samacharsecretary.com

अलविदा मुकाबले में एलिसा हीली का शानदार शतक, स्टेडियम गूंजा; मिचेल स्टार्क की प्रतिक्रिया ने जीता दिल

नई दिल्ली ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली ने भारत के खिलाफ होबार्ट में जारी तीसरे वनडे मैच में शतक जड़ अपने फेयरवेल मैच को खास बनाया। बता दें, हीली इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट कर चुकी है, भारत के खिलाफ जारी यह मल्टी फॉर्मेट सीरीज उनके करियर की आखिरी सीरीज है। सीरीज के पहले दो मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त बना चुका है। अब तीसरे और आखिरी मैच में कप्तान हीली ने शतक जड़ ऑस्ट्रेलिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। हीली ने भारत के खिलाफ 79 गेंदों पर शतक जड़ा, वहीं 95 गेंदों पर 150 रन का आंकड़ा पार किया। एलिसा हीली की आखिरी वनडे पारी का अंत 158 के निजी स्कोर पर हुआ। स्नेह राणा की गेंद पर रिवर्स स्वीप लगाने के चक्कर में वह क्लीन बोल्ड हो गई। हीली ने अपनी पारी में 98 गेंदों का सामना किया जिसमें 27 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के लगाए। एलिसा हीली के शतक पर मिचेल स्टार्क का रिएक्शन एलिसा हीली के इस फेयरवेल मैच के दौरान उनके पति मिचेल स्टार्क कमेंट्री कर रहे हैं। स्टार्क असर पत्नि हीली के मैच के दौरान मैदान पर नजर आते हैं। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने जैसे ही चौके के साथ अपना शतक पूरा किया, वैसे ही स्टार्क के चहरे पर अलग ही मुस्कान नजर आई। हीली के शतक पर स्टार्क का ये रिएक्शन खूब वायरल हो रहा है। टीम इंडिया ने एलिसा हीली को दिया ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ तीन मैच की इस सीरीज के पहले दो मैच हारकर सीरीज गंवा चुकी टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया है। भारतीय टीम जब मैदान पर उतरी तो उन्होंने दो लाइन में खड़े होकर एलिसा हीली को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। भारतीय टीम के इस जेस्चर की तारीफ हर जगह हो रही है। एलिसा हीली ने जनवरी में ही सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था, भारत के खिलाफ जारी यह मल्टी फॉर्मेट सीरीज उनके करियर की आखिरी सीरीज है। वनडे के बाद हीली 6 मार्च को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले एकमात्र डे नाइट टेस्ट के दौरान आखिरी बार पीली जर्सी में ऑस्ट्रेलिया के लिए मैदान पर दिखेगी। एलिसा हीली ने फरवरी 2010 में 19 साल की उम्र में ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू किया था और ODI में 3500 से ज्यादा रन बनाए हैं। T20I में उनके नाम 25.45 की औसत से 3054 रन दर्ज है, इस दौरान उनका हाईस्ट स्कोर 148 नॉट आउट का है, जो फुल मेंबर टीमों में सबसे ज्यादा निजी स्कोर है। उन्होंने 2010, 2012, 2014, 2018, 2020 और 2023 में विमेंस T20 वर्ल्ड कप और 2013 और 2022 में ODI वर्ल्ड कप जीता। हीली 2018 और 2019 में ICC की T20I क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर भी थीं।

वर्ल्ड कप में दहाड़! एलिसा हीली ने दी चुनौती, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान बोले- हर हाल में मुकाबला करेंगे

सिडनी  आस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली को भरोसा है कि उनकी टीम भारतीय उपमहाद्वीप में होने वाले आगामी महिला वनडे वर्ल्ड कप में हर तरह की चुनौती से पार पाने में सफल रहेगी। ऑस्ट्रेलिया महिला वनडे विश्व कप में सात बार का चैंपियन है और वह भारत और श्रीलंका में 30 सितंबर से शुरू होने वाले टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करने के लिए उतरेगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अनुसार हीली ने कहा, ‘‘मैं निश्चित रूप से इस टूर्नामेंट में खेलने को लेकर बेहद उत्साहित हूं, लेकिन क्रिकेट की परिस्थितियां हमारे ग्रुप के लिए एक अलग चुनौती पेश करती हैं, जिसके लिए मुझे लगता है कि हम वास्तव में अच्छी स्थिति में हैं।’’ इस 35 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज ने कहा, ‘‘हमारे पास हर विभाग में इतनी गहराई है कि हमारे सामने जो भी परिस्थितियां आएंगी, हम उनका सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इसलिए मैं टूर्नामेंट में अपनी टीम की अगुवाई करने को लेकर वास्तव में उत्साहित हूं।’’ ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की है, जिसमें चोट के कारण लंबे समय से बाहर रहने के बाद बाएं हाथ की स्पिनर सोफी मोलिनक्स की वापसी हुई है। सोफी और जॉर्जिया वेयरहम की स्पिन जोड़ी भारतीय उपमहाद्वीप में ऑस्ट्रेलिया की संभावनाओं के लिए महत्वपूर्ण होगी। हीली ने कहा, ‘‘भारत क्रिकेट खेलने के लिए बहुत अच्छी जगह है। वहां की संस्कृति बहुत अलग है, लेकिन मुझे लगता है कि जिस तरह से वे (भारत) अपनी क्रिकेट से प्यार करते हैं और जिस तरह से इसे आत्मसात करते हैं उसे देखते हुए यह एक क्रिकेटर के लिए क्रिकेट खेलने के लिए खास जगह बन जाती है।’’ ऑस्ट्रेलिया 50 ओवर के इस टूर्नामेंट से पहले भारत के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेलेगा। हीली ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि किसी ने पिछले कुछ समय से लगातार दो विश्व कप जीते हैं और ऐसे कई मुकाम हैं जिन्हें हम हासिल करना चाहेंगे। विश्व कप जीतना खास है, ये हमारे खेल का चरम है। इसलिए, हम जानते हैं कि हमें वहां जाकर लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा।’’