samacharsecretary.com

छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव और साहित्यिक विरासत का साक्षी बनेगा राजभाषा दिवस समारोह

छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव और साहित्यिक वैभव का साक्षी बनेगा राजभाषा दिवस

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में होगा राज्य स्तरीय समारोह

14 साहित्यिक कृतियों का होगा विमोचन, छत्तीसगढ़ी भाषा की सेवा करने वाले पांच साहित्यकार होंगे सम्मानित

साहित्यिक परिचर्चा और कवि सम्मेलन में बिखरेगी छत्तीसगढ़ी भाषा की सोंधी महक

रायपुर
 छत्तीसगढ़ की अस्मिता, लोक संस्कृति, परंपराओं और जनभावनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति छत्तीसगढ़ी भाषा के गौरव को समर्पित छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस का राज्य स्तरीय आयोजन 28 नवंबर को राजधानी रायपुर में किया जाएगा। संस्कृति विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ प्रातः 10 बजे मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य एवं पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में होगा। समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के साथ साहित्यिक सृजन को प्रोत्साहित करने वाली विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

समारोह में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव एवं रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित हैं। विधायक श्री सुनील सोनी, श्री मोतीलाल साहू, श्री अनुज शर्मा, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन तथा संस्कृति एवं राजभाषा संचालक डॉ. संजय कन्नौजे विशिष्ट अतिथि होंगे। समारोह के उद्घाटन सत्र में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार स्वागत उद्बोधन देंगी तथा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्रा अध्यक्षीय उद्बोधन देंगे।

छत्तीसगढ़ी भाषा प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा होने के साथ ही यहां के जनजीवन, लोक साहित्य, लोकगीतों, लोककथाओं और सामाजिक परंपराओं की संवाहक है। राजभाषा दिवस का आयोजन छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रति जनमानस में गौरव की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने, साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने तथा नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

छत्तीसगढ़ी साहित्य की 14 कृतियों का होगा विमोचन

समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य को समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए साहित्यकारों की 14 साहित्यिक कृतियों का विमोचन किया जाएगा। इनमें श्री अरविंद मिश्र की  ‘नोहर-छोहर छत्तीसगढ़’,  श्री बिसरू राम कुर्रे की  ‘माटी के लाल’,  श्री गणेश्वर पटेल की  ‘आखर अउ अंजोर’,  श्रीमती पद्मा साहू ‘पर्वणी’ की ‘उधारी के सुवासा’, श्रीमती सुमित्रा साहू की  ‘छत्तीसगढ़ के गहना-गुरिया परिधान’,  श्री रामकुमार वर्मा की  ‘जसगीत झांकी भाग-02’, श्री अमोल दास टंडन की ‘मय माटी अंव रे झन बाटव ये देश ल’, श्री बलराम मिर्झा की ‘धर्म क्रांति के अगवा’, सुश्री प्रिया देवांगन की ‘माटी के सिरजाय छंद’, श्रीमती सुधा वर्मा (डॉ. सत्यभामा आडिल) की ‘अंचरा के धागा’, श्रीमती सुधा वर्मा की ‘ठउर खोजत बसंत’, श्री डोरे लाल कैवर्त की ‘अमृत गंगार’, श्री बंशीधर लाल की ‘सियान के गोठ’ तथा श्री डूमन लाल धु्रव की ‘जिनगी बिरथा नइ जाय’ शामिल हैं। इन साहित्यिक कृतियों के विमोचन से छत्तीसगढ़ी साहित्य के विविध आयामों को पाठकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

छत्तीसगढ़ी भाषा की सेवा करने वाले पांच साहित्यकारों का होगा सम्मान

समारोह में छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य की सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें गरियाबंद जिले के श्री मकसूदन राम साहू ‘बरीवाला’, रायगढ़ जिले की श्रीमती सुधा देवांगन, सरगुजा जिले के बतौली निवासी श्री सुदामा राम गुप्ता तथा रायपुर जिले के श्री ईश्वर साहू ‘बंधी’ एवं श्री गोविंद धनगर शामिल हैं। इस अवसर पर अतिथियों को छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुरूप ‘मया चिन्हारी’ भी भेंट की जाएगी।

‘पुरखा के सुरता’ में स्मरण किया जाएगा साहित्यिक योगदान

राजभाषा दिवस के दूसरे सत्र में दोपहर एक बजे से दो बजे तक साहित्यिक परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा। ‘पुरखा के सुरता’ विषय पर आयोजित परिचर्चा स्वर्गीय डॉ. सत्यभामा आडिल को समर्पित होगी। इसमें डॉ. कल्पना मिश्रा एवं डॉ. रेशमा अंसारी वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगी। यह परिचर्चा छत्तीसगढ़ी साहित्य की समृद्ध विरासत और पूर्ववर्ती साहित्यकारों के योगदान को स्मरण करने का अवसर होगी।

कवि सम्मेलन में गूंजेंगे छत्तीसगढ़ी माटी के स्वर

समारोह के तीसरे सत्र में दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक छत्तीसगढ़ी कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कवि सम्मेलन में साहित्यकार एवं कविगण अपनी रचनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास, लोकजीवन, सांस्कृतिक विविधता और माटी से जुड़ी भावनाओं को अभिव्यक्त करेंगे। छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्रा एवं सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार ने प्रदेश के साहित्यकारों, कवियों, लेखकों एवं छत्तीसगढ़ी भाषा प्रेमियों को मातृभाषा के इस उत्सव में सम्मिलित होने के लिए सादर आमंत्रित किया है। राजभाषा दिवस का यह आयोजन छत्तीसगढ़ी भाषा की समृद्ध साहित्यिक परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा प्रदेश की भाषायी एवं सांस्कृतिक अस्मिता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।

Leave a Comment

हम भारत के लोग
"हम भारत के लोग" यह वाक्यांश भारत के संविधान की प्रस्तावना का पहला वाक्य है, जो यह दर्शाता है कि संविधान भारत के लोगों द्वारा बनाया गया है और उनकी शक्ति का स्रोत है. यह वाक्यांश भारत की संप्रभुता, लोकतंत्र और लोगों की भूमिका को उजागर करता है.
Click Here
जिम्मेदार कौन
Lorem ipsum dolor sit amet consectetur adipiscing elit dolor
Click Here
Slide 3 Heading
Lorem ipsum dolor sit amet consectetur adipiscing elit dolor
Click Here