samacharsecretary.com

कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे ‘कैप्स कैफे’ पर फिर से चलीं गोलियों

मुंबई  कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे 'कैप्स कैफे' पर गुरुवार के दिन फिर से गोलियों चलीं। यह घटना एक महीने के अंदर दूसरी बार हुई है। राहत की बात ये है कि जब फायरिंग हुई तब कैफे बंद था इसलिए किसी के भी घायल होने की खबर नहीं आई है। इस हमला की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने ली है, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ अपना संबंध बताते हैं। गोल्डी ढिल्लों का पोस्ट गोल्डी ढिल्लों ने ऑनलाइन एक पोस्ट के माध्यम से कहा, “जय श्री राम। सत श्री अकाल, राम राम सभी भाइयों को। आज सरे में कपिल शर्मा के 'कैप्स कैफे' पर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी हम लेते हैं। हमने इसको कॉल करने किया था, लेकिन इसको फोन की रिंग नहीं सुनाई दी इसलिए हमें कार्रवाई करनी पड़ी। अगर इसको दोबारा फोन की रिंग सुनाई नहीं देगी तो अगली कार्रवाई मुंबई में होगी।” पुलिस कर रही है जांच कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर की पुलिस ने दोनों हमलों की जांच शुरू कर दी है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा, तलाशी, गवाहों और कैफे के कर्मचारियों से पूछताछ शामिल है। बता दें, ये कपिल शर्मा का पहला अंतरराष्ट्रीय रेस्टोरेंट है और यह पिछले साल ही खुला था। 10 जुलाई के दिन हुआ था पहला हमला इससे पहले 10 जुलाई के दिन कपिल शर्मा के ‘कैप्स कैफे’ पर फायरिंग हुई थी। इसकी जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकवादी हरजीत सिंह लाडी ने ली थी। हरजीत सिंह नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की लिस्ट में मोस्ट वांटेड आतंकवादियों में शामिल है और बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़ा है।  

यशराज ने पेश की ‘वॉर 2’ के सुपरहिट सॉन्ग ‘जनाब ए आली’ की पहली झलक

मुंबई,  यशराज फिल्म्स ने अपने स्पाई यूनिवर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वॉर 2' से बहुचर्चित गाने 'जनाब ए आली' की पहली झलक पेश कर दी है। इस दमदार डांस टीज़र में पहली बार एक साथ नजर आ रहे हैं, दो सबसे बेहतरीन परफॉर्मर्स ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर। दर्शकों के लिए यह एक डांस मुकाबला है जिसका लंबे वक्त से इंतजार किया जा रहा था। इस गाने को प्रीतम ने संगीतबद्ध किया है, सचेत टंडन और साज भट्ट ने अपनी आवाज दी है, इसके दमदार बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। 'जनाब ए आली' एक हाई-ऑक्टेन डांस एंथम बनकर सामने आ रहा है, जो स्क्रीन पर दिलों की धड़कनें और सिनेमाघरों में उत्साह बढ़ाने का वादा करता है। आदित्य चोपड़ा ने यह तय किया है कि 'जनाबे आली' गाने को फिल्म की रिलीज़ से पहले डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर पूरा रिलीज़ नहीं किया जाएगा, ताकि दर्शकों को ऋतिक और एनटीआर के बीच के इस विस्फोटक डांस का अनुभव बड़े पर्दे पर ही पूरी भव्यता के साथ मिल सके। यशराज फिल्म्स की मंशा है कि यह गाना भी 'कजरा रे' और 'कमली' की तरह थिएटर में धमाल मचाए, और दर्शकों को सिनेमा हॉल तक खींच लाए। फिल्म का निर्देशन अयान मुखर्जी ने किया है और इसमें कियारा आडवाणी लीड रोल में नजर आएंगी। 'वॉर 2' 14 अगस्त, 2025 को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।  

सोनी सब के कलाकारों ने रक्षाबंधन से जुड़ी अपनी सबसे खास यादें साझा की

मुंबई,  सोनी सब के कलाकारों ने रक्षाबंधन से जुड़ी अपनी सबसे खास यादें प्रशंसको के साथ साझा की है। रक्षाबंधन केवल एक धागा बांधने का त्योहार नहीं है। यह दिलों को जोड़ने, यादों को संजोने और भाई-बहन के रिश्ते की अनकही मजबूती को मनाने का अवसर है। जब देश इस पारंपरिक पर्व को एकजुट होकर मना रहा है, तब सोनी सब के लोकप्रिय चेहरे शब्बीर आह्लूवालिया, आशी सिंह, आन तिवारी और गरिमा परिहार अपने बचपन के रक्षाबंधन की रस्मों, शरारती झगड़ों और भावुक पलों को याद कर रहे हैं, जिन्होंने इस त्योहार को उनके लिए खास बना दिया। उनकी बातों में इस पर्व की मिठास झलकती है, जो स्क्रीन पर उनके सहज भावनात्मक जुड़ाव को और प्रामाणिक बनाती है। पुष्पा इम्पॉसिबल में दीप्ति का किरदार निभा रहीं गरिमा परिहार ने कहा, “मुझमे और मेरे भाई में 10 साल का अंतर है, लेकिन हमारा रिश्ता परिपक्वता और शरारत का बेहतरीन संतुलन है। हर रक्षाबंधन मुझे इसी खास जुड़ाव की याद दिलाता है। हम बड़े हो गए हैं, लेकिन आज भी जो राखी मैं उनकी कलाई पर बांधती हूं, उसमें वही बचपन वाला प्यार, सुरक्षा और यादें बसती हैं। वो मेरे लिए दूसरे पिता जैसे हैं, हमेशा संरक्षण देने वाले और हमेशा सहारा बनने वाले। उन्हें बस मुझे देखकर ही पता चल जाता है कि मैं ठीक हूं या नहीं। अब जब वो खुद पिता बन गए हैं, तो उनके छोटे बेटे को हमारे रक्षाबंधन के रीति-रिवाजों में शामिल होते देखना बहुत सुखद लगता है। हम आज भी एक-दूसरे की खिंचाई करते हैं, लेकिन दिन के अंत में हम सुनिश्चित करते हैं कि घर मुस्कानों से भरा रहे। रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं है, बल्कि उनके उस सुकून भरे साथ का जश्न है, जो मेरी जिंदगी में हमेशा रहा है।” उफ़्फ़… ये लव है मुश्किल में कैरी शर्मा का किरदार निभा रहीं आशी सिंह ने कहा, “रक्षाबंधन हमेशा से मेरे लिए बहुत खास रहा है, सिर्फ मेरे भाई की वजह से ही नहीं, बल्कि इसलिए भी क्योंकि मेरी तीन शानदार बहनें भी हैं! हमारे घर में इस दिन का माहौल पूरी तरह जश्न में बदल जाता है – ढेर सारी खिंचाई, सजना-संवरना और चार भाई-बहनों के होने की वजह से होने वाला हंगामा! मेरा भाई इकलौता लड़का है, इसलिए उसे बराबर से दुलार और छेड़छाड़ दोनों मिलती है! इस साल मैंने पहले ही कह दिया है कि मुझे उससे खास तोहफा चाहिए, कोई बहाना नहीं चलेगा! हम बचपन से चॉकलेट से लेकर राज़ तक सबकुछ शेयर करते आए हैं, और रक्षाबंधन वह दिन है जब प्यार और खिंचाई दोनों कई गुना बढ़ जाते हैं। चाहे जिंदगी कितनी भी व्यस्त हो जाए, यह दिन हम सबको एक साथ लाता है और यही मुझे सबसे ज्यादा प्रिय है।” उफ़्फ़… ये लव है मुश्किल में युग का किरदार निभा रहे शब्बीर आह्लूवालिया ने कहा, “रक्षाबंधन हमेशा मेरे दिल के करीब रहा है क्योंकि यह केवल एक रस्म नहीं है, बल्कि हमेशा एक-दूसरे के लिए मौजूद रहने का वादा है। मेरी बहन शेफाली और मैं भले ही अब अलग-अलग शहरों में रहते हों, लेकिन हमारा रिश्ता उतना ही मजबूत है, शायद पहले से भी ज्यादा। हम बचपन से एक-दूसरे के सबसे बड़े सपोर्टर रहे हैं और दूरी ने इसे बदला नहीं है। इस साल मैं उसे एक खास तोहफे से सरप्राइज करने की योजना बना रहा हूं, जो उसके चेहरे पर मुस्कान लाए क्योंकि वह इसकी हकदार है। भले ही हम रक्षाबंधन पर एक साथ न हों, लेकिन हमारे बीच का प्यार और जुड़ाव राखी से कहीं ज्यादा गहरा है।” वीर हनुमान में भगवान हनुमान का किरदार निभा रहे आन तिवारी ने कहा, “साची दीदी और मेरा रिश्ता प्यार, हंसी और ढेर सारे राज़ों से भरा है! मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानता हूं कि वह मेरी जिंदगी में हैं। वह मेरे लिए दूसरी मां जैसी हैं – हमेशा मार्गदर्शन करने वाली, सहारा देने वाली और सही रास्ता दिखाने वाली। और मैं? मैं उनका सबसे बड़ा चीयरलीडर और रक्षक हूं – उनके सामने कोई कुछ कह नहीं सकता! जब वह उदास होती हैं, तो मैं उन्हें सबसे बड़ा हग देता हूं और उन्हें हंसाने के लिए कुछ भी करता हूं। मेरे लिए यही रक्षाबंधन है, उस अटूट, बिना शर्त वाले प्यार का जश्न।”  

टी-सीरीज़ प्रस्तुत ‘ऐसी जन्नत’ रिलीज

मुंबई, भूषण कुमार और टी-सीरीज़ प्रस्तुत गाना ‘ऐसी जन्नत’ रिलीज हो गया है। गाना ऐसी जन्नत को लक्षय कपूर ने गाया है। गाने का संगीत मीत ब्रदर्स ने दिया है और इसके बोल यंगवीर ने लिखे हैं ।इस वीडियो में सोनल चौहान नजर आ रही हैं, जिन्हें उनकी डेब्यू फिल्म जन्नत के लिए आज भी याद किया जाता है। इस बार वह लक्षय कपूर के साथ एक नई और प्यारी केमिस्ट्री साझा करती नज़र आती हैं। दोनों कलाकार इस गीत की भावनाओं को मासूम और सादे प्यार के पलों के ज़रिए जीवंत करते हैं। सोनल चौहान ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा,जब मैंने पहली बार ‘ऐसी जन्नत’ सुना, तो इसकी मेलोडी और सच्चाई से मैं तुरंत जुड़ गई। लक्षय के साथ काम करना बहुत अच्छा अनुभव था।उनकी आवाज़ में गहराई और भावना है। टी-सीरीज़ के साथ दोबारा काम करना भी बहुत अच्छा लगा, जो हमेशा संगीत को खूबसूरती से पेश करते हैं। लक्षय कपूर ने कहा,‘ऐसी जन्नत’ मेरे दिल के बेहद करीब है। यह गाना पुराने ज़माने के सच्चे प्यार की बात करता है। सोनल के साथ काम करना बहुत आसान और प्यारा रहा, और मैं भूषण कुमार सर और टी-सीरीज़ का आभारी हूं कि उन्होंने मुझ पर और इस गाने पर विश्वास किया। ‘ऐसी जन्नत’ अब टी-सीरीज़ के यूट्यूब चैनल पर और सभी प्रमुख स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है।  

स्टेज पर उड़ता आया महिला का अंडरगारमेंट, विल स्मिथ की हंसी नहीं रुकी!

लॉस एंजिल्स अमेरिकी एक्टर, फिल्म मेकर और रैपर विल स्मिथ का एक मजेदार वीडियो सामने आया। इस वीडियो में जो कुछ होता दिख रहा है, उसे देखकर खुद विल स्मिथ की भी हंसी छूट पड़ी। अक्सर आपने पढ़ा या सुना होगा कि लाइव स्टेज शो पर कभी सिंगर पर किसी ने जूता फेंका, तो कभी बोतल लेकिन इस बार जो हुआ वो सबसे जुदा था। दरअसल रैपर विल स्मिथ अपने साथियों के साथ स्टेज पर परफॉर्म कर रहे थे। तभी अचानक ऑडियंस की भीड़ से किसी ने उनकी तरफ महिलाओं का अंडरगारमेंट फेंक दिया। इस दौरान परफॉर्म कर रहे विल स्मिथ बिना डिस्टर्ब हुए अपना परफॉर्म करते रहे लेकिन उसके बाद वो अपनी हंसी नहीं रोक पाए। विल स्मिथ नीचे की तरफ देखते हैं और हंस पड़ते हैं वीडियो में परफॉर्मेंस खत्म होने के बाद विल स्मिथ नीचे की तरफ देखते हैं और फिर वे और उनके साथ हंस पड़ते हैं। हालांकि, वो झुके और अंडरगारमेंट उठाकर वो धीरे से स्टेड के नीचे सरका देते हैं। विल स्मिथ ने ये वीडियो खुद शेयर किया है और कैप्शन में लिखा है, 'मैं सपोर्ट की सराहना करता हूं।' यूजर ने कहा है- आपका कैप्शन जबरदस्त है इस वीडियो पर फैन्स की भी हंसी छूट रही। यूजर ने कहा है- आपका कैप्शन जबरदस्त है। एक ने कहा- एक असाधारण और अविस्मरणीय पल! क्या शानदार कॉन्सर्ट था, इस अद्भुत माहौल के लिए फिर से शुक्रिया…और सच में, जिसने ये सब शुरू किया… वाह! कई लोगों ने इस वीडियो पर हैरानी जताई है।

शेरा के पिता का 88 वर्ष की उम्र में निधन, सलमान खान ने जताया दुख

मुंबई सलमान खान के बॉडीगार्ड और हर पल साए की तरह उनके साथ रहने वाले शेरा की लाइफ में इस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शेरा के पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। शेरा के पिता सुंदर सिंह जॉली का 88 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उनके बुजुर्ग पिता कैंसर से अपनी जिंदगी की ये जंग अब हमेशा के लिए हार गए। कहा जा रहा है कि शेरा ने बयान जारी कर कहा है कि उनके पिता का अंतिम सफर शाम 4 बजे उनके निवास ‘1902, द पार्क लग्जरी रेजीडेंस, ओशिवरा, अंधेरी वेस्ट, मुंबई’ से शुरू होगा। इस खबर के साथ ही सलमान खान के फैन्स शेरा को सांत्वना दे रहे हैं। दर्द की इस घड़ी में उन्हें हिम्मत रखने की सलाह दे रहे हैं। शेरा ने पिता के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की थी हाल ही में मार्च में शेरा ने पिता के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की थी। इस तस्वीर में पापा को चूमते दिख रहे शेरा ने उनके 88वें बर्थडे पर उन्हें विश किया था। बता दें कि शेरा अपने पिता को हमेशा अपना आदर्श मानते रहे हैं। पिता के जन्मदिन पर शेरा ने पोस्ट शेयर करते हुए कैप्शन में उन्हें सबसे ताकतवर इंसान और अपनी प्रेरणा बताया था। उन्होंने लिखा था, 'मेरी हर ताकत आपसे आई है, आप मेरे भगवान हैं पापा।' तीन दशक से सलमान खान की सुरक्षा में तैनात बताते चलें कि शेरा यानी गुरमीत सिंह करीब तीन दशक से सलमान खान की सुरक्षा में तैनात हैं। वो सलमान के लिए केवल एक बॉडीगार्ड नहीं, बल्कि उनके परिवार के सदस्य की तरह हैं। चाहे फिल्म की शूटिंग हो या कहीं इवेंट या आउटिंग, शेरा उनके साथ-साथ साए की तरह खड़े रहते हैं।

उर्फी का प्यार पर बयान: “मैंने उसकी शादी तुड़वा दी”, रिलेशनशिप हुआ पक्का

मुंबई अपने बिंदास अंदाज और स्टाइल के लिए सुर्खियां बटोरने वालीं उर्फी जावेद इस वक्त अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। उर्फी ने खुलासा किया है कि वह किसे डेट कर रही हैं और उनका बॉयफ्रेंड कहां रहता है। उर्फी जावेद ने यह भी बताया कि वह अपनी इस लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप को कैसे मेनटेन करती हैं। एक्ट्रेस के मुताबिक, उनमें और बॉयफ्रेंड में जमीन-आसमान का फर्क है। उर्फी जावेद ने 'मैशेबल इंडिया' को दिए इंटरव्यू में अपने रिलेशनशिप के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि वह अभी कमिटेड हैं और दिल्ली के रहने वाले एक लड़के को डेट कर रही हैं। उर्फी जावेद ने बॉयफ्रेंड के बारे में कहा, 'वो यहां नहीं है। वो दिल्ली का है। मेरे बॉयफ्रेंड की हाइट 6 फुट 4 इंच है। कितना ही लॉन्ग डिस्टेंस है। दो घंटे की फ्लाइट होती है। हर वीकेंड मैं वहां उससे मिलने पहुंच जाती हूं। वहां पर पपाराजी आ गए तो वो भाग गया।' उर्फी जावेद ने बताया शर्मीला है उनका बॉयफ्रेंड उर्फी जावेद ने बताया कि उनका बॉयफ्रेंड शर्मीला है, और इंस्टाग्राम पर भी कोई पोस्ट नहीं करता। उसकी सोशल मीडिया में कोई दिलचस्पी नहीं है, जबकि वह खुद सोशल मीडिया को काफी पसंद करती हैं। उर्फी जावेद बोलीं- मैंने बॉयफ्रेंड की शादी तुड़वा दीं उर्फी जावेद ने फिर बताया कि वह बॉयफ्रेंड से कहां मिली थीं। उन्होंने पहली मुलाकात को इत्तेफाक बताया। वह बोलीं, 'संयोगवश कहीं मिल गई थी। हम बस एक ही समय एक जगह पर थे। उसकी शादी की बात कहीं और चल रही थी, अरेंज मैरिज। मैंने शादी तुड़वा दी उसकी, लेकिन उसका कुछ फाइनल नहीं हुआ था, वो बस मिलने गया था।' पहले पारस कलनावत को डेट कर रही थीं उर्फी जावेद उर्फी जावेद पहले 'अनुपमा' फेम पारस कलनावत को डेट कर रही थीं, पर 2017 में उनका ब्रेकअप हो गया था। दोनों की पहली मुलाकात और प्यार टीवी शो 'मेरी दुर्गा' के सेट पर हुआ था। हालांकि, अब पारस कलनावत और उर्फी जावेद अच्छे दोस्त हैं और अतीत को भुलाकर आगे बढ़ चुके हैं। उर्फी जावेद का करियर प्रोफेशनल फ्रंट की बात करें, तो उर्फी जावेद एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर है और अपने अतरंगी कपड़ों के कारण सुर्खियों में रहती हैं। इसके बाद वह 'बिग बॉस OTT' से चर्चा में आई थीं। बाद में उन्होंने कुछ इवेंट्स किए। हाल ही वह करण जौहर के रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' में नजर आई थीं। वह 'कसौटी जिंदगी की 2', 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' और 'बेपनाह' जैसे टीवी शोज का भी हिस्सा रही हैं।

ब्रैड पिट की मां नहीं रहीं, परिवार भावुक: पोती बोलीं- हमने कभी सोचा भी नहीं था

लॉस एंजिल्स हॉलीवुड एक्टर ब्रैड पिट की मां जेन एटा पिट इस दुनिया में नहीं रहीं। उनका 84 साल की आयु में निधन हो गया। TMZ ने पिट परिवार के करीबी सूत्रों के हवाले से बताया है कि उनका निधन पिछले एक या दो दिन पहले हुआ। वहीं जबकि उनकी एक पोती सिडनी पिट ने इंस्टाग्राम पर अपनी दादी को श्रद्धांजली दी है। ब्रैड पिट की भतीजी और उनके भाई डग पिट की बेटी सिडनी ने 6 अगस्त को इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'मेरी प्यारी ग्रैमी, जेन एटा, हम अभी आपके जाने को लेकर तैयार नहीं थे। हालांकि ये सोचकर थोड़ा आसान हो गया कि अब आखिरकार आप फिर से गाने, नाचने और पेंटिंग करने के लिए आजाद हैं।' इस पोस्ट में उन्होंने दादी के साथ अपनी कई तस्वीरें पोस्ट की हैं। 'वो हम सभी 14 पोते-पोतियों के साथ घुल-मिल जाती थीं' सिडनी ने आगे कहा, 'वो हम सभी 14 पोते-पोतियों के साथ बिना किसी रुकावट के घुल-मिल जाती थीं। उनके प्यार की कोई सीमा नहीं थी और जो भी उससे मिलता था, उसे इस बात का एहसास होता था। मुझे नहीं पता कि उसन बिना हम कैसे आगे बढ़ पाएंगे।' ब्रैड पिट का अपनी मां के साथ कैसा रिश्ता 'पीपल मैगजीन' के मुताबिक, जेन रिटायर्ड स्कूल काउंसलर थीं। पति विलियम के साथ मिसौरी के स्प्रिंगफील्ड में रहती थीं और दोनों ने साथ मिलकर ब्रैड पिट और उनके दो छोटे भाई-बहनों, डग और जूली का पालन-पोषण किया। उनके हसबैंड पहले एक ट्रकिंग कंपनी के मालिक थे। हालांकि जेन और उनके पति लाइमलाइट से दूर रहे, लेकिन कभी-कभार उन्हें कुछ इवेंट में एक्टर के साथ देखा गया। वे 2012 के ऑस्कर और 2014 में 'अनब्रोकन' के प्रीमियर पर दिखे थे जहां ब्रैड पिट की उनकी एक्स वाइफ एंजेलिना जोली भी शामिल थीं । मां के लिए कैमरे के सामने बोले थे ब्रैड पिट इसके अलावा, जेन साल 1997 में 'द डेविल्स ओन' के प्रीमियर पर भी पहुंची थीं। ब्रैड पिट ने जेन पिट के लिए कहा था, 'मुझे अपनी मां को नमस्ते कहना है क्योंकि वो हर सुबह आपको देखती हैं। मां, आपसे प्यार करता हूं।' बाद में उन्हें कैमरे की ओर देखते हुए हाथ हिलाते और फ्लाइंग किस देते देखा गया था। ब्रैड पिट और एंजेलिना की तलाक की वजह से दूर 'द सन' की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रैड पिट अपनी मां के करीब रहे लेकिन पिछले कुछ साल में एक्टर और उनकी एक्स पार्टनर के बीच तलाक के कारण उनकी मां अपने बच्चों से दूर हो गई थीं। 'ये अफ़सोस की बात' साल 2020 में, जेन और पिट परिवार के अन्य सदस्य ब्रैड के 80वें जन्मदिन पर उनके घर पहुंचे थे। हालांकि, सोशल मीडिया पर ब्रैड पिट और एंजेलिना जोली के बच्चे कहीं नजर नहीं आए। परिवार के एक करीबी ने 'द सन' को बताया था, 'ये अफ़सोस की बात है कि जेन और बिल अपने दूसरे पोते-पोतियों से सिर्फ दो घंटे की दूरी पर थे और फिर भी इतने खास मौके पर उन्हें नहीं देख पाए।' मिसौरी में जेन पिट पीडियाट्रिक कैंसर सेंटर अपने पति और तीन बच्चों के अलावा, जेन एटा पिट के परिवार में 14 पोते-पोतियां हैं। साल 2009 में ब्रैड और उनके भाई-बहनों ने मिसौरी में जेन पिट पीडियाट्रिक कैंसर सेंटर खोलने के लिए 10 लाख डॉलर का दान दिया। इस केंद्र ने इस इलाके को अपना पहला पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजिस्ट और हेमेटोलॉजिस्ट दिया था। बताते चलें कि जेन एटा पिट की मौत की वजह का पता नहीं लग पाया है।

‘मायासभा’ में कैसा होगा दिव्या दत्ता का किरदार, एक्ट्रेस ने किया खुलासा

मुंबई, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने तेलुगु सीरीज ‘मायासभा: द राइज ऑफ द टाइटन्स’ में अपने किरदार को लेकर खुलकर बात की। इसमें वह राजनीतिक नेता इरावती बोस का किरदार निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि उनका किरदार चालाकी से दूसरों को अपनी बातों में फंसाने वाला और उनका फायदा उठाने वाला है। उन्होंने बताया कि उनका किरदार इरावती ताकतवर है; साथ ही, वह अपनी कमजोरियों को भी छुपाती हैं ताकि लक्ष्य को हासिल करने में उनके रास्ते में कोई बाधा न बन सके। दिव्या दत्ता ने कहा कि इरावती के चालाक और हिसाब से काम करने वाले गुण उनके लिए सिर्फ एक कमजोरी या ताकत नहीं हैं, बल्कि ये सब मिलाकर उनके जीवन की स्थिति को समझने का एक तरीका है। उन्होंने बताया कि एक अभिनेता के रूप में, उनका काम यह है कि वे अपने किरदार को निभाते वक्त इन गुणों को अलग-अलग तरीके से दिखाएं, जैसे कभी कुछ शब्दों को थोड़ा ऊपर, कभी नीचे, या कभी थोड़ा बदलकर, ताकि वह किरदार सच्चे और प्रभावी तरीके से दर्शकों तक पहुंच सके। एक्ट्रेस ने 1994 में फिल्म ‘इश्क में जीना, इश्क में मरना’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। वह अपने किरदारों में अलग-अलग पहलुओं को एक्सप्लोर करना पसंद करती हैं। उन्होंने कहा, “जब हम किसी किरदार पर काम करते हैं, तो हम उसमें थोड़ी सी चालाकी, थोड़ी सी मस्ती, थोड़ी सी बुद्धिमानी, या कभी-कभी एक इमोशनल उतार-चढ़ाव जोड़ते हैं। यह सब मिलाकर किरदार को और भी वास्तविक और दिलचस्प बनाता है।” ‘मायासभा: द राइज ऑफ द टाइटन्स’ एक राजनीतिक ड्रामा वेब सीरीज़ है, जिसे देवा कट्टा और किरण जय कुमार ने डायरेक्ट किया है। इसमें चैतन्य राव, आधी, रवींद्र विजय, नासर, साई कुमार और चरिता वर्मा नजर आएंगे। इसके अलावा रघु बाबू, भावना वझापंडल और तान्या एस रविचंद्रन जैसे कलाकार भी सीरीज का हिस्सा हैं। यह सीरीज़ 1990 के दशक के आंध्र प्रदेश की राजनीति पर आधारित है। इसमें दो प्रमुख राजनेताओं, नारा चंद्रबाबू नायडू और वाई. एस. राजशेखर रेड्डी के बीच बदलते रिश्ते को दिखाया गया है। पहले ये दोनों दोस्त थे, लेकिन धीरे-धीरे उनका रिश्ता राजनीति के कारण दुश्मनी में बदल जाता है। यह सीरीज इस यात्रा को नाटकीय तरीके से पेश करती है। ‘मायासभा: द राइज ऑफ द टाइटन्स’ 7 अगस्त से सोनी लिव पर स्ट्रीम होगी।  

अजय देवगन ने वत्सल सेठ को दी जन्मदिन की बधाई, ‘टार्जन: द वंडर कार’ की दिलाई याद

मुंबई,  बॉलीवुड के सुपरस्टार अजय देवगन ने अभिनेता वत्सल सेठ को उनके 45वें जन्मदिन पर उन्हें मजेदार तरीके से बधाई दी। अजय देवगन ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की, जिसमें उन्होंने वत्सल को फिल्म ‘टार्जन: द वंडर कार’ की याद दिलाते हुए विश किया। बता दें कि ‘टार्जन: द वंडर कार’ 2004 में रिलीज हुई थी और इसमें अजय और वत्सल ने साथ में काम किया था। अजय देवगन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में एक फोटो पोस्ट की, जिसमें वे, वत्सल और अभिनेत्री काजोल एक साथ नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर में वत्सल की पत्नी इशिता दत्ता भी दिखाई दे रही हैं। इस तस्वीर को पोस्ट करते हुए अजय ने एक मजेदार कैप्शन लिखा। उन्होंने लिखा, “जब भी आपको मेरी जरूरत हो, एक पर्पल कार को ढूंढना… जन्मदिन मुबारक हो वत्सल सेठ।” उनके पोस्ट में पर्पल कार का मतलब फिल्म ‘टार्जन: द वंडर कार’ की मशहूर पर्पल कार से है, जो फिल्म का एक अहम हिस्सा थी। इस फिल्म में वत्सल शेठ और अजय देवगन के अलावा, आयशा टाकिया, फरीदा जलाल, अमरीश पुरी, सदाशिव अमरापुरकर, गुलशन ग्रोवर, राजपाल यादव, मुकेश तिवारी, सिकंदर खरबंदा, और शक्ति कपूर अहम रोल में थे। फिल्म की कहानी देवेन चौधरी नामक एक ऑटोमोबाइल इंजीनियर पर आधारित है, जो अपनी मां सुहासिनी और बेटे राज के साथ रहता है। देवेन ने एक कार डिजाइन की, जिसे उसने डीसी नाम दिया। उसके पास एक पुरानी मॉरिस माइनर कार भी है, जिसे वह ‘टार्जन’ कहता है, जो उसके दिवंगत पिता से मिली थी। यह कार एक खास सजावट की वजह से टार्जन के किरदार से जुड़ी हुई है। देवेन अपनी कार के डिजाइन को लेकर एक निजी कंपनी ‘फोरफॉक्स’ के साथ काम करता है, लेकिन कंपनी के कार्यकारी राकेश कपूर और उसके साथी डिजाइन चुरा लेते हैं और इसे अपने नाम पर रजिस्टर करवा लेते हैं। देवेन पुलिस में शिकायत करता है, लेकिन पुलिस अधिकारी संजय शर्मा उसके खिलाफ हो जाता है, और उसे चुप कर दिया जाता है, जिसके कारण देवेन की मौत हो जाती है। बारह साल बाद, उसका बेटा राज, जो अब बड़ा हो चुका है, कॉलेज जाता है और इस दौरान उसकी नजर अपने पिता की पुरानी कार ‘टार्जन’ पर पड़ती है, जिसे वह 5000 रुपए में खरीदता है और उसे नया डिजाइन देने का काम शुरू करता है। पिता के सपने को पूरा करने के लिए वह नए डिजाइन द्वारा तैयार की गई कार को ‘डीसी’ नाम देता है। देवेन की आत्मा इस कार के जरिए अपने दुश्मनों से बदला लेने लगती है। इस फिल्म का निर्देशन अब्बास-मस्तान ने किया था।