samacharsecretary.com

खुफिया एजेंसी की पकड़: ISI से जुड़े शख्स को पंजाब में हिरासत में लिया गया

चंडीगढ़  पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ‘इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस' के एजेंट के कथित संपर्क में रहने वाले एक व्यक्ति को पंजाब में गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से दो हथगोले बरामद किए गए हैं। पंजाब पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तरनतारन निवासी रविंदर सिंह उर्फ ​​रवि को गिरफ्तार किया। उसके पास से 2 हथगोले बरामद किए। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान के कुछ आईएसआई एजेंट के संपर्क में था और उसे सीमा पार से यह खेप मिली थी। डीजीपी ने बताया कि इस मामले में अमृतसर के घरिंडा पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पंजाब पुलिस आतंकवादी नेटवर्क को निष्प्रभावी करने, संगठित अपराध को खत्म करने और पूरे राज्य में शांति एवं जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

रेलवे ने धुंध और घने कोहरे की वजह से चंडीगढ़ आने और जाने वाली 6 ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की

पंजाब सर्दियां शुरू होने में भले ही कुछ माह पड़े है, लेकिन रेलवे ने धुंध और घने कोहरे की वजह से चंडीगढ़ आने और जाने वाली 6 ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा कर द है। चंडीगढ़ से चलने वाली इन 6 ट्रेनों को इस साल पहली दिसंबर से अगले साल पहली मार्च 2026 तक बंद करने की घोषणा कर दी गई है। रेलवे ने इन ट्रेनों को रद्द करने के साथ ही बुकिंग तक भी बंद कर दी है, तांकि यात्रियों को परेशानी ना उठानी पड़े। इस संबंध में अधिकारियों का कहना है कि शहर में चल रहे सभी रिजर्वेशन काउंटरों की इन ट्रेनों की बुकिंग न करने के आदेश जारी कर दिए गए है कि पहली दिसंबर से फरवरी, 2026 तक कोई बुक न की जाए। रेलवे ट्रेनों की रिजर्वेशन 2 माह पहले शुरू कर देता है, इसलिए ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा भी लगभग 2 माह पहले ही कर दी गई है, ताकि यात्री अपनी यात्रा करने के लिए दूसरी ट्रेन या दूसरा विकल्प तलाश ले। वैष्णो देवी कटरा समेत यह ट्रेन रहेंगी रद्द कालका से चंडीगढ़ होकर जाने वाली एकमात्र ट्रेन श्री माता वैष्णो देवी कटरा ट्रेन को भी रेलवे ने रद्द करने की घोषणा की है। अंबाला मंडल से चलने 46 ट्रेनें धुंध व कोहरे के कारण होगी बंद रेलवे की तरफ से सिर्फ चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से चलने वाली ट्रेनों को ही नहीं बल्कि अंबाला मंडल से चलने वाली तकरीबन 46 ट्रेनों को पहली सूची में रद्द किया गया है। 2 ट्रेनें मार्च तक रहेंगी बंद     गाड़ी/ट्रेन: 1451-42/ चंडीगढ़ अमृतसर पहली दिसंबर से पहली मार्च, 2026 तक     गाड़ी/ ट्रेन: 14503-04/ कालका- श्री माता वैष्णो देवी 2 दिसंबर से 28 फरवरी तक     गाड़ी-ट्रेन :14629-30 चंडीगढ़-फिरोजपुर पहली दिसंबर से पहली मार्च तक  

AAP कार्यकर्ताओं की सुरक्षा पर सवाल: रैली बस पर हुआ गोलियों से हमला

पंजाब  झबाल में आम आदमी पार्टी (AAP) की रैली के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के आगमन से पहले बड़ी घटना सामने आई। रैली में शामिल होने के लिए पिंड मूसे से AAP के कार्यकर्ता सरकारी पंजाब रोडवेज की बस से जा रहे थे। इसी दौरान पिंड के कुछ युवकों ने बस पर पत्थर और ईंटों से हमला कर दिया। हमलावरों ने बस के शीशे भी तोड़ दिए और गोलियां भी चलाईं। इस हमले में चार AAP कार्यकर्ता घायल हो गए। घायलों में सुरिंदर सिंह पुत्र सुखदेव सिंह,अरविंदर सिंह, गुरमीत सिंह, फुमण सिंह शामिल हैं। AAP के सरपंच करनैल सिंह, जो खुद भी इस हमले में घायल हुए, ने बताया कि इस मामले की थाना झबाल में शिकायत दर्ज करवाई गई है और घायल कार्यकर्ताओं को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप लगाया जा रहा है कि यह हमला BJP से जुड़े कुछ युवकों द्वारा किया गया।  

तैयार हो जाएं पंजाब! मंगलवार को सब कुछ बंद, स्कूल, कॉलेज और दफ्तर भी नहीं खुलेंगे

जालंधर अक्टूबर का महीना शुरू हो चुका है और इस महीने पंजाब में कई त्योहार और सरकारी छुट्टियाँ होने वाली हैं। गांधी जयंती, दशहरा, दीवाली और विश्वकर्मा दिवस के साथ-साथ अगले सप्ताह एक और सरकारी छुट्टी पंजाब में रहने वाले लोगों के लिए निर्धारित की गई है। दरअसल, 7 अक्टूबर को महर्षि भगवन वाल्मीकि जी के प्रकाश उत्सव के अवसर पर पंजाब सरकार ने सरकारी छुट्टी घोषित की है। सरकार ने इस संबंध में नोटिफिकेशन भी जारी किया है। त्योहारों के सीज़न के चलते अक्टूबर माह में पंजाब वासियों के लिए कई छुट्टियों का सिलसिला रहेगा। महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकाश उत्सव के बाद 20 अक्टूबर को दीवाली और 21 अक्टूबर को विश्वकर्मा पूजा का पर्व मनाया जाएगा, जिससे प्रदेश में सरकारी छुट्टी रहेगी। 

नई रेल परियोजना: Punjab से Jammu तक यात्रा होगी आसान, जानें कौन-कौन से जिले होंगे लाभान्वित

जम्मू कश्मीर रेलवे द्वारा जालंधर कैंट-पठानकोट कैंट-जम्मू तवी रेलमार्ग की व्यस्तता को कम करने के लिए अध्ययन शुरू कर दिया है। बता दें कि इस रेलमार्ग पर रेलवे यातायात का प्रबंधन अप और डाउन लाइनों वाली दो पटरियों पर किया जा रहा है। अब यहां पर तीसरी रेल लाइन भी बिछने वाली है जो कि  216 किलोमीटर लंबी होगी।  इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा बैठक की गई है जिसकी अध्यक्षता डीसी आयुषी सूदन ने की है। इसमें हितधारकों और लाइन विभागों के साथ विचार-विमर्श किया।  इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए रेल मंत्रालय ने ट्रेनों की मौजूदा पटरियों पर एक्सल लोड कम करने के लिए एक अतिरिक्त तीसरी लाइन बिछाने के लिए अध्ययन शुरू किया है। उन्होंने सभी विभागों और हितधारकों से समस्याओं के समय पर समाधान और परियोजना के सुचारु क्रियान्वयन के लिए अपना पूर्ण सहयोग देने के लिए कहा है। सर्वेक्षण कार्य चल रहा है। अगले 10 दिनों में डीपीआर को अंतिम रूप दिया जाएगा।  

पंजाब सरकार की बड़ी सौगात: दिवाली से पहले कर्मचारियों की बढ़ी खुशी

चंडीगढ़ पंजाब के जल आपूर्ति और स्वच्छता मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बुधवार को पंजाब भवन में विभाग के 15 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। नवनियुक्त उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कैबिनेट मंत्री ने उन्हें ईमानदारी, समर्पण और दृढ़ता के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति और स्वच्छता विभाग में इन उम्मीदवारों को सरकारी नौकरी देकर पंजाब सरकार ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है और उम्मीद है कि ये सभी उम्मीदवार अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा और मेहनत से निभाएंगे और पंजाब के सर्वांगीण विकास में योगदान देंगे। बता दें कि पंजाब सरकार की अनुकंपा के आधार पर भर्ती नीति के तहत जलापूर्ति और स्वच्छता विभाग में ग्रुप-सी और ग्रुप-डी के खाली पदों पर 2 जूनियर नक्शा नवीस, 2 क्लर्क, 8 सेवादार, 1 सफाई सेवक और 2 हैल्पर (तकनीकी) नियुक्त किए गए हैं। इस अवसर पर जलापूर्ति और स्वच्छता विभाग के प्रमुख सचिव नीलकंठ एस. अवध, विभाग की प्रमुख पल्लवी और मुख्य इंजीनियर भी उपस्थित थे।

हरजोत सिंह बैंस ने स्कूल-कॉलेजों के लिए दिए नए निर्देश, जानें क्या बदला

चंडीगढ़ पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने अपने कार्यालय में हाल ही में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा जारी किए गए "हिंद की चादर नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी" के 350वें शहीदी पर्व संबंधी आधिकारिक लोगो को लगाया है। बैंस ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी, भाई दयाला जी, भाई मतीदास जी और भाई सतीदास जी के 350वें शहीदी पर्व को लेकर देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में एक विशेष आधिकारिक लोगो भी जारी किया गया है। मुख्यमंत्री ने आदेश दिए हैं कि यह लोगो अगले एक साल तक सभी सरकारी दफ्तरों, आधिकारिक डाक और संस्थानों में प्रमुख रूप से लगाया जाएगा। इसके साथ ही इसकी मर्यादा और पवित्रता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि उनके अधीन आने वाले सभी विभागों को इस लोगो का एचडी प्रिंट जल्द उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने अपने अधीन आने वाले विभागों के प्रमुखों, सभी सरकारी स्कूलों और कॉलेजों के मुखियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने दफ्तरों में इस लोगो को प्रमुख स्थान पर लगाएं।

अच्छी खबर! पंजाब में GST पर बड़ा बदलाव, जानें नया नियम

पंजाब   राज्य के कराधान विभाग की उल्लेखनीय सफलता को उजागर करते हुए पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी एवं कराधान मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज यहां घोषणा की कि राज्य ने चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर 2025) के दौरान कुल 13,971 करोड़ रुपए की जीएसटी प्राप्तियां दर्ज कीं, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में दर्ज किए गए 11,418 करोड़ रुपए के मुकाबले 22.35% की महत्वपूर्ण वृद्धि दर्शाती है। आज यहां जारी प्रेस बयान में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष की पहली छमाही में राज्य ने पिछले वर्ष की तुलना में जीएसटी राजस्व में 2,553 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की है। उन्होंने कहा कि राज्य की वर्ष-दर-वर्ष जीएसटी वृद्धि दर, जो वित्तीय वर्ष 2024-25 की पहली छमाही में केवल 5% थी, वह वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़कर 22.35% हो गई है। यह आंकड़ा राष्ट्रीय औसत जीएसटी वृद्धि दर 6% से कहीं अधिक है, जो स्पष्ट रूप से पंजाब के राजस्व जुटाने के प्रयासों की सफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, "जीएसटी के अलावा, पंजाब ने अन्य अप्रत्यक्ष कर श्रेणियों में भी उत्साहजनक नतीजे हासिल किए हैं। वैट और सीएसटी के तहत प्राप्तियों में 10% की वृद्धि हुई है, जबकि पंजाब राज्य विकास कर (पीएसडीटी) ने सितंबर 2025 के दौरान पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 11% की वृद्धि दर्ज की है।" हालिया जीएसटी तार्किकीकरण (राशनलाइजेशन) के प्रभाव का उल्लेख करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि पंजाब का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से कहीं अधिक मज़बूत रहा है। उन्होंने कहा, “जबकि अधिकांश अन्य राज्यों ने सितंबर 2025 में नकारात्मक वृद्धि दर दर्ज की, पंजाब ने लचीलापन दिखाते हुए दो अंकों की वृद्धि दर हासिल की। केवल सितंबर 2025 में ही राज्य ने 2,140.82 करोड़ रुपए की प्राप्ति दर्ज की, जो सितंबर 2024 के 1,943 करोड़ रुपए की तुलना में 197.82 करोड़ रुपए अधिक है और 10% की वृद्धि दर दर्शाता है। यह पिछले वर्ष इसी अवधि के मामूली 5% वृद्धि के मुकाबले बड़ा सुधार है।” टैक्स चोरी को रोकने और राज्य की वित्तीय स्थिति को मज़बूत करने के लिए पंजाब सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को सफलता का श्रेय देते हुए आबकारी एवं कराधान मंत्री ने कहा कि कराधान विभाग ने अप्रैल से सितंबर 2025 तक कर चोरी के खिलाफ अपने प्रवर्तन अभियानों को और तेज किया। उन्होंने बताया कि इस अवधि में 1,162 करदाताओं के बीच हुए 246 करोड़ रुपए के अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) को रोका गया। इसके अलावा, फर्जीवाड़ा नेटवर्क के खिलाफ चार बड़ी एफआईआर दर्ज की गईं, जिनमें लुधियाना में 500 करोड़ रुपए और फतेहगढ़ में 550 करोड़ रुपए के घोटाले शामिल हैं। उन्होंने कहा, "स्टेट इंटेलिजेंस एंड प्रिवेंटिव यूनिट्स (एस आई पी यू ) द्वारा सड़कों पर नाकों के जरिए की गई जांच और निरीक्षणों से जुर्माने की वसूली में तेज़ बढ़ोतरी हुई है, जो अप्रैल-सितंबर 2024 के 106.36 करोड़ रुपए से बढ़कर अप्रैल-सितंबर 2025 में 355.72 करोड़ रुपए हो गई। यह 249.36 करोड़ रुपए का इज़ाफा प्रवर्तन-आधारित वसूली में उल्लेखनीय 134% वृद्धि को दर्शाता है।” कराधान विभाग के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए, जिनकी कठोर प्रवर्तन मुहिम और सुधार उपाय इस शानदार प्रदर्शन के लिए अहम रहे, वित्त मंत्री ने कहा कि इसने पंजाब को जीएसटी वृद्धि में अग्रणी राज्यों में स्थापित किया है। उन्होंने कहा, "चुनौतीपूर्ण आर्थिक माहौल को देखते हुए यह उपलब्धि विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। पंजाब ने मई 2025 में युद्ध जैसी स्थिति, जिसने व्यापार और कारोबार में व्यवधान पैदा किया, निर्यात पर टैरिफ प्रभाव जैसी अतिरिक्त बाधाओं, और कमजोर उपभोक्ता मांग, जिसने अगस्त और सितंबर की छमाही के दौरान खुदरा लेन-देन की गति को घटाया—इन सबका सफलतापूर्वक सामना करते हुए न केवल राजस्व वृद्धि बनाए रखी बल्कि इन प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद रिकॉर्ड तोड़ नतीजे भी हासिल किए।”

पंजाब के इस जिले में DC ने लगाई सख्त रोक, लोगों से की ये अपील

पंजाब  पंजाब के लोगों से खास अपील की जा रही है। दरअसल,  डिप्टी कमिश्नर पठानकोट आदित्य उप्पल ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों और दरियों के किनारे न जाएँ। दरअसल, आज रंजीत सागर डैम से करीब 37 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे निचले इलाकों में पानी का स्तर बढ़ सकता है। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। हालांकि, लोगों की सुरक्षा के लिए सतर्कता बरतना आवश्यक है। 

हिमाचल रत्न पुरस्कार से सम्मानित हुए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के DIG

पंजाब  हिमाचल मंडी जन कल्याण सभा के 64वें वार्षिक सैर महोत्सव के अवसर पर आज नई दिल्ली में आज एक समारोह आयोजित किया गया। हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने हिमाचल मंडी जन कल्याण सभा के 64वें वार्षिक सैर महोत्सव के अवसर पर नई दिल्ली के शाह ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के डीआईजी ऋषि राज सिंह को हिमाचल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया। ऋषि राज सिंह को यह पुरस्कार दिल्ली में हिमाचलियों के मार्गदर्शन और उनके उत्थान के लिए दिया गया।