samacharsecretary.com

BBL में Ben Stokes का धमाका, बने सबसे महंगे खिलाड़ी; IPL में भी हासिल कर चुके हैं महारिकॉर्ड

लंदन  इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स ने बिग बैश लीग (BBL) में धमाकेदार वापसी की है. स्टोक्स को एडिलेड स्ट्राइकर्स ने 2026-27 सीजन के लिए साइन किया है. इसके साथ ही वह BBL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं।  स्टोक्स पूरे सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे. यह BBL में उनकी दूसरी एंट्री होगी. वह इससे पहले 2014-15 सीजन में मेलबर्न रेनेगेड्स की ओर से खेले थे. तब उन्होंने चार मुकाबलों में हिस्सा लिया था. स्टोक्स को अपने साथ जोड़ने के लिए BBL की कई फ्रेंचाइजियां इच्छुक थीं, लेकिन आखिरकार एडिलेड स्ट्राइकर्स ने बाजी मार ली।  नए कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में पहले विदेशी खिलाड़ी BBL में हाल ही में कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में बदलाव किया गया है. लीग ने दोबारा डायरेक्ट-साइनिंग मॉडल (Direct Signing Model) अपनाया है, जिससे फ्रेंचाइजियों को खिलाड़ियों पर अपना पैसा खर्च करने की ज्यादा आजादी मिली है. इस नए सिस्टम के लागू होने के बाद स्टोक्स पूरे सीजन के लिए साइन किए जाने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी हैं।  एडिलेड स्ट्राइकर्स ने स्टोक्स के साथ एक साल का करार किया है. टीम के कोच पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन हैं. दिलचस्प बात यह है कि 2019 में जब स्टोक्स ने हेडिंग्ले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक पारी खेली थी, उस समय पेन ही ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम के कप्तान थे।  'ऑस्ट्रेलिया में खेलना हमेशा पसंद रहा' एडिलेड स्ट्राइकर्स से जुड़ने के बाद स्टोक्स ने कहा कि वह BBL 16 में टीम का हिस्सा बनने को लेकर काफी उत्साहित हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया में खेलना हमेशा पसंद रहा है और जब स्ट्राइकर्स के साथ जुड़ने का मौका मिला तो वह इसे छोड़ नहीं सकते थे।  स्टोक्स ने एडिलेड ओवल को शानदार क्रिकेट ग्राउंड बताया और कहा कि वह टीम के खिलाड़ियों से मिलने, मैदान पर उतरने और सफल सीजन में योगदान देने के लिए उत्साहित हैं. उन्होंने स्ट्राइकर्स के फैन्स के लिए भी खास संदेश देते हुए कहा कि वह कुछ खास यादें बनाने और फैन्स को जश्न मनाने के कई मौके देने का इंतजार कर रहे हैं।  टिम पेन बोले- स्टोक्स महान ऑलराउंडरों में से एक एडिलेड स्ट्राइकर्स के कोच टिम पेन ने भी स्टोक्स की जमकर तारीफ की. पेन ने कहा कि स्टोक्स क्रिकेट इतिहास के महान ऑलराउंडरों में से एक हैं. वह साबित कर चुके हैं कि वह मैच जिताने वाले खिलाड़ी हैं और दबाव में शानदार प्रदर्शन करते हैं।  12 साल बाद BBL में लौटेंगे स्टोक्स स्टोक्स का BBL से रिश्ता काफी पुराना है, लेकिन वह इस लीग में लंबे समय से नहीं खेले हैं. उन्होंने आखिरी बार 2014-15 सीजन में मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए चार मैच खेले थे. अब करीब 12 साल बाद वह बिग बैश में वापसी करेंगे।  स्ट्राइकर्स के लिए स्टोक्स का पहला मुकाबला 16 दिसंबर को सिडनी थंडर के खिलाफ कैनबरा में होगा. इस मैच में डेविड वॉर्नर भी सिडनी थंडर की ओर से खेलते नजर आएंगे।  इसके बाद स्टोक्स पहली बार एडिलेड ओवल में अपनी नई टीम के होम ग्राउंड पर 23 दिसंबर को सिडनी थंडर के खिलाफ ही उतरेंगे।  7News की रिपोर्ट के मुताबिक उनकी डील साढ़़े तीन करोड़ रुपए (US$360,000 लगभग) के आस-पास है, जो ड्राफ्ट के प्लैटिनम लेवल पर पिछले सबसे ऊंचे बैंड AU$420,000 (2 करोड़ 84 लाख) से काफी ज्यादा है.  आने वाले हफ्तों में दूसरे विदेशी खिलाड़ियों को भी अच्छी रकम मिल सकती है।   इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद BBL में एंट्री स्टोक्स का BBL में लौटना इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने जून 2026 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. पिछले सीजन की एशेज सीरीज उनके इंटरनेशनल करियर पर भारी पड़ी थी. ऑस्ट्रेलिया ने एशेज में इंग्लैंड को 4-1 से हराया था.इसके बाद स्टोक्स ने जून में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया. इससे पहले लॉर्ड्स टेस्ट के बाद नाइट क्लब की घटना के चलते उन्हें एक टेस्ट मैच के लिए निलंबित भी किया गया था. अब स्टोक्स फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अपना फोकस बढ़ा रहे हैं।  लंबे समय से नहीं खेले T20 क्रिकेट स्टोक्स ने आखिरी बार 2024 के 'द हंड्रेड' में T20 क्रिकेट खेला था. उस टूर्नामेंट में उन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी हो गई थी. इसके बाद उन्हें 2025 की शुरुआत में एमआई केपटाउन के लिए SA20 में खेलना था, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ लगी एक और हैमस्ट्रिंग चोट के कारण वह उस टूर्नामेंट से बाहर हो गए।  IPL में भी रहा है स्टोक्स का जलवा स्टोक्स IPL में तीन अलग-अलग टीमों के लिए खेल चुके हैं. वह आखिरी बार 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बने थे. 2017 में वह IPL के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने थे. तब राइज‍िंग पुणे सुपरजायंट्स ने उन्हें 14.5 करोड़ रुपये में खरीदा था. 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स ने स्टोक्स के लिए इससे भी ज्यादा 16.25 करोड़ रुपये खर्च किए थे. हालांकि चोट के कारण वह उस सीजन सिर्फ दो मैच ही खेल सके. स्टोक्स के दोनों T20 शतक IPL में ही आए हैं।  लेकिन T20 क्रिकेट में उनका सबसे यादगार प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया में ही आया था. 2022 T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 52 रन बनाकर इंग्लैंड को खिताब दिलाया था।  BBL में क्यों अहम होगी स्टोक्स की मौजूदगी? आगामी 2026-27 सीजन में बड़ी T20 लीग्स के कार्यक्रम में पहले की तुलना में कम टकराव है. SA20 की शुरुआत 18 जनवरी तक आगे बढ़ा दी गई है, क्योंकि इंग्लैंड की ODI सीरीज के साथ उसका शेड्यूल एडजस्ट किया गया है. वहीं UAE की ILT20 लीग 20 दिसंबर को खत्म होगी, यानी BBL के दौरान इसका ओवरलैप सीमित रहेगा. BBL का नया सीजन 12 दिसंबर से शुरू होगा. पहला मुकाबला मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच चेन्नई में खेला जाएगा।  रेगुलर सीजन 17 जनवरी को खत्म होगा, जबकि प्लेऑफ और फाइनल मुकाबले 19 से 26 जनवरी के बीच खेले जाएंगे. ऐसे में एडिलेड स्ट्राइकर्स को उम्मीद होगी कि स्टोक्स की पूरी सीजन उपलब्धता टीम को खिताब की दौड़ में मजबूत बनाएगी। 

इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहेंगे बेन स्टोक्स, ट्रेंट ब्रिज टेस्ट के साथ खत्म होगा शानदार करियर

नॉटिंघम इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज ऑलराउंडर और सफल कप्तानों में शुमार बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला कर लिया है. स्टोक्स न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच ट्रेंट ब्रिज में खेले जा रहे मौजूदा टेस्ट मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे. उनके इस फैसले ने क्रिकेट जगत को भावुक कर दिया है।  चौथे दिन (28 जून) का खेल शुरू होने से पहले 35 साल के बेन स्टोक्स ने अपने साथियों को अपने फैसले की जानकारी दी. इसके बाद इंग्लैंड टीम की ओर से एक भावुक मैसेज भी साझा किया गया, जिसमें स्टोक्स को टीम का सबसे प्रेरणादायक कप्तान, लीडर और महान खिलाड़ी बताया गया. स्टोक्स के संन्यास की खबर उस समय आधिकारिक रूप से आई जब वह ट्रेंट ब्रिज में गेंदबाजी कर रहे थे।  दिलचस्प बात यह रही कि जैसे ही उनके रिटायरमेंट की आधिकारिक घोषणा हुई, उसके तुरंत बाद फेंकी गई पहली ही गेंद पर उन्होंने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज जकारी फाउलकेस का विकेट हासिल कर लिया. स्टोक्स हाल ही में लंदन के एक नाइट क्लब में हुई घटना के कारण दूसरा टेस्ट नहीं खेल पाए थे. हालांकि ट्रेंट ब्रिज टेस्ट में कप्तान के तौर पर उनकी वापसी हुई।  स्टोक्स ने क्या कहा? उन्होंने खिलाड़ियों से कहा, 'मेरे इस फैसले की वजहों पर बाद में बात होगी. लेकिन मैंने इस टीम, आप लोगों और अपने से पहले के खिलाड़ियों के लिए हमेशा अपना सबकुछ झोंका. अब मेरे पास एक आखिरी मौका है. मेरी सिर्फ एक ही गुजारिश है कि हर कोई वही करे. हमें अगले दो दिनों में काफी मेहनत करनी है. मैं चाहता हूं कि जब मैं मैदान से बाहर जाऊं तो यह महसूस करूं कि इस टीम ने अपना सबकुछ झोंक दिया. सिर्फ मेरे लिए नहीं, बल्कि इस टीम के लिए।  इंग्लैंड क्रिकेट ने X पर लिखा, 'बेन, आप इस टीम के लिए सबसे प्रेरणादायक कप्तान, लीडर और दिग्गज रहे हैं, जिसकी कोई भी टीम उम्मीद कर सकती है. हम आपसे बहुत प्यार करते हैं और आपके भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं देते हैं।  बेन स्टोक्स ने 122 टेस्ट, 114 ओडीआई और 43 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इस मुकाबले से पहले तक स्टोक्स ने टेस्ट मैचों में 7228 रन बनाए और 246 विकेट झटके. वहीं वनडे इंटरनेशनल में उनके नाम पर 3463 रन और 74 विकेट दर्ज हैं. टी20 इंटरनेशनल में स्टोक्स ने 585 रन बनाए और 26 विकेट झटके. स्टोक्स की कप्तानी में इंग्लैंड ने 44 टेस्ट मैचों में से 24 में जीत हासिल की है। 

क्या बेन स्टोक्स की जाएगी कप्तानी? संभावित कार्रवाई की खबरों से इंग्लैंड में हड़कंप

लंदन  लॉर्ड्स में जीत का जश्न अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि इंग्लैंड क्रिकेट में फिर से हलचल मच गई है. कप्तान बेन स्टोक्स नाइटक्लब विवाद को लेकर गंभीर सवालों के घेरे में आ गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना के बाद न सिर्फ उनकी कप्तानी पर बल्कि पूरे करियर पर भी ‘फुल स्टॉप’ लगने की अटकलें तेज हो गई हैं।  कहानी यूं शुरू होती है- इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 115 रनों से हराया, स्टेडियम में तालियां गूंजीं और ड्रेसिंग रूम में जश्न का माहौल था. लेकिन असली ड्रामा उसके बाद शुरू हुआ. ‘टॉकस्पोर्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, देर रात एक नाइटक्लब में स्टोक्स और साथी खिलाड़ी  गस एटकिंसन की मौजूदगी में विवाद हो गया, जिसमें टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन की बात सामने आई।  अब इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने जांच शुरू कर दी है. बोर्ड ने साफ कहा है कि मामला टीम अनुशासन और कर्फ्यू तोड़ने से जुड़ा है और सभी तथ्यों की जांच के बाद ही आगे फैसला लिया जाएगा. यानी फिलहाल गेंद ECB के पाले में है और खिलाड़ी 'ड्रेसिंग रूम' में इंतजार कर रहे हैं।  इस बीच पूर्व इंग्लिश तेज गेंदबाज स्टीव हार्मिसन ने स्टोक्स का बचाव किया है. उनका कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरा सच सामने आना चाहिए. उनके मुताबिक, स्टोक्स सिर्फ खिलाड़ी नहीं बल्कि एक जिम्मेदार इंसान भी हैं और जल्दबाजी में फैसला लेना सही नहीं होगा।  लेकिन दूसरी तरफ क्रिकेट गलियारों में चर्चा गर्म है- क्या यह मामला सिर्फ एक 'लेट नाइट आउटिंग' है या फिर इंग्लिश क्रिकेट के सबसे बड़े चेहरे के लिए बड़ा मोड़? कुछ रिपोर्ट्स तो यहां तक दावा कर रही हैं कि स्टोक्स कप्तानी छोड़ सकते हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास भी ले सकते हैं।  फिलहाल स्थिति यह है कि जांच जारी है, अटकलें तेज हैं, और इंग्लिश क्रिकेट एक बार फिर उसी मोड़ पर खड़ा है जहाँ सवाल ज्यादा हैं और जवाब कम। 

एडिलेड टेस्ट दूसरे दिन की समाप्ति: इंग्लैंड का स्कोर 213/8, स्टोक्स-आर्चर ने संभाली टीम

एडिलेड   ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का तीसरा टेस्ट एडिलेड में खेला जा रहा है। दूसरे दिन के खेल की समाप्ति के समय इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 8 विकेट पर 213 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स 45 और जोफ्रा आर्चर 30 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों के बीच नौवें विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी हो चुकी है। इससे पहले इंग्लैंड की बल्लेबाजी ने एक बार फिर निराश किया। शीर्ष क्रम एक बार फिर रन बनाने में नाकाम रहा। बेन डकेट 29, जो रूट 19, हैरी ब्रूक 45 और जेमी स्मिथ 22, सभी को शुरुआत मिली, लेकिन कोई भी बल्लेबाज अपनी पारी को बड़ी पारी में नहीं बदल सका।  इंग्लैंड ने अपने 8 विकेट 168 रन पर गंवा दिए थे। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स एकमात्र बल्लेबाज रहे, जो क्रीज पर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का डटकर मुकाबला कर सके हैं। स्टोक्स अभी भी क्रीज पर मौजूद हैं और 151 गेंद पर 45 रन बनाकर खेल रहे हैं। स्टोक्स को जोफ्रा आर्चर का साथ मिला है। आर्चर 48 गेंद पर 30 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच नौंवे विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी हो चुकी है। इंग्लैंड अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 158 रन पीछे है। ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान पैट कमिंस ने 3, स्कॉट बोलैंड और नाथन लियोन ने 2-2, जबकि कैमरन ग्रीन ने 1 विकेट लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 371 रन पर समाप्त हुई थी। मिचेल स्टार्क 54 रन बनाकर आउट हुए। स्कॉट बोलैंड 14 रन बनाकर नाबाद रहे। पहले दिन एलेक्स कैरी ने 106 और उस्मान ख्वाजा ने 82 रन की पारी खेली थी। इंग्लैंड की तरफ से जोफ्रा आर्चर ने 5 विकेट लिए। इसके अलावा ब्रायडन कार्स और विल जैक्स ने 2-2, जबकि जोश टंग ने 1 विकेट लिए।