samacharsecretary.com

गयाजी में बिहार को 12,992 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे प्रधानमंत्री मोदी : सम्राट चौधरी

* गयाजी में प्रधानमंत्री मोदी छह परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और आठ परियोजनाओं का शिलान्यास * अमृत भारत एक्सप्रेस और बुद्ध सर्किट ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम। * करीब 13 हजार की परियोजनाओं से विकास के पथ पर तेजी से बढ़ेगा बिहार पटना, बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने बताया कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी 22 अगस्त को गयाजी से बिहार की जनता को 12,992 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं के माध्यम से बिहार के बुनियादी ढांचा, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शहरी एवं ग्रामीण विकास और पर्यटन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति होगी। श्री चौधरी ने कहा कि इस अवसर पर 11,735 करोड़ रुपये की लागत वाली छह परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। इसमें-बक्सर में 660 मेगावाट क्षमता वाला थर्मल पावर प्लांट है, जिसकी लागत 6,878 करोड़ रुपये, मुंगेर में सीवरेज नेटवर्क और एसटीपी परियोजना 523 करोड़, मुजफ्फरपुर के होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र का 385 करोड़ की लागत से निर्माण, 1,871 करोड़ रुपये से मोखामा-सिमरिया के बीच एनएच-31 पर 4/6 लेन और गंगा ब्रिज का निर्माण, बख्तियारपुर से मोखामा एनएच-31 सड़क का सुधार 1,899 करोड़ रुपये से और 179 करोड़ रुपये से बिक्रमगंज-दवथ-नवांगर-दुमरांव सड़क का 2 लेन में उन्नयन शामिल है। उपमुख्यमंत्री ने कहा- प्रधानमंत्री जी 1,257 करोड़ रुपये की आठ परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं में दाउदनगर और औरंगाबाद में एसटीपी और सीवरेज नेटवर्क, बरहिया (लखीसराय) और जमुई में एसटीपी और आईएंडडी, वहीं अमृत 2.0 के तहत औरंगाबाद, बोधगया और जहानाबाद में जल आपूर्ति एवं सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की परियोजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री शुक्रवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में 4,260 और ग्रामीण क्षेत्रों में 12,000 लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराएंगे। इस अवसर पर पांच प्रमुख लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से अपने घरों की चाबी भी वो सौपेंगे। इनमें तीन ग्रामीण और दो शहरी परिवार शामिल हैं। इसके साथ ही मोदीजी गयाजी और दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन और बुद्ध सर्किट की वैशाली से कोडरमा ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इन रेलों के परिचालन से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा- गयाजी में माननीय प्रधानमंत्री के कर कमलों से बिहार को मिल रही 13 हजार की परियोजनाओं से रोजगार के अवसर पैदा होंगे। बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छ जल, बेहतर सड़क और परिवहन की सुविधा तथा आवास जैसी मूलभूत आवश्यकताएं पूरी होने से बिहार विकास के पथ पर और तेजी से बढ़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को आर्थिक और सामाजिक रूप से गतिशील बनाकर एक विकसित प्रदेश के रूप में स्थापित किया जा रहा है

बिहार में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देने वाली प्रधानमंत्री की परियोजनाएं, रोजगार और आर्थिक विकास के अवसर सृजित होंगे: सम्राट चौधरी

* बुद्ध सर्किट को जोड़ने के लिए वैशाली से कोडरमा तक ट्रेन का परिचालन * सिमरिया धाम तक बेहतर संपर्क सुविधा के लिए 1.86 किमी लंबा 6 लेन पुल * मां जानकी मंदिर और बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय जैसे प्रोजेक्ट से पर्यटन को मिल रहा है बढ़ावा * धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा, रोजगार और आर्थिक मजबूती की दिशा में सरकार का बड़ा कदमबुद्ध सर्किट को जोड़ने के लिए वैशाली से कोडरमा तक ट्रेन का परिचालन * सिमरिया धाम तक बेहतर संपर्क सुविधा के लिए 1.86 किमी लंबा 6 लेन पुल * मां जानकी मंदिर और बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय जैसे प्रोजेक्ट से पर्यटन को मिल रहा है बढ़ावा * धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा, रोजगार और आर्थिक मजबूती की दिशा में सरकार का बड़ा कदम पटना, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया है कि बिहार में पर्यटन, खासकर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देकर रोजगार सृजन और आर्थिक मजबूती की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। 22 अगस्त को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी गयाजी में बिहारवासियों को 12,992 करोड़ रुपए की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में धार्मिक पर्यटन को विशेष महत्व दिया गया है, जिससे राज्य की संस्कृति, विरासत और पर्यटन क्षमता को नई पहचान मिलेगी। रेल कनेक्टिविटी में सुधार के तहत वैशाली से कोडरमा तक ‘बुद्ध सर्किट’ की ट्रेन सेवा शुरू होगी, जो वैशाली, हाजीपुर, सोनपुर, पटना, फतुहा, राजगीर, नटेश्वर, गया होते हुए कोडरमा तक चलेगी। इससे बौद्ध धर्म से जुड़ी कई महत्वपूर्ण धरोहरों को जोड़ने में मदद मिलेगी और पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। इसके साथ ही, सिमरिया धाम तक बेहतर संपर्क के लिए 1.86 किलोमीटर लंबा 6 लेन पुल राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर 1,870 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया है, जिसका उद्घाटन भी प्रधानमंत्री करेंगे। यह पुल देश के प्रमुख तीर्थस्थल सिमरिया धाम और राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जन्मभूमि तक आसान पहुंच सुनिश्चित करेगा। धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में मां जानकी मंदिर का पुनौराधाम (सीतामढ़ी) में निर्माण भी महत्वपूर्ण पहल है, जिसका भूमिपूजन 67 एकड़ भूमि पर हुआ है, और इसकी लागत लगभग 882 करोड़ रुपए है। इसके अलावा, वैशाली में स्थित ‘बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप’ का लोकार्पण हो चुका है, जो पर्यटन को और बढ़ावा देगा। रेल सेवाओं में सुलतानगंज-देवघर रेलमार्ग की भी घोषणा होने वाली है, जिससे श्रावणी मेले के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिलेगी। इस मार्ग पर अब तक ट्रेन सेवा नहीं थी। इन पहलों से राज्य में पर्यटन की संख्या बढ़ेगी और इससे स्थानीय स्तर पर होटल, परिवहन, गाइड व सहायक सेवाओं समेत रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने से बिहार की नई पहचान बनेगी और प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में बिहार पर्यटन क्षेत्र में देखी जा रही तेजी आम जनता के लिए खुशहाली के नए द्वार खोल रही है। ये परियोजनाएं बिहार को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त प्रदेश बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी और रोजगार के अवसरों को व्यापक बनाएंगी। * राजगीर एवं वैशाली में तीन पाँच सितारा होटलो निर्माण को मंजूरी दी गई * पटना साहिब सहित सिख धर्म के प्रमुख स्थलों का पुनरुत्थान व सौंदर्यीकरण। * पर्यटन नीति 2024 के तहत निवेश, रोजगार और अधोसंरचना को बढ़ावा। * मुख्यमंत्री होमस्टे/बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सहारा। * चौसा के ऐतिहासिक मैदान का सौंदर्यीकरण * 20 वर्षों में बिहार का पर्यटन बजट 7.43 करोड़ से बढ़कर 914.44 करोड़। * रामायण सर्किट के स्थलों का कायाकल्प, वैश्विक स्तर पर मिल रही पहचान

सड़क पर मौत का लाइव मंजर: पूर्णिया में फर्नीचर कारोबारी की दर्दनाक मौत, हादसे का वीडियो आया सामने

पूर्णिया बिहार के पूर्णिया जिले में 19 अगस्त को भयानक हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार फर्नीचर कारोबारी की मौत हो गई। इस हादसे का अब CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि ओवरटेक करने के चक्कर में कारोबारी की जान चली गई। सेना की गाड़ी की ठोकर लगते ही गाड़ी के पहिए के नीचे आ गए। ठोकर लगते ही पहिए ने नीचे आई बाइक जानकारी के अनुसार, घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मटिया चौक के पास की है। 29 सेकंड का जो वीडियो क्लिप सामने आया है, उसमें सेना के वैन को रोड के साइड से गुजरते हुए देखा जा सकता है। वैन के पीछे ही एक और सेना की बड़ी गाड़ी आती है। वहीं बाइक पर सवार तीन युवक इस गाड़ी को ओवरटेक करने लगते हैं। इसी दौरान गाड़ी से ठोकर लगते ही बाइक पहिए ने नीचे आ गई। इस हादसे में फर्नीचर कारोबारी मोहम्मद जावेद(35) की मौके पर ही मौत हो गई। ढाई घंटे तक जाम रहा मुख्य सड़क मार्ग उधर, इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने एनएच 131ए को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। करीब ढाई घंटे तक पूर्णिया-कटिहार मुख्य सड़क मार्ग जाम रहा। वहीं सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची मुफस्सिल थाना की पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को शांत करवाया।  

राज्य में फिर बरसेगा मानसून, कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी

रांची  झारखंड में मानसून लगातार सक्रिय है। मौसम विभाग ने आगामी 26 अगस्त तक झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश के संभावना जताई है। इसके लिए कुछ जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। बता दें कि मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के उत्तरी भाग के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार व शनिवार को पलामू, चतरा, गढ़वा, और लातेहार में भारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। रांची, संताल परगना व उत्तरी छोटानागपुर के सभी जिलो में भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अगले 5 दिनों तक घने बादल छाए रहेंगे। वहीं कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। वहीं, बीते बुधवार को राज्य में सबसे अधिक बारिश लोहरदगा में 9 मिलीमीटर दर्ज की गयी है। रांची में 8 मिमी और जमशेदपुर में 7 मिमी बारिश हुई। बोकारो में छिटपुट बारिश दर्ज की गयी। इस मानसून में अब तक राज्य में 894.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 26 प्रतिशत अधिक है।

बच्चों की सुरक्षा पर समझौता नहीं: पेरेंट्स एसोसिएशन अध्यक्ष का सख्त बयान

रांची झारखंड में रांची के श्रद्धानंद सेवाश्रम स्कूल रातू रोड से जुड़े तथाकथित शिक्षक उत्पीड़न प्रकरण को लेकर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने गंभीरता दिखाई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ा कोई भी मामला हल्के में नहीं लिया जा सकता। इससे पहले बीते बुधवार को राय ने विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अनुज कुमार सिंह से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि अब तक विद्यालय के किसी भी छात्रा ने इस संदर्भ में लिखित शिकायत नहीं दी है। उनके अनुसार, जिस शिक्षक पर आरोप लगाए गए हैं, उससे जुड़ा विवाद दरअसल पारिवारिक स्तर का है और इसे विद्यालय का अंदरूनी मामला नहीं माना जा सकता। फिर भी, एसोसिएशन के अध्यक्ष राय ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। इस कारण उन्होंने राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, नई दिल्ली के अध्यक्ष को ईमेल के माध्यम से पत्र भेजकर प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यदि आरोप सत्य साबित होते हैं तो दोषी शिक्षक पर कठोरतम कारर्वाई होनी चाहिए।  

अब तक कितनों ने दिया वोटर बनने का आवेदन? चुनाव आयोग ने खोले बिहार के आंकड़े

पटना बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत अबतक 1 लाख 98 हजार 660 पात्र नागरिकों ने नए मतदाता बनने के लिए आवेदन दिया है। इनमें सभी 18 साल से अधिक उम्र के हैं। उन्होंने मतदाता सूची में नाम शामिल करने को लेकर फॉर्म 6 भरकर आवेदन किया है। बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, राज्य में प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में मतदाताओं से सीधे प्राप्त होने वाले दावे और आपत्तियों की संख्या 60 हजार 10 हो गई है। नियमानुसार सात दिनों के अंदर इनके दावे और आपत्तियों का निपटारा किया जाना है। चुनाव आयोग ने इनमें अबतक 2,394 दावा एवं आपत्तियों का निपटारा कर दिया है। राजनीतिक दलों के करीब 1.69 लाख बीएलए चुनाव आयोग के अनुसार, एक अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया और दो अगस्त से दावा एवं आपत्ति आमंत्रित किया गया है। अब तक किसी भी राजनीतिक दल के बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) ने एक भी दावा या आपत्ति दाखिल नहीं किया है, जबकि राज्य में 12 मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय दलों के कुल 1 लाख 60 हजार 813 बीएलए नियुक्त हैं।

सूर्या हांसदा की हत्या पर बोले अर्जुन मुंडा – भ्रष्टाचार और लूट के खिलाफ उठाई आवाज बनी जानलेवा

रांची  झारखंड में भाजपा प्रदेश कार्यालय में सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले की जांच के लिए गठित सात सदस्यीय टीम की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल एवं अनीता सोरेन उपस्थित थे। बैठक में जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जो प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को सौंपा जाएगा। बाद में मीडिया से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि ललमटिया दौरे पर जाने के बाद टीम ने स्व सूर्या हांसदा के परिजनों एवं वहां के प्रबुद्ध जन, स्थानीय जनता से घटना के संदर्भ में जानकारी ली। मुंडा ने कहा कि सभी ने स्पष्ट तौर पर आशंका जाहिर की कि स्व सूर्या हांसदा का इनकाउंटर फर्जी है तथा यह साजिशन हत्या है। उन्होंने कहा कि स्व हंसदा अवैध उत्खनन तथा भ्रष्टाचार का सदैव विरोध करते थे। उनका परिवार रूढ़िवादी पारम्परिक आदिवासी व्यवस्था का अगुआ है। उनका परिवार मांझी परिवार है। मुंडा ने कहा, स्व सूर्या हांसदा अपने आंदोलनों के कारण खनन माफियाओं के आंखों की किरकिरी बने हुए थे। उनके रास्ते में रोड़ा बनकर खड़े थे इसलिए उन्हें रस्ते से हटाने की साजिश रची गई। मुंडा ने कहा कि जिस मुकदमे में उनका एनकाउंटर दिखाया जा रहा उसमें वे नामजद भी नहीं थे।कहा कि स्व सूर्या हांसदा गरीब बच्चों के मसीहा थे। सैकड़ों बच्चों के शिक्षा की चिंता करते थे। आज वे बच्चे अनाथ महसूस कर रहे थे। मुंडा ने कहा कि भाजपा स्व सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले की लड़ाई को अंतिम दम तक लड़ेगी। पार्टी परिवार के साथ खड़ी है। कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी ठोस आंदोलन कार्यक्रम की घोषणा करेगी।  

विपक्ष का हंगामा तय! सरकार को घेरने की तैयारी में BJP-कांग्रेस

रांची झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र पुन: 22 अगस्त से शुरू होगा और 28 अगस्त तक चलेगा। इस बार सत्र के दौरान कुल चार बैठकें होगी। 23 अगस्त को शनिवार और 24 अगस्त को रविवार होने के कारण इन दोनों दिनों में बैठक नहीं होगी। इसके अलावा 27 अगस्त को भी अवकाश होगा। उल्लेखनीय है कि झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र पहले 1 अगस्त से 7 अगस्त तक निर्धारित था और इसका शुभारंभ एक अगस्त को हुआ भी था, लेकिन 4 अगस्त को दिशोम गुरु और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के कारण सत्र को तत्काल प्रभाव से अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। सदन के अनिश्चितकाल के लिए स्थगन के बाद विधानसभा सचिवालय द्वारा पुन: बैठक का औपबंधिक कार्यक्रम जारी किया गया है। इसके अनुसार अब मानसून सत्र पुन: 22 अगस्त से शुरू होगा। सदन में 22 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पेश की जाएगी। उसके बाद शोक प्रकाश होगा। 25 अगस्त को प्रश्नकाल होगा तथा प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी पर चर्चा की जाएगी। 26 अगस्त को प्रश्नकाल होगा एवं राजकीय विधेयक पेश किया जाएगा जाएंगे। 28 अगस्त को प्रश्नकाल, राजकीय विधेयक अन्य राजकीय कार्य होगा और गैर सरकारी संकल्प भी लिए जाएंगे।  

झारखंड में वन्यजीव सुरक्षा को बड़ा झटका, पलामू अभयारण्य से 9 शिकारी दबोचे गए

लातेहार झारखंड के पलामू बाघ अभयारण्य (पीटीआर) में 9 शिकारियों को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि उनके पास से जब्त की गई वस्तुओं में आठ देसी बंदूकें, 400 ग्राम बारूद, 14 ग्राम गंधक, बाघ को पकड़ने का पिंजरा, एक फंदा, एक कुल्हाड़ी और जानवरों के अंग शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि अभयारण्य से रविवार को 2 संदिग्ध शिकारियों को गिरफ्तार किया गया। उनके (शिकारियों) द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर सोमवार को दो और शिकारियों को गिरफ्तार किया गया और मंगलवार को विस्फोटक और बारूद की आपूर्ति करने वाले सरफराज मियां को गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने बताया कि सरफराज मियां से पूछताछ के बाद अभयारण्य के विभिन्न हिस्सों से ये गिरफ्तारियां की गईं। उन्होंने बताया कि 13 अन्य शिकारियों की तलाश जारी है। सरफराज मियां वर्षों से उन्हें बारूद और विस्फोटक मुहैया करा रहा था। पीटीआर के उप निदेशक प्रजेश कांत जेना ने कहा, ‘‘अभयारण्य की सुरक्षा मजबूत कर दी गई है।'' उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 10 साल पहले अभयारण्य के गारू वन क्षेत्र के चंदवा चट्टान में एक बाघ को मार डाला था। जेना ने बताया, ‘‘उन्होंने (शिकारियों) अभयारण्य में जंगली सूअर, हिरण और अन्य जानवरों का भी शिकार किया। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या उनका कोई अंतरराष्ट्रीय संबंध है।'' जेना ने बताया कि पूछताछ के दौरान सरफराज मियां ने तपेश्वर सिंह नाम के एक व्यक्ति का नाम बताया। सिंह ने ही मियां को बारूद उपलब्ध कराया था। उन्होंने बताया, ‘‘इस सूचना के आधार पर वन विभाग की एक टीम ने तड़के करीब तीन बजे सिंह के आवास पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सिंह ने 10 शिकारियों के नाम बताए।

दोस्ती में छिपा खौफनाक राज! आर्टिस्ट पीयूष हत्याकांड में पांच आरोपी गिरफ्तार

सीवान बिहार के सीवान में टैटू आर्टिस्ट पीयूष हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल पांच आरोपी दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त चाकू,खून लगा कपड़ा और 3 मोबाइल भी बरामद हुए हैं। वहीं, अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। आपसी विवाद में दोस्तों ने हत्या की घटना को अंजाम दिया है। मंगलवार को बसंतपुर के खोड़ीपाकड़ नहर के किनारे से पीयूष का अधजला शव बरामद किया गया था। इसकी जानकारी महाराजगंज एसडीपीओ अमन ने प्रेसवार्ता कर दी है। निर्मम तरीके से की गई हत्या एसडीपीओ अमन ने बताया कि मंगलवार को बसंतपुर के खोड़ीपाकर नहर के किनारे भगवानपुर हाट के मलमलिया गांव निवासी स्वः रवीन्द्र सिंह के पुत्र पीयूष कुमार का अधजला शव बरामद किया गया था। पीयूष की निर्मम तरीके से गला रेतकर हत्या करने के बाद पेट्रोल छिड़ककर जला दिया गया था। इस घटना के बाद मृतक की मां रीमा देवी ने थाने में आवेदन देकर पीयूष के दोस्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। एसआईटी टीम का गठित सीवान एसपी मनोज तिवारी के निर्देश पर महाराजगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में तुरंत एसआईटी टीम का गठन किया गया। गठित टीम के सभी पुलिस अधिकारी विशेष टीम के प्रयास से एसडीपीओ के नेतृत्व छापेमारी की। टीम ने महज तीन घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा किया। पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया। घटना में प्रयुक्त चाकू और घटना को अंजाम देने के समय का आरोपी का खून लगा हुआ कपड़ा बरामद कर लिया गया है। मामले पर छापामार कार्रवाई जारी घटना में संलिप्त अन्य आरोपी के विरुद्ध लगातार छापामारी की जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपी दोस्तों ने आपसी विवाद में हत्या की घटना को अंजाम दिया। साक्ष्य छुपाने के लिए शव को जलाने का प्रयास किया था, लेकिन शव अधजला होने की वजह से पहचान हो गई। गिरफ्तार युवकों की पहचान सीवान जिले के लकडीनवीगंज के खवासपुर निवासी विनोद कुमार सिंह के पुत्र अमन कुमार, भगवानपुर हाट के मलमलिया निवासी पंकज सिंह उर्फ पप्पू सिंह के पुत्र हिमांशु सिंह,रविन्द्र सिंह के पुत्र मोहित सिंह,बसंतपुर के हरायपुर निवासी सत्येंद्र सिंह के पुत्र अनीश कुमार और रतौली निवासी अवध पाण्डेय के पुत्र सूरज कुमार पाण्डेय के रूप में हुई है। वहीं, भगवानपुर के चरौली निवासी मुकेश सिंह का पुत्र मोहित सिंह फरार चल रहा है,जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।