधरी, डायरेक्टर  मनोज कुमार पथरोलिया सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।  

संपन्न परिवार भी अपनाएं सामूहिक विवाह की व्यवस्था

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सामूहिक विवाह सम्मेलन जैसे आयोजन वर्तमान समय में समाज सेवा का सर्वोत्तम माध्यम बन चुके हैं। प्रदेशभर में नि:शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलनों से गरीब माता-पिता के माथे से चिंता की लकीरें खत्म हुई हैं। राज्य सरकार के सहयोग से हो रहे विवाह कार्यक्रमों से आर्थिक रूप के कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह धूमधाम और सम्मान के साथ हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इसी महीने जबलपुर और धार में बड़ी संख्या में सामूहिक विवाह संपन्न हुए हैं। इस प्रकार के आयोजन समाज की सकारात्मक सोच और बदलाव के परिचायक हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को श्योपुर जिले के कराहल में आयोजित   1008  नोनार सरकार सिलपुरी के सामूहिक विवाह समारोह को मंत्रालय से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परिणय सूत्र में बंधे 351 नव युगलों के सुखमय जीवन की मंगलकामनाएं दी। उन्होंने नव दंपतियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि उनका जीवन प्रेम, विश्वास और खुशियों से भरा रहे, यही कामना है। आप सभी एक नहीं बल्कि दो-दो परिवारों की रौनक हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर सर्व समाज के संपन्न लोगों से अपने बच्चों का विवाह सादगीपूर्ण आयोजन में करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जब समाज के संपन्न लोग भी शादी-विवाह में फिजूलखर्ची बंद करेंगे और सामूहिक विवाह की व्यवस्था अपनाएंगे तभी यह जनआंदोलन बन सकेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए  नोनार सरकार धाम समिति को बधाई भी दी। सिलपुरी के इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में स्थानीय जनप्रतिनिधि, वर-वधु पक्ष के परिवारजन और बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित थे।  

नर्सिंग कॉलेजों की छात्राओं की नियुक्ति में उपलब्ध सभी जिलों का विकल्प करें प्रदान

भोपाल  उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, लंबित प्रस्तावों एवं आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाहियों की प्रगति की समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए भर्ती प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के साथ समय पर पूर्ण किया जाए, जिससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने बुधनी, दमोह एवं छतरपुर मेडिकल कॉलेजों में टीचर्स के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य संस्थाओं में लंबित आउटसोर्स पदों पर भर्ती के लिए सभी जिलों में आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा। उन्होंने नर्सिंग कॉलेजों में नर्सिंग शिक्षकों के 59 राजपत्रित पदों पर भर्ती के लिए मांग पत्र लोक सेवा आयोग को शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए। जिला चिकित्सालय राजगढ़ में रैन बसेरे के संचालन को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की स्वीकृति की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित नर्सिंग कॉलेजों की उत्तीर्ण छात्राओं को नियुक्ति में सभी जिलों का विकल्प प्रदान करने संबंधी कार्यवाही भी प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने परियोजना परीक्षण समिति एवं व्यय वित्त समिति को भेजे जाने वाले प्रस्तावों की वृहद समीक्षा की। उन्होंने नवीन स्वास्थ्य संस्थाओं की स्वीकृति एवं उन्नयन, सागर में कैंसर अस्पताल और सिंगरौली में अस्पताल उन्नयन के प्रस्ताव के संबंध में आवश्यक कार्यवाही की पूर्ति के निर्देश दिए। कैबिनेट अनुमोदन के लिए एयर एम्बुलेंस संचालन में नई शर्तों का समावेश, शव वाहन के संभागीय संचालन की अनुमति, विशेषज्ञों की सीधी भर्ती, 16 जिला अस्पतालों में नए पदों का सृजन, सी.सी.एच.बी. अंतर्गत पदों की स्वीकृति के प्रस्तावों को आवश्यक औपचारिकताओं की पूर्ति कर शीघ्र अग्रेषित करने के लिए कहा। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने चिकित्सकों की पदोन्नति के लिए लोक सेवा पदोन्नति नियम-2025 से छूट, विशेषज्ञों की सीधी भर्ती के लिए अनुमति, नर्सिंग ऑफिसर एवं ट्यूटर के 2 हजार 317 पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी करने और अस्पताल सहायकों के 1200 पदों पर भर्ती परीक्षा आयोजित करने हेतु आवश्यक अनुमतियाँ प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने मेडिकल कॉलेज रीवा एवं सतना के भ्रमण के दौरान आए विषयों पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रीवा में आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन भुगतान को तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, जिला चिकित्सालय मैहर के लिए भूमि चिन्हांकन प्रक्रिया पूर्ण कर आगामी कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के लिए कहा। बैठक में अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा  अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन  संजय कुमार शुक्ल उपस्थित थे।