samacharsecretary.com

‘धुरंधर’ का विदेशों में भी जलवा, रिकॉर्डतोड़ कमाई के बाद 10 जुलाई को जापान में होगी रिलीज़

मुंबई  बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म धुरंधर रिकॉर्डतोड़ सफलता और दुनियाभर में शानदार कमाई के बाद 10 जुलाई को जापान के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।फिल्म के जापान में रिलीज़ होने के अवसर पर रणवीर सिंह ने वहां के दर्शकों के लिए एक विशेष वीडियो संदेश जारी कर बड़े पर्दे पर फिल्म देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि 'धुरंधर' ड्रामा, रोमांच, भव्यता और भावनाओं से भरपूर फिल्म है, जिसकी दमदार कहानी दर्शकों को शुरू से अंत तक बांधे रखती है। Sacnilk के अनुसार,  5 दिसंबर, 2025 को रिलीज होने के बाद धुरंधर ने  वैश्विक स्तर पर ₹1,307.35 करोड़ की भारी कमाई की। फिल्म निर्माताओं के बयान के अनुसार, फिल्म ने "अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक ऐतिहासिक प्रदर्शन किया, उत्तरी अमेरिका में अब तक की नंबर 1 हिंदी फिल्म बनकर उभरी, साथ ही कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई और यूके में शीर्ष प्रदर्शन करने वाली भारतीय फिल्मों में शुमार हो गई।" आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गज कलाकार शामिल हैं। फिल्म का पहला भाग एक भारतीय गुप्तचर एजेंट की पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर नेटवर्क में घुसपैठ की कहानी है, जो विश्व भर में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता है। 1307 करोड़ की कमाई, बना बड़ा रिकॉर्ड ‘धुरंधर’ पहले ही दुनियाभर में 1307 करोड़ रुपए की जबरदस्त कमाई कर चुकी है। यह आंकड़ा इसे साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल करता है। सिनेमाघरों में फिल्म को जिस तरह का रिस्पॉन्स मिला, उसने मेकर्स की उम्मीदों को भी पार कर दिया। क्या है फिल्म की खास बात? फिल्म एक एक्शन-ड्रामा है, जिसमें देशभक्ति, मिशन और इमोशन का मजबूत मिश्रण देखने को मिलता है। दमदार कहानी, शानदार विजुअल्स और कलाकारों की परफॉर्मेंस ने इसे दर्शकों के बीच खास बना दिया। यही वजह है कि फिल्म का क्रेज अभी भी बना हुआ है। Japan में क्यों बढ़ रही है उम्मीद? पिछले कुछ समय में Japan में भारतीय फिल्मों की लोकप्रियता बढ़ी है। खासकर ऐसी फिल्में, जिनमें एक्शन और इमोशनल एलिमेंट हो, वहां के दर्शकों को पसंद आती हैं। ‘Operation Dhurandhar’ भी उसी ट्रेंड को आगे बढ़ा सकती है। क्या Japan में भी बनेगा नया रिकॉर्ड? अब नजर इस बात पर टिकी है कि क्या यह फिल्म Japan में भी वही जादू चला पाएगी। अगर दर्शकों का प्यार यहां भी मिला, तो ‘धुरंधर’ भारतीय सिनेमा के लिए एक और बड़ी ग्लोबल सफलता साबित हो सकती है। आप के लिए अनुशंसित धुरंधर: द रिवेंज नाम की दूसरी फिल्म  पिछले महीने रिलीज हुई थी। धुरंधर के लाइफटाइम कलेक्शन को  धुरंधर 2 ने  11 दिनों में ही  पार कर लिया  । धुरंधर 2  3,000 करोड़ रुपये की कमाई के साथ भारत की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी बन गई है, जिसने अपने सबसे मजबूत दावेदारों  बाहुबली  और  पुष्पा को पीछे छोड़ दिया है । Sacnilk के अनुसार, 41 दिनों के बाद, घरेलू कुल कमाई अब चौंका देने वाले ₹1,132.94 करोड़ तक पहुंच गई है, जबकि भारत की कुल कमाई ₹1,356.01 करोड़ है। धुरंधर 2  सिनेमाघरों में चल रही है और इसने भारतीय फिल्म इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया है।फिल्म की कहानी, निर्देशन और निर्माण की जिम्मेदारी आदित्य धर ने संभाली है। इसके निर्माता ज्योति देशपांडे और लोकेश धर हैं।

राम चरण बोले- अच्छी कहानियां आज भी दर्शकों को थिएटर तक खींच लाती हैं, ‘धुरंधर’ की जमकर तारीफ

 साउथ सुपरस्टार राम चरण ने अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘पेड्डी’ और आदित्य धर और रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ की जबरदस्त सफलता पर बात की. उन्होंने दावा किया कि इन फिल्मों की बॉक्स ऑफिस पर मिली जबरदस्त कामयाबी इस बात का सबूत है कि अच्छी कहानियों ने पूरे देश के दर्शकों को एकजुट किया है. अभिनेता ने आगे कहा कि कोविड-19 के बाद सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या कम होने के बावजूद, ‘केजीएफ’ और ‘पुष्पा’ जैसी अच्छी फिल्मों सुपरहिट रही. राम चरण बोले- अच्छी फिल्में आज भी दर्शकों को थिएटर तक खींच लाती हैं रिपब्लिक पत्रिका के शिखर सम्मेलन में राम चरण से पूछा गया कि लोग सिनेमाघरों में आना क्यों बंद कर चुके हैं. उन्होंने कहा, ”जब केजीएफ, पुष्पा 2, धुरंधर, कांतारा, आरआरआर जैसी बेहतरीन फिल्में आती हैं, तो लोग सिनेमाघरों में वापस आने लगते हैं. कोविड के बाद, हम सभी थोड़े डरे हुए थे कि क्या वे वापस आएंगे. भारत में आज भी सिनेमा सबसे किफायती एंटरटेनमेंट ऑप्शन है. पूरा परिवार साथ में फिल्म देखने जाता है और फिल्म खत्म होने के बाद भी उसी की बातें करता रहता है. यह सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि लोगों को जोड़ने वाला एक शानदार एक्सपीरियंस भी है. हां, अगर पॉपकॉर्न के दाम थोड़े कम हो जाएं तो बात और भी बेहतर हो जाएगी.”  धुरंधर की तारीफ करते हुए क्या बोले राम चरण धुरंधर की तारीफ करते हुए राम चरण ने कहा, “मुझे यह फिल्म बेहद शानदार लगी. हाल ही में मैंने इसे OTT पर देखा और फिल्म का हर पहलू बिल्कुल सही तरीके से काम करता है. इसकी कहानी, ट्रीटमेंट और गति सब कुछ शानदार था. इस फिल्म ने लोगों को एकजुट किया है. यही वजह है कि इसने 1800 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया. बॉक्स ऑफिस का आंकड़ा सिर्फ कमाई नहीं दिखाता, बल्कि यह बताता है कि कितने लोगों ने फिल्म को पसंद किया.  धुरंधर और धुरंधर- द रिवेंच के बारे में आदित्य की फिल्म ‘धुरंधर’ दिसंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई और इसने दुनिया भर में 1300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की. ‘धुरंधर: द रिवेंज’ इसी साल मार्च में रिलीज हुई और इसने दुनिया भर में 1800 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन किया. ये दोनों फिल्में जबरदस्त हिट रहीं और इनमें हमजा उर्फ ​​जसकिरत सिंह रंगी (रणवीर) की कहानी दिखाई गई है, जिसे आतंकी शिविरों में घुसपैठ करने के लिए पाकिस्तान के लयारी भेजा जाता है. पेड्डी का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बुची बाबू सना की फिल्म ‘पेड्डी’, जिसमें राम चरण और जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिका में हैं, 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई. ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के अनुसार, फिल्म ने भारत में 235 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया और रिलीज के 19 दिनों में दुनिया भर में 331 करोड़ रुपये का कुल कलेक्शन किया.

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ डुओलॉजी ने मचाया धमाल, प्रॉफिट शेयरिंग से कमाए 325 करोड़ रुपये

बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह ने बॉक्स ऑफिस पर एक ऐसा धमाका किया है, जिसने उन्हें भारतीय सिनेमा के सबसे महंगे सितारों की कतार में सबसे आगे लाकर खड़ा कर दिया है. ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' की डुओलॉजी (दो फिल्मों की सीरीज) से रणवीर ने अनुमानित ₹325 करोड़ की रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है. खास बात यह है कि रणवीर ने इसके लिए कोई बंधी-बंधाई मोटी फीस नहीं ली थी, बल्कि मेकर्स के साथ मुनाफे में हिस्सेदारी (प्रॉफिट-शेयरिंग) का एक बड़ा सौदा किया था. अब इस स्मार्ट मूव के साथ ही वो अब शाहरुख खान और रजनीकांत जैसे उन चुनिंदा सुपरस्टार्स की लीग में शामिल हो गए हैं, जो अपनी फिल्मों की बंपर कमर्शियल सफलता का सबसे बड़ा फायदा खुद उठाते हैं. तय फीस छोड़ी और खेला बड़ा दांव हिंदुस्तान टाइम्स की एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, रणवीर सिंह ने 'धुरंधर' के लिए अपनी एक्टिंग फीस न लेने का एक साहसिक और समझदारी भरा फैसला किया था. इसकी जगह उन्होंने प्रॉफिट-शेयरिंग मॉडल को चुना. इस डील का सबसे बड़ा फायदा यह हुआ कि रणवीर की जेब में सिर्फ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन का हिस्सा ही नहीं आया, बल्कि फिल्म के सैटेलाइट राइट्स, डिजिटल (ओटीटी) और म्यूजिक राइट्स की बिक्री से हुई मोटी कमाई का भी एक सीधा और बड़ा हिस्सा उनके खाते में गया. बजट बढ़ा तो खुद लगाए पैसे शुरुआती रिपोर्ट्स बताती हैं कि 'धुरंधर' को पहले एक ही फिल्म के तौर पर प्लान किया गया था, लेकिन बाद में इसे दो भागों में बनाने का फैसला हुआ. जब फिल्म का प्रोडक्शन बजट बढ़ने लगा, तो रणवीर ने पीछे हटने के बजाय प्रोजेक्ट को पूरा सपोर्ट किया और फिल्म में अपने पास से अतिरिक्त पैसे भी लगाए. उनका यह कदम मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ, क्योंकि फिल्म में निवेश करने की वजह से मुनाफे में उनका पार्टनरशिप शेयर और ज्यादा बढ़ गया. जब ये दोनों फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हुईं, तो इन्होंने कमाई के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए और रणवीर की यह रणनीति उनके करियर की सबसे बड़ी लॉटरी साबित हुई. 40 की उम्र में रचा नया इतिहास अगर इंडस्ट्री में चल रही ₹325 करोड़ की यह संख्या पूरी तरह सही है, तो 40 साल के रणवीर सिंह इस समय भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले एक्टर बन चुके हैं. हालांकि, बड़े स्टार्स के बीच प्रॉफिट-शेयरिंग का यह ट्रेंड अब तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसमें जोखिम भी उतना ही ज्यादा होता है. अगर फिल्म फ्लॉप हो जाए, तो एक्टर को खाली हाथ भी रहना पड़ सकता है. इसके विपरीत, जब फिल्म 'धुरंधर' जैसी ब्लॉकबस्टर साबित होती है, तो एक्टर की कमाई किसी भी तय फीस के मुकाबले कई गुना ज्यादा ऊपर निकल जाती है. बड़े-बड़े दिग्गजों की लीग में एंट्री रणवीर की इस छप्परफाड़ कमाई ने भारतीय सिनेमा के इतिहास के कुछ सबसे बड़े नामों के साथ उनकी तुलना शुरू कर दी है. इससे पहले रजनीकांत, शाहरुख खान, प्रभास और अल्लू अर्जुन जैसे पैन-इंडिया सुपरस्टार्स ही अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए इस तरह के रेवेन्यू-शेयरिंग समझौतों के जरिए इतनी भारी-भरकम रकम कमा चुके हैं. हालांकि, सोशल मीडिया और मीडिया गलियारों में ₹325 करोड़ के इस आंकड़े को लेकर जबरदस्त चर्चा और उत्साह है, लेकिन अभी तक खुद रणवीर सिंह या 'धुरंधर' के मेकर्स की तरफ से इस कमाई पर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई है.

‘धुरंधर’ यूनिवर्स अभी खत्म नहीं! ज्योति देशपांडे के बयान से ‘धुरंधर 3’ की चर्चा तेज

Aditya Dhar की Dhurandhar और Dhurandhar: The Revenge हिंदी सिनेमा के लिए गेम चेंजर साबित हुई. इन दोनों फिल्मों ने मिलकर दुनियाभर से 3100 करोड़ रुपए से ज़्यादा की कमाई की. 'धुरंधर' एक ही फिल्म होने वाली थी. मगर फिल्म लंबाई को देखते हुए मेकर्स ने इसे दो पार्ट में तोड़ने का फैसला किया. पब्लिक को लगा कि दोनों पार्ट्स आ चुके हैं. अब ये कहानी खत्म हो गई. मगर इस फिल्म की प्रोड्यूसर Jyoti Deshpande ने अचानक एक बड़ा खुलासा कर दिया. उनका कहना है कि ये कहानी अभी खत्म नहीं हुई. बॉलीवुड हंगामा से हुई हालिया बातचीत में जियो स्टूडियोज की ज्योति देशपांडे ने 'धुरंधर' फ्रैंचाइज़ के बारे में बात करते हुए कहा, "धुरंधर के साथ अभी हमारा काम खत्म नहीं हुआ है. उम्मीद है कि इस साल के अंत तक दर्शकों के लिए हमारे पास एक सरप्राइज़ होगा. कुछ खास चीज़ है हमारे पास." ज्योति देशपांडे ने ये तो नहीं बताया कि वो सरप्राइज़ क्या है. मगर इस चीज़ ने दर्शकों को काफी उत्साहित कर दिया है. 'धुरंधर 2' की रिलीज़ के बाद से ऐसी रिपोर्ट्स आ रही थीं कि प्रोड्यूसर्स ने आदित्य धर से इस फ्रैंचाइज़ का तीसरा पार्ट बनाने की बात की है. अब ये आदित्य का फैसला होगा कि वो इस कहानी को आगे बढ़ाना चाहते हैं. या इससे आगे बढ़ना चाहते हैं.   मगर ज्योति के इस बयान ने 'धुरंधर 3' की खबरों को एक बार फिर हवा दे दी है. हालांकि पुख्ता तौर पर ये कह पाना कि वो जिस सरप्राइज़ की बात कर रही हैं, वो 'धुरंधर 3' ही हो, ये ज़रूरी नहीं है. हो सकता है मेकर्स फिल्म के किसी किरदार पर स्पिन-ऑफ फिल्म बना रहे हों. या फिल्म के उन हिस्सों को रिलीज़ करना चाहते हों, जिन्हें दोनों में से किसी फिल्म में जगह नहीं मिल पाई. मगर एक बात तो तय है कि ये जो कुछ भी है 'धुरंधर' यूनिवर्स का ही हिस्सा है. 'धुरंधर' फिल्म सीरीज ने हिंदी सिनेमा को कई मायनों में रिवॉल्यूशनाइज़ किया है. चाहे वो क्राफ्ट के लेवल पर हो, बॉक्स ऑफिस की बात हो, या फिर एक्टर्स की परफॉर्समेंस ही क्यों न हो. 'धुरंधर' ने देसी स्पाय फिल्मों का तो पूरा सिस्टम ही बदलकर धर दिया. इसी का नतीजा रहा कि इन दोनों फिल्मों ने दुनियाभर से 3100 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया. 'धुरंधर' ने देशभर से 840 करोड़ रुपए कमाए. वहीं 'धुरंधर 2' का इंडिया कलेक्शन 1100 करोड़ रुपए के पार रहा. 'धुरंधर 2' वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस के मामले में 'दंगल' के बाद भारत की दूसरी सबसे कमाऊ हिंदी फिल्म है. 'धुरंधर' फिल्म फ्रैंचाइज़ में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी, सारा अर्जुन, गौरव गेरा, दानिश पंडोर जैसे एक्टर्स ने काम किया है. इन दोनों फिल्मों को आदित्य धर ने डायरेक्ट किया है.

500+ मिलियन व्यूज के साथ यूट्यूब डेली चार्ट्स में धमाल मचाने वाले धुरंधर के गाने के टॉप 7 वीडियोज

मुंबई  पुराने जमाने में लोग चित्रहार और रंगोली में गानों का मजा लेते थे। आजकल म्यूजिक वीडियोज देखने और डांस सीखने का बेहतरीन तरीका है। यूट्यूब चार्ट्स रैंकिंग में हम आपको डेली वीडियो रैंकिंग, वीकली टॉप गाने, सबसे ज्यादा व्यूज पाने वाले आर्टिस्ट से जुड़े लेटेस्ट अपडेट्स देंगे। आप यहां जान सकते हैं कि यूट्यूब पर लोग डेली कौन से गाने ज्यादा सुन रहे हैं। आज की लिस्ट में 19 अप्रैल 2026 के म्यूजिक वीडियोज की रैंकिंग है। हमने टॉप 7 गाने लिए हैं। इसमें धुरंधर का दबदबा दिख रहा है। चेक करें लिस्ट… शरारत धुरंधर के दोनों पार्ट्स के गानों में सबसे ज्यादा शरारत गाना देखा जा रहा है। चार्ट में यह गाना 132 दिनों से है। डेली चार्ट्स में यह नंबर 1 है। गाने को यूट्यूब से 500 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। गाने को मधुबंती बागची और जैस्मिन सैंडलस ने गाया है। इससे पहले भी इसकी रैंक 1 थी। बैरण हरियाणी गाना बैरण काफी समय से लोगों की पसंद बना हुआ है। यह गाना 3 से दो नंबर पर आया है। चार्ट में आए हुए इसे 46 दिन हुए हैं। गाने को बंजारे ऐंड बंजारे ने लिखा है। वीडियो को 102 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। जाइए सजना धुरंधर द रिवेंज का गाना जाइए सजना 2 नंबर से 3 पर आ गया है। यह गाना 22 हफ्तों से चार्ट में हैं। गाने को जैस्मिन सैंडलस और सतिंदर सरताज ने गाया है। म्यूजिक शाश्वत सचदेव का है। लिरिक्स भी सतिंदर सरताज, जैस्मिन सैंडलस की है। मुट्टा कलक्की यूथ फिल्म का गाना मुट्टा कलक्की चार्ट की चौथी पोजिशन पर है। यह तमिल भाषा का गाना है। सोशल मीडिया पर इसकी रील्स वायरल हैं तो यूट्यूब पर भी इसे खूब देखा जा रहा है। चार्ट में आए इसको 64 वीक्स हो चुके हैं। इसके म्यूजिक वीडियो को यूट्यूब पर 118 मिलियन के करीब व्यूज मिल चुके हैं। पवजा मल्ली चार्ट में पांचवें नंबर पर पवजा मल्ली गाना है। यह तमिल ट्रेंडिंग सॉन्ग है। सिंगर कमल हासन की बेटी श्रुति हासन और उनके साथ साई अभ्यंकर की आवाज है। लिरिक्स विवेक की हैं। गाना 45 हफ्तों से चार्ट में है। शीशा हरियाणवी गाने शीशा पर खूब रील्स बन रही हैं। इसका म्यूजिक वीडियो डेली ट्रेंडिंग लिस्ट में छठवें नंबर पर है। मित्ता रोर और स्वरा वर्मा का ये गाना 32 हफ्तों से चार्ट में है। बैरी हरियाणवी गाना लोफी 9 से 7 पर आ गया है। यह 58 हफ्तों से चार्ट्स में है। गाने को 81 मिलियन से ज्याद व्यूज मिल चुके हैं। सिंगर प्रदीप सोलंकी और हिना हैं। लिरिक्स रवि सुखचैनपुरिया की हैं।

धुरंधर 2’ने अपनी प्रीव्यू ओपनिंग में तोड़ दिया पहली फिल्म का रिकॉर्ड

मुंबई साढ़े तीन महीने के इंतजार के बाद 'धुरंधर 2' फाइनली थिएटर्स में पहुंच चुकी है. दिसंबर 2025 में 'धुरंधर' देखने के बाद से ही पब्लिक इसके सीक्वल के लिए तैयार बैठी थी, जिसका असर एडवांस बुकिंग पर नजर आया. 'धुरंधर 2' ने गुरुवार की रिलीज से पहले, बुधवार शाम को हुए प्रीव्यू शोज से ही बॉक्स ऑफिस पर तूफानी शुरुआत कर दी है. इसने आते ही 'स्त्री 2' का प्रीव्यूज का रिकॉर्ड मीलों पीछे छोड़ दिया है।  'धुरंधर 2' का प्रीव्यू कलेक्शन 19 मार्च 'धुरंधर 2' की ऑफिशियल रिलीज डेट है, लेकिन इससे एक शाम पहले 18 मार्च की शाम को फिल्म के खास पेड प्रीव्यू शोज रखे गए थे. इन शोज को दर्शकों से शानदार रिस्पॉन्स मिला और एडवांस बुकिंग में ही प्रीव्यू शोज के लिए 42 करोड़ रुपये से ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन हो चुका था. मगर 'धुरंधर 2' के प्रीव्यू शोज में कई जगह काफी पंगे हुए. हमारी अपनी जानकारी में कई थिएटर्स ने मेकर्स की तरफ से कंटेंट लेट डिलीवर होने की बात कही।  इस देरी की वजह से कई स्क्रीन पर फिल्म के शोज पूरी तरह कैंसिल रहे. कई स्क्रीन पर शोज इंटरवल से आगे नहीं बढ़ पाए, तो कई जगह स्क्रीन पर चलने वाले दो शोज में से एक चला और एक कैंसिल करना पड़ा. हालांकि, जहां भी फिल्म के शोज कैंसिल हुए वहां थिएटर्स ने दर्शकों को रिफंड देने में कोई कोताही नहीं बरती. इन रिफंड्स की वजह से फाइनल रिपोर्ट्स में कलेक्शन उससे कम नजर आएगा जितना अनुमान लगाया जा रहा था. फिर भी ये माना जा सकता है कि प्रीव्यू शोज से 'धुरंधर 2' ने कम से कम 35 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन हर हाल में किया है। प्रीव्यू कलेक्शन से 'धुरंधर 2' ने बनाया रिकॉर्ड बॉलीवुड फिल्मों में प्रीव्यू शोज से सबसे ज्यादा कलेक्शन का रिकॉर्ड 'स्त्री 2' (2024) ने बनाया था. इसके प्रीव्यू शोज ने करीब 11 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन किया था. यानी 'धुरंधर 2' ने प्रीव्यू शोज में इससे तीन गुना कलेक्शन किया है. अगर कैंसिल शोज के लिए बहुत ज्यादा रिफंड्स भी हुए हैं, तब भी फाइनल रिपोर्ट्स में 'धुरंधर 2' के प्रीव्यूज का कलेक्शन 'स्त्री 2' से कम से कम दोगुना तो जरूर नजर आएगा। प्रीव्यू शोज से 'धुरंधर 2' ने कितना तगड़ा कलेक्शन किया है, ये एक और बात से समझ आता है. दिसंबर 2025 में आई 'धुरंधर' के लिए भी क्रेज कम नहीं था और इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर करीब 33 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन किया था. 'धुरंधर 2' के सिर्फ प्रीव्यू शोज का कलेक्शन ही 'धुरंधर' के ओपनिंग डे से ज्यादा हुआ है। प्रीव्यू शोज से हुआ ये तगड़ा कलेक्शन बताता है कि 'धुरंधर 2' का क्रेज किस लेवल पर है. गुरुवार को फिल्म के रिलीज डे के लिए तगड़ी बुकिंग है और फर्स्ट डे कलेक्शन के कई रिकॉर्ड टूटने वाले हैं. ये क्रेज आदित्य धर की शानदार फिल्ममेकिंग के लिए है, जिन्होंने पहली फिल्म में ही दर्शकों को साढ़े तीन घंटे बांधकर रखा था. 'धुरंधर 2' पहली फिल्म से भी थोड़ी लंबी है, लेकिन जनता में इसका क्रेज ऐसा है कि लोग कमर कसकर थिएटर्स पहुंचने लगे हैं।    

रिकॉर्डतोड़ बजट! ‘धुरंधर’ से 16 गुना ज्यादा खर्च में तैयार हो रही है 2026 की मेगा फिल्म

मुंबई भारत में बीते कुछ सालों में फिल्ममेकर्स फिल्मों पर तगड़ी रकम खर्च कर रहे हैं. कई भारतीय फिल्मों ने टिकट खिड़की पर ताबड़तोड़ कमाई की है और इसे ध्यान में रखते हुए फिल्ममेकर्स भी फिल्मों पर पानी की तरह पैसा बहा रहे हैं. साल 2025 में कई बिग बजट फिल्मों ने दस्तक दी थी, जबकि साल 2026 भी पूरी तरह से ऐसा ही होने वाला है. इस साल एक ऐसी भी फिल्म आएगी जिसका बजट रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ से भी 16 गुना ज्यादा है और ये ना सिर्फ 2026 की बल्कि भारत की अब तक की सबसे महंगी फिल्म साबित होगी. 2026 की शुरुआत में ही साउथ सुपरस्टार प्रभास और बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त की 400-450 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ‘द राजा साब’ रिलीज हुई थी. इसके बाद रिपब्लिक डे के मौके पर सनी देओल की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बॉर्डर’ के सीक्वल ‘बॉर्डर 2’ ने दस्तक दी थी. इसका बजट करीब 250 करोड़ तक है. इस साल किंग, अल्फा, बैटल ऑफ गलवान, दृश्यम 3 और स्पिरिट सहित कई बड़े बजट की फिल्में भी आने वाली हैं. इन सभी का बजट 200 करोड़ रुपये से ऊपर है. लेकिन, एक फिल्म ऐसी भी है जिसके सामने इन सभी फिल्मों के बजट को मिला लिया जाए तो भी ये सब उसका मुकाबला नहीं कर पाएगी. पहले ‘धुरंधर’ का बजट जानिए सबसे पहले हम आपको रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की दिसंबर 2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर’ का बजट बता देते हैं. बता दें कि आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म पर करीब 250 करोड़ रुपये खर्च हुए थे और फिल्म ने दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये की तगड़ी कमाई की है. साबित होगी अब तक की सबसे महंगी फिल्म जिस फिल्म का बजट रणवीर सिंह की धुरंधर से भी 16 गुना ज्यादा है उसका नाम है ‘रामायण’. रणबीर कपूर की अहम भूमिका वाली इस फिल्म पर पानी की तरह पैसा खर्च किया जा रहा है. ये फिल्म दो पार्ट में बन रही है और इसका कुल बजट 4 हजार करोड़ रुपये है. आज तक किसी भी भारतीय फिल्म पर इतनी बड़ी रकम खर्च नहीं की गई है. रामायण का पहला पार्ट 2026 की दिवाली पर और दूसरा पार्ट साल 2027 की दिवाली पर आएगा.

‘धुरंधर’ फिल्म पर बैन के बावजूद पाकिस्तान में धड़ल्ले से हो रही है पायरेटेड बिक्री

इस्लामाबाद   रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर फिल्म धुरंधर पाकिस्तान में थिएट्रिकल रिलीज के दौरान बैन कर दी गई. हालांकि, लोगों ने फिल्म के ओटीटी पर आते ही बता दिया कि इस फिल्म का वो कितना इंतजार कर रहे थे. फिल्म नेटफ्लिक्स रिलीज हुई और पाकिस्टान में टॉप ट्रेंड करने लगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज के 12 दिनों के अंदर ही पाकिस्तान में इस फिल्म को 20 लाख से ज्यादा बार अवैध रूप से डाउनलोड किया गया. अब फिल्म को लेकर एक और खबर आ रही है. कराची की गलियों में आदित्य धर की इस फिल्म की पायरेटेड सीडी धड़ल्ले से बिक रही है. धुरंधर को भले ही पाकिस्तान और कुछ गल्फ देशों में सिनेमाघरों में रिलीज की इजाजत नहीं मिली, लेकिन फिल्म का क्रेज सीमाओं में बंधा नहीं. ओटीटी पर रिलीज के बाद यह स्पाई थ्रिलर अब पाकिस्तान के पायरेटेड बाजारों तक पहुंच चुकी है, जहां इसकी कॉपियां खुलेआम बेची जा रही हैं. न्यूजीलैंड के यूट्यूबर कार्ल रॉक ने कराची के रेनबो सेंटर का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें दुकानदार खुलेआम इस फिल्म की पायरेटेड डीवीडी बेचते नजर आ रहे हैं. कराची के बाजार में ‘धुरंधर’ का जलवा यूट्यूबर कार्ल रॉक ने जो वीडियो शेयर किया है उस वीडियो में वह एक दुकानदार से बात करते नजर आ रहे हैं. वह कहते हैं- ‘पाकिस्तान में इंडियन फिल्म्स बैन हैं, लेकिन देखिए क्या मिला, ये नई फिल्म है हिंदुस्तान से.’ दुकानदार से उन्होंने बात की और उसने कहा कि ये सबसे नई फिल्म है. 16 रुपए में बिक रही पायरेटेड CD कार्ल ने रणवीर सिंह का जिक्र करते हुए बताया कि वे सिंधी हैं और उनके दादा-परदादा विभाजन के समय पाकिस्तान से भारत आए थे. फिर उन्होंने दुकानदार से पूछा, ‘ये फिल्म कितने की है?’ दुकानदार ने जवाब दिया, ‘सिर्फ 50 पाकिस्तानी रुपये’, यानी भारतीय मुद्रा में करीब 16 रुपये.’ कार्ल ने हैरानी जताते हुए कहा, ‘बहुत सस्ता है!’ वायरल हो रहा ये वीडियो, लोग कर रहे ऐसी बात अब यह वीडियो वायरल हो रहा है और सोशल मीडिया पर लोगों ने भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव पर टिप्पणियां की हैं. एक यूजर ने लिखा, ‘दोनों देशों के बीच इतनी नफरत क्यों?’, जबकि दूसरे ने कहा, ‘पाकिस्तान में ये फिल्म भारत से ज्यादा हिट रही लगती है’. कुछ ने लिखा कि सियासी तनाव के बावजूद आम लोगों के बीच फिल्मों का प्यार खत्म नहीं हुआ है. बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर का रिकॉर्ड आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई थी. इस फिल्म ने दुनियाभर में 1340 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर इतिहास रच दिया. महज 250-300 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का तमगा हासिल किया. रणवीर सिंह, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे सितारों से सजी इस फिल्म ने ‘पुष्पा 2’ को भी पीछे छोड़ दिया है. अब ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की तैयारी फिल्म के सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की रिलीज डेट 19 मार्च 2026 तय की गई है. यह फिल्म यश की पैन-इंडिया फिल्म ‘टॉक्सिक’ से सीधी टक्कर लेगी. ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक, दोनों फिल्मों के बीच जबरदस्त क्लैश होने वाला है. बुक माय शो के आंकड़ों के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ में 1.02 लाख से ज्यादा लोग इंट्रेस्टेड हैं, जबकि ‘टॉक्सिक’ में यह आंकड़ा 3.61 लाख है . पाकिस्तान और गल्फ देशों में क्यों नहीं हुई रिलीज बता दें कि ‘धुरंधर’ को पाकिस्तान और गल्फ देशों में थिएट्रिकल रिलीज के वक्त बैन कर दिया गया था. वजह थी फिल्म में पाकिस्तान के ल्यारी इलाके की सियासत, कंधार हाईजैक, 2001 संसद हमले और 26/11 मुंबई आतंकी हमलों जैसी संवेदनशील घटनाओं को दिखाया गया है.

पाकिस्तान में बैन बेअसर? Netflix ट्रेंड में छाई ‘धुरंधर’, हर घर में देखी जा रही

मुंबई      आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' बॉलीवुड के इतिहास की सबसे बड़ी फिल्म साबित हो रही है. क्योंकि इस फिल्म का क्रेज थमने का नाम नहीं ले रहा है. थिएटर में सक्सेसफुली चलने के बाद, अब फिल्म ओटीटी पर भी धमाल मचा रही है. इंडिया में तो इसे पसंद किया ही जा रहा है. लेकिन साथ ही में जहां ये फिल्म बैन थी, वहां भी लोग इसे खूब देख रहे हैं.  पाकिस्तान में भी 'धुरंधर' ने उड़ाया गर्दा 'धुरंधर' जब रिलीज हुई थी, तब इसे पाकिस्तान समेत सभी गल्फ देशों में बैन किया गया था. ऐसे में फिल्म के मेकर्स को काफी भारी नुकसान चुकाना पड़ा था. हालांकि वहां के लोग इस फिल्म के गानों को बेहद पसंद कर रहे थे. पाकिस्तान से कई सारे वीडियोज सामने आए थे, जहां शादियों में 'धुरंधर' के ही गाने बज रहे थे.  अब चूंकि 'धुरंधर' नेटफ्लिक्स पर ग्लोबली रिलीज हो गई है, ऐसे में पाकिस्तानी लोग भी इसे देख रहे हैं. इंडिया समेत वहां के नेटफ्लिक्स पर भी फिल्म नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है. इसका एक स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें 'टॉप 10 मूवीज ट्रेडिंग इन नेटफ्लिक्स पाकिस्तान' की लिस्ट में नंबर 1 पर 'धुरंधर' दिखी है. इस न्यूज को कई लोगों ने भी कंफर्म किया है.  पाकिस्तान की आवाम हुई 'धुरंधर' की कायल 'धुरंधर' की कहानी पाकिस्तान के शहर ल्यारी और वहां की गैंग वॉर को दर्शाती है. जहां इंडिया की तरफ से एक एजेंट हमजा अली मजारी बनकर पहुंचता है. वो वहां मौजूद सभी गैंग और आतंकवादी अड्डों में घुसकर उसे अंदर ही अंदर खत्म करने के मिशन पर होता है. ये कहानी वहां के लोगों के लिए काफी कॉन्ट्रोवर्शियल थी, इसलिए इसे पाकिस्तान के थिएटर्स में बैन किया गया था.  लेकिन जब ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई, तो किसी से रहा नहीं गया. पाकिस्तान के लोगों ने ये फिल्म देखी भी और अब सोशल मीडिया पर इसकी जमकर तारीफ भी कर रहे हैं. रेडिट, X जैसे प्लेटफॉर्म्स पर पाकिस्तान की आवाम सिर्फ 'धुरंधर' की सराहना कर रही है. वो हैरान हैं कि आदित्य धर, जो इंडियन फिल्ममेकर हैं, उन्होंने ल्यारी जैसे शहर को हूबहू कैसे बड़े पर्दे पर दिखा दिया. अब वो यही सोच रहे हैं कि जब पार्ट 1 ने इस तरह का धमाका किया है, तो पार्ट 2 में और क्या-क्या होने वाला है.   फिल्म 'धुरंधर' पाकिस्तान के साथ-साथ और भी कई देशों में ट्रेंड कर रही है. अब इसका पार्ट 2 19 मार्च, 2026 को ईद के मौके पर रिलीज होगा, जिसके लिए सभी बेहद एक्साइटेड हैं. उनके मन में फिल्म को लेकर कई सवाल हैं, जिसके जवाब उन्हें अभी से लगभग 50 दिनों के बाद मिलेंगे. 

‘धुरंधर’ का सुपरहिट गाना, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज, दुनियाभर में धूम

मुंबई  बहरीन के फेमस रैपर फ्लिपराची ने म्यूजिक की दुनिया में एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जिसका सपना हर कलाकार देखता है. दरअसल फिल्म 'धुरंधर' के सुपरहिट गाने 'फासला' (Fa9la) ने आधिकारिक तौर पर 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में अपनी जगह बना ली है. बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' में सुनाई दिए इस गाने ने बिलबोर्ड अरबिया चार्ट्स में सबसे लंबे समय तक टॉप पर रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. अब इस उपलब्धि ने फ्लिपराची को रातोरात भारत में एक बड़ा नाम बना दिया है. रैपर ने अपनी इस खुशी को एक वीडियो के जरिए शेयर किया है. रैपर फ्लिपराची ने क्या कहा? 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में नाम आने के बाद अपनी इस बड़ी जीत पर रिएक्शन देते हुए फ्लिपराची ने कहा, 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, हबीबी! यह एहसास बहुत ही शानदार है.' उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि यह गाना उस भाषा (हिंदी) में लोकप्रिय हुआ, जिसमें इसे गाया ही नहीं गया था. उन्होंने बताया कि जब वे एक फोटोशूट में व्यस्त थे, तब उन्हें यह खबर मिली कि उनका गाना एक साथ चार अलग-अलग चार्ट्स में टॉप पर है. एक दूसरी भाषा और संस्कृति में गाने को इतना प्यार मिलना उनके लिए किसी बड़े चमत्कार से कम नहीं है. 'धुरंधर' की जान बना यह गाना फिल्म 'धुरंधर' में 'फासला' गाना एक बेहद अहम मोड़ पर आता है. जब अक्षय खन्ना का किरदार हथियारों की डील के लिए बलूच पहुंचता है. गाने की जबरदस्त एनर्जी और कमाल की बीट ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया. जैसे ही फिल्म रिलीज हुई, यह गाना थिएटर से निकलकर सीधे लोगों के फोन तक पहुंच गया. आज इंस्टाग्राम रील्स, यूट्यूब शॉट्स और मीम्स की दुनिया में इस गाने का ही बोलबाला है. फिल्म की कमाई में भी इस गाने ही सबसे बड़ा योगदान है. वहीं भारत से मिल रहे प्यार को देखकर फ्लिपराची काफी इमोशनल हैं. उन्होंने बताया कि उनके सोशल मीडिया इनबॉक्स (DMs) हर दिन हजारों मैसेज से भरे रहते हैं. लोग उन्हें गानों पर बने वीडियो में टैग कर रहे हैं और अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं. बता दें कि Fa9la गाना चार बड़े चार्ट्स — टॉप 100 आर्टिस्ट, हॉट 100 गाने, टॉप 50 खलीजी, और टॉप 50 अरेबिक हिप हॉप — सभी बिलबोर्ड अरबिया द्वारा बनाए गए चार्ट्स में टॉप पर पहुंच गया है. जल्द भारत टूर पर फ्लिपराची सिंगर, रैपर फ्लिपराची के इंडिया टूर की शुरुआत 14 मार्च 2026 से होगी. अपने ऑफिशियल इंस्टा हैंडल से फ्लिपराची ने इसकी जानकारी दी है. म्यूजिक टूर की बाकी तारीखों और शहर की की घोषणा भी जल्द ही की जाएगी. इसके लिए उन्होंने इंडियन फैंस से सजेशन मांगे हैं.