samacharsecretary.com

अमृत भारत एक्सप्रेस की बुकिंग शुरू होते ही बढ़ी वेटिंग लिस्ट

धनबाद. इंतजार की घड़ियां समाप्त हो गई हैं। धनबाद होकर चलने वाली हावड़ा–आनंदविहार अमृत भारत एक्सप्रेस के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू होते ही यात्रियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। 22 जनवरी से शुरू होने वाली इस ट्रेन के पहले ही दिन की टिकटें वेटिंगलिस्ट में चली गईं, जिससे इसकी लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 18 जनवरी को करेंगे। गुरुवार से जैसे ही टिकटों की बुकिंग खुली, कुछ ही समय में सीटें भर गईं और वेटिंग शुरू हो गई। धनबाद से आनंदविहार तक इस ट्रेन का किराया 650 रुपये निर्धारित किया गया है। केवल स्लीपर और जनरल कोच के साथ संचालित होने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का किराया अन्य मेल, एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों की तुलना में 50 से 55 रुपये अधिक है। इसके बावजूद यात्रियों में इस नई ट्रेन को लेकर खासा आकर्षण देखा जा रहा है। हालांकि, समय के लिहाज से यह हावड़ा से दिल्ली के बीच चलने वाली सबसे अधिक समय लेने वाली ट्रेन होगी। जहां अन्य ट्रेनें धनबाद से दिल्ली की दूरी साढ़े 15 घंटे से साढ़े 19 घंटे में तय कर लेती हैं, वहीं अमृत भारत एक्सप्रेस को इस दूरी को पूरा करने में 22 घंटे 45 मिनट लगेंगे। अमृत भारत; आज से टिकट बुकिंग शुरू इस ट्रेन में जनरल कोटे को लेकर धनबाद के यात्रियों में निराशा भी है। धनबाद के लिए मात्र 20 जनरल टिकटों का कोटा तय किया गया है, जबकि हावड़ा के लिए 278 जनरल टिकट उपलब्ध कराए गए हैं। इसके बावजूद अमृत भारत एक्सप्रेस को लेकर यात्रियों में उत्साह बना हुआ है। वाराणसी का किराया और समय दोनों ज्यादा अमृत भारत से धनबाद से वाराणसी के लिए 305 रुपये चुकाना होगा। दूसरी ट्रेनों में 270 से 300 रुपये ही है। गंगा-सतलज से 7:30 घंटे, शब्दभेदी 7:05 घंटे तो हावड़ा-लालकुआं 7:00 घंटे में वाराणसी पहुंचती है। अमृत भारत 7:45 घंटे लेगी। लखनऊ के लिए 425 से 440 के बदले 460 रुपये चुकाना होगा। धनबाद से अन्य ट्रेनों की समय अवधि व किराया  हावड़ा–कालका नेताजी एक्सप्रेस : 19 घंटे 31 मिनट — ₹600 कोलकाता–अमृतसर जालियांवाला बाग एक्सप्रेस : 15 घंटे 45 मिनट – ₹595 हावड़ा–बाड़मेर एक्सप्रेस : 16 घंटे 35 मिनट — ₹595 सियालदह–आनंदविहार बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस : 15 घंटे 35 मिनट – ₹595 हावड़ा–नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस : 18 घंटे 05 मिनट- ₹600

चलती ट्रेन में विस्फोट से दहशत! आनंद विहार-सहरसा अमृत भारत एक्सप्रेस में मची अफरा-तफरी

बस्ती आनंद विहार से चलकर सहरसा जाने वाली 15558 डाउन ट्रेन में विस्फोट के बाद ट्रेन के एक बोगी में भगदड़ मच गई। इसकी जीआरपी बस्ती इसकी छानबीन कर रही है। बुधवार की भोर करीब 2:45 पर आनंद विहार से चलकर सहरसा जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन जैसे ही गौर रेलवे स्टेशन के आगे ओवर ब्रिज के समय पहुंची वैसे ही यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। एक बोगी में बैठे यात्री उतरकर इधर-उधर भागने लगे। पूछने पर यात्रियों ने बताया कि ट्रेन में विस्फोट हो गया है। डर और दहशत से बदहवास लोग ट्रैक पर ही दौड़ने लगे। बाद में घटना की सूचना पर तत्काल मौके पर गौर पुलिस पहुंच गई और यात्रियों को समझा बूझकर ट्रेन में बैठाया । इस बीच ट्रेन लगभग 34 मिनट ओवर ब्रिज के नीचे खड़ी रही बाद में सिग्नल होने पर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक ट्रेन में बैठे दो यात्री झुलस भी गए थे, अनुमान लगाया जा रहा है कि ट्रेन में कोई यात्री पटाखा लेकर यात्रा कर रहा था और अचानक उसमें विस्फोट होने से यह स्थिति उत्पन्न हुई। इस संबंध में जीआरपी इंस्पेक्टर बस्ती पंकज कुमार ने बताया कि ट्रेन में कुछ धमाके की आवाज होने की बात सामने आई है। मामले की जांच चल रही है। ट्रैक किनारे मिला युवक का शव बुधवार की सुबह गौर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर डाउन ट्रैक किनारे ही एक लगभग 31 वर्षीय युवक का शव पाया गया है। मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान करने में घंटों जुटी रही पर उसकी पहचान नहीं हो पाई। चर्चा है की कहीं ट्रेन में हुई भगदड़ के बाद उसी ट्रेन से ही युवक के गिर जाने के कारण मौत तो नहीं हो गई। फिलहाल मामले की जांच जीआरपी कर रही है। इस संबंध में जीआरपी इंस्पेक्टर पंकज कुमार ने बताया कि भगदड़ के समय युवक के गिरने की पुष्टि नहीं है।