samacharsecretary.com

देश की तरक्की में हरियाणा की भूमिका अहम – नायब सैनी की राय

पंचकूला  पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय पंचकमल में शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी आत्मनिर्भर भारत संकल्प कार्यशाला को संबोधित करते हुए। –   मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प से ही भारत विकसित राष्ट्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा संकल्प है, जो हमें आत्मनिर्भरता की ओर ले जा रहा है। यही भारत की असली ताकत है और इसी ताकत को पहचानते हुए पीएम मोदी ने स्वदेशी का नारा दिया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी शनिवार को पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय पंचकमल में आत्मनिर्भर भारत संकल्प कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होने कहा कि 25 सितंबर से लेकर 25 दिसंबर तक 'आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान' चलेगा। इस अभियान की चर्चा हर गली और घर-घर तक पहुंचनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर ‘सुराज’का भी आधार है। हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस स्वराज का सपना देखा था, उसे सुराज में बदलने के लिए हम पिछले 11 साल से लगातार कोशश कर रहे हैं। इस ‘सुराज’ का मार्ग पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने दिखाया था और वे आजीवन इसके लिए काम करते रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने आत्मनिर्भरता के इकोनॉमी, इंफ्रास्ट्रक्चर, सिस्टम, डेमोग्राफी और डिमांड ये पांच स्तंभ बताए हैं। इन पांच स्तंभों के माध्यम से देश नयी बुलंदियों को छुएगा। उन्होंने कहा कि जब हम आत्मनिर्भर भारत की बात करते हैं, तो हरियाणा का नाम गर्व से लिया जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का ग्रोथ इंजन है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इसे ग्रोथ इंजन कहा है। सैनी ने कहा कि प्रदेश में ’आत्मनिर्भर हरियाणा-आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के अन्तर्गत ’हरियाणा आत्मनिर्भर पोर्टल’ शुरू किया गया है। कोई भी व्यक्ति या व्यवसायी अपना नया काम-धंधा शुरू करने के लिए इस पोर्टल के माध्यम से योजनाओं का लाभ उठा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रदेश में पदमा कार्यक्रम को लागू किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा में व्यापार करने में आसानी के लिए 48 विभागों के 1100 से अधिक गैर जरूरी नियमों को समाप्त किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली की अध्यक्षता में हुई इस कार्यशाला को राष्ट्रीय सचिव अल्का गुर्जर, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया के अलावा संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री एवं मंत्री कृष्ण बेदी, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता सहित सांसद, विधायक, मंत्री, जिलों के अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी तथा आत्म निर्भर भारत संकल्प की टीम मौजूद रही।

सरकार ने बढ़ाई चावल डिलीवरी की अवधि और बोनस राशि, लाभ उठा पाएंगे सभी पात्र लोग

चंडीगढ़  मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राइस मिलर्स के हित में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने चावल की डिलीवरी अवधि और बोनस राशि की अवधि को 15 मार्च 2025 से बढ़ाकर 30 जून 2025 करने का फैसला किया है। इस निर्णय से प्रदेश की लगभग 1000 मिलों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, मिलर्स को बोनस राशि के अतिरिक्त लगभग 50 करोड़ रुपये के होल्डिंग चार्ज में भी छूट का लाभ प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को यहां आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि हरियाणा राइस मिलर्स एसोसिएशन द्वारा राज्य सरकार को यह अवगत करवाया गया कि भारतीय खाद्य निगम द्वारा चावल की डिलीवरी लगभग 45 दिन देर से शुरू की गई, जिसके कारण मिलर्स अपना कार्य निर्धारित अवधि में पूरा नहीं कर पाए। एसोसिएशन की मांग को उचित समझते हुए सरकार ने राइस मिलर्स को दिए जाने वाली बोनस की राशि की अवधि को 30 जून करने का निर्णय किया है। इस अवसर पर सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग, मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती और मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय उपस्थित रहे। कल से शुरू होगी खरीफ फसलों की खरीद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि एक अक्तूबर के बजाय अब 22 सितंबर से राज्य में खरीफ फसलों की सरकारी खरीद शुरू की जाएगी। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों को एमएसपी के बारे में गुमराह करने का काम किया, जबकि हमारी सरकार ने लगातार फसलों पर एमएसपी को बढ़ाया है। उन्होंने कहा, वर्ष 2014 में धान कॉमन का एमएसपी 1360 रुपये प्रति क्विंटल था, जबकि आज 2369 रुपये प्रति क्विंटल है। वर्ष 2014 में धान ग्रेड-ए का एमएसपी 1400 रुपये प्रति क्विंटल था, जबकि आज 2389 रुपये है।

इनेलो करेगा ताऊ देवी लाल जयंती पर देशवाली बेल्ट में जोरदार राजनीतिक प्रदर्शन

चंडीगढ़ इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला 25 सितंबर को रोहतक में सम्मान दिवस रैली के ज़रिये अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने जा रहे हैं। यह आयोजन केवल पूर्व उपप्रधानमंत्री दिवंगत चौ़ देवीलाल की जयंती तक सीमित नहीं है, बल्कि हरियाणा की राजनीति में इनेलो की पुनर्स्थापना की बड़ी कोशिश माना जा रहा है। यह रैली खास इसलिए भी है क्योंकि यह पूर्व मुख्यमंत्री चौ़ ओमप्रकाश चौटाला के निधन के बाद अभय चौटाला का पहला बड़ा शक्ति प्रदर्शन होने जा रहा है। इनेलो नेता पिछले महीनों में प्रदेशभर का दौरा कर चुके हैं और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में जुटे हैं। अब उनकी नजरें इस रैली पर टिकी हैं, जिसे इनेलो की वापसी का मंच कहा जा रहा है। रोहतक लंबे समय से कांग्रेस के दिग्गज और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता है। जाटलैंड की इस धरती पर पैर जमाना किसी भी राजनीतिक दल के लिए भविष्य की राजनीति का दरवाजा खोल सकता है। अभय चौटाला यहां रैली आयोजित कर न केवल कांग्रेस को सीधी चुनौती देने का संकेत कर रहे हैं, बल्कि यह भी दिखाना चाहते हैं कि इनेलो अब फिर से जाट बेल्ट में पैठ बनाने की तैयारी में है। इनेलो के लिए पिछले कुछ साल बेहद कठिन रहे। 2019 में परिवार में फूट पड़ी और बड़े भाई डॉ़ अजय सिंह चौटाला ने जजपा बनाकर अलग राह पकड़ ली। इस बिखराव का असर पहले 2019 और फिर 2024 के विधानसभा चुनावों में साफ दिखाई दिया, जब इनेलो का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। अब अभय चौटाला एक बार फिर संगठन को खड़ा करने और कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने की कोशिश कर रहे हैं। रोहतक की सम्मान दिवस रैली अभय चौटाला के लिए सिर्फ एक राजनीतिक आयोजन नहीं बल्कि इनेलो के पुनर्जीवन का ऐलान है। हुड्डा के गढ़ में पांव जमाने की कोशिश, ताऊ देवीलाल की विरासत का सहारा और ‘राइट टू रिकॉल’ जैसे मुद्दे को हथियार बनाकर वे यह संदेश देना चाहते हैं कि चौटाला परिवार की राजनीति अब भी जिंदा है। 2029 की ओर बढ़ती रणनीति में यह रैली उनका पहला बड़ा दांव होगी, और शायद सबसे अहम भी। 2029 की राह पर लंबी तैयारी विश्लेषकों का मानना है कि अभय चौटाला का असली लक्ष्य 2029 है। उनका फोकस फिलहाल संगठन को मजबूत करने और धीरे-धीरे जनता के बीच भरोसा जीतने पर है। वे जाट बेल्ट में पकड़ बनाकर इनेलो को भाजपा और कांग्रेस दोनों के विकल्प के तौर पर स्थापित करना चाहते हैं। रोहतक की रैली इस मिशन का पहला बड़ा पड़ाव है। ‘राइट टू रिकॉल’ भी बनेगा मुद्दा पूर्व उपप्रधानमंत्री चौ़ देवीलाल ने सबसे पहले संविधान में संशोधन कर ‘राइट टू रिकॉल’ लागू करने की आवाज उठाई थी। अभय चौटाला ने घोषणा की है कि 25 सितंबर की रैली में इस मुद्दे को फिर से जोर-शोर से उठाया जाएगा। इस अधिकार का मतलब है कि जनता किसी भी विधायक या सांसद को जो वादे पूरे न करे, बीच कार्यकाल में वापस बुला सके और नया प्रतिनिधि चुन सके। अभय का कहना है कि यह अधिकार लागू होते ही झूठे वादों पर रोक लगेगी और कुर्सी जाने के डर से नेता ईमानदारी से जनता की सेवा करेंगे। इसलिए अलग हैं अभय अभय अपनी बेबाकी और बोल्डनेस के लिए जाने जाते हैं। उनकी राजनीति में सीधी और सख्त बात करने का अंदाज अक्सर समर्थकों को आकर्षित करता है। हालांकि, उनका यह रुखा व्यवहार कभी-कभी लोगों को खलता भी है। लेकिन उन्हें करीब से जानने और समझने वाले मानते हैं कि अभय अपने वचनों के पक्के हैं और कमिटमेंट निभाने में पीछे नहीं हटते। यही आदत उन्हें बाकी नेताओं से अलग करती है। यही छवि वे अब रोहतक की रैली में पेश करना चाहते हैं। चुनौतियां अभय चौटाला की रोहतक और आसपास की जाट बेल्ट में एंट्री आसान नहीं होने वाली। कांग्रेस में हुड्डा का मजबूत संगठन और भाजपा की रणनीतिक पैठ उनके सामने बड़ी चुनौती है। साथ ही, इनेलो की पिछली पराजयों ने कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर किया है, जिसे दोबारा जगाना आसान नहीं होगा।   संभावनाएं इसके बावजूद अभय के पास मौका है। जनता पारंपरिक दलों से निराश है और नए विकल्प की तलाश में है। चौटाला परिवार की विरासत और अभय का सीधा, बेबाक अंदाज उन्हें इस क्षेत्र में लोकप्रिय बना सकता है। यदि वे संगठन को मजबूत कर पाए और जनता को यह विश्वास दिला पाए कि इनेलो वादों पर खरी उतरेगी, तो यह रैली उनके लिए टर्निंग प्वाइंट साबित हो सकती है।

हरियाणा सरकार ने 6377 पदों पर भर्ती को दी हरी झंडी, आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू

चंडीगढ़ हरियाणा सरकार ने युवाओं के लिए बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में 103 कैटेगरी की भर्तियों को मंजूरी दे दी गई। अब जल्द ही 6377 पदों के लिए जॉइनिंग लेटर जारी किए जाएंगे। सरकार का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाकर अभ्यर्थियों को समय पर नियुक्ति दी जाएगी। ये भर्तियां हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से होंगी। नयी भर्तियों में सबसे ज्यादा 3240 पद क्लर्क के हैं। इसके अलावा शिक्षा विभाग में भी बड़ी संख्या में भर्तियां होंगी। इसमें 835 टीजीटी, 112 पीजीटी और 1820 पीआरटी के पद शामिल हैं। परिवहन विभाग में 370 भारी वाहन ड्राइवरों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। सरकार ने अनुबंध और कच्चे कर्मचारियों को लेकर भी नये आदेश जारी किए हैं। हरियाणा कौशल रोजगार निगम ने कहा है कि जिन कर्मचारियों की सेवा अवधि पूरी हो रही है, उनकी जानकारी विभागाध्यक्षों को 15 दिन के भीतर पोर्टल पर देनी होगी। अगर विभाग समय पर जवाब नहीं देता, तो कर्मचारी की कार्यमुक्ति स्वतः मान ली जाएगी। राज्य में अस्थायी कर्मचारियों की सबसे ज्यादा जरूरत सिंचाई और बिजली विभाग को रहती है। यहां तीन से छह महीने के लिए कर्मचारी रखे जाते हैं। मंडियों में फसल खरीद के समय भी बड़ी संख्या में अस्थायी कर्मचारी लगाए जाते हैं। अब सरकार ने आदेश दिया है कि इन सभी नियुक्तियों और कार्यमुक्ति की जानकारी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होगी।

बाबा बंदा सिंह बहादुर की विरासत को समर्पित फेसबुक पेज हुआ लॉन्च

चंडीगढ़  बाबा बंदा सिंह बहादुर के बारे में जनता को जानकारी उपलब्ध करवाने करने के लिए बाबा बंदा सिंह बहादुर लोहगढ़ फाउंडेशन (ट्रस्ट) के फेसबुक पेज एवं ‘लोगो’ का बृहस्पतिवार को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री एवं ट्रस्ट के चेयरमैन मनोहर लाल ने लोकार्पण किया। मनोहर लाल ने बाबा बंदा सिंह बहादुर लोहगढ़ फाउंडेशन ट्रस्ट की बैठक के दौरान कहा कि जल्द ही ट्रस्ट के भवन का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा और इस संबंध में संबंधित विभाग द्वारा अनापति प्रमाण पत्र शीघ्र ही जारी होगा। उन्होंने बताया कि कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा लगभग 20 एकड़ भूमि का स्थानातंरण ट्रस्ट को कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। बैठक में हरियाणा सरकार के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव को बाबा बंदा सिंह बहादुर लोहगढ़ फाउंडेशन ट्रस्ट का सदस्य बनाए जाने के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। बैठक में केन्द्रीय मंत्री व ट्रस्ट के चेयरमैन मनोहर लाल ने संबंधित अधिकारियों व पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आज शुरू किए फेसबुक पेज पर बाबा बंदा सिंह बहादुर के जीवन से संबंधित उनकी वीर गाथाओं के कंटेट को साझा किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग ट्रस्ट द्वारा प्रदान की जा रही जानकारी से अवगत हो सकें और समाज को प्रेरणा मिल सकें। बैठक में पूर्व मंत्री कंवर पाल, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल, सूचना, जनसंपर्क एव भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल और महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग, यमुनानगर के उपायुक्त पार्थ गुप्ता, मुख्यमंत्री के ओएसडी डा प्रभलीन सिंह तथा ट्रस्ट के सदस्य व पदाधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे। फाउंडेशन ट्रस्ट परिसर में चले स्वच्छता मुहिम केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्तमान में चल रहे ‘सेवा पखवाडा‘ कार्यक्रम के दौरान बाबा बंदा सिंह बहादुर लोहगढ़ फाउंडेशन ट्रस्ट परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया जाए तथा जरूरतमंदों लोगों को ध्यान में रखते हुए एक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाए और ट्रस्ट की भूमि पर एक बोर्ड भी लगाया जाए। इस बोर्ड पर बाबा बंदा सिंह बहादुर का चित्र तथा ‘लोगो’ भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाबा बंदा सिंह बहादुर जिन स्थानों से गुजरे हैं और ठहराव किया है, उन स्थानों पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने के लिए एक रूपरेखा तैयार की जाए ताकि उनकी वीर गाथाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सके। बैठक के दौरान फरीदाबाद से आए गुरप्रसाद सिंह ने 11 लाख रुपए का चैक ट्रस्ट के चेयरमैन व केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल को भेंट किया।

अग्रवाल समाज ने उठाई मांग – महाराजा अग्रसेन जयंती पर 22 सितंबर को बैंक बंद रहें

चंडीगढ़ ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन (एआईबीओसी) हरियाणा का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने 22 सितंबर 2025 को पड़ने वाली महाराजा अग्रसेन जयंती को एन.आई. एक्ट 1881 के तहत सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन भारतीय समाज में समरसता, सेवा और उद्यमशीलता के प्रतीक रहे हैं। ऐसे में उनकी जयंती को बैंक अवकाश घोषित करना उनके आदर्शों के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति होगी। प्रतिनिधिमंडल में कामरेड हरविन्दर सिंह, कामरेड विनय कुमार, कामरेड प्रेम पवार और कामरेड नवदीप बंसल शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बात ध्यान से सुनी और कहा कि सरकार इस पर विचार करेगी।

स्विमिंग स्टार वंश सुहाग ने 400 मीटर फ्री स्टाइल अंडर-19 में किया गोल्ड पर कब्ज़ा

रोहतक  महर्षि दयानन्द विश्वविद्यालय (एमडीयू) के यूनिवर्सिटी कैंपस स्कूल में चल रही सीबीएसई राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने जबरदस्त जोश और दमखम का प्रदर्शन किया। दर्शक दीर्घा में मौजूद विद्यार्थियों व अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। आयोजन सचिव मनोज हुड्डा के ने बताया कि 400 मीटर फ्री स्टाइल अंडर-19 वर्ग में डीपीएस वसंत कुंज, नई दिल्ली के वंश सुहाग ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-17 वर्ग में जैन हेरिटेज स्कूल, केमपापुरा के शरण एस ने पहला स्थान पाया जबकि अंडर-14 वर्ग में उसी स्कूल के श्रेयस सुनील शीर्ष पर रहे। 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक इवेंट में बेंगलोर किड्स हाई के चेतन नागराजा (अंडर-14), एयर फोर्स स्कूल हेब्बल के शैलेश किन्नी (अंडर-17) और डीपीएस साउथ के यश एच. पाल (अंडर-19) ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। रिले मुकाबलों में डीपीएस शारजाह, शिशुकुंज इंटरनेशनल इंदौर और जैन हेरिटेज स्कूल केमपापुरा ने शानदार तालमेल दिखाते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। कुल अंकों के आधार पर जैन हेरिटेज स्कूल केमपापुरा 48 अंकों के साथ शीर्ष पर, डीपीएस साउथ 30 अंकों के साथ दूसरे और शिशुकुंज इंटरनेशनल इंदौर 19 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। ग्रुपवार नतीजों में अंडर-19 में यश एच. पाल (डीपीएस साउथ), अंडर-17 में शैलेश किन्नी (एयर फोर्स स्कूल हेब्बल), अंडर-14 में चेतन नागराजा (बैंगलोर किड्स हाई) और अंडर-11 में योगानिथी (सेंट बरीटोज एकेडमी, चेन्नई) अव्वल रहे। प्रतियोगिता के विजेताओं को डीन, सीडीसी प्रो. विनीता हुड्डा ने पदक पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कैंपस स्कूल निदेशिका प्रो. सुनीता सैनी, आयोजन सचिव मनोज हुड्डा, इंचार्ज विवेक कौशल, सीबीएसई आब्जर्वर जगदीप सिंह आहलूवालिया, तकनीकी डेलीगेट सुरेश देसवाल सहित आयोजन समिति सदस्य मौजूद रहे।

अब नेताओं के घर भी होंगे हाई-टेक, स्मार्ट मीटर से घटेगा बिजली बिल का झंझट

चंडीगढ़ हरियाणा के बिजली मंत्री अनिल विज ने प्रदेश में बिजली क्षेत्र को आधुनिक बनाने की बड़ी घोषणा की है। विज ने बताया कि प्रथम चरण में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे और शुरुआत सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों, विधायक, सांसद, मंत्रियों और मुख्यमंत्री आवासों से होगी। इसके बाद योजना आम उपभोक्ताओं तक विस्तारित होगी। मंत्री ने कहा कि जल्द ही स्मार्ट मीटर लगाने के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। सोसायटीज में भी हर उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर देने पर विचार चल रहा है। विज ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को प्रीपेड और पोस्टपेड दोनों विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह मोबाइल उपभोक्ता प्रीपेड या पोस्टपेड चुनते हैं, उसी तरह बिजली उपभोक्ता भी अपनी सुविधा अनुसार विकल्प चुन सकेंगे। प्रदेश में बिजली डिफॉल्टर उपभोक्ताओं पर करीब 7500 करोड़ रुपये की बकाया राशि है। विज ने बताया कि इस वसूली को लेकर जल्द ही अधिकारियों की विस्तृत बैठक बुलाई जाएगी। बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में विज ने कहा – मैंने पहले ही निर्देश दिए थे कि तीन माह के भीतर वसूली की प्रगति की समीक्षा होगी। अब सभी अधीक्षण अभियंताओं और वरिष्ठ अधिकारियों से रिपोर्ट ली जाएगी। विज ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी भवनों और संस्थानों में बकाया भुगतान टालने वालों पर भी कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी। गांवों में सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भरता ऊर्जा मंत्री ने बताया कि गांवों में सोलर पावर हाउस स्थापित करने की योजना पर तेजी से काम हो रहा है। भूमि की पहचान कर ली गई है और इसे पायलट आधार पर शुरू किया जाएगा। हाल ही में उत्तर भारत के ऊर्जा मंत्रियों की बैठक में इस विचार को व्यापक समर्थन मिला। विज ने कहा – यदि हर गांव के लोड के हिसाब से सोलर पावर हाउस स्थापित किया जाए तो गांव आत्मनिर्भर बनेंगे और प्रदेश बिजली उत्पादन में सरप्लस स्थिति तक पहुंच सकता है। पंचायत भूमि पर सोलर पावर हाउस बिजली मंत्री विज ने बताया कि अंबाला की एक पंचायत ने अपनी भूमि पर सोलर पावर हाउस लगाने का प्रस्ताव दिया है। विज ने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार जल्द ही इस दिशा में ठोस योजना लेकर आएगी।

छात्रों की सुविधा के लिए कॉलेज प्रवेश पोर्टल पुनः सक्रिय, आज ही अंतिम मौका

चंडीगढ़  हरियाणा सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद प्रदेश के कॉलेजों में दाखिले इस बार फीके पड़ गए हैं। स्नातक प्रथम वर्ष के प्रवेश के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने 18 सितंबर को अंतिम दिन घोषित किया था। लेकिन बड़ी संख्या में सीटें खाली रहने पर पोर्टल को एक बार फिर खोल दिया गया है। अब इच्छुक विद्यार्थी शुक्रवार यानी 19 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, इस सत्र में अंडरग्रेजुएट कोर्स की 49 फीसदी और पोस्टग्रेजुएट कोर्स की 61 फीसदी सीटें अभी तक खाली हैं। पिछले सत्र में जहां लगभग 1.57 लाख छात्रों ने दाखिला लिया था, वहीं इस बार यह संख्या घटकर 1.39 लाख रह गई है। यह गिरावट विभाग और सरकार दोनों के लिए चिंता का विषय बन गई है। करीब 10 दिन पहले ही शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कॉलेजों में घटते दाखिलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए विभागीय अधिकारियों से जवाब-तलब किया था। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि यदि कॉलेजों में खाली सीटें रहीं तो यह उच्च शिक्षा के प्रति विश्वास की कमी को दर्शाता है।

इस जिले में बनेगा मॉडल बस डिपो, इलेक्ट्रिक बस सेवा का होगा शुभारंभ

पानीपत  पानीपत में पुराने बस स्टैंड को ई-बस डिपो में परिवर्तित किया गया है। डिपो में 40 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी, जिनकी उपलब्धता को लेकर हरियाणा सिटी बस सर्विस लिमिटेड से बातचीत जारी है। माना जा रहा है कि 23 सितंबर को नई इलेक्ट्रिक बस स्टैंड का उद्घाटन होगा। यदि बसों की उपलब्धता में देरी हुई तो अक्टूबर के पहले सप्ताह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा ई-बस डिपो का उद्घाटन किया जाएगा। शहर में बनाए जाएंगे 14 नए बस स्टॉप  पानीपत के ई-बस बेड़े में 40 नई बसें शामिल होंगी, जो शहर के साथ-साथ आस-पास के कस्बों तक सेवा प्रदान करेंगी। शहर में 14 नए बस स्टॉप बनाए जाएंगे, जबकि समालखा, शाहरपुर, असंध और घरौंडा क्षेत्र में भी अलग से बस स्टॉप होंगे। इसके अलावा, सिटी बस सेवा शामली तक संचालित की जाएगी। डिपो में आवश्यक सुविधाओं और बस स्टॉप के ठहराव की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। फिलहाल शहर में पांच इलेक्ट्रिक सिटी बसें चल रही हैं, जिनके अच्छे रिस्पांस के बाद 40 नई बसें खरीद ली गई हैं, जिनका संचालन अप्रैल से शुरू होगा।  इलेक्ट्रिक बसों की अधिकतम गति तय  इलेक्ट्रिक बसों की अधिकतम गति 50 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। इससे अधिक गति पर कंट्रोल रूम को सूचना मिलती है और चालक को जवाब देना होता है, जिससे यात्रा सुरक्षित बनी रहेगी। प्रदेश में कुल 450 अत्याधुनिक और वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों की खरीद के लिए 2450 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत है, जो यात्रियों को आरामदायक एवं प्रदूषण रहित सफर उपलब्ध कराएगी। अक्टूबर के पहले सप्ताह में डिपो शुरू हो जाएगाः रोडवेज जीएम पानीपत रोडवेज के जीएम विक्रम कांबोज ने बताया कि ई-बस डिपो का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और फिनिशिंग का काम जारी है। विभाग की ओर से अभी उद्घाटन के लिए आधिकारिक सूचना नहीं आई है, लेकिन उम्मीद है कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में डिपो शुरू हो जाएगा। उद्घाटन की तारीख बसों की उपलब्धता पर निर्भर करेगी और आदेश मिलने पर सूचना दी जाएगी।