samacharsecretary.com

WPL ओपनिंग मैच में RCB ने मुंबई इंडियंस को हराया, डिक्लर्क ने पलट दी बाजी

 नवी मुंबई महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का शुरुआती मुकाबला 9 जनवरी (शुक्रवार) को मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला गया. नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में आयोजित इस मैच में आरसीबी ने मुंबई इंडियंस पर 3 विकेट से जीत हासिल की. मुकाबले में आरसीबी को जीत के लिए 155 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने मैच की आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया. आरसीबी की जीत में साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर नादिन डिक्लर्क का अहम रोल रहा. डिक्लर्क ने आखिरी ओवर में जीत के लिए जरूरी 18 रन बना दिए. मैच का आखिरी ओवर नेट-साइवर ब्रंट ने फेंका. उस ओवर में पहली दो गेंद डॉट रहीं. फिर नादिन डिक्लर्क ने 6,4,6,4 रन जोड़कर टीम को मैच जिता दिया. डिक्लर्क ने 44 बॉल पर नाबाद 63 रन बनाए, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल रहे. डिक्लर्क ने गेंद से भी दमदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए. डिक्लर्क प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं. मुंबई इंडियंस दो बार की चैम्पियन है, जबकि आरसीबी ने एक बार डब्ल्यूपीएल जीता है. मुंबई इंडियंस तो मौजूदा चैम्पियन है और वो अपना टाइटल डिफेंड करने के उद्देश्य से इस सीजन में उतरी. ऐसी रही आरसीबी की पारी टारगेट का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत तूफानी रही. कप्तान स्मृति मंधाना और ग्रेस हैरिस ने मिलकर 3.5 ओवरों में 40 रनों की साझेदारी की. शबनम इस्माइल ने स्मृति (18 रन) को आउट करके इस साझेदारी को ब्रेक किया. स्मृति के आउट होते ही आरसीबी दबाव में आ गई. स्मृति के बाद हैरिस को नेट-साइवर ब्रंट ने 25 रनों के निजी स्कोर पर चलता कर दिया. डी. हेमलता (7 रन), राधा यादव (6 रन) और ऋचा घोष (1 रन) तो दोहरे अंकों में भी नहीं पहुंच सकी. ऋचा घोष जब आउट हुईं, उस समय आरसीबी का स्कोर 65/5 था. पांच विकेट गिरने के बाद अरुंधति रेड्डी और नादिन डिक्लर्क के बीच छठे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी हुई. निकोला कैरी ने पहले अरुंधति रेड्डी (20 रन) और फिर श्रेयंका पाटिल (1 रन) को चलता कर दिया. यहां से ऑलराउंडर नादिन डिक्लर्क ने अपने दम पर बाजी पलट दी. ऐसी रही मुंबई इंडियंस की पारी इससे पहले टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट पर 154 रन बनाए. मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही. 35 रनों के स्कोर तक उसने एमेलिया केर (4 रन) और नेट साइवर-ब्रंट (4 रन) के रूप में दो बिग विकेट खो दिए. केर को लॉरेन बेल और साइवर-ब्रंट को नादिन डिक्लर्क ने पवेलियन भेजा. क्रीज पर सेट हो चुकीं जी कमलिनी ने भी श्रेयंका की गेंद पर बोल्ड हो गईं. कमलिनी ने 28 गेंदों पर 34 रन बनाए, जिसमें 5 चौके शामिल रहे. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी निराश किया और वो 20 रनों के निजी स्कोर डिक्लर्क का शिकार बनीं. यहां से सजीवन सजना और निकोला कैरी ने पांचवें विकेट के लिए 82 रन जोड़कर मुंबई इंडियंस को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने में मदद की. सजना ने 7 चौके और एक छक्के की मदद से 25 बॉल पर 45 रन बनाए. वहीं डिक्लर्क ने 29 बॉल पर 40 रन बनाए, जिसमें चार चौके शामिल रहे. दोनों खिलाड़ियों को नादिन डिक्लर्क ने आउट किया. साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज डिक्लर्क ने कुल मिलाकर इस मुकाबले में चार विकेट लिए.  मुकाबले के लिए आरसीबी ने अपनी प्लेइंग-11 में विदेशी प्लेयर्स के तौर पर लॉरेन बेल, ग्रेस हैरिस, नादिन डिक्लर्क और लिन्से स्मिथ को जगह दी. वहीं मुंबई इंडियंस की ओर से हेली स्मिथ बीमार होने के चलती इस मुकाबले में नहीं उतरीं. नेट साइवर-ब्रंट, एमेलिया केर, शबनम इस्माइल और निकोला कैरी मुंबई की प्लेइंग-11 में शामिल विदेशी खिलाड़ी रहीं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन: स्मृति मंधाना (कप्तान), ग्रेस हैरिस, दयालन हेमलता, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, नादिन डिक्लर्क, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, प्रेमा रावत, लिन्से स्मिथ और लॉरेन बेल. मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन: नेट साइवर-ब्रंट, जी कमलिनी (विकेटकीपर), एमेलिया केर, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), अमनजोत कौर, निकोला कैरी, पूनम खेमनार, शबनम इस्माइल, संस्कृति गुप्ता, सजीवन सजना और सैका इशाक. WPL 2026 की शुरुआत ग्रैंड ओपनिंग सेरेमनी के साथ हुई है. इस दौरान यो यो हनी सिंह ने स्टेज पर लाइव परफॉर्म किया. अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज ने भी अपनी डांस परफॉर्मेंस से सबको झूमाया. इसके अलावा हरनाज संधू ने अपने परफॉर्मेंस से पूरे स्टेडियम में समां बांध दिया. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का स्क्वॉड: स्मृति मंधाना (कप्तान), जॉर्जिया वॉल, गौतमी नाइक, ग्रेस हैरिस, ऋचा घोष (विकेटकीपर), नादिन डिक्लर्क, पूजा वस्त्राकर, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, अरुंधति रेड्डी, लॉरेन बेल, कुमार प्रत्युषा, सयाली सतघरे, प्रेमा रावत, दयालन हेमलता और  लिन्से स्मिथ. मुंबई इंडियंस का स्क्वॉड: हेली मैथ्यूज, जी कमलिनी (विकेटकीपर), नेट साइवर-ब्रंट, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), एमेलिया केर, अमनजोत कौर, सजीवन सजना, पूनम खेमनार, संस्कृति गुप्ता, शबनम इस्माइल, त्रिवेणी वशिष्ठ, नल्ला रेड्डी, राहिला फिरदौस, मिली इलिंगवर्थ, सैका इशाक, निकोला कैरी.

आईपीएल 2026 में आरसीबी का नया होम ग्राउंड? बेंगलुरु की जगह रायपुर या इंदौर हो सकते हैं विकल्प

बेंगलुरु  रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के प्रशंसकों के लिए एक बुरी खबर है। टीम आईपीएल 2026 के मैच बेंगलुरु की जगह रायपुर या इंदौर में खेल सकती है। इसकी वजह पिछले साल चैंपियन बनने के बाद एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सेलिब्रेशन के दौरान हुई भगदड़ है। एक रिपोर्ट के मुताबिक आरसीबी के अगले सीजन के लिए एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में जाने की संभावना कम है। टीम अपने घरेलू मैच बेंगलुरु में नहीं कराना चाहती। आरसीबी ने अपने मैचों के आयोजन के लिए कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन से बातचीत नहीं की है। आईपीएल 2026 में आरसीबी के होम ग्राउंड के रूप में रायपुर और इंदौर के नाम पर विचार किया जा रहा है। रायपुर का नाम काफी आगे चल रहा है। आरसीबी आईपीएल 2025 की चैंपियन है। टीम का यह पहला खिताब है। जीत के बाद एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में जश्न मनाया जा रहा था। टीम के खिलाड़ी और मैनेजमेंट के साथ लाखों की संख्या में प्रशंसक स्टेडियम के अंदर और बाहर जमा थे। प्रशंसकों की संख्या उम्मीद से ज्यादा थी और इस वजह से भगदड़ मच गई। इस दौरान 11 लोगों की मौत हो गई थी। आरसीबी की सोशल मीडिया टीम को ट्रॉफी सेलिब्रेशन के दौरान इंस्टाग्राम लाइव स्ट्रीम के कमेंट सेक्शन में भगदड़ की जानकारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। अधिकारियों और खिलाड़ियों तक प्रशंसकों की मौत की खबर पहुंचने के बाद जश्न के कार्यक्रम को छोटा किया गया। कर्नाटक सरकार ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की थी और कई बड़े अधिकारियों को निलंबित भी किया गया था। आरसीबी ने बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से जान गंवाने वाले लोगों के परिवार को आर्थिक सहायता की घोषणा की थी। हाल में विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान दिल्ली और आंध्र प्रदेश का मैच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना था। विराट कोहली दिल्ली टीम का हिस्सा थे। कोहली की लोकप्रियता को देखते हुए स्थानीय प्रशंसकों के बड़ी संख्या में जुटने की संभावना थी। इसलिए बेंगलुरु पुलिस ने इस मैच के आयोजन की अनुमति नहीं दी थी। मैच बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में कराया गया था। 

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में टिकटॉक की एंट्री, वीडियो कंटेंट पार्टनर घोषित

जिनेवा फुटबॉल की संचालन संस्था फीफा ने 11 जून से 19 जुलाई तक चलने वाले पुरुष फुटबॉल विश्व कप में सोशल मीडिया पर वीडियो कंटेंट के लिए ‘टिकटॉक’ को अपना प्रमुख प्लेटफॉर्म चुना है। इस साझेदारी के अंतर्गत ‘कंटेंट क्रिएटर्स’ को 48 टीम वाले विश्व कप में विशेष अनुमति मिलेगी। यह टूर्नामेंट 16 शहरों में आयोजित होगा। इनमें अमेरिका के 11, मेक्सिको के तीन और कनाडा के दो शहर शामिल हैं। फीफा ने बताया कि विश्व कप के प्रसारण अधिकार रखने वाले ब्रॉडकास्टर टिकटॉक ऐप पर बने एक विशेष ‘हब’ के जरिए 104 मैच के कुछ हिस्सों का लाइव प्रसारण कर सकेंगे। अमेरिका में टिकटॉक के 17 करोड़ से अधिक यूजर हैं। ⁠ फीफा ने कहा, ‘‘इसके अलावा बड़ी संख्या में क्रिएटर्स को फीफा के ‘आर्काइव’ फुटेज का इस्तेमाल और इन्हें साथ में बनाने का मौका भी मिलेगा।’’ फीफा ने इस करार की कीमत, निविदा प्रक्रिया या अन्य प्रतिस्पर्धी बोलीदाताओं का विवरण साझा नहीं किया। इससे पहले 2022 कतर विश्व कप में ‘यूट्यूब’ का एक सीमित प्रायोजन समझौता हुआ था जिसमें क्रिएटर्स को विशेष अनुमति मिली थी।  

न्यूजीलैंड के सामने वनडे में इन भारतीय खिलाड़ियों का चला बल्ला, विराट और रोहित भी पीछे

नई दिल्ली भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 एकदिवसीय मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 11 जनवरी को वडोदरा में खेला जाएगा। फैंस वाइट बॉल क्रिकेट के दो सबसे बड़े सुपर स्टार विराट कोहली और रोहित शर्मा को खेलते हुए देखने के लिए बेताब हैं। दोनों इस फॉर्मेट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं। लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे मुकाबलों में अगर सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट वाले भारतीयों की लिस्ट देखें तो दोनों टॉप 5 में नहीं है। इनसे ऊपर रविंद्र जडेजा और गौतम गंभीर तक हैं।   दोनों टीमों को मिलाकर टॉप 10 में न्यूजीलैंड का सिर्फ एक खिलाड़ी भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे मुकाबलों में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट की बात करें तो टॉप 10 में न्यूजीलैंड का सिर्फ एक खिलाड़ी है। लिस्ट में सिर्फ उन्हीं खिलाड़ियों को रखा गया है जिन्होंने कम से कम 250 गेंदों का सामना किया है। लिस्ट में 5 ऐसे बल्लेबाज हैं जिनका स्ट्राइक रेट 100 से ऊपर है। इनमें से 4 भारतीय हैं। टॉप पर कीवी बल्लेबाज टॉप 10 में मौजूद न्यूजीलैंड के इकलौते खिलाड़ी जेस राइडर लिस्ट में शीर्ष पर हैं। इस पूर्व बल्लेबाज ने भारत के खिलाफ 11 मैचों में 107.77 के स्ट्राइक रेट से 319 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर भारत के केएल राहुल हैं जिनका स्ट्राइक रेट 106.14 का है। भारतीयों में केएल राहुल शीर्ष पर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट वाले भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो शीर्ष पर केएल राहुल हैं। उन्होंने 8 मैच में 106.14 की औसत से 328 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर भारतीय कप्तान शुभमन गिल हैं जिन्होंने 12 मैच में 104.7 की औसत से रन बनाए हैं। टॉप 5 में सिर्फ यही दो खिलाड़ी हैं जो अभी खेल रहे हैं। एआई से तैयार ग्राफिक्स गिल के बाद विस्फोटक ओपनर रहे वीरेंदर सहवाग का नाम है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 23 मैच में 103.95 की औसत से 1157 रन बनाए हैं। भारतीयों की लिस्ट में चौथे नंबर पर महान ऑलराउंडर कपिल देव हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 29 मैच में 102.24 की औसत से 684 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा टॉप 10 में नहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाने वाले भारतीयों की लिस्ट में पांचवें पर गौतम गंभीर, छठे पर हार्दिक पांड्या, सातवें पर श्रेयस अय्यर, आठवें पर रविंद्र जडेजा, नौंवे पर विराट कोहली और दसवें पर सचिन तेंदुलकर हैं। रोहित शर्मा 85.84 के स्ट्राइक रेट के साथ लिस्ट में 11वें नंबर पर हैं।   न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट वाले भारतीय बल्लेबाज खिलाड़ी का नाम- स्ट्राइक रेट 1. केएल राहुल- 106.14 2. शुभमन गिल- 104.7 3. वीरेंदर सहवाग- 103.95 4. कपिल देव- 102.24 5. गौतम गंभीर- 99.54 6. हार्दिक पांड्या- 98.82 7. श्रेयस अय्यर- 98.38 8. रविंद्र जडेजा- 97.72 9. विराट कोहली- 95.5 10. सचिन तेंदुलकर- 95.36 भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज 2025 भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 वनडे मैच की सीरीज की शुरुआत 11 जनवरी से हो रही है। पहला मैच वडोदरा में खेला जाएगा। दूसरा मैच 14 जनवरी को राजकोट में तीसरा 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा।  

विराट कोहली का ऐतिहासिक T-20 वर्ल्ड कप रिकॉर्ड अब भी कायम, क्या बुमराह या सैम करन रच पाएंगे इतिहास?

नई दिल्ली 2026 टी-20 विश्व कप का आगाज फरवरी महीने से होगा, जो अब बहुत दूर नहीं है। क्रिकेट के सबसे छोटे और रोमांचक प्रारूप के विश्व कप रिकॉर्ड्स को लेकर काफी चर्चा हो रही है। टी-20 विश्व कप के इतिहास में कई दिग्गजों ने अपनी छाप छोड़ी है, जिसमें इस फॉर्मेट से 2024 में ही रिटायर हो चुके विराट कोहली का भी नाम शामिल है। टी-20 विश्व कप के इतिहास में विराट कोहली के नाम एक ऐसा ऐतिहासिक विश्व रिकॉर्ड दर्ज है, जिसे आज तक कोई नहीं तोड़ पाया है। हालांकि, जसप्रीत बुमराह और सैम करन के पास 2026 में यह वर्ल्ड रिकॉर्ड बराबर करने का सुनहरा मौका है।   दो बार जीता प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट खिताब टी-20 विश्व कप के इतिहास में दबदबे की बात आती है तो भारत के विराट कोहली का नाम सबसे ऊपर आता है। कोहली टूर्नामेंट के इतिहास में एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने दो बार 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का खिताब अपने नाम किया है। 2014 में लगाया रनों का अंबार साल 2014 का टी-20 विश्व कप विराट कोहली के करियर के सबसे यादगार टूर्नामेंटों में से एक रहा। इस संस्करण में उन्होंने बल्ले से विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए रिकॉर्ड 319 रन बनाए। हालांकि, भारतीय टीम को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा और वे उपविजेता रहे, लेकिन कोहली के अविश्वसनीय प्रदर्शन ने उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना। 2016 में भी दिखाई निरंतररा ठीक दो साल बाद 2016 के विश्व कप में कोहली ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित की। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 273 रन जड़े और टीम इंडिया को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लगातार दूसरी बार 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' बनकर उन्होंने क्रिकेट जगत में वह मुकाम हासिल किया, जो आज भी एक अटूट रिकॉर्ड बना हुआ है। जसप्रीत बुमराह और सैम करन के पास बराबरी का मौका बता दें कि अब तक टी-20 विश्व कप के 9 संस्करण खेले गए हैं, जिसमें 8 खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब (विराट कोहली को दो बार) दिया गया है। इनमें से 6 ऐसे खिलाड़ी हैं, जो टी-20 क्रिकेट या क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले चुके हैं। जबकि दो खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह और सैम करन साल 2026 के टी-20 विश्व कप में हिस्सा लेंगे। ऐसे में इन दोनों खिलाड़ियों के पास विराट कोहली के टी-20 विश्व कप में दो बार प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट खिताब जीतने की बराबरी करने का मौका होगा। जसप्रीत बुमराह ने साल 2024 के टी-20 विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया था ऐसे में उनके पास विराट की तरह बैक-टू-बैक एडिशन में यह खिताब जीतकर बराबरी करने का मौका होगा। सैम करन ने साल 2022 में टी-20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया था। टी-20 विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट खिताब जीतने वाले प्लेयर्स की लिस्ट • 2007: शाहिद अफरीदी (पाकिस्तान) – 91 रन और 12 विकेट • 2009: तिलकरत्ने दिलशान (श्रीलंका) – 317 रन • 2010: केविन पीटरसन (इंग्लैंड) – 248 रन • 2012: शेन वॉटसन (ऑस्ट्रेलिया) – 249 रन और 11 विकेट • 2014: विराट कोहली (भारत) – 319 रन • 2016: विराट कोहली (भारत) – 273 रन • 2021: डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया) – 289 रन • 2022: सैम करन (इंग्लैंड) – 13 विकेट और 12 रन • 2024: जसप्रीत बुमराह (भारत) – 15 विकेट • 2026?  

तैयारी टूर्नामेंट में सबालेंका की जीत, मैडिसन कीज को दी शिकस्त

ब्रिसबेन आर्यना सबालेंका ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन की तैयारियों के लिए आयोजित ब्रिसबेन इंटरनेशनल में शुक्रवार को मैडिसन कीज को एकतरफा मुकाबले में सीधे सेटों में हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। दोनों खिलाड़ी ऑस्ट्रेलियन ओपन की फाइनलिस्ट रह चुकी हैं। शीर्ष रैंकिंग पर काबिज सबालेंका ने डेढ़ घंटे तक चले मुकाबले में कीज पर 6-3, 6-3 से जीत हासिल की। इस दौरान सबालेंका ने लगातार पांच गेम में सर्विस तोड़ी। ⁠ ब्रिसबेन इंटरनेशनल 18 जनवरी से शुरू होने वाले ऑस्ट्रेलियन ओपन के लिए एक महत्वपूर्ण अभ्यास टूर्नामेंट है। अब ब्रिसबेन इंटरनेशनल की गत चैंपियन सबालेंका का सामना 11वीं वरीय कैरोलिना मुचोवा से होगा जिन्होंने एलीना रायबाकिना को 6-2, 2-6, 6-4 से हराया।  

खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी एसजी पाइपर्स बनाम श्राची बंगाल टाइगर्स

रांची एसजी पाइपर्स और श्राची बंगाल टाइगर्स दो हफ्तों तक चले 12 मुकाबलों के बाद शनिवार को यहां होने वाले महिला हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के फाइनल में आमने सामने होंगी। लीग जीतने वाली टीम को 1.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी जबकि उप विजेता को एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे। तीसरे स्थान पर रहने वाली रांची रॉयल्स को 50 लाख रुपये मिलेंगे। फाइनल में पहुंची इन दोनों टीमों ने इस सत्र में अपना दबदबा बनाए रखा और दोनों का खेलने का तरीका काफी हद तक एक जैसा ही रहा है। एसजी पाइपर्स ने तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि श्राची बंगाल टाइगर्स ने दूसरा स्थान पक्का किया। दोनों टीमें लीग चरण में दो बार आमने-सामने हुईं और दोनों ही मौकों पर श्राची बंगाल टाइगर्स ने पेनल्टी शूटआउट में जीत हासिल की। पहले मैच में 3-3 की बराबरी के बाद श्राची बंगाल टाइगर्स ने शूटआउट में 4-3 से जीत हासिल की। दूसरे मैच में गोल रहित बराबरी के बाद उन्होंने शूटआउट में 7-6 से जीत हासिल की। हालांकि लीग के पूरे चरण के आंकड़े एसजी पाइपर्स के पक्ष में हैं। वह टूर्नामेंट में दूसरी सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीम हैं जिसने 11 गोल किए हैं। उनसे बेहतर सिर्फ रांची रॉयल्स ने 13 गोल किए। और उनकी कप्तान नवनीत कौर ने अब तक टूर्नामेंट में चार गोल दाग दिए हैं। लोला रिएरा (तीन गोल) और सुनेलिता टोप्पो (दो गोल) ने भी योगदान दिया है, जबकि ज्योति सिंह और मारिया टेरेसा वियानाचे ने भी गोल किए हैं। पाइपर्स का लीग में डिफेंस में दूसरा सबसे अच्छा रिकॉर्ड भी है और उन्होंने ग्रुप चरण में सिर्फ नौ गोल खाए हैं। नवनीत कौर ने कहा, ‘‘यह हमारे लिए शानदार अभियान रहा है और फाइनल में पहुंचना हर खिलाड़ी की कड़ी मेहनत का नतीजा है। पिछले सत्र में तालिका में सबसे नीचे रहने से लेकर इस साल तालिका में शीर्ष तक पहुंचने तक, यह वापसी बहुत खास रही है। हमने इस दौरान साहसिक हॉकी खेली है और अब लक्ष्य यही है कि शानदार तरीके से टूर्नामेंट खत्म किया जाए।’’ श्राची बंगाल टाइगर्स ने अब तक टूर्नामेंट में सिर्फ सात गोल किए हैं जिनमें से पांच पेनल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ ऑगस्टिना गोरजेलानी ने किए हैं। वंदना कटारिया टीम की कप्तान हैं और टीम में इस बड़े मुकाबले के लिए काफी अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं।  

ऑस्ट्रेलियन ओपन: निक किर्गियोस ने एकल से वापस लिया नाम, सिर्फ डबल्स खेलेंगे

नई दिल्ली ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस ने ऑस्ट्रेलियन ओपन एकल वर्ग से अपना नाम वापस ले लिया है। वह सिर्फ डबल्स मुकाबलों में हिस्सा लेंगे। डबल्स में किर्गियोस थानासी कोकिनाकिस के साथ जोड़ी बना सकते हैं। किर्गियोस ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम में लिखा, “मैंने इस साल सिर्फ ऑस्ट्रेलियन ओपन डबल्स पर ध्यान देने का फैसला किया है। मैं फिट हूं और कोर्ट पर वापस आ गया हूं, लेकिन 5-सेटर एक अलग चीज है और मैं अभी तक पूरी तरह से तैयार नहीं हूं। यह टूर्नामेंट मेरे लिए सब कुछ है, लेकिन मैं अपनी जगह किसी ऐसे व्यक्ति को देना चाहूंगा जो अपने पल को यादगार बनाने के लिए तैयार हो। मैं अगले साल वापस आऊंगा और मुकाबला करने के लिए उत्साहित रहूंगा। वहीं मिलते हैं।” निक ने 2025 में सिर्फ पांच मैच खेले थे। पिछले तीन सालों में सिर्फ छह प्रोफेशनल एकल मैच खेले हैं। पिछले महीने न्यूयॉर्क और दुबई में एग्जिबिशन मैचों की एक सीरीज के साथ उन्होंने आसानी से प्रतियोगिता में वापसी की, फिर उन्हें ब्रिस्बेन इंटरनेशनल के लिए वाइल्डकार्ड मिला, जहां मंगलवार को पहले राउंड में वह एलेक्जेंडर कोवासेविक से 6-3, 6-4 से हार गए। इसके अलावा, किर्गियोस और उनके डबल्स पार्टनर, थानासी कोकिनाकिस, बुधवार को ब्रिस्बेन में दूसरे राउंड में फ्रेंच जोड़ी सादियो डौम्बिया और फैबियन रेबोल से हार गए। किर्गियोस को पिछले कुछ समय में कई गंभीर चोटों का सामना करना पड़ा है। इससे उनका करियर प्रभावित हुआ है। उनकी रैंकिंग 673 पर आ गई है। पूर्व विंबलडन फाइनलिस्ट ने 2022 के बाद से सिर्फ एक ग्रैंड स्लैम मैच खेला है। उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 में मैथ्यू एबडेन और मैक्स परसेल को सीधे सेटों में हराकर थानासी कोकिनाकिस के साथ पुरुषों का डबल्स खिताब जीता था। 2022 विंबलडन फाइनल में नोवाक जोकोविच से हारने के बाद 30 साल के किर्गियोस की कलाई और घुटने की दो सर्जरी हुई है। ऑस्ट्रेलिया ओपन डबल्स से उन्हें धमाकेदार वापसी की उम्मीद है।  

वेदांता कलिंगा लांसर्स ने श्राची बंगाल टाइगर्स के खिलाफ 2-1 से करीबी जीत हासिल की

चेन्नई वेदांता कलिंगा लांसर्स ने पुरुष हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2025-26 में श्राची बंगाल टाइगर्स के खिलाफ 2-1 से करीबी जीत दर्ज कर लगातार दूसरी जीत हासिल की। आज यहां मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम, एग्मोर में खेले गये मुकाबले में विजेताओं के लिए अलेक्जेंडर हेंड्रिक्स ने (52वें) और बॉबी सिंह धामी ने (57वें) मिनट में गोल किए, जबकि टाइगर्स के लिए अफफान यूसुफ ने (56वें) मिनट में गोल किया। खेल के शुरुआती चरणों में एकतरफा खेल था क्योंकि वेदांता कलिंगा लांसर्स ने खेल की शुरुआत आक्रामक तरीके से की। उन्होंने गेंद पर दबदबा बनाए रखा, श्राची बंगाल टाइगर्स के सिर्फ दो सर्कल एंट्री की तुलना में 11 सर्कल एंट्री दर्ज कीं। लांसर्स ने गोल पर कुछ प्रयास किए, जिससे टाइगर्स के गोलकीपर जेम्स कैर को एक्शन में आना पड़ा। हालांकि, पहले गोल रहित क्वार्टर में एकमात्र पेनल्टी कॉर्नर के अलावा उन्हें कोई खास मौका नहीं मिला। दूसरे क्वार्टर में टाइगर्स ने खेल में वापसी की और आक्रामक छोर पर कुछ गति हासिल की। उन्होंने दूसरे क्वार्टर में 9 सर्कल एंट्री और 4 शॉट के साथ पासा पलट दिया, लेकिन उन्हें कृष्ण बहादुर पाठक ने रोके रखा, जिन्होंने लांसर्स के लिए गोल पर कुछ असाधारण बचाव किए। एक हाई-ऑक्टेन पहले हाफ के बावजूद, जिसमें दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, कोई भी टीम गतिरोध को तोड़ नहीं पाई। श्राची बंगाल टाइगर्स ने दूसरे क्वार्टर में मिली गति को बनाए रखा, और कुछ जटिल तालमेल के साथ लांसर्स को अपने ही हाफ में पीछे धकेल दिया। हालांकि, दोनों टीमें पीछे से मजबूत बनी रहीं, और किसी को भी आगे नहीं बढ़ने दिया। अंतिम क्वार्टर में जाने से पहले, दोनों टीमों के बीच कोई अंतर नहीं था। चौथे क्वार्टर के शुरुआती चरणों में जेम्स कैर टाइगर्स के लिए गोल पर शानदार बने रहे। हालांकि, उनका प्रतिरोध आखिरकार तब टूटा जब अलेक्जेंडर हेंड्रिक्स ने (52वें) मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से ड्रैगफ्लिक ने नेट के पिछले हिस्से में जगह बनाई और वेदांता कलिंगा लांसर्स को बढ़त दिला दी। हालांकि, उनकी बढ़त सिर्फ़ चार मिनट तक ही रही, जब एनरिक गोंजालेज ने एक लंबी बॉल को रोका और फिर स्पेनिश डिफेंडर ने अफ्फान यूसुफ ने (56वें) मिनट को टैप-इन के लिए पास दिया, जिससे टाइगर्स मैच में बराबरी पर आ गए। तीन क्वार्टर तक कोई गोल नहीं होने के बाद, खेल आखिरी पलों में रोमांचक हो गया। बराबरी का गोल खाने के बाद, लांसर्स ने तुरंत पेनल्टी कॉर्नर से जवाब दिया, जब गोलकीपर के पहले बचाव के बाद गेंद 57वें मिनट में बॉबी सिंह धामी के पास चली गई। फॉरवर्ड ने करीब से कोई गलती नहीं की और विजयी गोल करके वेदांता कलिंगा लांसर्स को इस रोमांचक मुकाबले में पूरे तीन अंक दिलाए। इस जीत के साथ, लांसर्स अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।  

हरमनप्रीत कौर का बड़ा बयान: WPL ने बदली टीम इंडिया की सोच, अब और खिताबों पर नजर

नई दिल्ली भारत और मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा है कि भारत सिर्फ एक विश्व कप जीत से संतुष्ट नहीं है। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तान और भारतीय उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि उनका अगला लक्ष्य टी20 विश्व कप 2026 है और डब्ल्यूपीएल उस लक्ष्य तक पहुंचने का एक अहम रास्ता है।   दोनों ने डब्ल्यूपीएल 2026 के उद्घाटन मैच से पहले बताया कि आने वाला यह सीजन किस तरह वनडे चैंपियन को टी20 विश्व कप चैंपियन बनने में मदद कर सकता है। मंधाना ने कहा, 'अगर हम टी20 विश्व कप जीतते हैं, तो बहुत बढ़िया होगा। हमने वनडे विश्व कप जीता है, लेकिन टीम में अभी भी बहुत सी चीज़ें हैं, जिन पर हमें काम करना है। हम सच में ऐसा समय चाहते हैं, जब हम कह सकें कि 'हां हम दुनिया की सबसे बेहतरीन टीम हैं।' मुझे लगता है कि हमें अभी भी बहुत सुधार करना है। मुझे पूरा भरोसा है कि डब्ल्यूपीएल इस अंतर को आने वाले सालों में कम करेगा। जब भी हम भारत के लिए खेलते हैं, हम हमेशा बात करते हैं कि हम सिर्फ़ एक या दो टूर्नामेंट के लिए नहीं, बल्कि पूरे साल दुनिया की सबसे बेहतरीन टीम बनना चाहते हैं। मैं सोचती हूं कि हर डब्ल्यूपीएल हमें उस लक्ष्य के और करीब ले जा रहा है। स्मृति मंधाना ने आगे कहा, ‘वनडे विश्व कप जीते हुए डेढ़ महीना ही हुआ है और डब्ल्यूपीएल उसी लय को आगे बढ़ाएगा। डब्ल्यूपीएल में लौटना हमेशा रोमांचक रहता है क्योंकि घरेलू खिलाड़ी, विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेलते हैं और यह अनुभव महिला क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा है। तो मुझे भरोसा है कि डब्ल्यूपीएल उस मोमेंटम को आगे ले जाएगा, जो हमें विश्व कप ने दिया और उम्मीद है कि यह हमेशा ऐसे ही चलता रहे।’ वहीं हरमनप्रीत कौर ने कहा कि उन्हें यह देखकर ख़ुशी है कि भारतीय टीम में आ रही युवा खिलाड़ी, सीनियर खिलाड़ियों के लक्ष्य से जुड़ी हुई हैं और इसका श्रेय डब्ल्यूपीएल को जाता है, जिसने ‘जीतने वाली सोच’ दी है। उन्होंने कहा, ‘हम सिर्फ़ एक विश्व कप से संतुष्ट नहीं हैं। हमारे पास इस साल और अगले दो-तीन साल में बहुत क्रिकेट है। हर बार जब हम मैदान पर जाते हैं, तो हम सबसे बेहतरीन माइंडसेट के साथ जाना चाहते हैं और वही माइंडसेट हमारे लिए सबसे जरूरी है।’ भारतीय कप्तान ने कहा, ‘अच्छी बात यह है कि सिर्फ़ हम ही नहीं, बल्कि बाक़ी खिलाड़ी भी यही सोचते और बोलते हैं कि हम हमेशा चैंपियन बनना चाहते हैं। इससे दिखता है कि डब्ल्यूपीएल ने हम पर कितना बड़ा असर डाला है।’ हरमनप्रीत ने यह भी समझाया कि यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को दबाव में खेलने के लिए कैसे तैयार करता है। उन्होंने कहा, ‘अब खिलाड़ी अपने कंफ़र्ट ज़ोन में नहीं हैं। वे बहुत मेहनत कर रहे हैं। वे विदेशी खिलाड़ियों के साथ और ख़िलाफ़ खेल रहे हैं, तो वे उनसे बहुत कुछ सीख रहे हैं। अब वह गैप नहीं है, जो पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में महसूस होता था। मुझे लगता है डब्ल्यूपीएल ने हमारी क्रिकेट पर बहुत बड़ा असर डाला है। टीम के तौर पर हमें ख़ुशी है कि हम बड़े लक्ष्य स्थापित कर रहे हैं।’ इंग्लैंड में टी20 विश्व कप शुरू होने में छह महीने से भी कम समय बचा है, ऐसे में मंधाना ने बताया कि डब्ल्यूपीएल उन खिलाड़ियों के लिए मौक़ा है जो अभी भारतीय टीम में नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘जब डब्ल्यूपीएल में नई प्रतिभाएं उभरकर सामने आती हैं, तो यह बहुत रोमांचक होता है। मैं कभी नहीं कहूंगी कि दरवाजे बंद हैं और यहां से किसी को कुछ नहीं मिलेगा। अगर कोई खिलाड़ी बहुत शानदार प्रदर्शन करता है, तो टी20 विश्व कप का मौका जरूर बनता है। वह (हरमनप्रीत) भी इससे सहमत होंगी। लेकिन यह भी देखना होगा कि वह खिलाड़ी कहां फ़िट बैठती है। लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि अगर किसी ने डब्ल्यूपीएल में अच्छा खेला तो हमेशा मौक़ा रहता है।’