samacharsecretary.com

इंग्लैंड की एशेज टीम का ऐलान, दो इंजर्ड खिलाड़ियों की जोरदार वापसी

लंदन  इंग्लैंड ने एशेज दौरे के लिए अपनी 16 खिलाड़ियों की टीम घोषित कर दी है. इसके साथ ही न्यूजीलैंड दौरे के लिए वनडे और टी20 टीमों का भी ऐलान हुआ है.  एशेज की शुरुआत 21 नवंबर से पर्थ में होगी, जिसमें 5 टेस्ट मैच खेले जाएंगे. यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्प‍ियनश‍िप का हिस्सा है. टीम की कप्तानी बेन स्टोक्स करेंगे. वे कंधे की चोट से उबर रहे हैं, जिसकी वजह से वे भारत के खिलाफ आखिरी टेस्ट नहीं खेल पाए थे.इंग्लैंड के लिए अच्छी खबर यह है कि स्पिनर शोएब बशीर और तेज गेंदबाज मार्क वुड टीम में लौट आए हैं. बशीर को लॉर्ड्स टेस्ट में अंगुली की चोट लगी थी और वे भारत सीरीज बीच में ही छोड़कर बाहर हो गए थे. तेज गेंदबाज मार्क वुड भी चोट से उबरकर इंग्लैंड की टेस्ट टीम में लौट आए हैं. वे बाएं घुटने की चोट के कारण टीम से बाहर थे. यह एशेज सीरीज इंग्लैंड का मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैम्प‍ियनश‍िप राउंड का दूसरा असाइनमेंट है. इससे पहले इंग्लैंड ने इस गर्मियों में भारत के खिलाफ पांच टेस्ट की रोमांचक सीरीज खेली थी. इंग्लैंड ने एशेज से पहले न्यूजीलैंड दौरे के लिए व्हाइट-बॉल टीमें भी घोषित की हैं. इस दौरे पर 18 अक्टूबर से 3 वनडे और 3 टी20 मैच खेले जाएंगे. दोनों फॉर्मेट में कप्तानी हैरी ब्रूक करेंगे. इंग्लैंड की एशेज सीरीज के ल‍िए ऑस्ट्रेलिया की 16 सदस्यीय टीम बेन स्टोक्स (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, ब्रायडन कार्स, जैक क्राउली, बेन डकेट, विल जैक्स, ओली पोप, मैथ्यू पॉट्स, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टंग, मार्क वुड न्यूजीलैंड दौरा ODI टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सॉनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, ब्रायडन कार्स, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद, जो रूट, जेमी स्मिथ, ल्यूक वुड न्यूजीलैंड दौरा T20I टीम:  हैरी ब्रूक (कप्तान),  रेहान अहमद, सॉनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, ब्रायडन कार्स, जॉर्डन कॉक्स, जैक क्राउली, सैम करन, लियाम डॉसन, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद, फिल सॉल्ट, ल्यूक वुड इंग्लैंड का न्यूजीलैंड दौरा पहला T20I: 18 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च दूसरा T20I: 20 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च तीसरा T20I: 23 अक्टूबर, ऑकलैंड पहला ODI: 26 अक्टूबर, माउंट माउंगानुई दूसरा ODI: 29 अक्टूबर, हैमिल्टन तीसरा ODI: 1 नवम्बर, वेलिंग्टन ऑस्ट्रेलिया दौरा (एशेज सीरीज 2025-26) पहला टेस्ट: 21-25 नवम्बर, पर्थ दूसरा टेस्ट:: 4-8 दिसम्बर, ब्रिस्बेन तीसरा टेस्ट: 17-21 दिसम्बर, एडिलेड चौथा टेस्ट: 25-29 दिसम्बर, मेलबर्न पांचवां टेस्ट: 3-7 जनवरी 2026, सिडनी

भारत बनाम वेस्टइंडीज: जानें टीम इंडिया का संभावित स्क्वाड और स्टार खिलाड़ी

नई दिल्ली  भारतीय क्रिकेट टीम जल्द ही टेस्ट के लिए एक बार फिर से मैदान में उतरेगी। वेस्टइंडीज की टीम दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारत आने वाली है। इसका पहला मैच 2 अक्टूबर से खेला जाएगा। जल्द ही भारतीय टीम का ऐलान इस सीरीज के लिए होने वाला है।  वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत होंगे दो टेस्ट मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होगी, इसलिए ये और भी ज्यादा अहम हो जाती है। इस सीरीज में भी टीम इंडिया की कमान शुभ​मन गिल ही करते हुए नजर आएंगे। बात अगर सलामी जोड़ी की करें तो वहां पर यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल का नाम करीब करीब पक्का है। तीसरे नंबर पर साई सुदर्शन खेलते हुए नजर आ सकते हैं। नाम तो देवदत्त पडिक्कल का भी चल रहा है कि वे इस सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा हो सकते हैं। ऋषभ पंत अभी तक फिट नहीं हैं, ऐसे में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ध्रुव जुरेल निभाते हुए​ दिखाई देंगे। दूसरे कीपर के लिए एन जगदीशन को मौका दिया जा सकता है। सीरीज चूंकि भारत में हो रही है, इसलिए स्पिनर्स की एक बड़ी फौज इस सीरीज में नजर आ सकती है।  स्पिनर्स की एक बड़ी फौज को मिलेगा मौका स्पिनर्स की बात की जाए तो रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव का नाम प्रमुखता से लिया जा सकता है। बुमराह को लेकर खबर है कि वे कम से कम पहला टेस्ट मैच तो नहीं खेलेंगे, क्योंकि वे अभी एशिया कप में खेल रहे हैं। हो सकता है कि दूसरे टेस्ट में उनकी वापसी हो जाए। यानी अगर ऐसा हुआ तो तेज गेंदबाजी की कमान मोहम्मद सिराज को सौंपी जा सकती है। उनके साथ प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा और नितीश कुमार रेड्डी भी नजर आएंगे।  वेस्टइंडीज सीरीज के लिए 15 खिलाड़ी चुने जाएंगे माना जा रहा है कि सीरीज के लिए बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेटी 15 खिलाड़ी चुन सकती है। सीरीज भारत में ही है तो कोई खिलाड़ी अगर अचानक चोटिल होगा तो उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान तुरंत किया जा सकता है और नया खिलाड़ी को ज्वाइन भी तुरंत कर लेगा। वैसे भी सीरीज में दो ही टेस्ट मैच खेले जाएंगे। उम्मीद की जा रही है कि 24 और 25 सितंबर को कभी टीम घोषित कर दी जाएगी। इससे पहले सेलेक्शन कमेटी की एक बैठक होगी और उसके बाद टीम बता दी जाएगी।  वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए संभावित टीम इंडिया: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, नितीश कुमार रेड्डी, एन जगदीशन।

20 साल बाद ट्रॉफी की वापसी! दिनेश कार्तिक बने भारत के कप्तान, Hong Kong Sixes 2025 की तैयारियाँ शुरू

नई दिल्ली   टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर और मौजूदा दौर में आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मेंटॉर दिनेश कार्तिक के फैंस के लिए खुशखबरी है. दिनेश कार्तिक अब जल्द ही बतौर खिलाड़ी मैदान पर उतरने वाले हैं और बड़ी बात ये है कि वो टीम इंडिया के कप्तान भी बन गए हैं. दिनेश कार्तिक को Hong Kong Sixes 2025 टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कमान सौंपी गई है. ये टूर्नामेंट 7 नवंबर से शुरू होगा और इसका खिताबी मुकाबला 9 नवंबर को खेला जाएगा. बड़ी बात ये है कि दिनेश कार्तिक के अलावा आर अश्विन भी इस टूर्नामेंट में खेलेंगे. आर अश्विन ने हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया है. 20 सालों से चैंपियन नहीं बना भारत Hong Kong Sixes 2025 टूर्नामेंट हॉन्ग कॉन्ग में खेला जाता है. इस टूर्नामेंट में सचिन, धोनी, कुंबले जैसे खिलाड़ी खेल चुके हैं. खुद दिनेश कार्तिक भी पहले ये टूर्नामेंट खेल चुके हैं और इस बार उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी मिली है. बता दें हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट साल 1992 में शुरू हुआ था जिसमें कुल 12 टीमें खेलती हैं. इस टूर्नामेंट को भारत ने एक ही बार साल 2005 में जीता है. पाकिस्तान ने ये टूर्नामेंट पांच बार जीता है. भारतीय टीम ने साल 1992 और 1995 में इस टूर्नामेंट को फाइनल में गंवाया था. अब दिनेश कार्तिक को जिम्मेदारी मिली है कि 20 साल बाद इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया को चैंपियन बनाएं. Hong kong sixes में खराब प्रदर्शन Hong Kong Sixes में पिछले साल भारतीय टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था. रॉबिन उथप्पा टीम के कप्तान थे और टीम एक भी मैच नहीं जीत पाई. भारत को पाकिस्तान के साथ-साथ यूएई से भी हार का सामना करना पड़ा था. पाकिस्तान की टीम ने फाइनल में जगह बनाई थी लेकिन श्रीलंका के खिलाफ उसे मुंह की खानी पड़ी थी. बता दें Hong Kong Sixes टूर्नामेंट में एक टीम में सिर्फ 6 ही खिलाड़ी खेलते हैं. एक पारी 6 ओवर की होती है और हर खिलाड़ी एक ही ओवर फेंक सकता है. टूर्नामेंट में फ्री हिट या नो बॉल नहीं होती. साथ ही अगर कोई खिलाड़ी अर्धशतक बना दे तो उसे रिटायर होना पड़ता है.

क्रिकेट का काला सच: युवराज सिंह समेत स्टार खिलाड़ियों से ED की पूछताछ जारी

नई दिल्ली  भारत के पूर्व स्टार क्रिकेटर युवराज सिंह आज ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी के सामने पेश हुए। ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप ‘वनxबेट’ से जुड़े धन शोधन के मामले में युवराज सिंह को पूछताछ के लिए ईडी ने पेश होने के लिए कहा था। 43 वर्ष के युवराज दोपहर बारह बजे एजेंसी के दफ्तर पहुंचे। आने वाले समय में कई और लोगों से भी इस मामले में पूछताछ होनी है। कुछ क्रिकेटरों के बयान भी ईडी ने दर्ज कर लिए हैं। युवराज समेत तमाम क्रिकेटरों ने इस ऐप का प्रचार अलग-अलग तरीकों से किया था। पीटीआई न्यूज के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने इस हरफनमौला से पूछताछ की और धन शोधन निरोधक अधिनियम के तहत उनके बयान दर्ज किये। एक इन्फ्लुएंसर अन्वेशी जैन भी इसी मामले में पूछताछ के लिए ईडी के समक्ष पेश हुई। ईडी इससे पहले क्रिकेटर सुरेश रैना, शिखर धवन, रॉबिन उथप्पा, टीएमसी की पूर्व सांसद और बांग्ला अभिनेत्री मिमि चक्रवर्ती, अभिनेता अंकुश हाजरा से भी पूछताछ कर चुका है। अभिनेता सोनू सूद को बुधवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इस सट्टेबाजी ऐप के संचालन की जांच ईडी की ऐसे प्लेटफार्मों के खिलाफ व्यापक जांच का हिस्सा है, जिन पर करोड़ों रुपये की ठगी करने और कथित तौर पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष करों की भारी मात्रा में चोरी करने के आरोप हैं। इस जांच के तहत आने वाले दिनों में एजेंसी द्वारा कुछ अन्य खिलाड़ियों, फिल्म अभिनेताओं, ऑनलाइन प्रभावशाली व्यक्तियों और मशहूर हस्तियों से पूछताछ किए जाने की संभावना है। सभी से घंटों पूछताछ की जा रही है। हालांकि, अभी तक कोई बड़ा खुलासा नहीं हुआ है। लगभग आधा दर्जन के करीब बड़ी हस्तियों से ईडी ने पूछताछ की हुई है, लेकिन कोई ठोस सबूत या खुलासा धन शोधन मामले में नहीं हुआ है। हालांकि, अब इस तरह के ऐप हमेशा के लिए प्रतिबंधित कर दिए गए हैं।  

फुटबॉल का सुनहरा क्षण: डेम्बेले और एताना बोन्मटी ने बदल दी खेल की दुनिया

फ्रांस  पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) के स्टार विंगर उस्मान डेम्बेले ने बैलोन डी'ओर अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया है। उस्मान डेम्बेले का यह पहला बैलोन डी'ओर अवॉर्ड है। उन्हें पेरिस में आयोजित समारोह में 2025 का बैलन डी’ऑर खिताब दिया गया। 28 साल के फ्रांसीसी फुटबॉलर ने बार्सिलोना के लामिन यमाल और अपने क्लब साथी विटिन्हा को पछाड़कर फुटबॉल के सबसे प्रतिष्ठित व्यक्तिगत पुरस्कार पर कब्जा जमाया। उन्होंने पिछले सीजन PSG के लिए 53 मैचों में 35 गोल किए। साथ ही 14 गोल असिस्ट किए। इस शानदार प्रदर्शन के चलते वह बैलोन डी'ओर जीतने में सफल रहे। डेम्बेले के लिए यह सफलता बेहद खास है, क्योंकि पिछले कई सालों में वह चोट और निरंतरता की कमी से जूझते रहे थे। लेकिन इस सीजन उन्होंने वह स्थिरता और क्लास दिखाई जिसकी उनसे उम्मीद थी। इससे पहले उन्हें चैंपियंस लीग प्लेयर ऑफ द सीजन का अवॉर्ड भी मिल चुका है, जिसने PSG की ऐतिहासिक यूरोपीय विजय में उनके अहम योगदान को साबित किया। महिला कैटेगिरी में बोन्मटी का जलवा महिला कैटेगिरी में बार्सिलोना की मिडफील्डर एताना बोन्मटी ने लगातार तीसरी बार बैलोन डी'ओर जीतकर इतिहास रच दिया। 26 साल की स्पेनिश स्टार ने इस बार भी अपने शानदार खेल और निरंतरता से महिला फुटबॉल में अपनी बादशाहत कायम रखी, भले ही बार्सिलोना का यूरोपीय अभियान उम्मीद के मुताबिक न रहा हो। जियानलुइगी डोनारुम्मा ने जीती याशिन ट्रॉफी  थिएटर डु शातले, पेरिस में आयोजित 69वें बैलन डी’ऑर अवॉर्ड्स समारोह में PSG के गोलकीपर जियानलुइगी डोनारुम्मा को याशिन ट्रॉफी (बेस्ट गोलकीपर) से नवाजा गया। वहीं, बार्सिलोना की विकी लोपेज़ को विमेंस कोपा ट्रॉफी मिली। इंग्लैंड मैनेजर सरिना वीगमैन और चेल्सी की गोलकीपर हन्ना हैम्पटन भी महिला कैटेगिरी में पुरस्कार पाने वालों में रहीं। इसके अलावा PSG को क्लब ऑफ द सीजन घोषित किया गया। 

महिला क्रिकेट: तीसरे वनडे में धीमी ओवरगति पर भारतीय टीम पर जुर्माना

नई दिल्ली  ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में धीमी ओवरगति के लिये भारतीय महिला क्रिकेट टीम पर मंगलवार को मैच फीस का दस प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। इससे पहले दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलियाई टीम पर भी धीमी ओवर गति के लिए मैच फीस का दस फीसदी जुर्माना लगा था। तीसरे वनडे में मेजबान भारत को स्मृति मंधाना के 125 रन के बावजूद 43 रन से पराजय का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने यह श्रृंखला 2 -1 से जीती। आईसीसी अंतरराष्ट्रीय पैनल की मैच रैफरी जीएस लक्ष्मी ने भारतीय टीम पर जुर्माना लगाया जो निर्धारित समय पर लक्ष्य से दो ओवर पीछे थी। आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘‘धीमी ओवर के अपराध के संबंध में खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिये आईसीसी आचार संहिता की धारा 2 . 22 के तहत खिलाड़ियों पर हर ओवर के लिये मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जायेगा।’’ भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सजा स्वीकार कर ली जिससे औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। तीसरे मैच में भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने इतिहास रचा था। अगर भारतीय टीम मैच जीत गई होती तब तो सोने पर सुहागा रहा होता। मंधाना महज 50 गेंद में शतक जड़कर महिला वनडे क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाली दूसरी खिलाड़ी बन गईं। मंधाना ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज करेन रोल्टन के 2000-01 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाए गए 57 गेंद में बनाए गए रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग 2012-13 सत्र में न्यूजीलैंड के खिलाफ 45 गेंद में शतक बनाया जिससे वह सबसे तेज शतक बनाने वाली खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष पर हैं। मंधाना ने 50 गेंद की शतकीय पारी में 14 चौके और चार छक्के जड़े थे और यह किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे तेज शतक भी है। इस तरह बाएं हाथ की 29 साल की बल्लेबाज ने अपना ही 70 गेंद में शतक बनाने का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया। मंधाना एक ही साल में चार वनडे शतक बनाने वाली पहली महिला बल्लेबाज भी हैं और उन्होंने यह उपलब्धि 2024 में हासिल की थी। दक्षिण अफ्रीका की ताजमिन ब्रिट्स यह उपलब्धि हासिल करने वाली दूसरी बल्लेबाज हैं। ऑस्ट्रेलिया की टैमी ब्यूमोंट के बाद वह महिला वनडे में लगातार दो शतक बनाने वाली दूसरी बल्लेबाज भी बन गई हैं। न्यूजीलैंड की एमी सैटर्थवेट ने 2016-2017 में लगातार चार शतक लगाकर महिला वनडे में सबसे ज्यादा लगातार शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया था।  

वीडियो वायरल: हारिस रऊफ पर बीजेपी ने कसा तंज, ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र

दुबई  एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। पाकिस्तान के 172 रनों के लक्ष्य को भारत ने 7 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। मैच के दौरान पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग करते हुए उंगलियों से 6-0 का इशारा किया, जिसका जवाब दर्शकों ने उन्हें विराट कोहली की याद दिलाकर दिया। रऊफ की इस हरकत पर सोशल मीडिया पर उसकी खूब आलोचना हुई। इतना नहीं, हारिस रऊफ विमान गिरने जैसा इशारा करता भी नजर आया। वह भारतीय क्रिकेट फैंस को भड़काने की कोशिश कर रहा था। अब बीजेपी ने इस घटिया हरकत पर तंज कसते हुए एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना की कार्रवाई को दिखाया गया है। भाजपा की ओर से पोस्ट में कहा गया कि रऊफ ने वही दिखाया, जो उसने देखा था। इस वीडियो में ऑपरेशन सिंदूर की क्लिप दिखाई गई है, जब भारतीय सेना ने बीते दिनों पाकिस्तान में जमकर तबाही मचाई थी। पाकिस्तानी खिलाड़ियों से नहीं मिलाया हाथ बता दें कि भारतीय बल्लेबाजों ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की, जिससे पाकिस्तान की टीम दबाव में आ गई। अभिषेक शर्मा ने 74 और शुभमन गिल के 47 रन की मदद से 105 रनों की शानदार साझेदारी हुई, जिसने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। पाकिस्तान की पारी में भारत के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके चलते पाकिस्तान 171 रनों पर सिमट गया। भारत की ओर से अभिषेक और गिल ने 9वें ओवर में ही स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया। हालांकि, फहीम ने गिल को बोल्ड कर साझेदारी तोड़ी और रऊफ ने सूर्यकुमार यादव को आउट किया, लेकिन भारत ने आसानी से जीत हासिल कर ली। इस जीत के बाद भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी टीम से हाथ नहीं मिलाया, जो लीग मैच की तरह ही चर्चा का विषय बना।

क्रिकेट महाकाव्य: भारत-बांग्लादेश मुकाबला, सुपर 4 में जीत का शानदार आगाज

दुबई एशिया कप 2025 के सुपर 4 फेज की शुरुआत भारत ने धमाकेदार अंदाज में की। अपने पहले मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को रौंद दिया। अब उसके सामने सुपर 4 चरण के अगले मैच में बुधवार को बांग्लादेश है। बांग्लादेश ने भी सुपर 4 की शुरुआत जीत के साथ की है। बांग्लादेश ने श्रीलंका को हराया था। ऐसे में इंडिया वर्सेस बांग्लादेश मैच काफी दिलचस्प होगा और इस मुकाबले में नजरें दोनों टीमों के स्पिनरों पर रहेंगी। आंकड़ों के आधार पर देखा जाए तो यह मुकाबला भी एकतरफा रहने की उम्मीद है, क्योंकि दोनों टीमों के बीच 17 टी20 मैच खेले गए हैं। इनमें से बांग्लादेश एक ही मैच जीत सका है। वनडे विश्व कप 2015 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर रोहित शर्मा को संदेह का लाभ देते हुए ‘नॉट आउट’ करार दिए जाने के बाद से दोनों टीमों के मुकाबले तनाव से भरे रहे हैं। शेख हसीना सरकार के गिरने के बाद से भारत के बांग्लादेश के साथ राजनयिक संबंध भी तनावपूर्ण रहे हैं। बीसीसीआई ने इस साल अगस्त में बांग्लादेश में होने वाली सफेद गेंद की सीरीज भी 2026 तक स्थगित कर दी बशर्ते वहां लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार सत्तारूढ हो। कागजों पर बांग्लादेशी टीम भारत के सामने कहीं नहीं ठहरती और सूर्यकुमार यादव की टीम एक और शानदार जीत की प्रबल दावेदार है, लेकिन इस प्रारूप में कुछ भी कयास लगाना संभव नहीं है और बांग्लादेश के स्पिनर बेहतर प्रदर्शन करके पासा पलट भी सकते हैं। हालांकि, बल्लेबाजी में बांग्लादेश का भारत से कोई मुकाबला नहीं है। भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में हैं और 210 की औसत से रन बना रहे हैं। वहीं, शुभमन गिल का पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बाद स्ट्राइक रेट 158 के आसपास है। बांग्लादेश के दो सर्वश्रेष्ठ टी20 बल्लेबाज कप्तान लिटन दास (129 प्लस) और तौहीद ह्र्दय (124 प्लस) के आंकड़े भी दमदार नहीं हैं। बांग्लादेश चाहेगा कि भारत पहले बल्लेबाजी करें और तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान के साथ उसके स्पिनर रिशाद हुसैन और आफ स्पिनर मेहदी हसन जल्दी विकेट निकालें। भारत को 150-160 रन पर रोकने की दशा में ही बांग्लादेश के लिये कोई उम्मीद बनेगी। भारत के लिये चिंता की मामूली बात तिलक वर्मा का स्पिनरों को अच्छे से नहीं खेल पाना है। ‘क्रिकमेट्रिक’ विश्लेषण साइट के अनुसार तिलक का स्ट्राइक रेट 2025 में स्पिन के खिलाफ कम रहा है। उन्होंने 2024 में स्पिनरों की 61 गेंद खेलकर 116 रन बनाये जबकि डॉट गेंद का प्रतिशत 21.3 रहा है। इस साल उन्होंने सात पारियों में स्पिनरों की 80 गेंद खेलकर 92 रन बनाये और डॉट गेंदों का प्रतिशत 38 रहा है।तिलक और संजू सैमसन दोनों चौथे या पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं और ऐसे में स्पिनरों को बखूबी खेलना जरूरी है। तिलक की तुलना में रिंकू सिंह स्पिनरों को बेहतर खेल पाते हैं लेकिन भारतीय टीम प्रबंधन संयोजन में ज्यादा छेड़छाड़ नहीं करना चाहता। टीमें इस प्रकार हैं भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, हर्षित राणा, रिंकू सिंह। बांग्लादेश: लिटन दास (कप्तान, विकेटकीपर), तंजीद हसन, परवेज हुसैन इमोन, सैफ हसन, तौहीद हृदोय, जेकर अली, शमीम हुसैन, नुरुल हसन, महेदी हसन, रिशाद हुसैन, नसुम अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, तंजीम हसन, तस्कीन अहमद, शोरफुल इस्लाम, मोहम्मद सैफुद्दीन। मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा।  

हार के ग़म में या मस्ती में? पाकिस्तान में टीवी तोड़ने का नया चलन

नई दिल्ली शुरुआत निराशा से हुई थी। हार के गम में हुई थी। अपनी टीम के प्रति गुस्से में हुई थी। बहुत ज्यादा उम्मीद लगा लेने के बाद छन्न से उसके चकनाचूर होने से हुई थी। लेकिन वो शुरुआत अब सिलसिला है। अब तो जैसे दस्तूर है। हम बात कर रहे हैं भारत के साथ क्रिकेट मैचों में पाकिस्तान में टीवी तोड़े जाने की। भारत की लगातार श्रेष्ठता से टीवी चैनलों के दौर में जो चीज दस्तूर बनी थी, अब सोशल मीडिया के दौर में जैसे पर्व बन गया है। अब तो पाकिस्तानी खुद के एंटरटेनमेंट के लिए ही टीवी तोड़ने लगे हैं। उनकी टीम अपने खेल से एंटरटेन नहीं कर पाती तो फैन टीवी तोड़ने का वीडियो और रील बनाकर खुद ही खुद को मजे देने लगे हैं। पाकिस्तान में भारत के खिलाफ मैच में के दौरान या बाद में टीवी तोड़ने की इस रस्म या दस्तूर की नींव तो सचिन तेंदुलकर के जमाने में ही पड़ गई थी। ब्लैक ऐंड वॉइट टीवी, डिब्बे वाली कलर टीवी के दौर में। तब से टीवी बहुत बदल गई। डिब्बे जगह एलसीडी टीवी आई। फिर एलईडी आई। फिर स्मार्ट टीवी का दौर शुरू हुआ। टीवी इतनी बदल गई लेकिन अगर कुछ नहीं बदला तो वो पाकिस्तान में भारत के साथ मैच के दौरान उन टीवी का तोड़ा जाना। डब्बे और बक्से वाली ब्लैक एंड वाइट भी टूटी। डब्बे वाली रंगीन टीवी भी टूटी। अब स्मार्ट टीवी भी टूट रही हैं। अब तो पाकिस्तानी मजे के लिए ही टीवी तोड़ देते हैं क्योंकि उनकी टीम तो अपने प्रदर्शन से मजा देने से रही। इस बार एशिया कप में भारत और पाकिस्तान अब तक दो बार भिड़ चुकी है। दोनों ही बार भारत ने पाकिस्तान को रगड़-रगड़ कर, धो-धोकर पीटा है। रविवार को सुपर-4 के मैच में अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की ऐसी धुनाई की जैसे धुनिया रूई को धुनता है। शर्मा ने भारतीय पारी की पहली ही गेंद पर पाकिस्तान के ओवररेटेड तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी का जैसे मनोबल ही तोड़ दिया। पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा। अभिषेक शर्मा ने ऐसी धुनाई की कि पाकिस्तानी फैन जैसे सदमे में आ गए। सोशल मीडिया पर इस बीच एक वीडियो सामने आया है जिसमें पाकिस्तानी क्रिकेट टीम की जर्सी पहना एक शख्स टीवी तोड़ देता है। गुस्से में वह और सामानों की तोड़फोड़ की कोशिश करता है लेकिन उसके साथी उसे रोक लेते हैं। वीडियो में दिख रहा है कि एक बड़ी स्क्रीन वाली टीवी पर भारत-पाकिस्तान का मैच चल रहा है। अभिषेक शर्मा पाकिस्तानी गेंदबाजों की ताबड़तोड़ पिटाई कर रहे होते हैं। इसी दौरान जैसे ही वह एक सिक्स जड़ते हैं, पाकिस्तानी फैन ने वहां रखी एक छोटी टीवी को तोड़ देता है। तभी वहां मैच देख रहे उसके बाकी साथी तेजी से लपकते हुए उसे काबू में करते हैं। बाद में वह निराश होकर, मुंह लटकाकर वही बैठ जाता है। बड़ी टीवी के बजाय छोटी टीवी को तोड़ना तो यही दिखाता है कि जैसे जानबूझकर वीडियो बनाने के लिए ऐसा किया गया है। लेकिन इससे आप पाकिस्तानी फैंस की हताशा, निराशा और कुंठा के स्तर का अंदाजा भी लगा सकते हैं कि अब वे रील तक के लिए टीवी तोड़ दे रहे। भारत के खिलाफ मैच में उनके खिलाड़ी उनका मनोरंजन नहीं कर पा रहे तो बेचारे खुद ही खुद का मनोरंजन करने लग गए हैं टीवी तोड़कर। जैसे टीवी तोड़ना आक्रोश से ज्यादा मनोरंजन की चीज हो गई है, जैसे उसका चकनाचूर होना नियति बन गई हो। जैसे पाकिस्तान में टीवी का टूटना पाकिस्तानियों के लिए पर्व हो गया हो।  

ऑस्ट्रेलिया की धरती पर चमका भारतीय सितारा, वैभव सूर्यवंशी ने उगला रन-विस्फोट

मेलबोर्न इस साल आईपीएल में तूफानी शतक से चर्चा में आए 16 साल के वैभव सूर्यवंशी तबसे लगातार अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से चर्चाओं में ही रह रहे हैं। आईपीएल के बाद इंग्लैंड दौरे पर अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से अंग्रेज प्रशंसकों तक का दिल जीत लिया। अब अंडर-19 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी कमाल कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंडर-19 वनडे सीरीज के पहले मैच में उन्होंने बल्ले से ऐसे गर्दा उड़ाया कि उनकी मैच विनिंग पारी का वीडियो वायरल हो रहा है। अंडर-19 भारतीय टीम 3 वनडे और 2 टेस्ट मैच की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। वनडे टीम की कप्तानी आयुष म्हात्रे कर रहे हैं और टीम में वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं। 21 सितंबर को दोनों टीमों के बीच पहला वनडे खेला गया। दूसरा मैच 24 सितंबर और तीसरा मैच 26 सितंबर को है। उसके बाद 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक पहला टेस्ट खेला जाएगा। 7 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट है। पहले वनडे में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से भारतीय फैंस तो छोड़िए, ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटप्रेमियों को भी अपना मुरीद बना लिया है। उनकी बल्लेबाजी के वीडियो ऑस्ट्रेलियाई मीडिया में छाए हुए हैं। क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू ने अपने एक्स हैंडल से वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी का एक मोंटाज बनाकर शेयर किया है। उसके साथ लिखा है- वैभव सूर्यवंशी का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला मैच बहुत ही एंटरटेनिंग था। क्लिप में दिख रहा है कि सूर्यवंशी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर रहे हैं। मैदान के लगभग हर कोने में चौके जड़ रहे हैं। वह छक्का भी लगाते दिखते हैं। पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 225 रन बनाए। जवाब में भारत ने 31वें ओवर में ही सिर्फ 3 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। ओपनिंग करने आए वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 22 गेंद में 38 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और एक छक्का लगाया। उनका स्ट्राइक रेट 172.73 रहा। वेदांत त्रिवेदी ने 69 गेंद में नाबाद 61 और विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने 74 गेंदों में 87 रन की नाबाद पारी खेली।