samacharsecretary.com

रायपुर: दुलदुला और बंदरचुवा में आधुनिक बस स्टैंड निर्माण तेज, यात्रियों को जल्द मिलेगी बेहतर सुविधा

रायपुर : दुलदुला और बंदरचुवा में आधुनिक बस स्टैंड निर्माण कार्य तेज, यात्रियों को जल्द मिलेगी बेहतर सुविधा रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में आधारभूत अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के साथ आम नागरिकों के लिए बेहतर यातायात सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसी क्रम में दुलदुला एवं बंदरचुवा में आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण तेजी से जारी है। कलेक्टर रोहित व्यास ने गुरुवार को दोनों निर्माणाधीन बस स्टैंडों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बस स्टैंड परिसर में निर्मित हो रही दुकानों, शौचालयों, प्रतीक्षालय तथा अन्य यात्री सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किए जाएं ताकि नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके। कलेक्टर ने कहा कि बस स्टैंड में यात्रियों के लिए पर्याप्त बैठक व्यवस्था, स्वच्छ एवं सुलभ शौचालय, सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिसर तथा सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बस स्टैंड केवल वाहनों के ठहराव का स्थान नहीं, बल्कि यात्रियों के लिए सुविधाजनक, सुरक्षित और स्वच्छ सार्वजनिक परिसर के रूप में विकसित किया जाए। लगभग एक-एक करोड़ रुपये की लागत से हो रहा निर्माण दुलदुला एवं बंदरचुवा में दोनों आधुनिक बस स्टैंडों का निर्माण लगभग एक-एक करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। निर्माण पूर्ण होने के बाद जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव सहित इस मार्ग से आवागमन करने वाले हजारों यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।कलेक्टर रोहित व्यास ने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को कार्य में और तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि बस स्टैंडों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कर आमजन के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना और विकास कार्यों का लाभ तेजी से लोगों तक पहुंचाना है।

सतना का नया अंतरराज्यीय बस स्टैंड उद्घाटन के बावजूद खाली पड़ा, बसों का संचालन शुरू नहीं

सतना शहर के बाईपास पर न्यू बस स्टैंड बनकर तैयार है. इस नए अंतरराज्यीय बस स्टैंड का उद्घाटन सीएम डॉ. मोहन यादव ने 27 दिसंबर को फीता काटकर किया था. लेकिन उद्घाटन के बाद से अभी तक 10 दिन बीत जाने के बाद भी यहां से बसों का संचालन शुरू नहीं हो सका है. अभी भी सभी बसों का संचालन सेमरिया चौराहे स्थित पुराने बस स्टैंड से किया जा रहा है. 31 करोड़ की लागत से बना है बस स्टैंड सतना-मैहर बायपास में स्थित नवनिर्मित अंतरराज्यीय बस स्टैंड का उद्घाटन किया जा चुका है. यह अंतरराज्यीय बस स्टैंड 31 करोड़ से अधिक की लागत से बनकर तैयार हुआ है. जो नगर निगम के द्वारा तैयार कराया गया है. इसके उद्घाटन के बाद जिले भर के समस्त बसें यही से संचालित होनी है, लेकिन बस स्टैंड सुनसान पड़ा हुआ है. आरोप लगाया जा रहा है कि बसों के संचालन का नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है और परिवहन विभाग की संपूर्ण गाइडलाइन का पालन किए बिना ही इसका उद्घाटन हो गया. धूल फांक रहा है बस स्टैंड बस स्टैंड पर मौजूद चौकीदार विनोद सिंह बघेल ने बताया कि "जब से इस बस स्टैंड का निर्माण हो रहा है, तब से यहां पर चौकीदारी का काम कर रहे हैं. इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री ने किया, लेकिन बसों का संचालन शुरू नहीं हुआ है. हम भी यहां पर बसों के संचालन की राह देख रहे हैं. इतना खूबसूरत बस स्टैंड तो बना दिया गया, लेकिन यहां बसें नहीं चल पा रही हैं. जिससे यहां धूल और जाले लगते जा रहे हैं." परमिट शर्तों का पालन किए जाने की मांग इस बारे में बस यूनियन के अध्यक्ष कमलेश गौतम ने बताया कि "हमारी कोई नवीन मांगे नहीं है. नवनिर्मित बस स्टैंड से बसों के संचालन के लिए जो हम लोगों को परमिट शर्तों में अनुबंध हुआ है. इस अनुबंध के तहत इसका पालन किया जाए. जिससे कि हम सब बसों का संचालन नए बस स्टैंड से कर सकें." बैठक कर संचालन के बिंदु पर होगी चर्चा आरटीओ अधिकारी संजय श्रीवास्तव ने बताया कि "नियमानुसार बस स्टैंड बन गया और उसका उद्घाटन भी मुख्यमंत्री कर चुके हैं. अब धीरे-धीरे करके यहां से बसों का संचालन शुरू किया जाएगा. परमिट शर्तों के पालन के लिए एक पत्र संभाग आयुक्त को भेजा गया है, जिसमें संशोधन की बात हो चुकी है. जिला प्रशासन के द्वारा इस विषय में आगामी 8 जनवरी को एक बैठक भी रखी गई है. जिसमें बस यूनियन और जिला प्रशासन शामिल होंगे. इस बैठक में नियम शर्तों के तहत नए बस स्टैंड से बसों का संचालन शुरू करने की पूरे बिंदु सामने रखे जाएंगे." इस बारे में जिले के सांसद गणेश सिंह ने बताया कि "बहुत जल्दी हम बसों का संचालन नए बस स्टैंड से शुरू कराएंगे. बसों के परमिट एवं अन्य बिंदुओं को लेकर हम एक बड़ी बैठक बुलाने वाले हैं जिसमें सारी चीजें तय होंगी."