samacharsecretary.com

71वें जन्मदिन पर अनुपम खेर का जश्न, फिल्मों में चार दशक का शानदार सफर

मुंबई, बॉलीवुड के जाने-माने चरित्र अभिनेता और फिल्मकार अनुपम खेर आज 71 वर्ष के हो गए। अनुपम खेर का जन्म 07 मार्च 1955 को शिमला में हुआ था। उनके पिता पुष्कर नाथ एक कश्मीरी पंडित थे और हिमाचल प्रदेश के वन विभाग में क्लर्क थे। अनुपम ने अपनी स्कूली शिक्षा शिमला के डीएवी स्कूल से की।बाद में, उन्होंने शिमला के संजौली स्थित सरकारी कॉलेज में अर्थशास्त्र की पढ़ाई की। उन्होंने चंडीगढ़ के पंजाब विश्वविद्यालय में भारतीय रंगमंच का अध्ययन करने के लिए पढ़ाई छोड़ दी। अनुपम खेर ने 1978 में नई दिल्ली में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से स्नातक किया। इसके बाद वह रंगमंच से जुड़ गए। 80 के दशक में अभिनेता बनने का सपना लिए हुए उन्होंने मुंबई में कदम रखा।अनुपम खेर महज 37 रुपये लेकर घर से निकले थे और वो सपनों के शहर मुंबई आए थे। शुरुआती दिनों में उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। इतना ही नहीं उन्हे कई रातें प्लेटफार्म पर गुजारनी पड़ी थी। तीन साल तक उनके पास कोई काम नहीं था। बतौर अभिनेता उन्हें वर्ष 1982 में प्रदर्शित फिल्म 'आगमन' में काम करने का मौका मिला, लेकिन फिल्म के असफल हो जाने के बाद वह फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने में कामयाब नहीं हो सके। वर्ष 1984 में अनुपम खेर को महेश भट्ट की फिल्म 'सारांश' में काम करने का अवसर मिला। इस फिल्म में उन्होंने एक वृद्ध पिता की भूमिका निभाई जिसके पुत्र की असमय मृत्यु हो जाती है। अपने इस किरदार को अनुपम ने संजीदगी के साथ निभाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। साथ ही सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार से भी सम्मानित किए गए। वर्ष 1986 में उन्हें सुभाष घई की फिल्म 'कर्मा' में बतौर खलनायक काम करने का अवसर मिला। इस फिल्म में उनके सामने अभिनय सम्राट दिलीप कुमार थे, लेकिन अनुपम खेर अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने में सफल रहे।  

‘खोसला का घोसला 2’ की शूटिंग में अनुपम खेर का जोश बरकरार, ठंड में भी जारी है काम

मुंबई   बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'खोसला का घोसला 2' की शूटिंग में व्यस्त हैं। सोमवार को उन्होंने बताया कि वे दिल्ली एनसीआर में इसकी शूटिंग में व्यस्त हैं। अभिनेता अनुपम खेर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें वे कार में बैठे नजर आ रहे हैं। दिल्ली की ठंड का आनंद लेते हुए वे पुराने जमाने का गाना 'पुकारता चला हूं मैं' सुन रहे हैं। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, "खोसला का घोसला शूट। गुरुग्राम 5 डिग्री।" बात करें गाने 'पुकारता चला हूं' की, तो यह साल 1965 की फिल्म 'मेरे सनम' में फिल्माया गया था। गाने में आशा पारेख और विश्वजीत चटर्जी ने अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरा था। इसे मोहम्मद रफी ने गाया था और ओपी नय्यर ने इसका म्यूजिक डायरेक्ट किया था। मजरूह सुल्तानपुरी ने इसके लिरिक्स लिखे थे। अभिनेता सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं, वे आए दिन सोशल मीडिया पर अपनी जिंदगी से जुड़े अपडेट और फिल्म को लेकर पोस्ट शेयर करते रहते हैं। इससे पहले भी अभिनेता फिल्म को लेकर कुछ पोस्ट शेयर कर चुके हैं। बता दें कि 'खोसला का घोसला 2' अनुपम खेर की 550वीं फिल्म है। इसकी पहली किस्त साल 2006 में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस में काफी अच्छी कमाई भी की थी। दिबाकर बैनर्जी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अनुपम खेर, बोमन ईरानी, विजय पाठक, रणवीर शौरी और प्रवीण डबास ने अहम भूमिका निभाई थी। डार्क कॉमेडी वाली यह फिल्म कल्ट बन गई थी। 'खोसला का घोसला 2' कहानी को आगे बढ़ाएगी, जिसमें परिवार, प्रॉपर्टी और हास्य का तड़का रहेगा। निर्देशक उमेश बिष्ट इसे और मजेदार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। फैंस को उम्मीद है कि यह सीक्वल भी पहले जैसी हिट साबित होगी। बताया जाता है कि 'खोसला का घोसला 2' की शूटिंग शुरू हो चुकी है और साल 2026 में इसकी रिलीज की आशंका जताई जा रही है।

अनुपम खेर ने जिसे कभी कहा था ‘धोखेबाज,’ वो बन गया उनकी ताकत, एक्टर ने कहा, ‘शुक्रिया’

नई दिल्ली,  बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने हिंदी सिनेमा में 500 से अधिक फिल्मों में काम किया है। उन्होंने हमेशा अपनी सफलता का श्रेय भारतीय फिल्म निर्माता और निर्देशक महेश भट्ट को दिया है, हालांकि 90 के दशक में एक समय ऐसा भी आया जब दोनों के बीच मनभेद की खबरें आईं, लेकिन समय के साथ सब कुछ ठीक हो गया। हाल ही में महेश भट्ट और अनुपम खेर की मुलाकात एयरपोर्ट पर हुई। अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर अपनी और महेश भट्ट की फोटो शेयर की, जिसमें दोनों एक साथ बहुत खुश दिख रहे हैं। एक्टर ने फोटो के कैप्शन में लिखा, "अगर आपको समझ नहीं आ रहा कि आप कहां जा रहे हैं, तो किसी ऐसे व्यक्ति से पूछिए जो पहले वहां गया हो। हमेशा साथ रहने के लिए शुक्रिया भट्ट साब। आप मेरे लिए बहुत बड़ी ताकत रहे हैं। स्क्रीन पर और स्क्रीन के बाहर! आपसे प्यार करता हूं।" महेश भट्ट की फिल्म 'सारांश' से ही अनुपम खेर को हिंदी सिनेमा में पहचान मिली थी, लेकिन इसी फिल्म के समय महेश भट्ट और अनुपम खेर के बीच बड़ा विवाद हो गया था। अनुपम खेर अपने इंटरव्यू में इस बात का जिक्र कई बार कर चुके हैं कि महेश भट्ट उनके लिए पिता समान हैं और हमेशा उनका गुस्सा सिर-माथे पर है। एक बार एक्टर ने बताया था कि जब उन्हें 'सारांश' फिल्म ऑफर हुई थी, तो वे बहुत खुश थे। फिल्म की शूटिंग शुरू होने वाली थी, तभी मुझे पता चलता है कि मुझे फिल्म से हटाकर संजीव कुमार को कास्ट कर लिया गया है। ये सुनकर मैं आग बबूला हो गया था और मैंने मुंबई शहर को ही छोड़ने का फैसला कर लिया था। अनुपम ने आगे बताया कि गाड़ी में अपना सामान पैक करके वे महेश भट्ट के घर पहुंचे और उन्हें धोखेबाज से लेकर चालबाज तक कह दिया। उन्होंने कहा, "मेरी आंखों में आंसू थे और मैं कह रहा था कि आपने मेरे साथ गलत किया।" इसके बाद महेश भट्ट ने फिल्म के प्रोड्यूसर को फोन किया और कहा कि अनुपम ही रोल करेगा, संजीव कुमार को मना कर दो। बहुत सारे लोगों को लगता है कि अनुपम खेर की पहली फिल्म 1984 की 'सारांश' थी, लेकिन उनके करियर की पहली फिल्म 1982 में आई 'आगमन' थी। इस फिल्म से एक्टर को खास पहचान नहीं मिली थी, बल्कि 'सारांश' में 65 साल के आदमी का रोल करके उन्होंने अपनी पहचान बनाई थी।  

अनुपम खेर ने अपनी 549वीं फिल्म की शूटिंग शुरू की

  मुंबई, बॉलीवुड के जानेमाने चरित्र अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी आने वाली 549वीं फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। अनुपम खेर फिल्मकार सूरज बड़जात्या के साथ काम कर रहे हैं। अनुपम खेर ने फिल्म की शुरुआत करते हुए अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने सूरज बड़जात्या को अयोध्या से लाया हुआ शॉल भेंट किया है। अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, मेरी 549वीं फिल्म की अनाउंसमेंट।मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि मेरी 549वीं फिल्म सिर्फ और सिर्फ सूरज बड़जात्या के साथ शुरू हुई, उन्हें अयोध्या से मिला शुभ शॉल भेंट किया। सूरज मेरी पहली फिल्म ‘सारांश‘ में महेश भट्ट साहब के पांचवें असिस्टेंट थे। उनके साथ यह एक लंबा, सुखद, अद्भुत और रचनात्मक रूप से आनंददायक सफर रहा है। दरअसल, मैं इतने सालों से राजश्री फिल्म और उनके परिवार का अभिन्न अंग रहा हूं।