samacharsecretary.com

फिल्म ‘मासूम’ की सिक्वल लेकर आ रहे हैं शेखर कपूर

मुंबई,  चार दशक पहले आई फिल्म ‘मासूम’ की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए निर्माता शेखर कपूर ‘मासूम – द नेक्स्ट जेनरेशन’ लेकर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर हाल ही में मूल फिल्म के पोस्टर के साथ साझा एक भावुक पोस्ट में उन्होंने अपनी यात्रा और इस कहानी के प्रति अपने निजी जुड़ाव को याद किया। शेखर कपूर ने लिखा कि यह फिल्म घर और पहचान के सवालों के बारे में है और इसे गढ़ने में उन्हें पूरे दस साल लगे ताकि यह मूल फिल्म जितनी सरल हो लेकिन उतनी ही गहरी और अर्थपूर्ण भी। कपूर ने माना कि यह सीक्वल उनके अपने जीवन में हमेशा मौजूद रही पहचान की खोज से प्रेरित है, जो उनके लिए बेहद निजी रही है। इसी विषय पर 1983 की ‘मासूम’ में नजर आई दिग्गज अभिनेत्री शबाना आज़मी ने भी हाल ही में बात की। उन्होंने कहा कि शेखर कपूर को पहचान का सवाल हमेशा उलझाता रहा है और वह लंबे समय से इसे समझने की कोशिश करते रहे हैं। शेखर कपूर ने एक हालिया स्क्रिप्ट नैरेशन का अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब उन्होंने फिल्म उद्योग के अपने करीबी दोस्तों को यह कहानी सुनाई तो हर किसी की आंखों में आंसू आ गए और उनकी अपनी आंखें भी भर आईं। उन्होंने कहा कि अब, जब वह दोबारा निर्देशक की कुर्सी पर लौट रहे हैं, तो वे आशीर्वाद चाहते हैं कि इस कहानी की सच्चाई को उसी सरलता से कह सकें और एक बार फिर परिवार, घर और पहचान के नजरिए से भावनाओं की गहराइयों में उतर सकें। ‘मासूम – द नेक्स्ट जेनरेशन’ के साथ शेखर कपूर सिर्फ एक सीक्वल नहीं बना रहे हैं, बल्कि उस भावना और ईमानदारी को फिर से जीना चाहते हैं जिसने दशकों पहले लोगों के दिलों को छुआ था। इस बार उनके साथ उनकी बेटी कावेरी कपूर भी हैं, जो फिल्म में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। पद्म भूषण से सम्मानित और विश्व सिनेमा में अपनी अलग पहचान रखने वाले शेखर कपूर इस नई फिल्म के जरिए एक ऐसी कहानी कहना चाहते हैं जो घर, परिवार और पहचान जैसे सार्वकालिक सवालों को नए दौर के नजरिए से फिर से देखने का अवसर दे। बता दें कि फिल्म ‘मासूम’ ने परिवार, प्यार और गहन भावनाओं के सरल मगर असरदार चित्रण से लाखों दर्शकों का दिल छू लिया था। एक बार फिर निर्माता शेखर कपूर इसी तरह की कहानी दर्शकों के लिए लेकर आ रहे हैं।  

‘तन्वी द ग्रेट’ को मिला ‘स्टैंडिंग ओवेशन’ तो गदगद हुए अनुपम खेर, बोले- ‘40 साल के करियर में सबसे यादगार पल’

मुंबई, फिल्म निर्माता-अभिनेता अनुपम खेर की अपकमिंग फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने को तैयार है। खेर ने रविवार को सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ा पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने बताया कि शनिवार को स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान नेशनल डिफेंस अकादमी में ‘तन्वी द ग्रेट’ के लिए खड़े होकर तालियां बजाई गईं, जो उनके लिए यादगार पल बन गया है। इंस्टाग्राम पर अनुपम खेर ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह अपने जज्बात बयां करते नजर आए। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “नेशनल डिफेंस अकादमी में ‘तन्वी द ग्रेट’ के लिए खड़े होकर तालियां बजाई गईं। एक अभिनेता और मनोरंजनकर्ता के रूप में मेरे 40 साल के करियर में यह मेरे जीवन का सबसे यादगार पल है।” उन्होंने आगे बताया, “भारत में ‘तन्वी द ग्रेट’ की पहली स्क्रीनिंग नेशनल डिफेंस एकेडमी खड़कवासला में थी, एक ऐसी जगह जहां युवा कैडेट्स को हमारे सशस्त्र सेवा अधिकारी बनने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। एकेडमी (एनडीए) के कमांडेंट वाइस एडमिरल गुरचरण सिंह ने कैडेट्स से फिल्म के बारे में अपनी राय स्वतंत्र रूप से व्यक्त करने को कहा, तो एनडीए के हबीबुल्लाह ऑडिटोरियम में मौजूद सभी लोग तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खड़े हो गए। यह मेरे लिए एक बहुत ही भावुक और कभी न भूल पाने वाला पल था।” खेर ने आगे बताया, “मैंने और टीम ने फिल्म बनाने में कई कठिनाइयों का सामना किया, लेकिन इस पल ने सारी मेहनत को सार्थक कर दिया। भले ही फिल्म का भविष्य अनिश्चित हो, लेकिन 2500 से अधिक कैडेट्स और अधिकारियों का उत्साह और समर्थन ब्लॉकबस्टर अनुभव रहा। सभी लोगों के प्रति आभार।” खेर ने शनिवार को पोस्ट के जरिए फैंस को जानकारी दी थी कि ‘तन्वी द ग्रेट’ की नेशनल डिफेंस एकेडमी कैडेट्स और ऑफिसर्स के लिए स्क्रीनिंग होगी। वहीं, शनिवार को फिल्म का पहला गाना भी रिलीज होगा। अनुपम खेर के निर्देशन में तैयार फिल्म में ऑस्कर विजेता एमएम कीरावानी ने संगीत दिया है। फिल्म का निर्माण अनुपम खेर स्टूडियोज ने एनएफडीसी (राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम) के साथ मिलकर किया है। ‘तन्वी द ग्रेट’ में अनुपम खेर के साथ ही इयान ग्लेन, बोमन ईरानी, जैकी श्रॉफ, अरविंद स्वामी, पल्लवी जोशी, करण टैकर, नासिर और शुभांगी भी अहम भूमिकाओं में हैं। ‘तन्वी द ग्रेट’ 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।  

आखों की गुस्ताखियां का गाना ‘अलविदा’ को बेहद पसंद करती हैं शनाया कपूर

मुंबई, बॉलीवुड अभिनेत्री शनाया कपूर का कहना है कि फिल्म आखों की गुस्ताखियां का उनका सबसे पसंदीदा गाना ‘अलविदा’ है। फिल्म 'आंखों की गुस्ताखियां' से संजय कपूर और महीप कपूर की बेटी शनाया कपूर बॉलीवुड में अपना डेब्यू कर रही हैं।विशाल मिश्रा द्वारा कंपोज़, लिखा और गाया गया ‘अलविदा’ रिलीज कर दिया है।इस गाने में शनाया का एक नाज़ुक और इमोशनल अवतार भी देखने को मिलता है,जहां वह अपने किरदार सबा की भावनाओं को बेहद ईमानदारी और नज़ाकत के साथ निभा रही हैं। शनाया कपूर ने कहा, ‘अलविदा’ फिल्म आंखों की गुस्ताखियां का मेरा सबसे पसंदीदा गाना है। विशाल मिश्रा की कंपोज़िशन में कोई जादू है ,जो सादगी के साथ इमोशन्स को छू जाती है। मैं तो इसे लूप में सुन रही हूँ! गौरतलब है कि विक्रांत मैसी और शनाया कपूर की रोमांटिक फिल्म 'आंखों की गुस्ताखियां' इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। यह फिल्म ज़ी स्टूडियोज़ और मिनी फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत की गई है और मंसी बागला, वरुण बागला और ओपन विंडो फिल्म्स ने इसे प्रोड्यूस किया है। फिल्म 'आंखों की गुस्ताखियां' 11 जुलाई को रिलीज होगी।  

15,000 करोड़ की संपत्ति पर कानूनी जंग, सैफ अली खान के केस में दोबारा सुनवाई का आदेश

जबलपुर बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान और उनके परिवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से एक बड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने संपत्ति मामले में दो दशक पहले दिए गए ट्रायल कोर्ट के फैसले को खारिज कर दिया और मामले में फिर से सुनवाई का आदेश दिया है। सैफ अली और उनके परिवार को भोपाल के पूर्व शासकों की 15,000 करोड़ रुपये की संपत्ति विरासत में मिली थी। जस्टिस संजय द्विवेदी की बेंच ने 30 जून को दिए अपने आदेश में ट्रायल कोर्ट के फैसले और डिक्री को खारिज कर दिया, जिसमें पटौदी (सैफ अली खान, उनकी मां शर्मिला टैगोर और उनकी दो बहनों सोहा और सबा) को संपत्तियों का मालिक माना गया था। एक साल में सुनवाई पूरी करने के आदेश हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट को एक साल के भीतर इस मामले की सुनवाई पूरी करने और फैसला देने के लिए हरसंभव प्रयास करने का निर्देश दिया। नवाब हमीदुल्लाह भोपाल रियासत के अंतिम शासक नवाब थे। उनकी और उनकी पत्नी मैमूना सुल्तान की तीन बेटियां – आबिदा, साजिदा और राबिया – थीं। साजिदा ने इफ्तिखार अली खान पटौदी से शादी की और भोपाल की नवाब बेगम बन गईं। उनके बेटे मंसूर अली खान पटौदी ने शर्मिला टैगोर से शादी की। मंसूर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान थे। नवाब हमीदुल्लाह की सबसे बड़ी बेटी आबिदा के पाकिस्तान चले जाने के बाद, साजिदा ही इन संपत्तियों की मालिक बन गईं। बाद में, उनके बेटे मंसूर अली खान पटौदी इन संपत्तियों के उत्तराधिकारी बन गए। इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत लगभग 15,000 करोड़ रुपये है, जो सैफ अली और उनके परिवार को विरासत में मिलीं। दो अपीलें – एक बेगम सुरैया राशिद एवं अन्य द्वारा और दूसरी नवाब मेहर ताज साजिदा सुल्तान एवं अन्य द्वारा दायर की गईं, जो सभी दिवंगत नवाब हमीदुल्लाह के उत्तराधिकारी हैं। इन अपील में कहा गया कि निचली अदालत ने शाही संपत्ति के अनुचित विभाजन के खिलाफ उनके मुकदमों को खारिज कर दिया। अपनी दलीलों में उन्होंने कहा कि भोपाल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के 14 फरवरी, 2000 के फैसले और डिक्री ने उनके मुकदमों को अनुचित तरीके से खारिज कर दिया। उनके वकीलों ने दलील दी कि नवाब की निजी संपत्ति का बंटवारा मुस्लिम पर्सनल लॉ के अनुसार उनके और प्रतिवादी सैफ अली, शर्मिला और 16 अन्य उत्तराधिकारियों के बीच होना चाहिए था। जस्टिस द्विवेदी ने कहा, ‘‘मामले को नए सिरे से तय करने के लिए ट्रायल कोर्ट को वापस भेजा जाता है।’’ अदालत ने आदेश दिया, ‘‘यदि जरूरी हो, तो ट्रायल कोर्ट बाद के घटनाक्रम और बदली हुई कानूनी स्थिति को देखते हुए पक्षों को आगे सबूत पेश करने की अनुमति दे सकती है।’’ जस्टिस द्विवेदी ने कहा, ‘‘मेरा विचार ​​है कि ट्रायल कोर्ट ने मामले के अन्य पहलुओं पर विचार किए बिना ही मुकदमों को खारिज कर दिया, वह भी उस फैसले पर भरोसा करते हुए जिसे सुप्रीम कोर्ट ने पहले ही खारिज कर दिया है। इस प्रकार, मेरी राय में, विवादित फैसले और डिक्री को खारिज किया जाना चाहिए और इसलिए इसे रद्द किया जाता है।’’  

परेश रावल वेब सीरीज में गालियां और सेक्स सीन दिखाए जाने पर भड़के

मुंबई एक्टर परेश रावल फिर से कॉमेडी फ्रेंचाइजी फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ में बाबू भैया के किरदार में वापसी करने जा रहे हैं. जिसके बाद से उनके फैंस काफी खुश हैं. वहीं, अब परेश रावल ने हाल ही में वेब सीरीज के कंटेंट को लेकर बात किया है. बता दें कि हाल ही में अपने इंटरव्यू में कंटेंट को संस्कारी कैसे बना सकते हैं? इस सवाल पर परेश रावल ने कहा- ‘मैं आपको एक चुटकुला सुनाता हूं, एक औरत ने पुलिस स्टेशन में कंप्लेन की कि भैया मेरे सामने वाली बिल्डिंग में एक आदमी नंगा घूम रहा है. पुलिस वाला आया खिड़की से देखकर बोला कि मैडम कहां है दिख तो नहीं रहा, तो बोली कि अरे स्टूल पर चढ़ के देखो ना.’ परेश रावल ने आगे कहा- ‘आपको जहां नंगा, गंदगी देखनी है तो आपको मिल ही जाएगी, स्टूल पर चढ़कर मिल जाएगी. आप मत देखो ना. जो समाज में है, जो कंटेंट आते वही प्रतिबिंब है समाज का. हमको सेंस ऑफ प्रपोशन, हमारी विवेक बुद्धि, जुडिशियसली उसका यूज करना चाहिए. जो समाज में होता है हर चीज दिखाने के लायक नहीं होती, सजेस्टिव भी हो सकती है.’ एक्टर ने आगे कहा कि- ‘बाद में इसलिए बोलता हूं लोग काफी ऊब भी गए थे कि हर दूसरी तीसरी सीरीज में गालियां आती थीं, सेक्स सीन आते थे. बेमतलब के आते थे, कोई लेना देना नहीं है. तो लोगों को लगा इसकी वजह से लोग अट्रैक्ट होते हैं, लोगों की टीआरपी वगैरह जो भी कुछ बढ़ती, यही था. लेकिन लोग थक गए लेकिन मेकर्स नहीं थके तब जाकर गवर्नमेंट को उतरना पड़ा.’

रिलीज हुआ ‘द बंगाल फाइल्स’ का धमाकेदार प्रोमो, 5 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी

मुंबई,  बॉलीवुड के चर्चित फिल्म निर्माता और निर्देशक विवेक अग्निहोत्री इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म द बंगाल फाइल्स को लेकर खूब चर्चा में हैं। यह फिल्म 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। हाल ही में फिल्म का एक दमदार प्रोमो वीडियो जारी किया गया, जिसे सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। विवेक अग्निहोत्री की पिछली फिल्मों की तरह द बंगाल फाइल्स भी एक गंभीर और विचारोत्तेजक विषय पर आधारित है। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म का प्रीमियर भारत से पहले संयुक्त राज्य अमेरिका में किया जा रहा है। यह फिल्म अमेरिका के 10 प्रमुख शहरों में स्क्रीनिंग के लिए तैयार है, जो दर्शाता है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसकी मजबूत पकड़ बन रही है। विवेक अग्निहोत्री अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' के साथ एक बार फिर दर्शकों के सामने आने को तैयार हैं। इस फिल्म का भव्य प्रीमियर अमेरिका के विभिन्न शहरों में होने जा रही है। यह फिल्म 19 जुलाई को न्यू जर्सी में, 20 जुलाई को वाशिंगटन डीसी में, 25 जुलाई को रैले में, 26 जुलाई को अटलांटा में, 27 जुलाई को टैम्पा में, 1 अगस्त को फीनिक्स में, 2 अगस्त को लॉस एंजिल्स में, 3 अगस्त को एसएफ बे एरिया में, 9 अगस्त को शिकागो और 10 अगस्त को ह्यूस्टन में दिखाई जाएगी। फिल्म द बंगाल फाइल्स का प्रोमो शेयर करते हुए निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने एक भावुक संदेश लिखा, अमेरिकी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हम लेकर आए हैं भारतीय स्वतंत्रता की एक अनकही और असहज करने वाली कहानी। 10 शहर, 1 सत्य। अगर द कश्मीर फाइल्स ने आपको भीतर तक झकझोरा था, तो द बंगाल फाइल्स आपको और भी ज्यादा बेचैन कर देगी। इस फिल्म में दमदार कलाकारों की टोली नजर आने वाली है। अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, दर्शन कुमार और सिमरत कौर प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई देंगे। निर्देशन की बागडोर खुद विवेक अग्निहोत्री ने संभाली है, जबकि फिल्म का निर्माण अभिषेक अग्रवाल और पल्लवी जोशी ने किया है। 'द बंगाल फाइ'ल्स एक बार फिर सिनेमा के जरिए इतिहास के उन पन्नों को उजागर करने जा रही है, जिन्हें अब तक दबा दिया गया था।  

प्रियंका चोपड़ा की ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ के लिए कड़ी तैयारी, दिखाया एक्शन के पीछे का सच

मुंबई,  प्रियंका चोपड़ा जोनास ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर अपने फैंस को फिल्म ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ के एक्शन सीन्स की कुछ झलक दिखाई। प्रियंका ने कड़ी ट्रेनिंग और स्टंट रिहर्सल के कुछ वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किए। वीडियो में वह एक्शन स्टंट करते दिख रही हैं। वीडियो की शुरुआत में प्रियंका दरवाजा खटखटाती हैं, फिर कैमरे की तरफ देखकर हंसती हैं। इसके बाद वीडियो में वह हॉलीवुड की स्टंटवुमन और एक्ट्रेस अनीशा गिब्स से मुश्किल एक्शन स्टंट सीखती दिख रही हैं। उन्होंने वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “इसे घर पर न आजमाएं… जब तक आपके पास अनीशा गिब्स ना हो। ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ अब प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है।” ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ में प्रियंका चोपड़ा, जॉन सीना और इदरीस एल्बा लीड रोल में हैं। यह एक्शन, ड्रामा और कॉमेडी से भरपूर है। इदरीस एल्बा ने जहां यूके के प्रधानमंत्री सैम क्लार्क का किरदार निभाया है, वहीं जॉन सीना यूएस के राष्ट्रपति विल डेरिंगर की भूमिका में हैं। इनके अलावा, प्रियंका चोपड़ा ने एम16 एजेंट नोएल बिसेट का रोल अदा किया है। फिल्म की कहानी यूके के प्रधानमंत्री सैम क्लार्क और अमेरिका के राष्ट्रपति विल डेरिंगर के बीच की नापसंदगी और झगड़े के बारे में है। दोनों के बीच प्रतिद्वंद्विता है। एक दिन जब हवाई यात्रा के दौरान उन पर जानलेवा हमला होता है, तब राज्य के इन दो प्रमुखों को एयरफोर्स वन से आपातकालीन स्थिति में बेलारूस के पास पैराशूट से उतरना पड़ता है। इस एयरफोर्स वन को हवा में मार गिराया जाता है। अब दोनों की जान खतरे में है, क्योंकि कई लोग उनकी हत्या करना चाहते हैं। उनकी सुरक्षा के लिए एम16 एजेंट नोएल बिसेट को रखा जाता है। फिल्म की शुरुआत में ही वह एक मिशन के दौरान घायल दिखाई जाती है। नोएल और क्लार्क का अतीत भी है, जिसका खुलासा मिशन के दौरान होता है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे तीनों मिलकर जान बचाने और दुनिया को सुरक्षित करने की कोशिश करते हैं। फिल्म में पैडी कॉनसिडाइन, स्टीफन रूट, कार्ला गुगीनो, जैक क्वैड, सारा नाइल्स और अलेक्सांद्र कुजनेत्सोव भी अहम किरदार में हैं। फिल्म को इल्या नाइशुलर ने निर्देशित किया है।  

काजोल की फिल्म सरज़मीन का ट्रेलर रिलीज

मुंबई,  बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल की वाली फिल्म सरज़मीन का ट्रेलर रिलीज हो गया है। कश्मीर में तेजी से हो रहे उथल-पुथल की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म सरज़मीन ,विजय मेनन (पृथ्वीराज सुकुमारन) पर आधारित है, जो एक सम्मानित सेना अधिकारी है, जो अपने कर्तव्य और व्यक्तिगत बलिदान की अडिग भावना के लिए जाना जाता है। मीरा (काजोल), एक मजबूत मां और पत्नी के रूप में, परिवार को एक साथ रखने के लिए संघर्ष करती है। हरमन (इब्राहिम अली खान) एक युवा व्यक्ति की भूमिका में उबलती हुई तीव्रता लाता है, जो यादों और परेशान करने वाली सच्चाइयों के बीच फंस जाता है। सरज़मीन का ट्रेलर रिलीज़ हो गया है। काजोल ने कहा, सरज़मीन में भावनात्मक गहराई की ज़रूरत थी, जिसने एक कलाकार के तौर पर मुझे वाकई आकर्षित किया। यह भूमिका मेरे लिए बहुत ही व्यक्तिगत स्तर पर जुड़ी हुई थी। मुझे इब्राहिम को इस तरह के जटिल किरदार में जीवंत होते देखकर खुशी हुई और मैं उसके लिए बहुत उत्साहित हूँ। सरज़मीन में मेरे किरदार में बहुत सारी परतें हैं, वह कहानी का भावनात्मक केंद्र है और कायोज़ की दृष्टि ने इसे एक सम्मोहक तरीके से स्क्रीन पर पेश किया है। मैं फिल्म की रिलीज़ का इंतज़ार कर रहा हूँ। निर्देशक कायोज़ ईरानी ने कहा, सरज़मीन एक निर्देशक के तौर पर मेरी पहली फीचर फ़िल्म है और मुझे इस पर बहुत गर्व है। काजोल मैम, पृथ्वीराज सर और इब्राहिम को निर्देशित करना एक अवास्तविक अनुभव था, उन्होंने अपने किरदारों में इतनी कमज़ोरी लाई और इसने सब कुछ बदल दिया। पृथ्वीराज सुकुमारन ने कहा, जब मैंने सरज़मीन की स्क्रिप्ट पढ़ी, तभी से मुझे पता था कि यह एक ऐसा किरदार है जिसे मुझे निभाना चाहिए। इस किरदार को निभाने से मुझे ऐसे तरीके मिले जिसकी मैंने उम्मीद नहीं की थी ।इसने मेरे विश्वासों को चुनौती दी।मुझे काजोल के साथ काम करने का अविश्वसनीय अवसर भी मिला, जो एक बहुत ही शक्तिशाली अभिनेत्री हैं और इब्राहिम एक बेहतरीन कलाकार हैं। मुझे वाकई उम्मीद है कि सरज़मीन दर्शकों के दिलों को छू लेगी। इब्राहिम अली खान ने अपनी उत्सुकता व्यक्त की और कहा, "सरज़मीन एक भावनात्मक मील का पत्थर है जिसे मैं हमेशा अपने साथ लेकर चलूँगा। इसने मुझे उन तरीकों से चुनौती दी, जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी, न केवल एक अभिनेता के तौर पर, बल्कि एक व्यक्ति के तौर पर भी। मेरा किरदार प्यार, वफ़ादारी और सच्चाई के बीच उलझा हुआ है, और उस भावनात्मक स्पेक्ट्रम को नेविगेट करना सबसे गहन सीखने की अवस्था थी। काजोल मैम और पृथ्वीराज सर को एक्शन में देखना एक ख़ज़ाना था, वे अपनी कला में बहुत शालीन और सहज हैं और इसने मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कायोज़ ईरानी द्वारा निर्देशित और धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले हीरू यश जौहर, करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता द्वारा निर्मित, यह फ़िल्म 25 जुलाई को केवल जियोहॉटस्टार पर रिलीज़ होगी।  

‘कांटा लगा’ के डायरेक्टर्स का बड़ा फैसला, कभी नहीं बनाएंगे सीक्वल

मुंबई टीवी और म्यूजिक इंडस्ट्री की मशहूर डांसर और एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला के असामयिक निधन से पूरा मनोरंजन जगत शोक में डूबा हुआ है। महज 42 वर्ष की उम्र में कार्डियक अरेस्ट के कारण उनका निधन हो गया। शेफाली जरीवाला को साल 2002 में आए सुपरहिट म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ के जरिए रातों रात लोकप्रियता मिली थी। वहीं, अब ‘कांटा लगा’ के निर्देशक राधिका राव और विनय सप्रू ने शेफाली को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट की। डायरेक्टर्स राधिका राव और विनय सप्रू ने इंस्टाग्राम पर शेफाली को अंतिम श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- "कल प्रार्थना सभा थी… आखिरी अलविदा… हमारी पहली फोटोशूट की यादें… ‘कांटा लगा’ का सीडी इनले कार्ड।" उन्होंने आगे लिखा:-"तुम हमेशा चाहती थीं कि तुम ही एकमात्र 'कांटा लगा' गर्ल रहो। इसी वजह से हमने कभी इसका सीक्वल नहीं बनाया और अब कभी बनाएंगे भी नहीं। हम 'कांटा लगा' को हमेशा के लिए रिटायर कर रहे हैं। यह गाना सिर्फ तुम्हारा था और हमेशा तुम्हारा ही रहेगा… शैफाली… ओम् शांति।" कैसे हुई थी शेफाली की खोज? डायरेक्टर विनय सप्रू ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें शेफाली जरीवाला एक संयोगवश मिली थीं। वह और राधिका मुंबई के बांद्रा स्थित लिंकिंग रोड से गुजर रहे थे, जब उन्होंने एक स्कूटर पर अपनी मां को गले लगाए एक युवती को देखा। “राधिका ने उसे देखकर कहा कि उसमें कुछ खास है। हमने गाड़ी रोकी और उससे पूछा कि क्या वो हमारे ऑफिस आना चाहेगी। वहीं से हमारी जर्नी शुरू हुई।” उस छोटी सी मुलाकात ने शेफाली जरीवाला की किस्मत बदल दी, और कांटा लगा के ज़रिए उन्हें वो पहचान मिली जो आज तक याद की जाती है। कांटा लगा की सफलता के बाद शेफाली ने 2004 में सलमान खान और अक्षय कुमार की फिल्म मुझसे शादी करोगी में भी काम किया। इसके अलावा उन्होंने नच बलिए सीज़न 5 और 7 में अपने पति पराग त्यागी के साथ भाग लिया और डांस के जरिए खूब तारीफें बटोरीं।हालांकि, स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उन्होंने कई बड़े प्रोजेक्ट्स से दूरी बना ली थी।

दीपिका कक्कड़ को दोबारा कैंसर होने का खतरा : शोएब

मुंबई  ‘ससुराल सिमर का’ की सिमर यानी कि दीपिका कक्कड़ पिछले दिनों काफी मुश्किल दौर से गुजरी है। टीवी एक्ट्रेस की कुछ दिन पहले स्टेज 2 लिवर कैंसर की सर्जरी हो चुकी है, जो 14 घंटे तक चली। जो लोग मान बैठे थे कि दीपिका अब बिल्कुल ठीक है उन्हें एक बार फिर बड़ा झटका लग गया है। दीपिका के ट्रीटमेंट को लेकर उनके पति शोएब  ने एक बड़ा अपडेट दिया है। शोएब इब्राहिम की मानें तो दीपिका पूरी तरह से खतरे से बाहर नहीं है, उन्हें दोबारा कैंसर होने का खतरा है। उन्हाेंने अपने नए व्लॉग में दीपिका की सेहत का हाल बताया है।  इस वीडियो में शोएब और  दीपिका  डॉक्टर से फॉलो-अप अपॉइंटमेंट के लिए जाते हुए नजर आते हैं। इस दौरान शोएब कहते हैं,- "मैं उस तारीख को नहीं भूल सकता., खिड़की के पास बैठा था, बेहद टेंशन में, मेरे दोस्त मेरे साथ थे, बस डॉक्टरों से अपडेट का इंतजार कर रहे थे. तब से एक महीना बीत चुका है."। एक्टर ने आगे कहा-  "मुझे शुरू में लगा था कि सर्जरी के बाद इलाज हो जाएगा, लेकिन अभी लंबा रास्ता तय करना है। सौभाग्य से, अभी दीपिका के शरीर में कैंसर सेल्स नहीं हैं लेकिन बायोप्सी रिपोर्ट से पता चला है कि ट्यूमर रिपोर्ट में दिखाए गए खतरे से कहीं ज़्यादा रिस्की था"। वे कहते हैं, "यह स्टेज 3 का ट्यूमर था और मेडिकल टर्म के अनुसार यह ठीक से पहचाना नहीं जा सका था, यह काफी अग्रेसिव था और इसके दोबारा होने के चांसेस होते हैं। " शोएब ने आगे बताया कि दीपिका के डॉक्टर ने उन्हें ओरल मेडिकेशन शुरू करने का सजेशन दिया है, भगवान न करे अगर फ्यूचर में कैंसर सेल्स पाई जाती हैं, तो वे डोज बढ़ा देंगे और IVs के ज़रिए देंगे। उ इम्यूनोथेरेपी के कई साइड-इफेक्ट्स हैं जैसे अल्सर, मतली, चकत्ते, थकान, सुस्ती। शोएब ने यह भी बताया कि  दीपिका का इलाज कम से कम दो साल तक चलेगा और इस दौरान उन्हें बहुत ज़्यादा ध्यान रखना होगा। दीपिका कोई भी दवा, स्कैन या डॉक्टर से फॉलो-अप मिस नहीं कर सकती हैं. वह हर तीन हफ़्ते में स्कैनिंग करवाएंगी। इस खबर ने फैंस को मायूस कर दिया है वह दीपिका के जल्द से जल्द ठीक होने की दुआ मांग रहे हैं।