samacharsecretary.com

18 साल की अनाहत सिंह का कमाल, एशियन गेम्स स्क्वैश फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय बनीं

नागोया  भारत की 18 वर्षीय स्कॉश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने रविवार को विमेंस सिंगल्स में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसी के साथ जूनियर वर्ल्ड चैंपियन अनाहत, भारत की पहली विमेंस सिंगल्स सिल्वर मेडलिस्ट बनीं। हालांकि, उन्हें फाइनल में मलेशिया की मौजूदा चैंपियन शिवसंगरी सुब्रमण्यम के हाथों 4-11, 4-11, 7-11 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ अनाहत ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करने का पहला मौका भी चूक गईं, क्योंकि सिंगल्स इवेंट के विजेता को 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए कोटा मिलना तय था, जहां स्कॉश पहली बार शामिल हो रहा है। मलेशिया की खिलाड़ी से हारीं अनाहत नागोया किंजो फुतो एरिना में प्रतिभाशाली भारतीय खिलाड़ी का मुकाबला मलेशिया की कहीं ज्यादा अनुभवी खिलाड़ी से था। अनाहत को अपनी प्रतिद्वंद्वी के शानदार खेल का मुकाबला करने में मुश्किल हुई और उन्होंने पहला गेम 4-11 से गंवा दिया। इसके बाद मलेशियाई खिलाड़ी ने अपने मजबूत अटैक और डिफेंस से अगले दो गेम पर भी अपना दबदबा बनाए रखा। अनाहत को कोई खास मौका नहीं मिला और वह दूसरा गेम भी 4-11 के अंतर से हार गईं, जबकि मौजूदा चैंपियन ने शानदार खेल दिखाते हुए तीसरा गेम 11-7 से जीता। सेमीफाइनल में किया था कमाल अनाहत ने सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर 6 सतोमी वातानाबे को दो गेम से पिछड़ने के बाद हराया था, जिसके साथ वह एशियन गेम्स के विमेंस सिंगल्स स्कॉश फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय बनी थीं। इससे पहले, भारत के अभय सिंह को भी सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा था। मलेशिया के मौजूदा चैंपियन ईन यो एनजी ने शानदार खेल दिखाते हुए मेंस सिंगल्स स्कॉश फाइनल में भारतीय खिलाड़ी को 11-9, 11-5, 11-5 से मात दी। अभय ने जीता सिल्वर मेडल रविवार को यह स्कॉश में भारत का दूसरा पदक रहा। अभय, सौरव घोषाल के बाद इस इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय पुरुष खिलाड़ी बने। हालांकि, फाइनल में हारने की वजह से अभय एलए 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करने से चूक गए।

गत चैंपियन टिन्नी गिलिस को हराकर अनाहत सेमीफाइनल में

टोरंटो (कनाडा) भारत की 17 वर्षीय उभरती खिलाड़ी अनाहत सिंह ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बेल्जियम की गत चैंपियन और दूसरी वरीयता प्राप्त टिन्नी गिलिस को हराकर यहां कनाडा महिला ओपन स्क्वाश टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। गैर वरीयता प्राप्त अनाहत ने मंगलवार की रात को 36 मिनट तक चले क्वार्टर फ़ाइनल मैच में दुनिया की सातवें नंबर की अपनी प्रतिद्वंद्वी को 3-0 (12-10, 11-9, 11-9) से हराया। यह भारतीय खिलाड़ी वर्तमान में विश्व रैंकिंग में 43वें स्थान पर है। यह अनाहत की अपने करियर की सबसे बड़ी और शीर्ष 10 खिलाड़ियों के खिलाफ पहली जीत है। वह इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं, जो कि पीएसए टूर सिल्वर लेवल की प्रतियोगिता है। उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में फ्रांस की विश्व की 20वें नंबर की खिलाड़ी मेलिसा अल्वेस को हराया था। अब सेमीफाइनल में उनका मुकाबला इंग्लैंड की विश्व की 10वें नंबर की खिलाड़ी और चौथी वरीयता प्राप्त जीना कैनेडी से होगा। अनाहत ने जीत हासिल करने के बाद कहा, ‘‘मैं वास्तव में उत्साहित हूं और वह (टिन्नी गिलिस) शीर्ष 10 खिलाड़ियों में से एक है और यह पहली बार है जबकि मैं शीर्ष 10 में शामिल किसी खिलाड़ी को हराने में सफल रही।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अभी तक इस टूर्नामेंट में जिस तरह का प्रदर्शन किया है उससे मैं बहुत खुश हूं। मैंने आज सुबह अपने कोच से बात की और उन्होंने कहा कि अगर मैं पिछले दौर की तरह प्रदर्शन करती हूं तो किसी भी खिलाड़ी को हरा सकती हूं। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की मानसिकता के साथ यहां आई थी और इससे मुझे फायदा मिला।’’