samacharsecretary.com

‘बॉर्डर 2’ को मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया पर सनी देओल ने प्रशंसकों का जताया आभार

मुंबई, बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए अपनी नयी फिल्म ‘‘बॉर्डर 2’’ को मिली प्रतिक्रिया के लिए अपने प्रशंसकों को धन्यवाद दिया। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर पहले ही 200 करोड़ रुपये की कमायी का आंकड़ा पार कर लिया है। अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित यह फिल्म 1997 में आई ‘‘बॉर्डर’’ का सीक्वल है। वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अभिनीत यह फिल्म 23 जनवरी को रिलीज हुई थी। देओल ने बृहस्पतिवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘‘मेरी, आपकी, हमारी ‘बॉर्डर 2’ को इतना प्यार देने के लिए, आप सबका बहुत शुक्रिया।’’ भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता द्वारा निर्मित इस फिल्म में मोना सिंह, सोनम बाजवा, अन्या सिंह और मेधा राणा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। जहां 1997 की फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान लोंगेवाला की लड़ाई की घटनाओं पर आधारित थी, वहीं ‘बॉर्डर 2’ भी उसी युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है। देओल अगली बार प्रीति जिंटा के साथ ‘‘लाहौर 1947’’ में नजर आएंगे। इसका निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है और इसका निर्माण आमिर खान के प्रोडक्शन बैनर आमिर खान प्रोडक्शंस के तहत किया गया है।  

बॉर्डर 2 बॉक्स ऑफिस: सातवें दिन भी कमाई में टॉप, 1 बजे तक का आंकड़ा जारी

मुंबई  सनी देओल स्टारर फिल्म 'बॉर्डर 2' की गणतंत्र दिवस की छुट्टी के बाद बेशक कमाई घट गई है लेकिन ये अब भी इंडियन बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है, रिलीज के छठे दिन यानी मंगलवार को तो इसने एक और मील का पत्थर पार कर लिया और ये 200 करोड़ी बन गई. वहीं गुरुवार को इस फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज हुए एक हफ्ता पूरा हो जाएगा. इसी के साथ चलिए आपको बताते हैं कि गुरुवार को यानी सातवें दिन बॉर्डर 2  के कलेक्शन और ऑक्यूपेंसी के बारे में  'बॉर्डर 2' की 6 दिनों की कितनी रही कमाई?   'बॉर्डर 2' बॉक्स ऑफिस पर गदर मचा रही है, इस फिल्म का कलेक्शन शानदार है इसने अपने रिलीज के 6 दिनों में धुरंधर के एक हफ्ते के 207 करोड़ के कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है. इसी के साथ  'बॉर्डर 2' की कमाई की बात करें तो      'बॉर्डर 2' ने 30 करोड़ से दमदार ओपनिंग की थी. फिर दूसरे दिन फिल्म ने 36.5 करोड़ जुटा लिए थे.     तीसरे दिन फिल्म की कमाई 54.5 करोड़ रुपये रही.     वहीं चौथे दिन इस फिल्म को गणतंत्र दिवस की छुट्टी का पूरा फायदा मिला और इसने 59 करोड़ कमाए, जो इसका अब तक का सबसे ज्यादा सिंगल डे कलेक्शन है.       पांचवें दिन फिल्म की कमाई में वर्किंग डेज होने के चलते मंदी देखी गई और इसने 20 करोड़ कमाए.     वहीं छठे दिन का कलेक्शन और घट गया और इसकी बुधवार की कमाई 13 करोड़ रुपये रही.    'बॉर्डर 2' के 7वें दिन की एडवांस बुकिंग, बॉक्स ऑफिस प्रीडिक्शन बॉर्डर 2 ने 7वें दिन इंडियन बॉक्स ऑफिस पर लगभग 3.95 करोड़ रुपये के ग्रॉस टिकट बेचे हैं. बता दें कि छठे दिन के 4.65 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन की मुकाबले इसके 7वें दिन की प्री-सेल्स में 15.05% की गिरावट आई है, जो कि नॉर्मल है. प्री-सेल्स और स्पॉट बुकिंग से दर्शकों की अच्छी भीड़ को देखते हुए, बॉर्डर 2 के 7वें दिन इंडियन बॉक्स ऑफिस पर करीब 13 करोड़ नेट कमाने की उम्मीद है. 'बॉर्डर 2' का 7वें दिन का कलेक्शन (Border 2 Box Office Day 7)  ट्रेड आंकड़ें देने वाली वेबसाइट सैकनिल्क (Sacnilk) के मुताबिक बुधवार को फिल्म की कमाई की रफ्तार धीमी दिख रही है. रात 10 बजे तक इस फिल्म ने 13.00 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया और इसी कमाई  के साथ 'बॉर्डर 2' का इंडिया नेट कलेक्शन 213.00 करोड़ हो चुका है. बॉर्डर 2     बॉक्स ऑफिस कलेक्शन (छठा दिन) पहला दिन     30  करोड़ दूसरा दिन     36.5 करोड़ तीसरा दिन     54.5 करोड़ चौथा दिन     59 करोड़ पांचवा दिन     20 करोड़  छठा दिन     13.00 करोड़  सातवां दिन      1.25  करोड़ (दोपहर 1.30 बजे तक के आंकड़े)  टोटल कलेक्शन     214.25 करोड़ (फाइनल आंकड़े रात 10 बजे के बाद अपडेट)  'बॉर्डर 2' फिल्म की 7वें दिन की ऑक्यूपेंसी  गुरुवार, 29 जनवरी, 2026 को मॉर्निंग शोज में बॉर्डर 2 की  हिंदी ऑक्यूपेंसी  6.67% दर्ज की गई. मॉर्निंग शोज की ये ऑक्यूपेंसी 6 दिनों के मुकाबले अब तक की सबसे कम ऑक्यूपेंसी है.  'बॉर्डर 2' के दूसरे वीकेंड में अच्छी कमाई की उम्मीद तरन आदर्श ने एक्स पर लिखा है- बॉर्डर 2 की शानदार कमाई जारी है… यह फ़िल्म मास सर्किट और हार्टलैंड मार्केट में सबसे अच्छा प्रदर्शन कर रही है, जो कुल बिज़नेस में बड़ा कॉन्ट्रिब्यूट कर रहे हैं. इस शुक्रवार को कई नई फ़िल्में रिलीज़ होने के बावजूद, अच्छी माउथ पब्लिसिटी की वजह से बॉर्डर 2 के वीकेंड पर अच्छी कमाई करने की उम्मीद है. 'बॉर्डर 2' स्टार कास्ट आपको बता दें कि इस बॉलीवुड एपिक एक्शन वॉर फिल्म में सनी देओल के अलावा वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह और सोनम बाजवा भी अहम किरदारों में हैं. इसे अनुराग सिंह ने डायरेक्ट किया है और भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जे. पी. दत्ता और निधि दत्ता ने टी-सीरीज़ फिल्म्स और जे. पी. फिल्म्स बैनर के तहत प्रोड्यूस किया गया है. यह फिल्म 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी.

पहले शो के बाद बोले दर्शक: बॉर्डर 2 ने जीता दिल, दमदार डायलॉग्स रहे सीटीमार

मुंबई सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ अभिनीत फिल्म 'बॉर्डर 2' आज शुक्रवार को रिलीज हो गई है। यह साल 1997 में आई फिल्म 'बॉर्डर' का सीक्वल है। फिल्म 'बॉर्डर 2' की रिलीज से पहले ही काफी चर्चा हो रही थी, इसके गाने भी ट्रेंड कर रहे थे। अब जब फिल्म सिनेमाघरों में पहुंच चुकी है तो दर्शकों की सोशल मीडिया पर पहली प्रतिक्रिया क्या है? पढ़िए इस रिपोर्ट में सनी देओल के अभिनय का दिखा दम फिल्म 'बॉर्डर 2' पर नेटिजन्स के शुरुआती रिएक्शन देखकर साफ है कि इस फिल्म का जादू उन पर चल गया है। दर्शक पुरानी यादों में खो गए हैं। कुछ दर्शक इसे 'बॉर्डर' से भी बढ़कर बता रहे हैं। दर्शक इसे रोंगटे खड़े कर देने वाली फिल्म बता रहे हैं और लिख रहे हैं कि इसे देखकर आंखें नम हो जाएंगी। सनी देओल के अभिनय का दम दिखा है। एक यूजर ने लिखा है, 'इस फिल्म को परिवार के साथ जरूर देखा जाना चाहिए। यह फिल्म देखते हुए थिएटर मानो किसी स्टेडियम में बदल जाता है। डायलॉग इतने दमदार हैं कि लोग सीटी बजाते हैं और तालियां गूंजती हैं'। वरुण धवन को ट्रोल करने वालों को करारा तमाचा फिल्म 'बॉर्डर 2' में सिर्फ सनी देओल ही नहीं, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत ने भी कमाल का काम किया है। एक यूजर ने लिखा है, 'सनी देओल ने पर्दे पर आग लगा दी। वरुण धवन भी सरप्राइज करते हैं। उनकी एक्टिंग देखकर ट्रोल करने वालों की बोलती बंद हो जाएगी। फिल्म का क्लाइमैक्स जबर्दस्त है'। फिल्म की जान हैं इमोशंस यूजर कह रहे हैं कि फिल्म 'बॉर्डर 2', साल 1997 की 'बॉर्डर' को शानदार ट्रिब्यूट है। इमोशंस इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत हैं, बस पहली वाली फिल्म से इसकी तुलना मत करिएगा। वहीं, एक यूजर ने लिखा है कि इस फिल्म में 'बॉर्डर 2' की विरासत को बहुत शानदार तरीके से संभाला गया है।   दर्शकों को पसंद आया संगीत फिल्म की कहानी, सितारों के अभिनय के अलावा फिल्म का संगीत भी दर्शकों को पसंद आया है। 'मिट्टी के बेटे' सॉन्ग दर्शकों को सबसे दमदार लगा है। हालांकि, यह भावुक भी करता है। फिल्म देखकर लौटे दर्शक हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए बाहर निकल रहे हैं। यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह फिल्म ब्लॉकबस्टर होगी। 'गदर 2' से भी ज्यादा बढ़कर सनी देओल की दहाड़ फिल्म 'बॉर्डर 2' का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है। इसमें मोना सिंह, मेधा राणा और सोनम बाजवा भी अहम भूमिकाओं में हैं। यूजर लिख रहे हैं, 'फिल्म में सनी देओल 'गदर 2' से भी ज्यादा दहाड़े हैं। अहान शेट्टी के सीन तो बहुत शानदार हैं। 

बॉर्डर 2′ के पहले शो की कैंसिलेशन से फैंस को झटका, सनी की करियर की बेस्ट ओपनिंग की उम्मीद

मुंबई  सनी देओल और वरुण धवन स्टारर फिल्म 'बॉर्डर 2' 2026 की मचअवेटेड फिल्मों में से एक है. जिससे बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनने की उम्मीद है. हालांकि, रिलीज से पहले ही फिल्म मुश्किल में पड़ गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, टेक्निकल दिक्कतों की वजह से कई जगह सुबह के शो कैंसिल कर दिए गए हैं. सुबह 8 बजे, 9 बजे और 10 बजे के शो पर अनिश्चितता बनी हुई है. जानकारी है कि कई जगहों पर शो कैंसिल हो सकते हैं क्योंकि कंटेंट तैयार नहीं है. मुंबई में शो हुए कैंसिल इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मैक्सस बोरीवली में 'बॉर्डर 2' का पहले दिन का पहला शो कैंसिल हो गया है क्योंकि प्रिंट्स देर से आए. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ज्यादातर थिएटर ने अपने मॉर्निंग शो कैंसिल कर दिए हैं. इस वजह से फैंस निराश दिखा रहे हैं क्योंकि वे पहला शो देखने के लिए सुबह जल्दी आए थे. थिएटर ने बताया है कि वे फिल्म डाउनलोड होते ही शो रीशेड्यूल करेंगे और उन्हें सीटें देंगे. वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म इन्फॉर्मेशन ने बताया कि फिल्म का फाइनल कंटेंट गुरुवार देर रात तक तैयार नहीं था. UFO Moviez जैसे डिलीवरी प्लेटफॉर्म ने सिनेमाघरों को बताया कि कंटेंट उम्मीद से ज्यादा देर से डाउनलोड और तैयार होगा.  सनी देओल करेंगे करियर की बेस्ट ओपनिंग!  सनी देओल की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का पहला पोस्टर आने के साथ ही लोगों में 30 साल पुरानी फिल्म ‘बॉर्डर’ का नॉस्टैल्जिया उमड़ने लगा था. टीजर और ट्रेलर आने के बाद तो माहौल और भी तगड़ा हो गया. सनी का वही धमाकेदार फौजी अंदाज, धुआंधार डायलॉगबाजी और देश के रक्षकों की कहानी देखने के लिए जनता मूड बनाने लगी थी. लेकिन पिछले कुछ वक्त से सीक्वल्स के लिए जनता कुछ खास एक्साइटेड नहीं नजर आती. इसलिए ये रिस्क भी था कि शुक्रवार को जब ‘बॉर्डर 2’ थिएटर्स में पहुंचेगी तो बॉक्स ऑफिस पर उस नॉस्टैल्जिया का असर दिखेगा या नहीं. लेकिन जनता ने ‘बॉर्डर 2’ के पक्ष में फैसला दे दिया है. ‘बॉर्डर 2’ की तगड़ी एडवांस बुकिंग ट्रेलर आने के बाद जब ‘बॉर्डर 2’ की बुकिंग खुली तो शुरुआत में जनता का रिस्पॉन्स औसत ही था, लेकिन रिलीज का दिन करीब आते-आते बुकिंग की रफ्तार बढ़ती चली गई. गुरुवार को कई जगह शोज तेजी से भरते नजर आने लगे और मीडियम कैपेसिटी वाले कई थिएटर्स भर भी गए. सैकनिल्क के अनुसार, ‘बॉर्डर 2’ के लिए करीब 4 लाख टिकट एडवांस में बुक हो चुके हैं. इस बुकिंग से फिल्म ने करीब 12.5 करोड़ रुपये का एडवांस ग्रॉस कलेक्शन कर डाला है. ये आंकड़ा 2025 की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म ‘धुरंधर’ से भी बेहतर है. रिलीज से पहले रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ के लिए ढाई लाख से थोड़े ज्यादा टिकट एडवांस में बुक हुए थे. इस बुकिंग से ‘धुरंधर’ का एडवांस बुकिंग ग्रॉस 10 करोड़ से थोड़ा कम था. यानी एडवांस बुकिंग के मामले में ‘बॉर्डर 2’ सिर्फ ‘धुरंधर’ से बेहतर नहीं है, बल्कि काफी आगे भी है. सनी को मिलेगी करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग ‘धुरंधर’ को पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर करीब 29 करोड़ रुपये की ओपनिंग मिली थी. इसका एडवांस जरूर दमदार था, लेकिन फिल्म के लिए क्रेज बनने में एक दिन का समय लगा था. पहले दिन जनता से शानदार वर्ड ऑफ माउथ मिलने के बाद ‘धुरंधर’ ने आगे कमाल करना शुरू किया था. ‘बॉर्डर 2’ के लिए नॉस्टैल्जिया सबसे बड़ा फैक्टर है. ऊपर से सनी देओल का मास अवतार दर्शकों को थिएटर्स तक खींचेगा. रिलीज की सुबह का माहौल देखें तो ‘बॉर्डर 2’ के लिए जनता ‘धुरंधर’ से ज्यादा एक्साइटेड है. अनुमान कहता है कि ‘बॉर्डर 2’ को पहले दिन कम से कम 36-37 करोड़ की ओपनिंग मिलना लगभग तय है. ‘बॉर्डर 2’ वैसे तो रिव्यू-प्रूफ फिल्म है और क्रिटिक्स की आलोचनाओं का इस पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला. लेकिन अगर रिव्यूज पॉजिटिव हुए और जनता का वर्ड ऑफ माउथ दमदार बना, तो ‘बॉर्डर 2’ पहले दिन 40 करोड़ का आंकड़ा भी पार जा सकती है. सनी देओल के करियर में अभी तक सबसे बड़ी ओपनिंग ‘गदर 2’ को मिली है. उनकी शानदार कमबैक स्टोरी लिखने वाली ‘गदर 2’ ने पहले दिन 40 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी. इस फिल्म ने सनी देओल को बॉक्स ऑफिस पर फिर से खड़ा किया था. अब अनुमान लगाया जा रहा है कि ‘बॉर्डर 2’ से बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल का भौकाल और भी तगड़ा होने वाला है. इसके अलावा एक सीनियर ट्रेड पर्सन ने नाम न बताने की शर्त पर HT को बताया था, 'कंटेंट आधी रात तक मिलने की उम्मीद है… कंटेंट की स्थिति को देखते हुए, मॉर्निंग शो बहुत मुश्किल लग रहे हैं.' रिपोर्ट के अनुसार, UFO Moviez के एक WhatsApp मैसेज में कहा गया था कि डाउनलोड सुबह 6.30 बजे शुरू होगा. फिल्म के 192 मिनट के रनटाइम को देखते हुए, फिल्म को स्क्रीनिंग के लिए तैयार होने में 3-4 घंटे लग सकते हैं. ये ही वजह है कि भारत के कई हिस्सों में सुबह 8 बजे या 9 बजे के शो होने की संभावना कम है. बॉर्डर 2 के बारे में अनुराग सिंह के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'बॉर्डर 2' जेपी दत्ता की 1997 की आइकॉनिक ब्लॉकबस्टर बॉर्डर का सीक्वल है. इस फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे नई पीढ़ी के सितारे भी हैं. यह फिल्म गणतंत्र दिवस वीकेंड से पहले आज 23 जनवरी को रिलीज हुई है. 

बॉर्डर 2 पर राशिद खान का बयान, वरुण और सुनील शेट्टी ने दी प्रतिक्रिया

मुंबई  23 जनवरी को रिलीज हो रही मल्टीस्टारर फिल्म बॉर्डर 2 की जबरदस्त चर्चा है. फैंस सनी देओल की फिल्म को थियेटर्स में देखने के लिए बेसब्र हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं बॉर्डर को लेकर ये दीवानगी सिर्फ इंडियंस में ही नहीं हैं. अफगानिस्तान के स्टार खिलाड़ी राशिद खान भी बॉर्डर 2 देखने के लिए उत्साहित हैं. उनका कहना है वो ये फिल्म जरूर देखेंगे.  राशिद खान का वीडियो वायरल अफगानिस्तान T20 क्रिकेट टीम के कप्तान राशिद खान ने इंस्टा पर एक रील शेयर की है. जिसमें वो दुबई में हाईवे पर सड़क किनारे खड़े हैं. किसी से बात करते हुए भुट्टा भूनते हुए राशिद दिख रहे हैं. क्रिकेटर काफी खुश हैं. कैप्शन में राशिद ने लिखा है- बॉर्डर 2 तो मैं जरूर देखूंगा… लेकिन देखते हैं क्या होता है जब मैं इसे पोस्ट करता हूं. राशिद ने अपनी ये पोस्ट सुनील शेट्टी, अहान शेट्टी, वरुण धवन और सनी देओल को टैग की है. वीडियो के बैकग्राउंड में 'घर कब आओगे' का साउंडट्रैक चल रहा है. राशिद की इस पोस्ट पर बॉर्डर 2 की कास्ट ने तुरंत रिएक्ट किया है. अहान शेट्टी ने लिखा- भाई को ढेर सारा प्यार. वरुण धवन ने कहा- हां भाई. सुनील शेट्टी बोले- ये हुई ना बात. वैसे राशिद खान अकेले ऐसे क्रिकेटर नहीं हैं जो सनी देओल की मचअवेटेड फिल्म बॉर्डर 2 को सपोर्ट कर रहे हैं. भारतीय विकेटकीपर-बैट्समैन केएल राहुल ने भी बॉर्डर 2 को प्रमोट किया है. राहुल का फिल्म के साथ पर्सनल कनेक्शन भी है. क्योंकि उनके साले साहब अहान शेट्टी फिल्म में अहम रोल में हैं. फिल्मी सेलेब्स और क्रिकेटर्स के प्रमोशन करने की वजह से बॉर्डर 2 को लेकर ज्यादा हाईप क्रिएट हो गया है. बॉर्डर 2 की बात करें तो मूवी गणतंत्र दिवस के मौके पर आ रही है. फिल्म में सनी देओल के अलावा वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी भी अहम रोल में है. ये फिल्म 1997 की वॉर क्लासिक बॉर्डर का सीक्वल है, जिसमें सनी देओल, सनील शेट्टी और अक्षय खन्ना थे. मूवी को लेकर जबदस्त एडवांस बुकिंग के आंकड़े देखने को मिल रहे हैं. सालों बाद आ रही वॉर ड्रामा के सीक्वल का फैंस फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखने की प्लानिंग कर रहे हैं.    

एडवांस बुकिंग में ‘बॉर्डर 2’ का रिकॉर्ड ब्रेकिंग प्रदर्शन, एक दिन में कमाए करोड़ों; बड़े हिट्स को छोड़ा पीछे

मुंबई सनी देओल की फिल्म 'बॉर्डर 2' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने वाली है। यह युद्ध वाली ड्रामा फिल्म इस वीकेंड में बहुत अच्छी शुरुआत कर सकती है। 'बॉर्डर 2' की रिलीज से पहले जानिए इसका एडवांस बुकिंग कलेक्शन। कब शुरू हुई 'बॉर्डर 2' की एडवांस बुकिंग? फिल्म 'बॉर्डर 2' की एडवांस बुकिंग सोमवार से शुरू हुई। सिर्फ 24 घंटे में ही फिल्म को बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। Sacnilk के अनुसार, पहले दिन की बुकिंग में फिल्म ने 2.5 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। देशभर में 11,000 से ज्यादा शो में 73,000 टिकट बिक चुके हैं। BookMyShow पर हर घंटे 2,000 टिकट बिक रहे हैं और यह रफ्तार बढ़ती जा रही है। बाकी फिल्मों से 'बॉर्डर 2' की तुलना?     सनी देओल की पिछली फिल्म 'जाट' की पूरी एडवांस बुकिंग 2.4 करोड़ थी, लेकिन 'बॉर्डर 2' ने इसे पार कर लिया है।     रणवीर सिंह की 'धुरंधर' ने पहले दिन सिर्फ 1 करोड़ की एडवांस बुकिंग की थी।     सनी की पिछली हिट फिल्म 'गदर 2' ने 2.2 करोड़ की एडवांस बुकिंग की थी। 'बॉर्डर 2' इससे भी आगे निकल चूकी है।     अब बात करें बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की तो 'धुरंधर' ने पहले दिन 28 करोड़ कमाए थे और 'गदर 2' ने 40 करोड़, लेकिन फिलहाल एडवांस बुकिंग में आगे होना 'बॉर्डर 2' के लिए बहुत अच्छा संकेत है। 'बॉर्डर 2' के बारे में सबकुछ 'बॉर्डर 2' 1997 की सुपरहिट फिल्म 'बॉर्डर' की दूसरी कड़ी है। इसे अनुराग सिंह ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी ने मुख्य भूमिका निभाई है। इस फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने मिलकर किया है। 'बॉर्डर 2' 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

‘घर कब आओगे’ गाना रिलीज, ‘बॉर्डर 2’ से जुड़ी पुरानी यादों को करेगा ताजा

मुंबई  जेपी दत्ता की 'बॉर्डर' हर 90s किड की यादों में आज भी ताजा है. फिल्म में दिखाया गया रॉ-एक्शन और इमोशन अभी तक लोगों को महसूस होता है. उस फिल्म का गाना 'संदेसे आते हैं' आज भी लोग यूं ही गुनगुनाने लगते हैं. उस गाने में वो ताकत थी कि उसे सुनकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं. आज, वही गाना एक नए अंदाज के साथ दोबारा सुना जा रहा है.  'बॉर्डर 2' फिल्म का पहला गाना 'घर कब आओगे' सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर 'बॉर्डर 2' कुछ हफ्तों में रिलीज होने वाली है. लगभग दो हफ्तों पहले इसका दमदार टीजर आया था, जिसने पुरानी यादें ताजा कीं. अब फिल्म का पहला गाना 'घर कब आओगे' सामने आया है, जो वही याद और मैलोडी के साथ दर्शकों के बीच लौटा है. मेकर्स ने गाने का ऑडियो रिलीज किया है, जो आते ही सोशल मीडिया पर हर तरफ छा चुका है.  ये गाना लगभग 28 सालों के बाद वही जादू अपने साथ वापस लेकर आया है, जो 'संदेसे आते हैं' के वक्त लोगों के बीच हुआ था. 'घर कब आओगे' गाना नया जरूर है, लेकिन इसमें वही पुराना फ्लेवर कायम रखने की कोशिश हुई है, जो इसे और भी शानदार बनाता है. इस गाने को सोनू निगम और रूप कुमार राठोड के साथ-साथ अरिजीत सिंह, दिलजीत दोसांझ और विशाल मिश्रा ने गाया है. वहीं जावेद अख्तर और मनोज मुंतशिर ने इसके लिरिक्स लिखे हैं. 'घर कब आओगे' को मिथुन और अनु मलिक ने कंपोज किया है. गाना सुनकर फैंस का क्या है रिएक्शन? फैंस सोशल मीडिया पर 'घर कब आओगे' गाने को लेकर बातें करना भी शुरू कर चुके हैं. X पर कई लोग इस नई कंपोजिशन से खुश हैं. वहीं कुछ का मानना है कि नया तो ठीक है, मगर पुराने वाले का दम आज भी बरकरार है. यूजर्स 'बॉर्डर 2' के इस गाने से इंप्रेस हैं क्योंकि इससे उनकी फिल्म देखने के लिए एक्साइटमेंट काफी बढ़ चुकी है. बता दें कि 'बॉर्डर 2' 23 जनवरी, 2026 को थिएटर्स में रिलीज होने वाली है.

‘संदेशे आते हैं’ का नया अवतार: बॉर्डर-2 के लिए रीमेक पर बोले भूषण कुमार

मुंबई साल 1997 में रिलीज हुई फिल्म बॉर्डर की कहानी से लेकर म्यूजिक तक सब कुछ सुपरहिट रहा था। फिल्म में सोनू निगम का गाया एक सॉन्ग था 'संदेशे आते हैं, हमें तड़पाते हैं', यह गाना हर किसी के दिल को छू गया। सीमा पर तैनात जवानों से लेकर आम लोगों तक ने इस गाने को इतना प्यार दिया कि आज भी यह लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल है। सोनू निगम के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर इस गाने को अभी तक 3 करोड़ 70 लाख बार सुना जा चुका है और अल्ट्रा बॉलीवुड यूट्यूब चैनल पर इसके 2 करोड़ व्यूज है। खुशखबरी यह है कि बॉर्डर-2 के लिए मेकर्स इस गाने को रीमेक करेंगे। बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक भूषण कुमार ने बताया कि इस बार गाने में कुछ बदलाव किए जाएंगे। उन्होंने बताया, "इस बार 'संदेशे आते हैं' के लिए हमने अन्य गायकों को भी शामिल किया है। हम यह सॉन्ग 2 जनवरी को लोंगेवाला में जवानों के साथ लॉन्च करने जा रहे हैं, क्योंकि यह गाना बहुत खास है। हमने पूरी कोशिश की है कि इसमें पहले गाने जैसा ही इमोशन हो और साथ ही इसमें आज के दौर की धुन भी हो।" बताया जा रहा है कि इस बार लिरिक्स में भी कुछ चेंज किए जा सकते हैं। मालूम हो कि बॉर्डर मूवी का पहला पार्ट 1997 में हुए लोंगेवाला की जंग पर ही आधारित थी। 'सनी सर के बिना बॉर्डर-2 बनाना असंभव' सनी देओल की तारीफ करते हुए प्रोड्यूसर भूषण कुमार ने कहा, "सनी सर के बिना बॉर्डर-2 बनाना असंभव है। इतनी मेहनत और इतना वक्त देने के लिए उनका बहुत-बहुत शुक्रिया। मेरे पास शब्द नहीं हैं।" भूषण कुमार ने बताया कि पिछले पार्ट की तुलना में इस बार वह थोड़े नर्वस हैं क्योंकि लोग मूवी को पिछले पार्ट के साथ कंपेयर करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं इस वक्त बहुत घबरा रहा हूं क्योंकि यह फिल्म हमारे लिए बहुत इमोशनल है। सभी ने बहुत अच्छा काम किया है। जब भी मैं वरुण के पिता (डेविड धवन) से बात करता हूँ, तो मैं उनसे कहता हूं, 'वरुण ने शानदार काम किया है'।” पहले पार्ट की तुलना में कई गुना है बजट साल 1997 में रिलीज हुई फिल्म 'बॉर्डर' का दूसरा पार्ट 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रहा है। फिल्म का पहला पार्ट महज 10 करोड़ रुपये की लागत में बना था और इसका वर्ल्डवाइड लाइफटाइम कलेक्शन 65 करोड़ 57 लाख रुपये रहा था। अब फिल्म का दूसरा पार्ट जल्द ही आने जा रहा है जिसे बनाने में मेकर्स ने तकरीबन 250 करोड़ रुपये खर्च कर दिए हैं। फिल्म का टीजर पहले ही रिलीज किया जा चुका है और अब इसके ट्रेलर का इंतजार रहेगा। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाती है यह भी जल्द ही पता चल जाएगा।  

अहान शेट्टी का इमोशनल पोस्ट: ‘बॉर्डर 2’ की शूटिंग खत्म, बोले – ये पल कभी नहीं भूलूंगा

मुंबई बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी इन दिनों अपनी आने वाली बड़ी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं. फिल्म की शूटिंग लंबे समय से चल रही थी और अब अहान ने अपने हिस्से का काम पूरा कर लिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर शूटिंग की कुछ तस्वीरें शेयर की और एक इमोशनल नोट लिखा, जिससे फैन्स भी काफी भावुक हो गए. अहान ने इंस्टाग्राम पर फिल्म की कई तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा, “बॉर्डर 2 की शूटिंग खत्म हो गई. आज जब मैं सेट से बाहर निकला तो मन उम्मीद से ज्यादा भारी लगा. इस फिल्म ने मुझे बहुत चुनौती दी और ऐसी यादें दी जिन्हें मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा. मैं अपने दिल से हमारी सेना, उन शानदार कलाकारों जिनके साथ मुझे काम करने का मौका मिला और पूरी टीम का शुक्रिया करता हूं, जो अब मेरे लिए परिवार जैसी बन गई है. ये फिल्म सिर्फ एक फिल्म नहीं है… इसमें असली कहानियां हैं, असली हिम्मत है, और वो देशभक्ति है जो परदे से कहीं ज्यादा गहरी है. शुक्रिया ‘बॉर्डर 2’… ये सफर हमेशा मेरे दिल में रहेगा. जय हिंद.” फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट बता दें, फिल्म में अहान शेट्टी के अलावा सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, मेधा राणा, मोना सिंह और सोनम बाजवा जैसे कलाकार शामिल है. फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह कर रहे हैं और भूषण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने मिलकर प्रोड्यूस किया है. ‘बॉर्डर 2’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है क्योंकि यह 1997 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है, जिसमें कारगिल युद्ध 1999 की सच्ची घटना दिखाई जाएगी. हालांकि मेकर्स ने इसके रिलीज की जानकारी नहीं दी है, लेकिन यह 2026 में रिलीज हो सकती है.