samacharsecretary.com

सेमीफाइनल का सिलसिला टूटा, जोकोविच अब ट्रॉफी से एक कदम दूर

पेरिस सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने अपनी सेमीफाइनल की हार का सिलसिला तोड़ते हुए  एथेंस में चल रहे एटीपी टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। जोकोविच ने जर्मनी के क्वालिफायर यानिक हैंफमैन को मात्र 79 मिनट में 6-3, 6-4 से हराया। 38 वर्षीय जोकोविच का यह मुकाबले में सर्विस केवल दूसरी बार टूटी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पूरे नियंत्रण में रहते हुए जीत दर्ज की। फाइनल में उनका मुकाबला अमेरिकी सेबेस्टियन कोर्डा या इतालवी लोरेन्जो मुसेटी में से किसी एक से होगा। खास बात यह है कि मुसेटी को एटीपी फाइनल्स (ट्यूरिन) में जगह बनाने के लिए यह खिताब जीतना जरूरी है। जोकोविच ने मैच के बाद कहा, “यह इस टूर्नामेंट में मेरा अब तक का सबसे बेहतरीन टेनिस था, और यह सही समय पर आया। हैंफमैन एक खतरनाक खिलाड़ी है — उसकी सर्विस और ग्राउंडस्ट्रोक्स दोनों ही मजबूत हैं, इसलिए मुझे पूरे मैच में फोकस रहना पड़ा।” यह जीत जोकोविच के लिए खास रही क्योंकि उन्होंने लगातार चार सेमीफाइनल हारों का सिलसिला तोड़ा — वे पहले रोलां गैरोस, विंबलडन, यूएस ओपन और शंघाई में अंतिम-4 में हार चुके थे। उनकी पिछली सेमीफाइनल जीत मई में जेनेवा क्ले कोर्ट टूर्नामेंट में हुई थी, जहां उन्होंने फाइनल में ह्यूबर्ट हुर्काच को हराकर अपना 100वां करियर सिंगल्स खिताब जीता था। पुरुषों में उनसे अधिक खिताब केवल रोजर फेडरर (103) और जिम्मी कॉनर्स (109) के नाम हैं। मैच में जोकोविच ने पहले सेट में 3-2 पर ब्रेक हासिल किया और 6-3 से सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट में हालांकि उन्होंने 2-1 पर सर्विस गंवाई, लेकिन तुरंत वापसी करते हुए स्कोर 3-3 किया और फिर निर्णायक ब्रेक लेकर जीत पक्की की। जीत के बाद जोकोविच ने उत्साहित दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा, “एक बार फिर इस शानदार स्टेडियम को भरने के लिए आप सभी का धन्यवाद। मैंने दुनिया के कई खूबसूरत इनडोर एरेना में खेला है, लेकिन यह निश्चित रूप से मेरे करियर के टॉप-3 में से एक है।” इस साल एथेंस टूर्नामेंट ने अब बंद हो चुके बेलग्रेड ओपन की जगह ली है और स्थानीय प्रशंसकों के लिए यह जोकोविच का प्रदर्शन किसी उत्सव से कम नहीं रहा।  

बैडमिंटन की महान खिलाड़ी ताई जु यिंग का संन्यास, पीवी सिंधू ने कहा– आपसे बहुत सीखा

बीजिंग तोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता और चीनी ताइपे की महिला बैडमिंटन की दिग्गज खिलाड़ी ताई जु यिंग ने खेल से संन्यास ले लिया है जिसके साथ उनके शानदार करियर का अंत हो गया है, जिसमें उन्होंने 17 बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर खिताब जीते और 12 टूर्नामेंट में उपविजेता रहीं। अपनी कलात्मकता और कलाई के जादू के लिए मशहूर 31 वर्षीय शटलर ने कहा कि लगातार चोटिल होने के कारण उन्हें संन्यास का फैसला करना पड़ा। उन्होंने अपना आखिरी बीडब्ल्यूएफ खिताब 2024 में इंडिया ओपन में जीता था। ताई जु ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, ‘‘एक खूबसूरत अध्याय समाप्त हो गया है। बैडमिंटन, आपने मुझे जो कुछ भी दिया है, उसके लिए आभार।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आखिरकार मेरी चोटों ने मुझे कोर्ट छोड़ने पर मजबूर कर दिया। मैं अपने करियर का अंत उस तरह नहीं कर पाई जैसा मैंने सोचा था और मुझे यह बात स्वीकार करने में थोड़ा समय लगा।’’ दक्षिणी ताइवान के शहर काऊशुंग में जन्मी ताई जु पिछले साल से चोटों से जूझ रही थी और अंतरराष्ट्रीय सर्किट पर वापसी नहीं कर पाई। विश्व चैंपियनशिप दो बार की पदक विजेता ने कहा कि फिलहाल उनका ध्यान कुछ समय शांति के साथ बिताने पर है। उन्होंने लिखा, ‘‘मैंने अभी तक यह तय नहीं किया है कि मैं आगे क्या करूंगी, लेकिन फिलहाल मैं अलार्म घड़ियों के बिना जीवन का आनंद लेने जा रही हूं।’’ भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने ताई जु को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर एक मार्मिक संदेश लिखा। सिंधू ने कहा, ‘‘पंद्रह वर्षों से अधिक समय तक आप मेरी ऐसी प्रतिद्वंद्वी रही जिन्होंने मुझे हर बार मेरी सीमा तक धकेला। मेरे जीवन के दो सबसे महत्वपूर्ण पदक रियो 2016 ओलंपिक में रजत और 2019 विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण मैंने आपके साथ उन मैराथन और सांस थाम देने वाले मुकाबलों के बाद हासिल किए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘रियो में हमारे बीच प्री-क्वार्टर फाइनल में मुकाबला हुआ था और बासेल में क्वार्टर फाइनल में। इन दोनों अवसरों पर मुझे हमेशा की तरह कड़ी मेहनत करनी पड़ी। और हां, आपने 2021 में मुझे सेमीफाइनल में हरा दिया था और यही नहीं मुझे एशियाई खेलों में मुझे स्वर्ण पदक जीतने से रोक दिया था। इन पलों को याद करके मैं आज भी मुस्कुरा जाती हूं।’’ सिंधू ने लिखा, ‘‘मैं इस बात नहीं छिपाऊंगी, मुझे आपके साथ खेलना बिल्कुल पसंद नहीं था। आपकी कलाई की कला, आपका चालाकी भरा खेल, आपकी शांत प्रतिभा ने मुझे उससे भी ज़्यादा गहराई तक जाने के लिए प्रेरित किया, जितना मैंने कभी सोचा भी नहीं था। आपका सामना करने से एक खिलाड़ी के रूप में मैं बदल गई।’’ भारतीय खिलाड़ी ने कहा, ‘‘लेकिन प्रतिद्वंद्विता से परे हमारे बीच अच्छी दोस्ती और एक दूसरे के प्रति सम्मान था। आपके संन्यास लेने से ऐसा लग रहा है जैसे मैंने अपने सफ़र का एक हिस्सा को दिया हो। खेल को और मुझे आपके जादू की कमी खलेगी। मुझे अब यह एहसास होने लगा है कि मेरी पीढ़ी के खिलाड़ी धीरे-धीरे खेल को अलविदा कहने लगे हैं और कोई भी चीज़ आपको इसके लिए तैयार नहीं करती।’’  

फॉर्म में लौट रहे थे पंत, लेकिन लगी चोट! जानें मैच के दौरान क्या हुआ

नई दिल्ली टीम इंडिया के स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने उस समय टीम मैनेजमेंट और फैंस की टेंशन बढ़ा दी जब वह साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ जारी दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के दौरान रिटायर हर्ट हो गए। इंग्लैंड दौरे पर चोटिल होने के बाद ऋषभ पंत पहली बार इस टेस्ट सीरीज में खेलते हुए नजर आ रहे हैं। पहले मैच उन्होंने शानदार बल्लेबाजी कर अपनी वापसी का पैगाम भेजा, दूसरी इनिंग में उन्होंने 90 रनों की पारी खेली थी। मगर दूसरे टेस्ट के दौरान कई बार शरीर पर गेंद लगने के बाद वह रिटायर हर्ट हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।   वीडियो में साफ देखने को मिल रहा है कि पहली बार रिवर्स स्कूप शॉट खेलने के प्रयास में गेंद उनके हेलमेट पर लगी। इसके बाद एक गेंद उनकी कलाई पर तो दूसरी पसली पर जाकर लगी। लगातार शरीर पर गेंद लगने के बाद फिजियो समेत कई लोग मैदान पर पहुंचे और ऋषभ पंत रिटायर हर्ट होकर वापस पवेलियन लौटे। ऋषभ पंत का चयन 14 नवंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रही दो मैच की टेस्ट सीरीज के लिए हुआ है, वह इस टीम के उप-कप्तान है। सीरीज से कुछ दिन पहले पंत को चोटिल होते देखना चिंता का विषय है। ऋषभ पंत की चोट पर अभी तक बीसीसीआई की ओर से कोई अधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। बात मैच की करें तो, टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया पहली पारी में 255 रन ही बना सकी। ध्रुव जुरेल ने शानदार शतक जड़ते हुए 132 रनों की पारी खेली, उनके अलावा कोई बल्लेबाज 25 रन का आंकड़ा तक नहीं छू पाया। केएल राहुल, ऋषभ पंत, साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल जैसे बल्लेबाज फेल हुए, जो आगामी साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज का हिस्सा हैं। हालांकि भारतीय गेंदबाजों ने टीम को लीड दिलाने में अहम भूमिका निभाई। प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 तो आकाशदीप और मोहम्मद सिराज ने 2-2 विकेट लेकर साउथ अफ्रीका ए को 221 रनों पर समेट दिया। अफ्रीकी टीम के लिए कप्तान मार्क्स एकरमैन ने 134 रनों की शानदार पारी खेली। पहली पारी के बाद 34 रनों की बढ़त हासिल कर भारत ने खबर लिखे जाने तक दूसरी पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 200 रन बना लिए हैं।  

गाबा में मैच रद्द, पर भारतीय टीम ने कब्जा किया पूरी सीरीज पर धमाकेदार जीत

नई दिल्ली  भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांचवां और आखिरी टी20 बारिश की भेंट चढ़ गया। ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को ब्रिस्बेन के गाबा स्टेडियम में टॉस जीतकर भारत को बैटिंग का न्योता दिया। भारतीय पारी में 4.5 ओवर का खेलने होने के बाद मौसम ने करवट बदली और फिर मैच शुरू नहीं हुआ। खेल रोके जाने के समय भारत का स्कोर 52/0 था। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 13 गेंदों में 23 जबकि शुभमन गिल ने 16 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाए। मैच पर भले ही मौसम की मार पड़ी लेकिन सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया से 2-1 से सीरीज जीत ली। सीरीज का पहला मुकाबला भी बारिश में धुला था। पांचवे मैच पर पड़ी मौसम की मार पांचवे टी20 पर मौसम की मार पड़ी है। यह मैच बारिश के कारण रद्द हो गया है।

अनिसिमोवा बाहर, सबालेंका फाइनल में; रयबाकिना से होगी रोमांचक भिड़ंत

रियाद आर्यना सबालेंका ने सेमीफाइनल में अमांडा अनिसिमोवा को 6-3, 3-6, 6-3 से शिकस्त दी। इसी के साथ सबालेंका ने डब्ल्यूटीए फाइनल चैंपियनशिप के लिए एलेना रयबाकिना के खिलाफ मुकाबले में जगह बना ली है। अमांडा अनिसिमोवा के खिलाफ शुरुआती दौर में तनावपूर्ण मुकाबले के बाद मैच सबालेंका के पक्ष में झुकने लगा। उन्होंने अपने पहले सेट को 6-3 से जीता। आर्यना सबालेंका दूसरे सेट की शुरुआत में ही लय खो बैठीं, जिसका फायदा उठाते हुए अनिसिमोवा ने 4-0 की बढ़त बना ली। जल्द ही यह स्पष्ट हो गया कि मुकाबला निर्णायक सेट की ओर बढ़ रहा है। इस सेट को अनिसिमोवा ने 6-3 से अपने नाम किया। सबालेंका ने तीसरे सेट में अपनी लय फिर से हासिल की। उन्होंने लगातार ऐस लगाकर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया था। इसके बाद एक जबरदस्त बैकहैंड लगाकर निर्णायक ब्रेक हासिल किया। सबालेंका को शुरुआत में कुछ दबाव का सामना करना पड़ा, लेकिन शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने तीसरे सेट को 6-3 से अपने नाम करते हुए फाइनल में जगह पक्की कर ली। दूसरी ओर, रयबाकिना ने एक सेट से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए जेसिका पेगुला को 4-6, 6-4, 6-3 से हराया, जिससे उनका अपराजेय क्रम बरकरार रहा है। अब वह डब्ल्यूटीए फाइनल का खिताब जीतने के करीब पहुंच गई हैं। शनिवार को होने वाले बहुप्रतीक्षित फाइनल में टूर्नामेंट की दो अपराजित खिलाड़ी आमने-सामने होंगी। इन दोनों ही खिलाड़ियों का लक्ष्य अपनी पहली बिली जीन किंग ट्रॉफी जीतना है। पिछले साल की उपविजेता सबालेंका रयबाकिना से उनके करियर मुकाबलों में 8-5 से आगे हैं। इसमें 2023 ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल में जीत भी शामिल है। एलेना रयबाकिना के खिलाफ मुकाबले को लेकर सबालेंका ने कहा, “यह एक और जबरदस्त मुकाबला होने वाला है। मुझे लगता है कि इस मैच के साथ एलेना ने शानदार तैयारी की है। मैं सीजन के आखिरी मैच में इस खूबसूरत ट्रॉफी के लिए लड़ने को तैयार हूं।”  

भारत को करारा झटका: नेपाल की ऐतिहासिक जीत, राशिद की घातक गेंदबाज़ी से मैच पलटा

नई दिल्ली नेपाल ने भारत को उस समय चौंकाया जब उन्होंने हॉन्ग-कॉन्ग सिक्सेस में दिनेश कार्तिक की अगुवाई वाली टीम इंडिया को 92 रनों से धूल चटाई। जी हां, आपने सही बढ़ा। भारत को नेपाल के हाथों क्रिकेट के मैदान पर इस हार के साथ शर्मसार होना पड़ा है। 6 ओवर के इस मैच में नेपाल ने पहले बैटिंग करते हुए बिना कोई विकेट खोए 137 रन बनाए थे, इस स्कोर का पीछा करते हुए टीम इंडिया मात्र 3 ओवर में 45 रनों पर ही ढेर हो गई। नेपाल की इस जीत के हीरो राशिद खान रहे, जिन्होंने तूफानी अर्धशतक जड़ने के साथ-साथ तीन विकेट भी चटकाए। भारत को इससे पहले इस टूर्नामेंट में कुवैत और यूएई के खिलाफ भी हार का सामना करना पड़ा था।   टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए नेपाल की टीम ने धुआंधार शुरुआत की। राशिद खान 17 गेंदों पर 4 चौकों और 6 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 55 रन बनाकर रिटायर हर्ट हो गए। वहीं उनके साथी सलामी बल्लेबाज संदीप जोरा ने 12 गेंदों पर 47 तो नंबर तीन पर आए लोकेश बाम ने 7 गेंदों पर 31 रनों की नाबाद पारी खेली। लोकेश ने यह रन 442.86 के स्ट्राइक रेट से बनाए, इस दौरान उन्होंने 1 चौका और 4 छक्के लगाए। 138 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी रॉबिन उथप्पा और भरत चिपली की जोड़ी पहले ही ओवर में 13 के स्कोर पर टूट गई। उथप्पा का बल्ला इस टूर्नामेंट में बिल्कुल ही नहीं चला। भरत चिपली के साथ प्रियांक पंचाल 12-12 रन बनाकर टीम के हाईएस्ट स्कोरर रहे। भारत को 45 के स्कोर पर ढेर करने में अहम रोल राशिद खान ने अदा किया। एक ओवर में उन्होंने 7 रन खर्च कर तीन विकेट चटकाए, जिसमें कप्तान दिनेश कार्तिक का भी विकेट शामिल है। बता दें, भारत कुवैत से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया है, यह टीम इंडिया का बाउल मैच चल रहा है। भारत का आखिरी मैच श्रीलंका से बाकी है।  

एशेज गरमाएगी वुड की टिप्पणी: ऑस्ट्रेलिया को मिली उम्मीद, पर बढ़ी बेचैनी

पर्थ इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड का मानना ​​है कि मेजबान ऑस्ट्रेलिया आगामी एशेज सीरीज में प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा लेकिन उन्होंने कहा कि उनकी टीम भी इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए आत्मविश्वास से भरी है। इंग्लैंड की टीम 2010-11 से ऑस्ट्रेलिया में सीरीज नहीं जीत पाई है और उसका लक्ष्य इस बार यह इंतजार खत्म करने का होगा। ईएसपीएनक्रिकइन्फो के अनुसार वुड ने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया निश्चित रूप से सीरीज में प्रबल दावेदार है, लेकिन मुझे लगता है कि हमारी टीम में भी इस बात का आत्मविश्वास है कि हम यहां अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।’’ इस तेज गेंदबाज ने 15 महीनों से कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है और वह फरवरी में चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में भी नहीं खेले हैंं। इस टूर्नामेंट के दौरान उन्हें घुटने में चोट लग गई थी। वह इंग्लैंड की गेंदबाजी योजनाओं का एक अहम हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह नहीं कहूंगा कि मैं शत प्रतिशत फिट हूं। मुझे लगता है कि अभ्यास के दौरान हमेशा अपना शत प्रतिशत देना बहुत मुश्किल है। मैं लंबे समय तक दौड़ नहीं लगा पाया था लेकिन धीरे-धीरे मैं अपनी क्षमता बढ़ाने पर ध्यान दे रहा हूं। मुझे विश्वास है कि मैं पहले टेस्ट मैच तक में खेलने के लिए पूरी तरह फिट हो जाऊंगा।’’ पहला टेस्ट यहां 21 नवंबर से शुरू होगा और वुड पर्थ स्टेडियम में खेलने के लिए उत्सुक हैं, जहां उन्होंने 2022 टी 20 विश्व कप के दौरान केवल एक बार गेंदबाजी की है। उन्होंने कहा, ‘‘यहां का विकेट तेज है और मैं इस पर गेंदबाजी करने के लिए उत्सुक हूं।’’ इंग्लैंड को इस श्रृंखला से पहले बहुत अधिक अभ्यास मैच खेलने का मौका नहीं मिला लेकिन वुड कार्यक्रम से खुश हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा जैसा कार्यक्रम रहा है उससे मैं खुश हूं। भारत के खिलाफ श्रृंखला से भी पहले हमने बहुत अधिक अभ्यास मैच नहीं खेले थे। हम सीधे मैच खेलने के लिए मैदान पर उतरे और पहला टेस्ट जीतने में सफल रहे।’’  

शॉट्स की बरसात! अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, 1000 रन पूरे कर मचाई धूम

नई दिल्ली  भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी20 मैच के दौरान टी20 इंटरनेशनल में एक हजार रन पूरे किए। वह सबसे कम गेंदों में 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने भारत के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा। अभिषेक सबसे कम पारियों में एक हजार रन बनाने वाले भारत के लिए दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। वह विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। अभिषेक जारी सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। भारत के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा 28 पारियों में 189.51 के स्ट्राइक रेट से 1000 से ज्यादा रन बना चुके हैं। उन्होंने 6 अर्धशतक और दो शतक लगाए हैं। अभिषेक सबसे कम पारियों में 1000 रन पूरा करने वाले दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। इंग्लैंड के डेविड मलान ने सिर्फ 24 पारियों में ही एक हजार के आंकड़े को छू लिया था। भारत के लिए विराट कोहली ने सबसे कम पारियों में एक हजार रन पूरे किए थे। कोहली ने 27 और अभिषेक ने 28 पारियों में ये कारनामा किया। बाबर आजम ने 26 पारियों में और डेवोन कॉनवे ने 26 पारियों में ये मुकाम हासिल किया। अभिषेक शर्मा ने 528 गेंदों में एक हजार रन बनाए हैं। वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम गेंदों में एक हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। सूर्यकुमार यादव ने 573 गेंदों में एक हजार रन पूरे किए थे। फिल सॉल्ट ने 599, ग्लेन मैक्सवेल ने 604 और आंद्रे रसेल-फिन एलन ने 609 गेंदों में ये कारनामा किया था। अभिषेक शर्मा को गाबा में खेले जा रहे मुकाबले में शुरुआती ओवर में ही दो जीवनदान मिले हैं और एक बार फिर वह ताबड़तोड़ पारी खेल रहे हैं। सबसे कम गेंदों में 1000 T20I रन बनाने वाले खिलाड़ी (फुल मेंबर टीमें) 528 अभिषेक शर्मा 573 सूर्यकुमार यादव 599 फिल साल्ट 604 ग्लेन मैक्सवेल 609 आंद्रे रसेल/ फिन एलन  

इतिहास रचा जसप्रीत बुमराह ने, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T20I में सर्वाधिक विकेट लेने वाले बने

मुंबई  भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का चौथा मुकाबला 6 नवंबर को कैरारा में खेला गया. जहां भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह एक बार फिर से लय में नजर आए. मैच के दौरान उन्होंने केवल शानदार गेंदबाजी ही नहीं की, बल्कि एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की. वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं. बुमराह से पहले यह विशेष उपलब्धि पाकिस्तानी पूर्व स्पिनर सईद अजमल के नाम दर्ज थी. जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 19 विकेट चटकाए थे. मगर पिछले मुकाबले में 1 विकेट चटकाते हुए बुमराह ने अजमल को पछाड़ दिया है. खबर लिखे जाने तक बुमराह के नाम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब 20 दर्ज हैं. चौथे टी20 मुकाबले में जबरदस्त रहा बुमराह का प्रदर्शन बात करें चौथे टी20 मुकाबले में बुमराह के प्रदर्शन के बारे में तो उन्होंने अपनी टीम के लिए कुल 4 ओवरों का स्पेल डाला. इस बीच 6.75 की इकोनॉमी से 27 रन खर्च करते हुए 1 विकेट चटकाने में कामयाब रहे. मैच के दौरान उनके शिकार विपक्षी टीम के 8वें क्रम के बल्लेबाज बेन ड्वार्शुइस (05) बने. बुमराह ने उन्हें बोल्ड करते हुए पवेलियन का रास्ता दिखाया. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज 20 विकेट – जसप्रीत बुमराह – भारत 19 विकेट – सईद अजमल – पाकिस्तान 17 विकेट – मोहम्मद आमिर – पाकिस्तान 17 विकेट – मिचेल सैंटनर – न्यूजीलैंड

गाबा में भारत 50 के पार, अभिषेक-गिल ने काटा कदर, बारिश ने लगाया अड़ंगा

गाबा आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांचवां टी20 मैच खेला जा रहा है। दोनों टीमें ब्रिस्बेन के गाबा स्टेडियम में आमने-सामने हैं। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर भारत को बैटिंग का न्योता दिया। बारिश के कारण फिलहाल खेल रुका हुआ है। खेल रोके जाने के समय भारत का स्कोर 4.5 ओवर में 52/0 था। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई फेरबदल नहीं किया जबकि भारत ने एक बदलाव किया। भारत ने तिलक वर्मा को आराम देकर रिंकू सिंंह को मौका दिया है। यह भारत के लिए निर्णायक मैच है। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है। सूर्या ब्रिगेड ने पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना रखी है। पहला मुकाबला बारिश में धूल गया था। वहीं, मिचेल मार्श के नेतृत्व वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम सीरीज बराबर करने की फिराक में होगी। गाबा में बारिश ने लगाया अड़ंगा गाबा में बारिश ने अड़ंगा लगा दिया है। मौसम खराब होने के कारण 4.5 ओवर के बाद खेल रोकना पड़ा। खेल रोके जाने के समय भारत का स्कोर बिना विकेट गंवाए 52 रन था। अभिषेक शर्मा 13 गेंदों में 23 और शुभमन गिल 16 गेंदों में 29 रन बनाकर नाबाद थे।