50 साल से अधिक उम्र के कलाकारों के लिए खुशखबरी, बिहार सरकार दे रही 3000 रुपये पेंशन
पटना Bihar Artist Pension Scheme:कला के मंच पर वर्षों तक अपनी प्रतिभा दिखाने वाले वरिष्ठ कलाकारों के लिए बिहार सरकार की मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना आर्थिक सहारा बन रही है। 50 वर्ष से अधिक उम्र और कम आय वाले ऐसे कलाकार, जिन्होंने कला के क्षेत्र में कम से कम 10 वर्षों तक योगदान दिया है, इस योजना का लाभ ले सकते हैं। चयनित कलाकारों को हर महीने 3,000 रुपये पेंशन दी जाती है। जनवरी 2026 में शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक विभिन्न जिलों के करीब 411 कलाकारों को डीबीटी के माध्यम से पेंशन दी जा रही है। 50 साल की उम्र और 10 साल का अनुभव जरूरी योजना का लाभ लेने के लिए कलाकार की उम्र 50 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। आवेदक बिहार का स्थायी निवासी होना चाहिए और कला के क्षेत्र में कम से कम 10 वर्षों का अनुभव होना जरूरी है। इसके साथ ही उसकी वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। आवेदक को किसी अन्य सरकारी पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा हो। कलाकार का बिहार के कला एवं संस्कृति विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण भी अनिवार्य है। विभागीय विशेषज्ञ समिति की अनुशंसा के बाद पात्र कलाकारों को पेंशन की स्वीकृति दी जाती है। अब तक 411 कलाकारों को मिली पेंशन सरकारी स्वीकृतियों के अनुसार जून 2026 के लिए अलग-अलग आदेशों में 258 और 153 अनुशंसित कलाकारों को 3,000 रुपये प्रतिमाह की दर से पेंशन देने की मंजूरी दी गई। इस तरह करीब 411 कलाकारों को योजना के तहत पेंशन उपलब्ध कराई गई है। राशि सीधे कलाकारों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है। आवेदन से चयन तक कैसे पहुंचता है नाम? कलाकारों को सबसे पहले बिहार कलाकार पंजीकरण पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल बनानी होती है। इसके लिए artistregistration.bihar.gov.in पर जाकर नाम और मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करना होगा। मोबाइल पर आए ओटीपी के बाद आवेदन फार्म खुलेगा। आवेदन में व्यक्तिगत जानकारी के साथ कलाकार को अपने कला क्षेत्र, अनुभव और अब तक दी गई प्रस्तुतियों का विवरण देना होगा। बैंक खाते की जानकारी के साथ अपनी तस्वीर, प्रस्तुतियों की तस्वीरें और वीडियो भी अपलोड किए जा सकते हैं। तीन स्तरों पर होती है जांच आवेदन मिलने के बाद पात्रता की प्राथमिक जांच की जाती है। इसके बाद आवेदन संबंधित जिले के कला एवं संस्कृति कार्यालय तक पहुंचता है। यहां कलाकार के आयु, निवास, आय और कला क्षेत्र से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जाती है। जिला स्तर की जांच के बाद आवेदन विभागीय चयन समिति के पास भेजे जाते हैं। समिति पात्र कलाकारों के अनुभव, आर्थिक स्थिति और कला क्षेत्र में योगदान से जुड़े रिकॉर्ड की समीक्षा करती है। अनुशंसित कलाकारों के नाम पर अंतिम स्वीकृति के बाद पेंशन की राशि डीबीटी से बैंक खाते में भेजी जाती है। किन कलाकारों के लिए है योजना? उम्र 50 वर्ष या उससे अधिक हो। बिहार का स्थायी निवासी होना जरूरी। कला के क्षेत्र में कम से कम 10 वर्ष का अनुभव हो। वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से कम हो। किसी अन्य सरकारी पेंशन का लाभ नहीं ले रहे हों। बिहार कलाकार पंजीकरण पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। विभागीय जांच और चयन समिति की अनुशंसा के बाद पेंशन स्वीकृत होगी। ऐसे करें पंजीयन 1. artistregistration.bihar.gov.in पर जाएं। 2. नाम और मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करें। 3. ओटीपी के बाद बेसिक डिटेल भरें। 4. कला क्षेत्र, अनुभव और प्रस्तुतियों की जानकारी दें। 5. बैंक खाते का विवरण भरें। 6. फोटो, प्रस्तुति की तस्वीरें और वीडियो अपलोड करें। 7. आवेदन जमा करने के बाद विभागीय जांच और चयन प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार करें।