क्या आप भी ऐसी चप्पलें पहनते हैं, जिनमें एड़ियां छिप जाएं? क्या आपकी एड़ियों में भी चीस मचती है? अगर हां, तो ज्यादातर मामलों में एड़ियों का फटना ही इसकी वजह होता है. कुछ लोग सोचते हैं कि एड़ियां सिर्फ और सिर्फ सर्दियों में फटती हैं, लेकिन ऐसा नहीं है. मौसम बदलने पर भी फटी एड़ियां काफी परेशान करती हैं. एड़ियों में इतनी दरारें पड़ जाती हैं कि चलने में दर्द होने लगता है और कई बार लोगों के सामने चप्पल या सैंडल उतारने में भी झिझक महसूस होती है. लोग अक्सर चेहरे और बालों की देखभाल तो खूब करते हैं, लेकिन पैरों को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं जिसकी वजह से एड़ियां फटती हैं.
फटी एड़ियों को ठीक करने के लिए लोग बाजार से महंगी क्रीम और लोशन खरीदते हैं. अगर आपकी एड़ियां भी रूखी और फटी हुई हैं, तो हर बार महंगे फुट क्रीम या ट्रीटमेंट पर पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है. रसोई में मौजूद कुछ चीजें पैरों की स्किन को मॉइस्चराइज करने और डेड स्किन हटाने में मदद कर सकती हैं. हालांकि, अगर एड़ियों में गहरी दरारें, खून या इंफेक्शन है तो घरेलू नुस्खों के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर होता है.
क्यों फटती हैं एड़ियां?
एड़ियों के फटने की कई वजहें हो सकती हैं. बहुत देर तक खड़े रहना, ज्यादा वजन, गलत साइज के जूते-चप्पल पहनना, स्किन का ज्यादा ड्राई होना और पैरों की सही देखभाल न करना इसकी आम वजहों में शामिल हैं. ऐसे में एड़ियों की स्किन धीरे-धीरे सख्त और रूखी होने लगती है और फिर उसमें दरारें पड़ जाती हैं.
अगर शुरुआत में ही पैरों की देखभाल शुरू कर दी जाए तो इस समस्या को काफी हद तक बढ़ने से रोका जा सकता है.
1. केला लगाएंगे तो मुलायम होंगी एड़ियां: केला सिर्फ खाने के काम नहीं आता, बल्कि इसमें मौजूद पोषक तत्व स्किन को मॉइस्चराइज करने में भी मदद कर सकते हैं. इसमें विटामिन A, B6 और C पाए जाते हैं, जो स्किन को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं.
कैसे इस्तेमाल करें?
इसके लिए 2 पके हुए केले लें और उन्हें अच्छी तरह मैश करके स्मूद पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को पैरों, खासकर एड़ियों और उंगलियों के आसपास लगाएं. करीब 20 मिनट तक लगा रहने दें और फिर पानी से पैर धो लें. इसे रात में सोने से पहले कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है.
2. शहद से करें पैरों की देखभाल: शहद स्किन में नमी बनाए रखने में मदद करता है. इसमें ऐसे गुण भी होते हैं जो रूखी स्किन को शांत करने में मदद कर सकते हैं. इसलिए फटी एड़ियों की देखभाल के लिए शहद का इस्तेमाल किया जा सकता है.
कैसे इस्तेमाल करें?
एक टब गुनगुने पानी में करीब 1 कप शहद मिलाएं. पैरों को पहले साफ करें और फिर करीब 20 मिनट तक इस पानी में रखें. इसके बाद पैरों को अच्छी तरह सुखाकर मॉइस्चराइजर लगा लें. रात में सोने से पहले इस उपाय को रोजाना किया जा सकता है.
3. वेजिटेबल ऑयल से रातभर रखें नमी लॉक: रसोई में रखा वेजिटेबल ऑयल भी रूखी एड़ियों के लिए काम आ सकता है. तेल स्किन में नमी बनाए रखने में मदद करता है और रूखी-सूखी स्किन को सॉफ्ट करने में मदद कर सकता है.
कैसे इस्तेमाल करें?
सबसे पहले पैरों को साफ करके अच्छी तरह सुखा लें. अब 2 चम्मच वेजिटेबल ऑयल लेकर एड़ियों और पैर की उंगलियों पर अच्छी तरह लगाएं. इसके बाद साफ और आरामदायक कॉटन के मोजे पहनकर सो जाएं. रातभर तेल लगा रहने से पैरों की स्किन को मॉइस्चर मिल सकता है.
4. वैसलीन में नींबू की कुछ बूंदें मिलाकर लगाएं: फटी एड़ियों की देखभाल में वैसलीन काफी काम की चीज है. ये स्किन पर एक प्रोटेक्टिव लेयर बनाने में मदद करती है, जिससे नमी लॉक रहती है. वहीं नींबू में मौजूद एसिडिक गुण डेड स्किन को ढीला करने में मदद कर सकते हैं.
कैसे इस्तेमाल करें?
सबसे पहले पैरों को करीब 15 मिनट तक गुनगुने पानी में भिगोएं. इसके बाद पैरों को सुखा लें. अब 1 चम्मच वैसलीन में नींबू के 4-5 बूंद रस मिलाएं. इस मिश्रण को एड़ियों पर अच्छी तरह लगाएं और ऊपर से कॉटन या आरामदायक मोजे पहनकर रातभर छोड़ दें.
ध्यान रखें: अगर एड़ियों में गहरी दरार, कट या जलन है तो नींबू लगाने से बचें, क्योंकि इससे जलन बढ़ सकती है.
5. चावल का आटा, शहद और सिरका से हटाएं डेड स्किन: अगर एड़ियों पर मोटी और डेड स्किन जम गई है तो चावल के आटे से बना स्क्रब मदद कर सकता है. चावल का आटा स्किन की ऊपरी डेड स्किन को हटाने में मदद करता है, जबकि शहद स्किन को नमी देने में मदद करता है.
कैसे तैयार करें स्क्रब?
2 चम्मच चावल का आटा, 1 चम्मच शहद और 5-6 बूंद सिरका लें. तीनों चीजों को मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें.
अब पैरों को करीब 10 मिनट तक गुनगुने पानी में भिगोएं और फिर सुखा लें. तैयार पेस्ट को एड़ियों पर लगाकर बहुत हल्के हाथों से स्क्रब करें. इसके बाद पानी से पैर धो लें. इस स्क्रब को हफ्ते में 2-3 बार से ज्यादा न करें और अगर त्वचा में कट या जलन हो तो इसका इस्तेमाल न करें.
सिर्फ नुस्खे नहीं, रोज की ये आदतें भी जरूरी
फटी एड़ियों से छुटकारा पाने के लिए सिर्फ घरेलू नुस्खे आजमाना ही काफी नहीं है. पैरों की रोजाना देखभाल भी जरूरी है. नहाने के बाद और रात में सोने से पहले एड़ियों पर अच्छा मॉइस्चराइजर या पेट्रोलियम जेली लगाएं.
हफ्ते में कुछ बार पैरों को करीब 10 मिनट गुनगुने पानी में भिगोकर मुलायम करें और फिर हल्के हाथों से डेड स्किन हटाएं. इसके बाद मॉइस्चराइजर लगाकर कॉटन के मोजे पहनकर सो सकते हैं. ऐसा करने से पैरों की स्किन में नमी बनी रहने में मदद मिलती है और एड़ियों के ज्यादा फटने का खतरा कम हो सकता है.





