samacharsecretary.com

भागलपुर में सरस्वती विसर्जन के दौरान बमबाजी में 4 घायल

भागलपुर. लोदीपुर थानाक्षेत्र के गोहारियों गांव के वार्ड संख्या 14 में सरस्वती पूजा की मूर्ति विसर्जन शोभा के दौरान बमबाजी में चार लोग जख्मी हो गए। घटना शनिवार की देर रात तब घटी जब मंडल टोला के दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान जमकर मारपीट हुई। इसके बाद विवाद बढ़ा तो बमबाजी की घटना सामने आई। बमबाजी में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घायलों में नीरज कुमार उम्र 22 वर्ष, गौतम कुमार उम्र 25 वर्ष, मेघु मंडल उम्र 55 वर्ष और छोटू कुमार उम्र 18 वर्ष शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है। पुलिस गांव में कैंप कर रही है। डीजे बजाने को लेकर हुआ था विवाद जख्मी युवकों ने पुलिस को जानकारी दी है कि सरस्वती पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे बजाया जा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट होते देख डीजे चालक ने गाड़ी को पास में ही खड़ा कर दिया। इसके बाद चालक अपने भाई और चाचा के साथ घर जाने लगा। इसी क्रम में अचानक दो बार बम फेंका गया। बमबाजी की घटना में वह स्वयं, उसका भाई और उसके चाचा घायल हो गए। अचानक हुए दो धमाके से आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे। अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई। भारी पुलिस बल तैनात घायलों में नीरज कुमार के एक पैर में बम के स्प्लिंटर लगने से गहरा जख्म हो गया है। गौतम कुमार के कमर में गंभीर चोट आई है। मेघु मंडल की कमर और पैर बुरी तरह झुलस गये हैं, जबकि छोटू कुमार का मुंह में जख्म लगा है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव मायागंज अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के इलाज की जानकारी ली और बेहतर इलाज करने का अनुरोध किया। घटना के बाद सिटी एसपी शैलेन्द्र सिंह, डीएसपी और लोदीपुर थानाध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव में कैंप कर हालात नियंत्रित कर लिया है। बमबाजी करने के आरोपितों का सत्यापन कर लिया गया है। उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की बात एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कही है।

धीरेंद्र शास्त्री बोले- ‘हिंदुओं को चादर चढ़ाते देख पीड़ा होती है’

कोटा. कोटा में आयोजित श्रीराम कथा के दूसरे दिन बागेश्वर धाम के महंथ पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने बयानों से हलचल मचा दी। उन्होंने कहा कि मैं जब हिन्दू भाइयों को सिर पर रुमाल बांधने वालों के पास जाता देखता हूं तो बुरा लगता है। चमत्कारों के नाम पर धर्मांतरण नहीं होना चाहिए। बालाजी ने हमें सिद्धि दी है ताकि धर्म विरोधियों की ठठरी और गठरी बांधी जाए। इस भव्य कार्यक्रम में राजस्थान और मध्य प्रदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। शनिवार को करीब तीन लाख लोग मौजूद रहे। चमत्कार के नाम पर धर्मांतरण कराना गलत धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि चमत्कार के नाम पर धर्मांतरण कराना गलत है। हम जब हिंदुओं को चादर चढ़ाते देखते हैं तो बहुत बुरा लगता है। हम जब हिंदुओं को रुमाल वालों के पास जाते हुए देखते हैं तो बहुत बुरा लगता है। तब हमें लगता है कि बाला जी ने हमें इसीलिए सिद्धि दी है ताकि धर्म विरोधियों की ठठरी और गठरी बांधी जाए। चमत्कारों के नाम पर धर्मांतरण नहीं होना चाहिए। अपने बजरंग बली किसी से कम नहीं हैं। दूसरे मजहब के संतों को चुनौती धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हम हिंदुओं से प्रार्थना करते हैं कि अपने बजरंगबली किसी से कम नहीं हैं। ऐसी कोई गली नहीं, जहां बजरंगबली की चली नहीं… मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि सनातनियों को छोड़कर किसी भी मजहब के संतों में इतनी हिम्मत नहीं है कि वे बागेश्वर धाम सरकार का सामना कर लें। पैंट गीला कर दिया जाएगा। यह बात मैं अभिमान में नहीं बोल रहा हूं। मैं यह बात केवल हनुमान जी के भरोसे पर कह रहा हूं। पर्ची कार्यक्रम भी रखा शनिवार को कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने पर्ची कार्यक्रम भी रखा। इस दौरान उन्होंने चुनिंदा भक्तों की पर्ची खोली और उनके बारे में बताया। पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनने के लिए रोजाना लाखों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। कोटा संभाग के कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़ के अलावा राजस्थान के दूसरे जिलों के साथ ही मध्य प्रदेश के कई जिलों से भी लोग कथा सुनने पहुंच रहे हैं। रविवार को कई साधु संतों के आने की संभावना है।

रांची में गणतंत्र दिवस पर कल सुबह छह से रात 10 बजे तक रहेगी नो एंट्री

रांची. रांची में गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को मोरहाबादी मैदान में भव्य तरीके से झंडोत्तोलन कार्यक्रम का आयोजन होगा। मोरहाबादी मैदान में होने जा रहे कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार झंडा फहराएंगे। आयोजन में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए प्रशासन ने पुख्ता व्यवस्था कर ली है। सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए यातायात रूट में बदलाव कर दिया गया है। इसी के मद्देनजर सोमवार सुबह छह से रात 10 बजे तक शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश नहीं हो सकेगा। वहीं, जो वाहन शहर में इंट्री करेंगे, उनका भी मार्ग निर्धारित कर दिया गया है। इसके अलावा मोरहाबादी मैदान में समारोह में शामिल होने वाले वीवीआईपी समेत अन्य लोगों के वाहनों की पार्किंग का स्थल भी प्रशासन ने निर्धारित कर दिया है। ऐसे पहुंचेंगे वीवीआईपी के वाहन समारोह स्थल ● राज्यपाल का कारकेड एटीआई मोड़ से सिदो-कान्हू पार्क मोड़, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि मोड़, राजकीय गेस्ट हाउस से बायें होकर वीवीआईपी प्रवेश द्वार से मंच तक आएगा। ● हाईकोर्ट से न्यायाधीश का वाहन एटीआई मोड़ से सिदो-कान्हू पार्क मोड़, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि मोड़, राजकीय गेस्ट हाउस से बायें मोड़कर वीवीआईपी प्रवेश द्वार तक आएगा। ● हाईकोर्ट से न्यायाधीश का वाहन एटीआई मोड़ से सिदो-कान्हू पार्क मोड़, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि मोड़, राजकीय गेस्ट हाउस से बायें मोड़कर वीवीआईपी प्रवेश द्वार तक आएगा। ● केंद्र और राज्य सरकार के पदाधिकारियों की गाड़ियां हॉटलिप्स चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक, उपायुक्त आवाज होते हुए कार्यक्रम स्थल तक जा सकेंगे। इन ड्रॉप गेट का रखें ध्यान ● डीसी आवास से मोरहाबादी मैदान के पास, मोरहाबादी सब्जी बाजार मोड़ के समीप ● स्टेट गेस्ट हाउस मोड़, आर्मी मैदान के पास, सिदो-कान्हू पार्क मोड़, हॉकी स्टेडियम के पास ● रजिस्ट्री ऑफिस के सामने मोरहाबादी मैदान मार्ग में ● बिजली ऑफिस के पास ट्रांसफार्मर मोड़ के समीप बड़े वाहन से शहर में आने वाले ध्यान दें ● कांके से रांची आने वाले वाहनों को बोड़ेया तक आने दिया जाएगा ● चाईपासा-खूंटी से आने वाली गाड़ियां बिरसा चौक तक आ सकेंगी ● गुमला-चाईबासा से आ रहे वाहन कटहल मोड़ तक ही इंट्री करेंगे ● जमशेदपुर से आने वाली गाड़ियां सदाबाहर चौक तक आ सकेंगी ● कांके होकर पतरातू से आने वाले वाहन लॉ यूनिवर्सिटी तक आएंगे ● बूटी मोड़ से कोकर जाने वाले वाहनों को बूटी मोड़ तक प्रवेश मिलेगा ● तिलता चौक से पिस्का मोड़ आ रहे वाहन पंडरा बाजार तक आ सकेंगे यहां पर होगी पार्किंग की व्यवस्था ● राज्यपाल और वीवीआईपी के वाहनों की पार्किंग मुख्य मंच के पीछे होगी ● अफसरों के वाहन मंच के पश्चिम नीलांबर-पितांबर पार्क के बगल में लगेंगे ● नारंगी पासयुक्त वाहनों की पार्किंग के लिए मुख्य मंच से पश्चिम में व्यवस्था ● हरा पासयुक्त वाहनों की पार्किंग बापू वाटिका के सामने बने पार्किंग स्थल में होगी ● सामान्य वाहनों के लिए टीआरआई के सामने मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

गुजरात में इनोवा के ऊपर ट्रक पलटने से 7 राजस्थानियों की मौत

जयपुर. गुजरात के बनासकांठा जिले में भीषण सड़क हादसे में राजस्थान के 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि इनोवा कार के परखच्चे उड़ गए और शव गाड़ी के अंदर ही फंस गए। दुर्घटना के बाद पालनपुर–आबू हाईवे पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। यह हादसा अमीरगढ़ तालुका के इकबालगढ़ गांव के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार आइसर ट्रक रॉन्ग साइड से आ रहा था। ट्रक अचानक डिवाइडर तोड़ते हुए सामने से आ रही इनोवा कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इनोवा पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार यात्रियों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने मारी टक्कर पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल आइसर ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर GJ-19-AX-8823 है, जबकि इनोवा कार का नंबर RJ-22-TA-3107 बताया गया है। इनोवा में कुल 10 लोग सवार थे, जो राजस्थान से गुजरात की ओर जा रहे थे। हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक तेज रफ्तार में था और अचानक डिवाइडर पार कर गया। इससे इनोवा चालक को संभलने का मौका ही नहीं मिला। टक्कर के बाद ट्रक भी पलट गया और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हाईवे पर लगा लंबा जाम हादसे के बाद पालनपुर–आबू हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब 5 किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया, तब जाकर आवागमन धीरे-धीरे शुरू हो सका। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा सूचना मिलते ही अमीरगढ़ पुलिस का काफिला पीआई बी.डी. गोहिल के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंचा। इसके साथ ही बनासकांठा एसपी प्रशांत सुम्बे भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से इनोवा में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। शवों को सरकारी अस्पताल में रखवाया हादसे में जान गंवाने वाले सभी 7 लोगों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक और घायल राजस्थान के निवासी हैं। ट्रक चालक पर मामला दर्ज अमीरगढ़ पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण ट्रक चालक की लापरवाही और रॉन्ग साइड ड्राइविंग को माना जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रक की रफ्तार कितनी थी और चालक ने ट्रैफिक नियमों का पालन क्यों नहीं किया। एसपी का बयान बनासकांठा एसपी प्रशांत सुम्बे ने बताया अमीरगढ़ के इकबालगढ़ गांव के पास राजस्थान की ओर से आ रहा आइसर ट्रक डिवाइडर पार कर इनोवा कार से टकरा गया। कार में सवार 10 लोगों में से 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी पीड़ित राजस्थान के निवासी हैं। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।”

कन्हौली में बनेगा नया स्टैंड, दूसरे राज्यों से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

पटना. बिहार से दूसरे राज्यों में जाने के लिए अब लोगों को ज्यादा परेशानी झेलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. कन्हौली में नया बस स्टैंड बनेगा, जिसका नाम पाटली बस टर्मिनल होगा. यह बस स्टैंड लगभग 50 एकड़ की जमीन पर बनाया जाएगा. नए बस स्टैंड के लिए जमीन कन्हौली मौजा के थाना नंबर-69 में है. यहां जमीन अधिग्रहण होने पर किसी का घर उजड़ने की भी कोई संभावना नहीं है. पटना के डीएम ने क्या दिया आदेश? डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने इस जमीन की खरीद-बिक्री करने से मना किया है. अभी वह जमीन खेती की है. फिलहाल जमीन का उपयोग रेसिडेंशियल और कॉमर्शियल तौर पर किया जा रहा है. जमीन देने वाले मालिकों के परिवारों को आवासीय सहायक सड़क इलाका वाला मुआवजा मिलेगा. जानकारी के मुताबिक, कन्हौली में बस टर्मिनल बनाने की योजना साल 2019 में ही बनाई गई थी. पाटलिपुत्र में बने बस स्टैंड से अभी क्या हो रही परेशानी? पटना का पाटलिपुत्र बस टर्मिनल बैरिया में बना है. यह बस टर्मिनल लगभग 25 एकड़ में बनाया गया है. लेकिन इसे 40 एकड़ की जमीन पर बनाने की योजना तैयार की गई थी. पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से बिहार के जिलों के साथ-साथ इंटर स्टेट बसों को चलाने में काफी परेशानी हो रही. इस बस स्टैंड पर दबाव भी बढ़ता जा रहा है. ऐसे में कन्हौली में अब बस स्टैंड के बनने से लोगों को बड़ी सहूलियत मिल सकेगी. नए बस स्टैंड से क्या होंगे फायदे? नए बस स्टैंड के बनने से लोगों को जाम का झंझट नहीं झेलना पड़ेगा. खास बात यह भी है कि नया बस स्टैंड पटना रिंग रोड पर होगा, जिससे दूसरे जिलों और राज्यों में भी आने-जाने में ज्यादा परेशानी लोगों को नहीं झेलनी पड़ेगी. संभावना जताई जा रही है कि पाटली बस टर्मिनल से 5 हजार से भी ज्यादा बसें चलाई जायेंगी. बस स्टैंड के बनने से आस-पास के इलाके का भी डेवलपमेंट हो सकेगा.

हरियाणा में पत्रकारों के कल्याण के लिए मंत्री विज ने दी 31 लाख की सहायता

चंडीगढ़. हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए पत्रकारों की स्वतंत्रता अति आवश्यक है क्योंकि लोकतंत्र के चार स्तंभों (विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और मीडिया/प्रैस) में से एक स्तंभ भी कमजोर होगा तो लोकतंत्र डगमगा जाएगा। विज ने कहा कि स्वतंत्र लोकतंत्र तभी रह सकता है, जब पत्रकार अपनी जिम्मेदारी का सही निर्वहन करें क्योंकि आज के युग में पत्रकार सीसीटीवी की तरह होने चाहिए और समाज की हर गतिविधि को सरकार तक पहुंचाने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने हेतू एक सेतू की तरह कार्य करें। इसके अलावा, श्री विज ने कहा कि मीडिया जगत में कार्य करने वाले पत्रकारों को डिजीटल/तकनीक का भी सटीक रूप से प्रयोग करना चाहिए ताकि सच दुनिया को बताया जा सकें। विज आज अंबाला में कार्यक्रम में बतौर मुख्य-अतिथि उपस्थित पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने मीडिया वैल बिंग एसोसिएशन की गतिविधियों एवं पत्रकारों के कल्याण हेतू 31 लाख रूपए की राशि अपने ऐच्छिक कोष से देने की घोषणा की। मीडिया समाज का दर्पण है- विज विज ने कहा कि मीडिया समाज का दर्पण होता है तथा सरकार व जनता के बीच मीडिया एक मजबूत कड़ी होता है, जो जनता की आवाज को सरकार तक तथा सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी नीतियों को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र प्रणाली में चार स्तंब होते है जिनमें विधायिका, कार्य पालिका, न्याय पालिका और मीडिया/प्रैस होती है तथा मीडिया/प्रैस का विधायिका, कार्य पालिका और न्यायपालिका पर नजर रखने का दायित्व मीडिया/प्रैस का होता है क्योकि मीडिया समाज के दर्पण के रूप में अपना काम करता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आपातकाल तक पत्रकारिता का मुख्य उदेश्य सामजिक दायित्व को निभाते हुए राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करना रहा है।  डिजीटल क्रांति की गति ने नए पहिए लगा दिए- विज ऊर्जा मंत्री ने कहा कि समय के अनुसार मीडिया जगत में आधुनिकता का संलग्न हुआ है और डिजीटल क्रांति ने मीडिया को सशक्त किया है। उन्होंने कहा कि आज की पत्रकारिता में डिजीटल क्रांति की गति ने नए पहिए लगा दिए हैं। आज हम डिजीटल क्रांति से जुडक़र ब्रेकिंग न्यूज में जी रहे हैं और इंटरनेट और स्मार्टफोन ने पत्रकारिता को ड्राइंग रूम से निकालकर हर इंसान की हथेली में पहुंचा दिया है क्योंकि कही पर भी यदि कोई घटना होती है तो वह अब मोह्ल्ले या शहर में ना रहकर देश और विदेश में सैकेंडों लोगों तक पहुंच जाती है और यह सब डिजीटल क्रांति की देन है। श्री विज ने कहा कि समाज की हर गतिविधि पर फोक्स रखने के लिए मीडिया का दायित्व रहता है मीडिया को अपने दायित्व को सहजता और सटीकता से निभाना होगा क्योंकि फेक न्यूज, पेड न्यूज और क्लिकबेट पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर सवाल खडे कर रहे हैं। नए तकनीक/आविष्कारों के साथ चलना होगा- विज विज ने कहा कि उनका मानना है कि आज दुनिया में जो भी नए आविष्कार हो रहे हैं हमें उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलना होगा और नई तकनीक को सीखना होगा। उन्होने कहा कि आज यहां पत्रकारिता जगत में युवाओं को लाने पर बल दिया गया है लेकिन उनके अनुसार इस कार्य में ओर भी आवश्यकता है जिस प्रकार विभागों में कार्य की दक्षता बेहतर हो, उसके लिए प्रशिक्षण दिया जाता है, उसी प्रकार जर्नलिस्म के क्षेत्र में भी इसे करने की जरूरत है यानि जिनका जर्नलिस्म में तकनीक अपनाने के साथ-साथ अन्य अनुभव है उनके द्वारा नई तकनीक के बारे में पत्रकारों को जानकारी देना जरूरी है और ऐसा होने से पत्रकारिता ओर सशक्त होगी।

जयपुर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, 400 वाहनों के कटे चालान

जयपुर. गणतंत्र दिवस के मद्देनजर राजधानी जयपुर की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान शहर के सभी थाना इलाकों में दो चरणों में आकस्मिक नाकाबंदी की गई, जिससे नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर पहली आकस्मिक नाकाबंदी दोपहर 3:30 से शाम 5:30 बजे तक की गई, जबकि दूसरी रात 8:00 से 9:00 बजे के बीच हुई। शहर के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील इलाकों और प्रवेश मार्गों पर भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा। संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई और चालकों के दस्तावेज की गहन जांच की गई। कार्रवाई में सर्वाधिक जब्ती एसयूवी की हुई है। आंकड़ों में कार्रवाई का लेखा-जोखा 17 वाहन शराब पीकर वाहन चलाने पर जब्त किए गए 401 वाहनों के चालान यातायात नियमों की अनदेखी पर किए गए 196 वाहनों को बिना वैध दस्तावेज और नियमों के गंभीर उल्लंघन पर जब्त किया गया 6 अन्य संदिग्ध मामलों में भी कार्रवाई की गई 250 चालान और जब्ती की कार्रवाई यातायात पुलिस ने की सुरक्षा के कड़े इंतजाम पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा सर्वोपरि है। इस तरह की आकस्मिक नाकाबंदी आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सुरक्षा जांच में सहयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। देर रात तक चली इस कार्रवाई से अराजक तत्वों में भय का माहौल देखा गया। आकस्मिक नाकाबंदी की गई – यातायात नियमों की पालना और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आकस्मिक नाकाबंदी की गई। नियमों की घोर अवहेलना करने पर वाहन जब्त किए गए। – राहुल प्रकाश, स्पेशल पुलिस कमिश्नर, जयपुर

पटना में गणतंत्र दिवस पर कल गांधी मैदान इलाके का बदलेगा ट्रैफिक

पटना. गांधी मैदान में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मुख्य राजकीय समारोह के दौरान सुबह सात बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक फ्रेजर रोड व गांधी मैदान के आसपास के कई मार्गों पर सामान्य व व्यावसायिक वाहन नहीं चल सकेंगे। डीएम व एसएसपी की संयुक्त बैठक के बाद एसपी ट्रैफिक ने कई अन्य मार्गों के रूट में बदलाव किया है। हालांकि, एंबुलेंस व अग्निशमन जैसी आपातकालीन सेवाओं पर यह नियम लागू नहीं होगा। महिलाओं व विद्यार्थियों के लिए अलग प्रवेश द्वार व दीर्घाएं हैं। दोपहिया व चारपहिया वाहनों की पार्किंग उद्योग भवन के सामने सड़क किनारे की गई है। मुख्य मार्ग और आरक्षित रूट डाकबंगला चौराहे से जेपी गोलंबर (मौर्या होटल मोड़) तक का मार्ग केवल राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री व विशेष अतिथियों के काफिले के लिए आरक्षित रहेगा। डाकबंगला चौराहे से गांधी मैदान (चिल्ड्रेन पार्क) तक सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड में प्रवेश वर्जित रहेगा। कोतवाली टी से पुलिस लाइन तक (बुद्ध मार्ग में) पूर्व की ओर जाने वाले सभी रास्ते बंद रहेंगे। सामान्य व कार्मशियल वाहन वोल्टास मोड़ से विद्यापति मार्ग होते हुए पुलिस लाइन तिराहा तक जा सकते हैं। छज्जूबाग (एसडीओ आवास) से जेपी गोलंबर की ओर व बुद्ध मार्ग में छज्जूबाग मोड़ से एसडीओ आवास की तरफ परिचालन बंद रहेगा। जेपी गंगा पथ (कमिश्नर कार्यालय के सामने) से सिर्फ पासधारक वाहन एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट और गांधी मैदान की ओर जा सकेंगे। वाहनों का रूट डायवर्जन – फ्रेजर रोड से आने वाले निजी वाहन डाकबंगला चौक से पूर्व मुड़कर भट्टाचार्य चौक-पीरमुहानी-नाला रोड की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। गलती से कोई वाहन एग्जीबिशन रोड (ब्रज किशोर पथ) में चला जाए तो उसे बिग बाजार के पास से वापस भट्टाचार्या चौक की ओर भेजा जाएगा। इंजीनियरिंग कालेज से गांधी मैदान चौराहा वाली नगर बस सेवा 26 जनवरी को मछुआटोली, दरियापुर तिराहा, नाला रोड, पीरमुहानी, पटना जंक्शन तक जाएंगे व इसी मार्ग से वापस जाएंगे। वहीं, आटो, ई-रिक्शा पटना जंक्शन, न्यू डाकबंगला रोड, भट्टाचार्य चौक, एग्जीबिशन रोड (बिग बाजार तक), वापस भट्टाचार्य मोड़, सीडीए बिल्डिंग, गोरियाटोली से पटना जंक्शन आएंगे। पटना सिटी की ओर आने वाले व्यावसायिक वाहन, मुसल्लहपुर हाट, बारी पथ, खजांची रोड (दक्षिण) और यहीं से वापस लौटेंगे।

हरियाणा 5700 करोड़ रुपये से बनेगा पहला वाटर सिक्योर राज्य

चंडीगढ़. मुख्यमंत्री नायब सैनी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विश्व बैंक द्वारा लगभग 3 दशकों के उपरांत हरियाणा को जल क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 'जल संरक्षित हरियाणा परियोजना के अंतर्गत 5700 करोड़ के तकनीकी एवं वित्तीय सहयोग (ऋण) को स्वीकृति प्रदान की। मुख्यमंत्री सैनी चंडीगढ़ में जल संरक्षित हरियाणा कार्यक्रम को लेकर आयोजित अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राशि 6 वर्षों दौरान वर्ष 2026 से 2032 की अवधि में चरणबद्ध रूप से वितरित की जाएगी। इस राशि का उपयोग नहरी क्षेत्र में व्यापक स्तर पर किए जाने वाले कार्यों के लिए किया जाएगा। राज्य में कुल 1570 नहरों में से 892 नहरों का पिछले 20 वर्षों में पुनर्वास किया जा चुका है तथा अगले 5 वर्षों में शेष 678 नहरों का पुनर्वास किया जाना प्रस्तावित है। इसमें विश्व बैंक के वित्तीय सहयोग 2325 करोड़ की लागत से 115 नहरें, राज्य बजट से 2230 करोड़ की लागत से 284 नहरें तथा नाबार्ड द्वारा 2880 करोड़ की लागत से 279 नहरों का पुनर्वास किया जाना शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मिकाडा द्वारा कुल 15,562 नहरी खालों में से 4,487 खालों का पिछले 20 वर्षों में पुनर्वास किया जा चुका है तथा शेष 1961 खालों का पुनर्वास आगामी 5 वर्षों में किया जाना प्रस्तावित है। इसमें विश्व बैंक के सहयोग 450 करोड़ की लागत से 400 नहरी खालें, राज्य बजट से 1250 करोड़ की लागत से 1500 खालें तथा नाबार्ड के माध्यम से 402 करोड़ की लागत से 61 खालों का पुनर्वास किया जाना शामिल है। इस अतिरिक्त विश्व बैंक द्वारा 900 करोड़ के सहयोग से लगभग 70,000 एकड़ कृषि भूमि में सूक्ष्म सिंचाई प्रणालियों का कार्यान्वयन किया जाएगा।

बर्फीली हवा से बठिंडा में शून्य के करीब पहुंचा तापमान

लुधियाना. वर्षा और पहाड़ों में बर्फबारी के चलते शनिवार को पंजाब के कई जिले अति शीतलहर की चपेट में रहे। जिसके चलते चौबीस घंटे में ही कई जिलों में न्यूनतम तापमान में दस डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ गई। मध्यरात्रि के बाद से कई जिलों में बर्फीली हवाएं चलने से लोग कंपकंपाते हुए दिखे। ठंडी हवाएं गर्म कपड़ों की कई परतों को भेदते हुए शरीर तक पहुंचकर सिहरन पैदा कर रही थी। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा रहा। जहां न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम था। वहीं फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, फिरोजपुर में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम था। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस, होशियारपुर में 2.5 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 3.5 डिग्री सेल्सियस, एसबीएस नगर में 3.4 डिग्री सेल्सियस, मानसा में 3.9 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 4.0 डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में 4.4 डिग्री सेल्सियस, रूपनगर में 4.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान भी ज्यादातर जिलों में सामान्य से कम रहा। अमृतसर, फिरोजपुर व होशियारपुर में अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना, पठानकोट, बठिंडा, एसबीएस नगर व चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और पटियाला व रूपनगर में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को भी पंजाब में शीतलहर से अति शीतलहर चल सकती है। कुछ जिलों में सुबह घनी से अति घनी धुंध छाई रहने की संभावना है। अतिशीतलहर से दिन व रात के तापमान कम रहेंगे। 26 जनवरी को दोबारा से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसका असर 28 जनवरी तक रहेगा। इस दौरान पंजाब में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है और कुछ जिलों में सामान्य से मध्यम वर्षा हो सकती है।