samacharsecretary.com

सिवान से पटना तक सफर पर बढ़ा खर्च, यात्रियों को अब देने होंगे ज्यादा पैसे

 सिवान  बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने बसों के किराये में बढ़ोतरी कर दी है। अब साधारण से लेकर डीलक्स बसों में सफर करना महंगा हो गया है। 2021 की तुलना में अब यात्रियों को 15 प्रतिशत अधिक पैसे देने होंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीलक्स बसों से सिवान से पटना (वाया छपरा) का सफर पहले 213 रुपये में होता था, अब उसे लिए यात्रियों को 245 रुपये देने होंगे। इसी प्रकार लग्जरी बसों का किराया भी काफी बढ़ गया है। किराये में बढ़ोतरी का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। ऐसे में छपरा, हाजीपुर, पटना आने-जाने वाले यात्रियों का मासिक बजट बिगड़ना तय माना जा रहा है। बता दें कि डीजल और स्पेयर पार्ट्स की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। इससे निगम को लगातार हीं आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। डीलक्स बस से सिवान से छपरा के लिए लगेगा 114 रुपये किराया गौर करने वाली बात है कि डीलक्स बस से सिवान से दारौंदा के लिए पहले 30 रुपये किराया देना पड़ता था, जो अब बढ़कर 35 रुपये हो गया है। एकमा के लिए पहले 50 रुपये और अब 58 रुपये, छपरा के लिए पहले 98 रुपये और अब 114 रुपये, शीतलपुर के लिए 154 रुपये और अब 181 रुपये तथा हाजीपुर के लिए पहले 186 रुपये और अब 219 रुपये किराया देना होगा। इसी प्रकार पटना से हाजीपुर तक सफर के लिए 58 रुपये, शीतलपुर के लिए 91 रुपये, छपरा के लिए 148 रुपये, एकमा के लिए 200 रुपये तथा सिवान के लिए 245 रुपये किराया देना होगा। पीपीपी मोड में चलने वाली गाड़ियों पर भी लागू होगा किराया गौर करने वाली बात है कि किराया में यह बढ़ोतरी केवल निगम की अपनी बसों के लिए हीं नहीं हैं, बल्कि लोक निजी भागीदारी (पीपीपी) योजना के तहत चलने वाली सभी निजी बसों पर भी यहीं किराया लागू होगा। इस नए आदेश के जारी होने के साथ हीं किराये से संबंधित पूर्व में निर्गत सभी आदेश व नियम अब संशोधित माने जाएंगे। वहीं निजी बसों का किराया ट्रांसपोर्टरों की आगामी दिनों में होने वाली बैठक के बाद बढ़ने की संभावना है। शहर के मजहरूल हक बस स्टैंड स्थित सरकारी बस डिपो से मिली जानकारी के अनुसार, सिवान से छपरा होते हुए पटना जाने के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की कुल पांच बसें चलाई जाती है। इसमें से एक बस में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण उसका परिचालन पूरी तरह से बंद है। ऐसे में वर्तमान समय में चार बसें अपनी सेवा प्रदान कर रहे हैं। पदाधिकारियों की मानें तो पहली बस सुबह पांच बजे पटना के लिए रवाना होती है, जो पटना से दोपहर 12.20 बजे यात्रियों को लेकर लौटती है। वहीं, दूसरी बस दोपहर 12.20 बजे व तीसरी बस दोपहर 1.20 बजे पटना जाती है। वहीं पटना से शाम पांच बजे व 5.30 बजे वापसी करती हैं।  

यात्रियों को बड़ा झटका: बिहार में साधारण, डीलक्स और एसी बसों का किराया बढ़ा

पटना बिहार के लोगों को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगने वाला है। 1 जून से बस का सफर महंगा हो जाएगा। सम्राट सरकार ने बस किराया में 10 से 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। परिवहन विभाग ने शुक्रवार को इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी। नया किराया राज्य के विभिन्न रूटों पर चलने वालीं बसों पर लागू होगा। सरकार ने साधारण से लेकर डीलक्स और एसी सभी तरह की बसों के किराये में बढ़ोतरी की है। बिहार में बीते 5 सालों से बस किराया नहीं बढ़ा था। हर पांच साल में किराये के पुनर्निर्धारण का नियम है। डीजल की कीमतें बढ़ने से बस संचालन का खर्च भी बढ़ा है। परिवहन विभाग को 15 प्रतिशत तक किराये में बढ़ोतरी का प्रस्ताव मिला था, जिस पर आपत्ति एवं सुझाव मांगे जाने के बाद लागू कर दिया गया। सरकार ने दूरी के आधार पर नया किराया तय किया है। साधारण बसों में 50 किलोमीटर तक के सफर पर अब प्रति किलोमीटर 1.73 रुपये भाड़ा लगेगा। पहले यह दर 1.50 रुपये थी। 100 किलोमीटर तक की यात्रा पर अब प्रति किमी 1.71 रुपये भाड़ा लगेगा। 200 किमी तक 1.68 रुपये और 300 किलोमीटर से अधिक की दूरी पर यात्रियों को प्रति किमी 1.65 रुपये किराया देना होगा। इसी तरह डीलक्स बस सेवा में 50 किलोमीटर तक का सफर 1.96 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से होगा। 100 किलोमीटर तक की यात्रा करने पर 1.94 रुपये प्रति किमी की दर से भाड़ा लगेगा। 200 किमी तक सफर पर 1.90 रुपये और 300 किमी से ऊपर की यात्रा पर 1.87 रुपये प्रति किमी किराया लगेगा। एसी बस में 50 किलोमीटर तक की यात्रा पर नया किराया 2.30 प्रति किमी तय किया गया है। 100 किलोमीटर तक सफर के लिए 2.28 रुपये, 200 किमी तक 2.24 रुपये और 300 किमी से अधिक की लंबी दूरी की यात्रा पर 2.20 रुपये प्रति किमी के हिसाब से भाड़ा देना होगा। इसके अलावा, परिवहन विभाग ने वॉल्वो जैसी प्रीमियम बसों के किराये में भी बढ़ोतरी की है। नगरीय बस सेवा यानी सिटी बस में सफर करने वाले लोगों को भी अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी। नई दरों के अनुसार सरकारी बसों के साथ ही निजी बस संचालक भी किराये में बढ़ोतरी करेंगे। बिहार में बस भाड़े में इजाफे का प्रस्ताव पहले ही आ गया था, इससे किराया में बढ़ोतरी होने की पूरी संभावना जताई जा रही थी। इसके चलते कुछ जगहों पर निजी बस संचालकों ने इसी महीने से किराये में इजाफा कर दिया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।