मोगा.
डी.सी. दफ्तर कर्मचारी यूनियन की एक राज्य स्तरीय बैठक आज मोगा में प्रदेश अध्यक्ष तेजिंदर सिंह नंगल तथा प्रदेश सचिव नरिंदर सिंह चीमा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पंजाब भर के प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा जिला अध्यक्षों एवं महासचिवों ने भाग लिया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश सचिव ने बताया कि डी.सी. कार्यालयों में वरिष्ठ सहायक का पदोन्नति कोटा 100 प्रतिशत किया जाए तथा रिक्त पदों को पदोन्नति के माध्यम से भरा जाए। उन्होंने सुपरिंटैंडैंट ग्रेड-2 (राजस्व एवं रिकॉर्ड) से तहसीलदार पद पर पदोन्नति के लिए आवश्यक अनुभव 2 वर्ष करने, वरिष्ठ सहायक से नायब तहसीलदार पदोन्नति का कोटा बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने, निर्धारित पैनल के अनुसार तहसीलदार पद पर पदोन्नतियां देने तथा तहसीलों में सुपरिंटैंडैंट (राजस्व एवं रिकॉर्ड) के पद सृजित करने की मांग दोहराई। इसके अलावा जिला राजस्व अधिकारियों की अदालतों में रीडर का पद वरिष्ठ सहायक का करने तथा एक अहलमद (क्लर्क) का पद सृजित करने, डी.सी. कार्यालयों के सुपरिंटैंडैंट ग्रेड-1 को अगली पदोन्नति मंडल स्तर पर अवर सचिव के रूप में देने, डी.सी., एस.डी.एम., तहसील एवं उप-तहसील कार्यालयों में निर्धारित मानकों के अनुसार नए पद सृजित करने तथा अंतर-जिला तबादलों से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने की मांग भी उठाई गई।
यूनियन ने रजिस्ट्री क्लर्क की परीक्षा उत्तीर्ण सभी कर्मचारियों को रजिस्ट्री क्लर्क नियुक्त करने, डी.सी. कार्यालयों, एस.डी.एम., तहसील एवं उप-तहसील कार्यालयों के कर्मचारियों को 5 प्रतिशत प्रशासनिक भत्ता देने, सुपरिंटैंडैंट ग्रेड-1 के रिक्त पदों पर पदोन्नतियां करने, आऊटसोर्स एवं ठेका कर्मचारियों का वेतन बढ़ाकर उन्हें नियमित करने, 17 जुलाई 2020 के बाद भर्ती कर्मचारियों को भी पुराने कर्मचारियों के समान प्रारंभिक वेतन देने, पुरानी पैंशन योजना और ए.सी.पी. योजना बहाल करने आदि मांग भी सरकार के समक्ष रखी। यूनियन ने यह भी मांग की कि प्रदेश अध्यक्ष तेजिंदर सिंह नंगल के साथ थाना जंडियाला गुरु (जिला श्री अमृतसर साहिब) की पुलिस द्वारा कथित अमानवीय व्यवहार एवं मारपीट करने वाले संबंधित पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यूनियन नेताओं ने बताया कि 7 मई 2026 को वित्तीय आयुक्त (राजस्व) तथा 30 जून 2026 को पंजाब के राजस्व मंत्री के साथ हुई बैठकों में उनकी किसी भी मांग पर सहमति नहीं बनी। इसके विरोध में मोगा में आयोजित राज्य स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरकार को नोटिस भेजते हुए पंजाब भर में 9 जुलाई 2026 से 12 जुलाई 2026 तक कलम छोड़ो/कम्प्यूटर बंद हड़ताल की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस दौरान भी सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं, तो 12 जुलाई को ऑनलाइन बैठक कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा आगामी संघर्ष की रूपरेखा तय की जाएगी। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष दलवीर सिंह सिद्धू, महासचिव गुरजीत सिंह औलख, जोनल सचिव (फिरोजपुर मंडल) गुरजीत सिंह, मनिंदर सिंह, कुलदीप सिंह घाली, हरजिंदर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




