samacharsecretary.com

मखाना किसानों की मेहनत होगी आसान, 80% सब्सिडी पर मिल रही खास मशीन बनी आकर्षण

कटिहार  Makhana Popping Machine:संयुक्त कृषि भवन परिसर में गुरुवार को दो दिवसीय जिलास्तरीय कृषि यांत्रिकीकरण मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार और उप निदेशक (कृषि अभियंत्रण) प्रमोद कुमार ने संयुक्त रूप से किया। किसानों को संबोधित करते हुए डीएम आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि आधुनिक कृषि की असली बुनियाद कृषि अभियंत्रण है। उन्नत कृषि यंत्रों के इस्तेमाल से समय, श्रम और लागत की बचत होने के साथ-साथ उत्पादकता में भी तेजी से वृद्धि होती है, जिससे खेती अधिक लाभकारी और प्रतिस्पर्धात्मक बनती है। 63 यंत्रों पर मिल रही सब्सिडी, तीन लाभुकों को मिली चाबी कृषि अभियंत्रण उपनिदेशक प्रमोद कुमार ने बताया कि कृषि यांत्रिकीकरण योजना के अंतर्गत राज्य स्तर पर कुल 86 प्रकार के कृषि यंत्र सूचीबद्ध हैं, जिनमें से 63 प्रकार के यंत्रों पर किसानों को अनुदान दिया जा रहा है। यंत्र की श्रेणी और किसान की पात्रता के अनुसार 40 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है। मेले में लेजर लैंड लेवलर, पोटैटो प्लांटर, पावर वीडर, रोटावेटर, कल्टीवेटर, चाफ कटर, धान व मक्का थ्रेशर सहित कई आधुनिक यंत्रों का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने फार्म मशीनरी बैंक एवं कस्टम हायरिंग सेंटर के लाभुकों—डंडखोरा के रवि कुमार, मनिहारी के शिव नारायण मंडल और अमदाबाद के रघुनाथपुर कृषक हित समूह को यंत्रों की चाबी सौंपी। कार्यक्रम में आत्मा के उप परियोजना निदेशक एसके झा सहित कई अधिकारी व किसान मौजूद रहे, जबकि मंच संचालन अभिनंदन झा ने किया। जिले को मिला 4.86 करोड़ का आवंटन, 14 ड्रोन का भी लक्ष्य इस वित्तीय वर्ष में किसानों को अनुदानित दर पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए कटिहार जिले को 4 करोड़ 86 लाख रुपये का आवंटन प्राप्त हुआ है। इसके तहत अब तक 1,065 किसानों को ऑनलाइन परमिट निर्गत किए जा चुके हैं और 1 करोड़ 31 लाख रुपये के कृषि यंत्रों का उठाव भी किसानों द्वारा कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त जिले को 14 कृषि ड्रोन की खरीद तथा तीन ऑटोमैटिक मखाना मशीन का लक्ष्य भी मिला है। अब सीधे गुड़िया से तैयार होगा मखाना लावा, नई मशीन पर भारी सब्सिडी मखाना उत्पादकों के लिए इस बार कृषि मेला एक क्रांतिकारी तकनीक लेकर आया है। मेले में प्रदर्शित मखाना पॉपिंग मशीन और ऑटोमैटिक मखाना मशीन किसानों के बीच आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी रहीं। इन मशीनों की मदद से प्रति घंटे 20 किलो मखाना लावा तैयार किया जा सकेगा।     मानवीय मखाना पॉपिंग मशीन: इस मशीन में गुड़िया को गर्म कर डालना होता है। इसकी कुल कीमत 2 लाख रुपये निर्धारित है, जिस पर एससी, एसटी और पिछड़ा वर्ग के किसानों को 80 प्रतिशत (1.60 लाख रुपये) तथा सामान्य वर्ग के किसानों को 70 प्रतिशत (1.40 लाख रुपये) का अनुदान मिलेगा। ऑटोमैटिक मखाना मशीन: इसमें गुड़िया को पहले से आग में गर्म करने की जरूरत नहीं होती; सीधे गुड़िया डालने पर मखाना लावा तैयार हो जाता है। कृषि यांत्रिकीकरण पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि इसकी कुल कीमत 12 लाख 27 हजार रुपये है। इस पर एससी, एसटी व ईबीसी वर्ग के लाभुकों को 5 लाख रुपये और सामान्य वर्ग को 4 लाख रुपये तक का अनुदान देने का प्रावधान है।  

Swiggy का बड़ा फैसला, Instamart के 340 कर्मचारियों की होगी छंटनी, जानें वजह

नई दिल्ली  ऑनलाइन फूड और ग्रॉसरी डिलीवरी प्लेटफॉर्म, स्विगी (Swiggy) अपने क्विक कॉमर्स डिवीजन, इंस्टामार्ट से 340 कर्मचारियों को निकालने जा रही है। दरअसल, कंपनी ग्रोथ के अगले चरण के लिए अपने बिजनेस को रीस्ट्रक्चर कर रही है, और AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का इस्तेमाल भी बढ़ा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने यह जानकारी दी है। कंपनी ने लागत कम करने के लिए छंटनी का यह कदम ऐसे समय में उठाया है, जब इंस्टामार्ट लगातार कई तिमाहियों से खराब प्रदर्शन और बढ़ते नुकसान से जूझ रहा है। कौन-से डिवीजन होंगे प्रभावित? सूत्रों में में से एक ने कहा, "इंस्टामार्ट के अंदर मुख्य रूप से कॉर्पोरेट और सपोर्ट फंक्शन जैसी टीमों के लोग प्रभावित हुए हैं।" कंपनी ने कर्मचारियों के लिए सेवरेंस पैकेज (नौकरी छूटने पर मिलने वाला मुआवजा) और आउटप्लेसमेंट सपोर्ट की व्यवस्था की है, साथ ही रिलोकेशन (दूसरी जगह शिफ्ट होने) की सुविधा भी दे रही है। हालांकि, स्विगी ने इस मामले में मीडिया के सवालों का कोई जवाब नहीं दिया है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब ब्लिंकइट, ज़ेप्टो, फ्लिपकार्ट मिनट्स, अमेज़न नाउ और अन्य कंपनियों की ओर से प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है। हालांकि, स्विगी के पास पर्याप्त पूंजी मौजूद है और कंपनी के पास लगभग 13,500 करोड़ रुपये की नकदी (कैश) और उसके बराबर की अन्य संपत्तियां हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 (FY27) की दूसरी तिमाही (Q2) में स्विगी का नेट लॉस सालाना आधार पर (YoY) 15.6 प्रतिशत घटकर 922 करोड़ रुपये रह गया, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 1,092 करोड़ रुपये था। बेंगलुरु स्थित इस कंपनी ने पिछली तिमाही में 791 करोड़ रुपये का नुकसान दर्ज किया था, क्योंकि इसके क्विक कॉमर्स वर्टिकल 'इंस्टामार्ट' के तेजी से विस्तार का असर कंपनी के मुनाफे पर पड़ा।  

समग्र आईडी डिलीट होने से लाड़ली बहनों की बढ़ी परेशानी, खाते में नहीं पहुंची किस्त

ग्वालियर  प्रदेश में लाड़ली बहनाओं की उलझन समग्र आईडी ने बढ़ा दी है। ग्वालियर में पिछले दो माह में सैकड़ों मामले सामने आए हैं जिसमें महिलाओं का रुपये भी रूक गए हैं। लाड़ली बहना की किश्त जब खातों में नहीं पहुंची तो महिलाओं को महिला व बाल विकास विभाग के माध्यम से पता चला कि समग्र आईडी डिलीट हो गई है। समग्र आईडी दोबारा जुड़वाने के लिए जारी जद्दोजहद नगर निगम में कार्यालय में जाकर समग्र आईडी दोबारा जुड़वाने के लिए जद्दोजहद जारी है। हालांकि आइडी दोबारा जुड़ने के बाद पैसा मिलना शुरू हो गया है, लेकिन इस कारण दो से तीन महीने तक लाड़ली बहना की किश्तें प्राप्त करने में महिलाओं को परेशानी हुई। अक्टूबर में 500 और नवंबर इस माह में अभी तक 150 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं नगर निगम के अनुसार समग्र आईडी स्थानांतरित व अन्य सदस्यों की नई बनाने को लेकर इस तरह की परेशानियां सामने आती हैं।  जिले में तीन लाख से ज्यादा महिलाएं हैं लाड़ली बहना बता दें कि लाड़ली बहना योजना के तहत ग्वालियर जिले में तीन लाख से ज्यादा महिलाएं इसमें शामिल हैं। समग्र आईडी को लेकर पहले भी परेशानी सामने आई है, लेकिन इस बार पिछले दो माह में 650 से ज्यादा केस में ऐसी परेशानी बताई गई है। महिला बाल विकास के दफ्तर में महिलाएं चक्कर लगाती हैं पूछताछ करती हैं। कुछ महिलाओं ने यह भी बताया कि नगर निगम में आइडी को दोबारा जोड़ दिया जाता है लेकिन परेशानी होती है। समग्र आइडी से राशन कार्ड, मैरिज सर्टिफिकेट, स्कूलों में एडमिशन से लेकर कई सेवाएं जुड़ी हुईं तो ऐसे में यह भी संभव है कि इन योजनाओं को लेकर भी परेशानी हो रही हो। दो से तीन माह का हो रहा झंझट समग्र आईडी की उलझन में लाभार्थी महिलाओं के लिए दो से तीन माह का झंझट खड़ा हो रहा है। महिला जिसकी समग्र आइडी डिलीट हो जाती है, वह सबसे पहले महिला एवं बाल विकास के कार्यालय पहुंचती है और शिकायत करती हैं कि माह में आने वाली किश्त नहीं आ रही है। इसके बाद जांच में पता चलता है कि समग्र आईडी डिलीट हो गई है। इसके बाद भी महिला एवं बाल विकास विभाग वरिष्ठ स्तर पर अप्रूव लेता है इसके बाद पोर्टल पर दोबारा नाम अपलोड होता है।     समग्र आईडी को लेकर कुछ मामले सामने आते हैं लेकिन दोबारा री-स्टोर हो जाते है। पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाता है और किश्त चालू हो जाती है। – उपासना राय, जिला कार्यक्रम अधिकारी, ग्वालियर 

35 हजार के कर्ज पर 109 साल बाद भी जारी लड़ाई, ब्रिटेन सरकार ने कहा- कोई रिकॉर्ड नहीं

भोपाल  ब्रिटेन ने 2015 के प्रथम विश्व युद्ध के अपने लगभग 1.94 बिलियन पाउंड के बकाया कर्ज का भुगतान कर दिया है लेकिन सीहोर के कारोबारी से 1917 में लिए गए इंडियन वॉर लोन का मामला नहीं सुलझा है। सेठ जुम्मालाल रुठिया से ब्रिटिश सरकार ने 35000 रुपए का कर्ज लिया था। ब्रिटिश सरकार के पास नहीं हैं कोई जानकारी रुठिया परिवार के लोग बकाए राशि की भुगतान को लेकर 109 साल बाद यूके के डेट मैनेजमेंट ऑफिस से संपर्क किया है। परिवार को डेट मैनेजमेंट ऑफिस ने सुझाव दिया है कि उनके परिवार का रिकॉर्ड खोजने के लिए मूल भारतीय जारीकर्ता से संपर्क करे। डीएमओ ने कहा कि उनके पास इस निवेश या इसके भुगतान के बारे में कोई जानकारी नहीं है। विनय रूठिया लगातार इस दावे को बढ़ा रहे परिवार के सदस्य विनय रुठिया के दावे के बाद यह जवाब आया है। उनका कहना है कि हमारे परिवार के पास अभी भी मूल निवेश प्रमाण पत्र मौजूद है। उन्होंने सवाल उठाया है कि ब्रिटिश अधिकारियों ने इस निवेश की प्रकृति और प्रमाणिकता का पता लगाने के लिए इस दस्तावेज की जांच क्यों नहीं की। लड़ते रहेंगे हम विनय रुठिया का कहना है कि हम उस रकम के लिए लड़ते रहेंगे, जिसे वह अपने परिवार का हक मानते हैं। अगर यह रकम वापस मिल जाती है तो पूरी राशि भारतीय सैन्य कर्मियों के कल्याण कार्यों के लिए दान कर देंगे। हमारे पास नहीं है कोई रिकॉर्ड यूके के फ्रीडम ऑफ इंफॉर्मेशन एक्ट के तहत 19 नवंबर को हमारे सहयोगी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए गए जवाब में डीएमओ ने कहा कि उनके पास 1917 के इंडियन वॉर लोन से जुड़ा कोई रिकॉर्ड नहीं है और उन्हें भारत में जारी किए गए वॉर लोन के बारे में पहले आए किसी भी सवाल की जानकारी नहीं है। स्थानीय संस्था से संपर्क करना होगा विभाग ने कहा कि 1917 के इंडियन वॉर लोन से जुड़े रिकॉर्ड खोजने और उनकी पहचान करने के लिए, इस निवेश को जारी करने वाली स्थानीय संस्था से संपर्क करना होगा। उन्होंने आगे कहा कि संबंधित रिकॉर्ड खोजने के लिए उस संस्था से पूछताछ करना जरूरी होगा। सर्टिफिकेट ऑफ टाइटल नहीं मिला यूके के इस विभाग ने यह भी कहा कि उन्हें इस निवेश से जुड़ा कोई सर्टिफेकट ऑफ टाइटल नहीं मिला है। हालांकि विनय रुठिया का कहना है कि उनके पास अभी भी मूल प्रमाण पत्र मौजूद है। उन्होंने सवाल किया कि ब्रिटिश अधिकारियों ने इसकी जांच क्यों नहीं की। नया आया है यह जवाब गौरतलब है कि यह ताजा जवाब हमारे सहयोगी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की उन रिपोर्ट्स पर आया है, जिसमें परिवार ने दावा किया था कि सेठ जुम्मालाल रुठिया ने 4 जून 1917 को इंडियन वॉर लोन में 35000 रुपए का निवेश किया था। यह प्रमाण पत्र सेठ रामा किशन जसकरण रुठिया फर्म से जुड़ा है और इस पर तत्कालीन पॉलिटिकल एजेंट डब्ल्यू एस डेविस के साइन हैं। परिवार का दावा है कि उन्हें न तो मूलधन मिला है और न ही 5.5 फीसदी का सलाना ब्याज मिला, जिसका वादा किया गया गया था। विनय ने इसकी तुलना प्रथम विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटेन द्वारा अपने कर्ज संभालने के तरीके से की है।  

710 करोड़ से चमका मोहारी-सतई घाट मार्ग, भोपाल-कानपुर के सफर में बचेगा समय

 भोपाल पहाड़ों के बीच से गुजरती सड़क. कहीं तीखे मोड़, कहीं अचानक आने वाला S-बेंड और कहीं ऐसा रास्ता, जहां सामने से आ रहा वाहन भी ठीक से दिखाई नहीं देता. बुंदेलखंड के इस पहाड़ी रास्ते पर गाड़ी चलाना कई बार किसी इम्तिहान से कम नहीं था. मोहारी से सतई घाट के बीच का करीब 39.5 किलोमीटर का रास्ता पार करने में पहले डेढ़ से दो घंटे तक लग जाते थे. अब इस सफर की तस्वीर बदलने वाली है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी NHAI ने इस हिस्से को दो लेन से चार लेन में तैयार किया है. इस प्रोजेक्ट पर करीब 710 करोड़ का खर्चा हुआ है।  अब कहा जा रहा है कि जिस दूरी को तय करने में पहले दो घंटे तक लग जाते थे, उसे करीब 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा. इस प्रोजेक्ट की खास बात सिर्फ इतनी नहीं है कि सड़क दो लेन से चार लेन की हो गई. पहाड़ी रास्ते पर गाड़ी चलाने में सबसे बड़ी परेशानी तीखे मोड़ और कम दिखाई देने वाला रास्ता होते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए सड़क का अलाइनमेंट सुधारा गया. जहां जरूरत पड़ी, वहां पहाड़ों की कटिंग की गई और घाटी वाले हिस्सों में भराव किया गया। इससे सड़क को ज्यादा चौड़ा और बेहतर बनाया जा सका है. रास्ते की विजिबिलिटी बढ़ने से वाहन चालकों को सामने आने वाले मोड़ों और दूसरे वाहनों को देखने में भी आसानी होगी. यानी अब इस रास्ते पर सफर पहले के मुकाबले तेज होने के साथ ज्यादा सुविधाजनक भी हो सकेगा. सड़क के साथ ये सुविधाएं भी बनीं प्रोजेक्ट के तहत सिर्फ मुख्य सड़क ही नहीं बनाई गई, बल्कि आसपास के यातायात और यात्रियों की जरूरतों का भी ध्यान रखा गया है. इसमें 26 किलोमीटर की सर्विस और स्लिप रोड, 17 किलोमीटर सड़क का विकास और हिरापुर बायपास शामिल है. इसके अलावा यात्रियों के लिए 19 बस शेल्टर और ट्रक चालकों के लिए एक ट्रक ले-बाय बनाया गया है. सड़क पर 22 जंक्शन भी तैयार किए गए हैं. पुल-पुलियों की बात करें तो इस प्रोजेक्ट में 61 पुलियाएं, 10 छोटे पुल और 3 बड़े पुल बनाए गए हैं. अलग-अलग तरह के वाहनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए 8 व्हीकुलर अंडरपास, 5 लाइट व्हीकल अंडरपास और एक ओवरपास भी तैयार किया गया है. भोपाल से कानपुर का सफर भी होगा छोटा मोहारी-सतई घाट का यह हिस्सा भोपाल-कानपुर कॉरिडोर का महत्वपूर्ण भाग है. इस कॉरिडोर के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे विकास का असर लंबी दूरी के यात्रियों पर भी पड़ने वाला है. अनुमान के मुताबिक, सागर से खजुराहो पहुंचने में पहले 4 से साढ़े 4 घंटे लगते थे. अब यह सफर करीब 2 से ढाई घंटे में पूरा हो सकेगा. सागर से छतरपुर जाने में भी समय घटेगा. पहले जहां साढ़े 3 से 4 घंटे लगते थे, वहीं अब करीब डेढ़ से 2 घंटे लगने का अनुमान है. भोपाल से कानपुर जाने वालों के लिए भी राहत की बात है. इस यात्रा में पहले 12 से 13 घंटे लगते थे, जो कॉरिडोर के तैयार होने के बाद करीब 7 से 8 घंटे रह जाने का अनुमान है. इसी तरह इंदौर से कानपुर का सफर भी 16 से 18 घंटे के बजाय करीब 10 से 11 घंटे में पूरा हो सकेगा. पहाड़ों और जंगलों में जानवरों के लिए भी रास्ता यह सड़क पहाड़ी और वन क्षेत्र से होकर गुजरती है. ऐसे में सड़क चौड़ी करने के साथ वन्यजीवों की सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया है. प्रोजेक्ट में 7 एनिमल अंडरपास बनाए गए हैं. इनका मकसद यह है कि जंगली जानवर सड़क पर वाहनों के बीच आने के बजाय सेफ रास्ते से एक तरफ से दूसरी तरफ जा सकें. पहाड़ी ढलानों को मजबूत करने के लिए भी कई उपाय किए गए हैं. मिट्टी और पत्थरों को खिसकने से रोकने के लिए गैबियन वॉल बनाई गई हैं. जियोग्रिड और पानी की निकासी की अच्छी व्यवस्था की गई है. इससे बारिश के दौरान मिट्टी के कटाव और भूस्खलन की आशंका कम करने में मदद मिलेगी. बुंदेलखंड के कारोबार और टूरिज्म को भी फायदा इस सड़क का असर सिर्फ गाड़ी से आने-जाने वालों तक सीमित नहीं रहेगा. मोहारी-सतई घाट का रास्ता सागर-छतरपुर-कबरई मार्ग का अहम हिस्सा है. इसके बेहतर होने से मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र का उत्तर प्रदेश के महोबा, बांदा और कानपुर जैसे शहरों से संपर्क आसान होगा. किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी. मालवाहक वाहनों का समय बचेगा और कारोबार को गति मिल सकती है. स्थानीय लोगों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े अवसरों तक पहुंच भी आसान होगी. टूरिज्म के लिहाज से भी यह सड़क महत्वपूर्ण है. खजुराहो के मंदिर, पन्ना टाइगर रिजर्व, ओरछा के ऐतिहासिक स्थल और छतरपुर का भीमकुंड जैसे स्थलों तक जाना पहले से आसान होगा. इसका फायदा होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और छोटे कारोबार से जुड़े लोगों को मिलेगा. मोहारी-सतई घाट का फोरलेन विकास बुंदेलखंड के लिए सिर्फ एक सड़क प्रोजेक्ट नहीं है. इससे पहाड़ी रास्ते पर लगने वाला समय घटेगा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच संपर्क मजबूत होगा और भोपाल-कानपुर कॉरिडोर पर सफर पहले से आसान हो सकेगा.

₹18,000 बेसिक सैलरी वालों के लिए खुशखबरी, 8वें वेतन आयोग में मिलेगा मोटा एरियर

नई दिल्ली 8वें वेतन आयोग के लागू होने का इंतजार कर रहे केंद्रीय कर्मचारियों के लिए एरियर को लेकर एक अहम अनुमान सामने आया है। अगर सरकार 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों को 1 जनवरी 2026 से लागू करती है और फिटमेंट फैक्टर 2.57 रहता है, तो लेवल-1 के उन कर्मचारियों को करीब 2.06 लाख रुपये का एरियर मिल सकता है, जिनकी मौजूदा बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है। वैसे केंद्रीय कर्मचारी संगठनों ने 8वें वेतन आयोग के सामने 3.83 फिटमेंट फैक्टर की मांग रखी है। इसके अलावा कर्मचारी संगठनों ने सालाना इंक्रीमेंट की दर को मौजूदा 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 6 प्रतिशत करने की भी मांग की है। कैसे होगी सैलरी की गणना: इस अनुमान में 7वें वेतन आयोग में इस्तेमाल किए गए 2.57 फिटमेंट फैक्टर को आधार बनाया गया है। मौजूदा बेसिक सैलरी: 18,000 रुपये प्रस्तावित फिटमेंट फैक्टर: 2.57 नई अनुमानित बेसिक सैलरी: 46,260 रुपये यानी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 18,000 रुपये से बढ़कर 46,260 रुपये हो सकती है। डीए को घटाने के बाद कैसे निकलेगा एरियर? एरियर की गणना में पहले से मिल रहे महंगाई भत्ते (DA) को भी शामिल किया गया है। इस अनुमान के मुताबिक 2026 में जनवरी से जून तक डीए 60% और जुलाई से दिसंबर तक 63% माना गया है। इसके आधार पर गणना इस तरह होगी… जनवरी से जून 2026: मौजूदा बेसिक और डीए मिलाकर 28,800 रुपये प्रतिमाह होगा। नई अनुमानित बेसिक सैलरी से अंतर 17,460 रुपये प्रतिमाह होगा। जुलाई से दिसंबर 2026: मौजूदा बेसिक और डीए मिलाकर 29,340 रुपये प्रतिमाह होगा। नई बेसिक सैलरी से अंतर 16,920 रुपये प्रतिमाह होगा। 12 महीने में कितना बनेगा एरियर? जनवरी से जून: 17,460 × 6 = 1,04,760 रुपये जुलाई से दिसंबर: 16,920 × 6 = 1,01,520 रुपये कुल अनुमानित एरियर: 2,06,280 रुपये इस तरह 18,000 रुपये बेसिक सैलरी वाले लेवल-1 कर्मचारी को करीब 2.06 लाख रुपये का एरियर मिल सकता है। अभी अंतिम फैसला नहीं हालांकि, यह पूरा हिसाब अनुमान पर आधारित है। 8वें वेतन आयोग ने अभी अपनी अंतिम सिफारिशें सरकार को नहीं सौंपी हैं। आयोग की अध्यक्षता न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं। आयोग को गठन की तारीख से 18 महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट देनी है। रिपोर्ट मई-जून 2027 के आसपास आने की उम्मीद है। अंतिम एरियर की रकम फिटमेंट फैक्टर, नया पे मैट्रिक्स, डीए के समायोजन और सरकार की ओर से लागू की जाने वाली तारीख पर निर्भर करेगी। इस कैल्कुलेशन में एचआरए, ट्रांसपोर्ट अलाउंस, इनकम टैक्स, एनपीएस और अन्य कटौतियों को शामिल नहीं किया गया है। सालाना वेतन वृद्धि, प्रमोशन और अन्य बदलावों से भी एरियर की रकम बदल सकती है।  

एचटीएलएस कंडक्टर से महानगरों की बिजली पारेषण क्षमता बढ़ाने की तैयारी, ऊर्जा मंत्री तोमर ने बताई पहल

एचटीएलएस कंडक्टर से महानगरों की पारेषण क्षमता बढ़ाने की पहल : ऊर्जा मंत्री श्री तोमर भोपाल के बाद अब इंदौर और ग्वालियर के नेटवर्क का हो रहा क्षमता उन्नयन मौजूदा लाइनों से करीब तीन गुना तक बढ़ सकेगी बिजली वहन क्षमता भोपाल  ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने प्रदेश के तेजी से बढ़ते महानगरों की विद्युत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मौजूदा ट्रांसमिशन नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के लिए हाई टेम्परेचर लो सैग (एचटीएलएस) कंडक्टर तकनीक के उपयोग का विस्तार शुरू कर दिया है। इस तकनीक की शुरुआत भोपाल में की गई थी। अब इंदौर और ग्वालियर के महत्वपूर्ण 132 केवी ट्रांसमिशन नेटवर्क में भी क्षमता उन्नयन का कार्य प्रारंभ किया गया है। इसके तहत पारंपरिक एसीएसआर पैंथर कंडक्टरों को एचटीएलएस कंडक्टरों से बदला जा रहा है। इससे मौजूदा ट्रांसमिशन लाइनों की विद्युत वहन क्षमता लगभग तीन गुना तक बढ़ाई जा सकेगी। मंत्री श्री तोमर ने बताया कि इस तकनीक का प्रमुख लाभ यह है कि बिना नया ट्रांसमिशन कॉरिडोर विकसित किए मौजूदा लाइनों के माध्यम से अधिक विद्युत शक्ति का पारेषण संभव होगा। इसके साथ ही संबंधित सबस्टेशनों के फीडर बे और स्विचयार्ड उपकरणों की क्षमता का भी उन्नयन किया जा रहा है, ताकि बढ़ी हुई पारेषण क्षमता का प्रभावी उपयोग किया जा सके। भोपाल में पहले हुआ एचटीएलएस तकनीक का उपयोग ऊर्जा मंत्री ने कहा कि राजधानी भोपाल में एमपी ट्रांसको ने सबसे पहले 400 केवी सुखी सेवनिया सब स्टेशन से 220 केवी गोविंदपुरा सबस्टेशन तक की ट्रांसमिशन लाइन में एचटीएलएस तकनीक का उपयोग किया था। अब इस तकनीक के माध्यम से 132 केवी भोपाल-अमरावद खुर्द डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन की क्षमता बढ़ाने का कार्य शुरू किया गया है। इस लाइन में मौजूदा एसीएसआर पैंथर कंडक्टरों को एचटीएलएस कंडक्टरों से बदला जा रहा है। इसके साथ ही 132 केवी अमरावद खुर्द, 132 केवी मैनिट तथा 220 केवी भोपाल सबस्टेशन में संबंधित 132 केवी फीडर बे की क्षमता का भी उन्नयन किया जा रहा है। वर्तमान में 220 केवी गोविंदपुरा सबस्टेशन से अमरावद खुर्द और वहां से मैनिट तक विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में बढ़ते लोड के कारण ओवरलोडिंग और लोड डायवर्जन की स्थिति बनती थी। भोपाल-अमरावद खुर्द लाइन की क्षमता बढ़ने से अमरावद खुर्द सबस्टेशन तक अधिक विद्युत भार पहुंचाना संभव होगा। इससे अमरावद खुर्द और मैनिट क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी। इंदौर में दो महत्वपूर्ण 132 केवी नेटवर्क के चार सर्किटों का उन्नयन इंदौर शहर और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती विद्युत मांग को देखते हुए एमपी ट्रांसको ने यहां भी एचटीएलएस कंडक्टरों से क्षमता उन्नयन का कार्य शुरू किया है। इसके अंतर्गत खंडवा रोड स्थित 220 केवी इंदौर साउथ जोन सबस्टेशन से 132 केवी चंबल सबस्टेशन तक जाने वाली ट्रांसमिशन लाइनों के दोनों सर्किटों में कंडक्टर बदले जा रहे हैं। इनमें इलेक्ट्रॉनिक कॉम्प्लेक्स तथा सत्य साईं सर्किट शामिल हैं। इसी तरह 220 केवी इंदौर नॉर्थ जोन सबस्टेशन, सांवेर रोड से 132 केवी चंबल सबस्टेशन, पोलोग्राउंड को जोड़ने वाली 132 केवी ट्रांसमिशन लाइनों के दोनों सर्किटों में भी एसीएसआर पैंथर कंडक्टरों के स्थान पर एचटीएलएस कंडक्टर लगाए जा रहे हैं। इन ट्रांसमिशन लाइनों से जुड़े 14 फीडर बे के उन्नयन का कार्य भी प्रारंभ किया गया है। इनमें 132 केवी चंबल, 220 केवी इंदौर साउथ जोन, 220 केवी इंदौर नॉर्थ जोन, 132 केवी इलेक्ट्रॉनिक कॉम्प्लेक्स तथा 132 केवी सत्य साईं सबस्टेशन के फीडर बे शामिल हैं। इससे बढ़ी हुई लाइन क्षमता के अनुरूप संबंधित सबस्टेशनों के उपकरणों को भी सक्षम बनाया जा सकेगा। ग्वालियर में 39.8 सर्किट किलोमीटर लाइन का क्षमता उन्नयन ग्वालियर में भी 132 केवी पारेषण नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने का कार्य शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत 220 केवी महलगांव सबस्टेशन से जुड़े 132 केवी डीसीडीएस महलगांव-तिघरा तथा महलगांव-मोतीझील सर्किटों में एसीएसआर पैंथर कंडक्टरों को एचटीएलएस कंडक्टरों से बदला जा रहा है। इस परियोजना में कुल लगभग 39.8 सर्किट किलोमीटर ट्रांसमिशन लाइन का क्षमता उन्नयन किया जाएगा। लाइन के साथ संबंधित सबस्टेशनों के फीडर बे की क्षमता भी बढ़ाई जा रही है। इसके तहत 220 केवी महलगांव सबस्टेशन में दो 132 केवी फीडर बे, 132 केवी मोतीझील सबस्टेशन में एक तथा 132 केवी तिघरा सबस्टेशन में एक फीडर बे का उन्नयन किया जा रहा है। इससे लाइन और सबस्टेशन उपकरणों की क्षमता में आवश्यक सामंजस्य स्थापित होगा। अधिक तापमान पर भी कम सैग के साथ अधिक करंट वहन करने में सक्षम एचटीएलएस यानी हाई टेम्परेचर लो सैग कंडक्टर पारंपरिक एसीएसआर कंडक्टरों की तुलना में अधिक तापमान पर कार्य करने में सक्षम होते हैं। इनकी विशेषता यह है कि उच्च तापमान पर भी इनका झुकाव यानी सैग अपेक्षाकृत कम रहता है। सामान्य कंडक्टरों में तापमान बढ़ने पर उनके विस्तार के कारण सैग बढ़ सकता है, जबकि एचटीएलएस कंडक्टर अधिक तापमान पर भी सैग को नियंत्रित रखते हुए अधिक विद्युत धारा वहन कर सकते हैं। इनकी अधिक थर्मल करंट वहन क्षमता के कारण मौजूदा ट्रांसमिशन लाइन से अधिक विद्युत शक्ति का पारेषण किया जा सकता है। हालांकि, इसके लिए टावरों, विद्युत क्लीयरेंस, कंडक्टर तथा संबंधित स्विचयार्ड उपकरणों की तकनीकी उपयुक्तता के अनुरूप उन्नयन करना आवश्यक होता है। शहरी विस्तार के बीच मौजूदा ट्रांसमिशन कॉरिडोर का बेहतर उपयोग भोपाल, इंदौर और ग्वालियर जैसे महानगरों में तेजी से हो रहे शहरी विस्तार, निर्माण गतिविधियों और बढ़ती औद्योगिक एवं व्यावसायिक विद्युत मांग के कारण नए ट्रांसमिशन कॉरिडोर विकसित करने के लिए राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। ऐसे में मौजूदा ट्रांसमिशन लाइनों की क्षमता बढ़ाना एक महत्वपूर्ण तकनीकी विकल्प बनकर सामने आया है। एचटीएलएस तकनीक से मौजूदा कॉरिडोर का उपयोग करते हुए अधिक बिजली का पारेषण संभव होगा। इससे महत्वपूर्ण ट्रांसमिशन लाइनों पर बढ़ते लोड का बेहतर प्रबंधन करने, अतिरिक्त ऑपरेशनल मार्जिन उपलब्ध कराने और महानगरों की भविष्य की विद्युत आवश्यकताओं के अनुरूप पारेषण नेटवर्क को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।  

मध्य प्रदेश के किसानों के लिए जरूरी खबर, धान खरीदी की तारीख तय, जानें समर्थन मूल्य

भोपाल  एमपी सरकार ने 2026-27 के लिए एमएसपी पर धान, ज्वार और बाजरा की उपार्जन नीति घोषित कर दी है। 23 नवंबर को ज्वार और बाजरा की खरीदी शुरू हो गई है। इसकी खरीदी 23 दिसंबर तक होगी। वहीं, धान की खरीदी एक दिसंबर से शुरू होगी जो 20 जनवरी तक चलेगी। सुबह आठ बजे से शुरू होगी खरीदी धान की खरीदी सभी केंद्रों पर सुबह आठ बजे से शुरू होगी और रात आठ बजे तक चलेगी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रदेश के सभी कलेक्टर्स, नागरिक आपूर्ति निगम और वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के अफसरों को निर्देश दिए हैं कि उपार्जन नीति का पालन करें। जिससे किसानों को लाभ मिल सके। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर उपार्जन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। नोडल एजेंसी नियुक्त मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि निर्धारित अवधि में उपार्जन किया जाएगा। समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा के उपार्जन के लिए मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज़ कार्पोरेशन नोडल एजेंसी है। इसके अलावा विभाग द्वारा केन्द्र और राज्य सरकार की अन्य एजेंसी या अधिकृत संस्था को भी उपार्जन एजेंसी घोषित किया जा सकेगा। समर्थन मूल्य भी प्रति क्विंटल तय वहीं, कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपए तय किया गया है। धान ग्रेड-ए का रेट 2461 रुपए है। इसके साथ ज्वार मालदंडी का 4073 और ज्वार हाइब्रिड का समर्थन मूल्य 4023 रुपए प्रति क्विंटल है। बाजारा का 2900 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य रखा गया है। 54 फीसदी नए बारदाने का होगा उपयोग समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए 46 प्रतिशत पुराने और 54 प्रतिशत नवीन जूट बारदाने उपयोग किए जाएंगे। बारदानों की व्यवस्था उपार्जन एजेंसी द्वारा की जाएगी। ज्वार और बाजरे का उपार्जन नवीन जूट बारदानों में किया जाएगा। इसके साथ ही गुणवत्ता परीक्षण का दायित्व उपार्जन केंद्र में उपार्जन करने वाली संस्था और भंडारण स्थल पर उपार्जन एजेंसी का होगा। कृषि उपज मंडियों में एफएक्यू मानक की धान, ज्वार एवं बाजरा की खरीदी समर्थन मूल्य से कम पर क्रय नहीं किया जाएगा।

तमिलनाडु पर मेहरबान ऑटो कंपनियां, Royal Enfield और TVS ने खोला 3,000 करोड़ का खजाना

 नई दिल्ली भारत में टू-व्हीलर की रेस अब सड़क और शोरूम से निकलकर फैक्ट्रियों तक पहुंच गई है. कंपनियों को समझ आ गया है कि आने वाले कल का बाजार जीतना है तो आज ही अपनी जमीन मजबूत करनी होगी. इसी तैयारी में Royal Enfield और TVS ने तमिलनाडु पर बड़ा दांव लगाया है. या यूं कहें कि, दोनों कंपनियों ने तमिलनाडु के लिए अपना खजाना खोल दिया है।  एक कंपनी 1,000 करोड़ रुपये लगाएगी, दूसरी 2,000 करोड़ रुपये. कुल 3,000 करोड़ रुपये का निवेश. यह सिर्फ दो कंपनियों का कारोबारी फैसला नहीं, बल्कि इस बात का संकेत है कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की अगली बड़ी लड़ाई में भारत के दो दिग्गज कितनी गंभीरता से उतर रहे हैं।  रॉयन एनफील्ड अगले 7 सालों में तमिलनाडु में 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. कंपनी ने इस प्रस्तावित निवेश को लेकर तमिलनाडु सरकार के साथ एक  समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं. इस निवेश का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक वाहनों के डेवलपेंट, नई तकनीक को बेहतर बनाने और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा. कंपनी का अनुमान है कि इससे राज्य में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 500 लोगों तक को रोजगार मिल सकता है।  आयशर मोटर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर और Royal Enfield के CEO बी. गोविंदराजन ने कहा कि तमिलनाडु कंपनी के लिए इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बना रहेगा. इलेक्ट्रिक मोबिलिटी कारोबार को बढ़ाने में भी राज्य की अहम भूमिका होगी. उन्होंने कहा कि यह निवेश कंपनी के इलेक्ट्रिक व्हीकल कैपेबिलिटी को बढ़ाने और लोकल लेवल पर अपने कामकाज को मजबूत करने में मदद करेगा।  Royal Enfield की 4 फैक्ट्रियां तमिलनाडु में रॉयल एनफील्ड की पहले से ही चार मैन्युफैक्चरिंग यूनिट हैं. इसके अलावा कंपनी का हेडक्वॉटर और टेक्निकल सेंटर भी इसी राज्य में स्थित है. कंपनी का इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ब्रांड Flying Flea भी तमिलनाडु में अपनी मौजूदगी मजबूत कर रहा है. इसके लिए वल्लम वडागल में EV इनोवेशन लैब और मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी ऑपरेट की जा रही है।  रॉयल एनफील्ड का नया निवेश आयशर मोटर्स की फरवरी 2026 में की गई घोषणा के बाद आया है. उस समय कंपनी ने तमिलनाडु के चेय्यार प्लांट में मौजूदा उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए 958 करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान किया था. इस एक्सपेंसन के पूरा होने के बाद रॉयल एनफील्ड की कुल सालाना उत्पादन क्षमता बढ़कर 20 लाख मोटरसाइकिल होने की उम्मीद है।  TVS Motor भी लगाएगी 2,000 करोड़ रुपये रॉयल एनफील्ड के अलावा टीवीएस मोटर कंपनी भी तमिलनाडु में बड़ा निवेश करने की तैयारी की है. कंपनी अगले 4 सालों में राज्य में 2,000 करोड़ रुपये लगाएगी. इस संबंध में 25 नवंबर 2026 को तमिलनाडु सरकार की नोडल एजेंसी Guidance के माध्यम से एक  MoU पर हस्ताक्षर किए गए हैं. TVS Motor ने स्टॉक एक्सचेंज को दी गई रेगुलेटरी फाइलिंग में इस निवेश की जानकारी दी है।  कंपनी के मुताबिक इस निवेश से करीब 1,000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है. इस समझौते के तहत तमिलनाडु सरकार कंपनी को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और नियमों से जुड़ी प्रक्रियाओं में मदद करेगी.  हालांकि, कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि 2,000 करोड़ रुपये का निवेश किन खास प्रोजेक्टस या मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स पर खर्च किया जाएगा. इसके अलावा साल-दर-साल निवेश की जाने वाली रकम का ब्योरा भी साझा नहीं किया गया है।  रॉयल एनफील्ड और टीवीएस मोटर के इन्वेस्टमेंट प्लान को मिलाकर देखें तो तमिलनाडु में अगले कुछ सालों में तकरीबन 3,000 करोड़ रुपये के निवेश की योजना है. इससे स्टेट में EV टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी एक्टिविटीज को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. साथ ही करीब 1,500 लोगों के लिए रोजगार का मौका भी मिलेगा. साफ है कि इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की होड़ अब कंपनियों को निवेश के मोर्चे पर भी आमने-सामने ला रही है।