samacharsecretary.com

नहाय-खाय पर लौकी के भाव ने चौंकाया, छठ बाजार में केले से लेकर खाजा तक की कीमतें बढ़ीं

मुजफ्फरपुर  लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शहर के बाजारों में पूजा सामग्री की आवक तेज हो गई है। व्रतियों के दउरा व सूप में सजने वाले फल से लेकर नहाय-खाय के प्रसाद तक की खरीदारी को लेकर बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। हालांकि, इस बार कुछ पूजन सामग्री के भाव ने व्रतियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। खासकर लौकी की कीमत ने सभी को चौंका दिया। बंगाल समेत अन्य जगहों से लौकी की आवक नहीं होने से यह बाजार से लगभग गायब हो गई। जिन व्रतियों ने गुरुवार को लौकी नहीं खरीदी उन्हें नहाय-खाय के दिन शुक्रवार को इसके लिए 300 रुपये किलो तक चुकाने पड़े। वहीं, बेहतर गुणवत्ता वाले केले के दाम भी पिछले साल की अपेक्षा 100 से 200 रुपये तक अधिक हैं। मद्रास, बंगाल व असम से पहुंच रहा केला छठ पूजा में केले का विशेष महत्व है। इसे प्रसाद के रूप में चढ़ाने के साथ ही दउरा व सूप में सजाया जाता है। इसके लिए मुजफ्फरपुर की मंडी में मद्रास, बंगाल व असम से केला पहुंच रहा है। मुजफ्फरपुर के अलावा पटना के कारोबारी भी यहां से केला खरीदकर ले जा रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार पिछले साल की अपेक्षा इस बार मंडी में बेहतर गुणवत्ता का केला आया है। इससे इसकी कीमत में 100 से 200 रुपये तक की वृद्धि हुई है। आंध्र प्रदेश का बेहतर गुणवत्ता वाला केला 800 से 900 रुपये घौद बिक रहा है। वहीं, बंगाल का केला 300 से 500 रुपये घौद तक है। कारोबारियों का कहना है कि अलग-अलग राज्यों से केले की आवक जारी है। खरीदारों की संख्या कम है, लेकिन छठ की खरीदारी तेज होने के साथ बिक्री में तेजी आने की उम्मीद है। गागल नींबू की कम पैदावार से बढ़े दाम छठ पूजा में गागल नींबू की भी विशेष मांग रहती है। इस बार इसकी पैदावार कम होने का असर बाजार पर दिख रहा है। एक जोड़ा गागल नींबू 100 से 120 रुपये में बिक रहा है। वहीं, गन्ने की कीमत पिछले साल की अपेक्षा कम है। छपरा के मेघ निवासी गन्ना विक्रेता राहुल कुमार ने बताया वह इस बार समस्तीपुर व चंपारण से गन्ना लेकर आए हैं। पिछले साल एक जोड़ा गन्ना 140 रुपये में बिक रहा था। इस बार 120 रुपये में बिक्री हो रही है। इस बार गन्ने का भाव पिछले साल से कम है। चीनी महंगी होने से खाजा भी 200 रुपये किलो पूजा सामग्री के साथ छठ में प्रसाद के रूप में इस्तेमाल होने वाले खाजा की कीमत भी बढ़ गई है। पिछले साल 160 से 170 रुपये किलो बिकने वाला खाजा इस बार 200 रुपये किलो पहुंच गया है। दुकानदार संजय कुमार ने बताया चीनी महंगी होने से खाजा की कीमत बढ़ानी पड़ी है। वहीं, हल्दी, अदरक, आलू व सुथनी सहित अन्य पूजन सामग्री 25 रुपये पाव की दर से बिक रही है। आवक और खरीदारी में तेजी का इंतजार फिलहाल बाजार में खरीदारों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। दूसरी ओर, बाहर से व्यापारी लगातार केला व अन्य पूजन सामग्री लेकर पहुंच रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि शुक्रवार से छठ सामग्री की खरीदारी में तेजी आएगी। नहाय-खाय के साथ महापर्व की शुरुआत होने से बाजार में फलो और सब्जियों की मांग बढ़ने लगी है। आने वाले दिनों में केला, गन्ना, गागल नींबू व अन्य पूजन सामग्री की बिक्री में और तेजी आने की संभावना है।

छठ पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, चार दिन नावों के परिचालन पर रोक; घाटों पर तैनात रहेंगी NDRF-SDRF की टीमें

पटना  छठ महापर्व को लेकर पूरे बिहार में प्रशासनिक तैयारी की गई है। नहाय-खाय से लेकर सुबह के अर्घ्य तक चा दिन निजी नावों के परिचालन पर रोक रहेगी। घाटों के आसपास पटाखों की बिक्री और फोड़ने पर भी प्रतिबंध रहेगा। लोगों की सुविधा के मद्देनजर राज्य भर में 500 मेडिकल कैंप खोले जाएंगे जहां एंबुलेंस की सुविधा रहेगी। जिलों में कंट्रोल रूम के अलावे पुलिस मुख्यालय ने भी हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। आवश्यकता पड़ने पर 0612-2294318 / 2294319/ 2294323 नंबरों पर कॉल कर सकते हैं। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, नदी और तालाबों के घाटों पर सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों, मोटरबोट और लाइफ जैकेट की व्यवस्था की जा रही है। खतरनाक घाटों पर विशेष निगरानी और सुरक्षा इंतजाम रहेंगे। ऐसे स्थानों पर पुलिसकर्मियों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों और स्वयंसेवकों की भी तैनाती होगी। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाने के निर्देश हैं। इस बीच, पटना के जिलाधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। भीड़ नियंत्रण पर विशेष जोर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को छठ के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। घाटों के प्रवेश और निकास मार्गों पर भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग और निगरानी की व्यवस्था रहेगी। छठ पूजा समितियों और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। ट्रैफिक प्लान में वैकल्पिक मार्ग, वाहन प्रतिबंध, पार्किंग स्थल और भीड़ के दबाव वाले रास्तों की जानकारी शामिल रहेगी। घाटों और पहुंच मार्गों पर बैरिकेडिंग के साथ माइकिंग के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार जरूरी सूचनाएं दी जाएंगी। 24 घंटे सक्रिय रहेगी क्विक रिस्पॉन्स टीम पटना एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने कहा कि लोगों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। सभी दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी समन्वय के साथ पूरी तरह सजग रहकर अपने कर्तव्यों का पालन करें। उन्होंने क्विक रिस्पॉन्स टीम को पूरे पर्व के दौरान 24 घंटे सक्रिय और अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। किसी भी आपात स्थिति, भीड़ के दबाव या अफवाह की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट ने भी सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सभी घाटों पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम नाव, लाइफ जैकेट और गोताखोरों के साथ तैनात रहेंगी। बिजली से संबंधित सूचना 1912 पर दें छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विद्युत दुर्घटना की रोकथाम के लिए गुरुवार को ऊर्जा विभाग के सचिव अजय कुमार ने बिजली कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा की। ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इधर, ऊर्जा सचिव ने स्थलीय निरीक्षण कर घाटों को विद्युत आपूर्ति करने वाले विद्युत शक्ति उपकेंद्र एनआईटी का निरीक्षण किया l बिजली से जुड़ी सूचना टॉल फ्री नंबर 1912 पर दें। सूबे में 500 स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे बिहार के विभिन्न जिलों में स्थित छठ घाटों पर पांच सौ से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर सभी 38 जिलों में जिला प्रशासन की निगरानी में छठ घाटों पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों में प्रखंड स्तर पर मेडिकल टीमों का गठन किया गया है। जिलों के सिविल सर्जनों के निर्देश पर ऐसे घाटों को चिह्नित कर रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों एवं चिकित्साकर्मियों की डयूटी लगाई गई है। जरूरी दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में आपात स्थिति में मरीजों की जांच एवं इलाज के लिए जरूरी दवाएं एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। जिलों में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम में बनाया गया है ताकि स्थानीय स्तर पर उसे प्रचारित कर महापर्व के दौरान चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके। स्वास्थ्य विभाग का कंट्रोल रूम छठ के दौरान क्रियाशील छठ महापर्व के दौरान राज्य स्तर पर स्वास्थ्य विभाग के कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से सभी जिलों में तैनात मेडिकल टीमों एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की निगरानी की जाएगी। इसके लिए कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में एक वरीय पदाधिकारी की तैनाती की गई है। आपात स्थिति में तत्काल मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराने के लिए जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज अस्पतालों को तैयार रखा गया है। जिला अस्पतालों में 15-15 बेड और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में 35-35 बेड आपात स्थिति में भर्ती किए जाने वाले मरीजों के लिए सुरक्षित रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा छठ पूजा के मद्देनजर पहले ही सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टी 17 नवंबर तक के लिए रद्द की जा चुकी है।

लखनऊ में छठ महापर्व की तैयारी तेज, नए घाट और पूजा कुंड बनाने पर खर्च होंगे 194 लाख

लखनऊ  छठ महापर्व से पहले शहर के पूजा स्थलों को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने 47 स्थानों की कार्ययोजना तैयार की है। वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित इस योजना पर कुल 194.01 लाख रुपये खर्च होंगे। इसमें नए घाट और पूजा कुंड बनाने, पुराने घाटों की मरम्मत, पाथवे, इंटरलाकिंग, रेलिंग, बैरिकेडिंग, रैंप, रंगाई-पुताई और सौंदर्यीकरण के काम शामिल हैं। प्रमुख घाटों पर म्यूरल और 3डी पेंटिंग के साथ टेंट, पंडाल, मंच और साउंड सिस्टम की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। मुख्य अभियंता महेश चंद्र वर्मा ने बताया कि सभी घाटों को समय से पहले ठीक करने को कहा गया है। लक्ष्मण मेला मैदान में 6.76 लाख रुपये से मरम्मत, व्यू कटर, ग्रीन नेट और कोटा स्टोन की घिसाई होगी। कुंवर ज्योति प्रसाद वार्ड के तीन पार्कों में टाइल्स, गेट, ग्रिल और दीवारों की मरम्मत पर 2.93 लाख रुपये खर्च होंगे। राजाजीपुरम के बी ब्लाक डबल पुलिया स्थित छठ पूजा पार्क में 7.75 लाख रुपये से पाथवे, चेकर टाइल्स और 3डी पेंटिंग होगी। लाला लाजपत राय वार्ड के दो पार्कों में पिट निर्माण के लिए 4.71 लाख रुपये रखे गए हैं। मालवीय नगर, रेलवे कालोनी ऐशबाग, नेहरू नगर कल्याण मंडप और राजाबाजार में भी मरम्मत और रंगाई-पुताई होगी। 9.61 लाख से लगेंगी रेलिंग और इंटरलाकिंग टाइल्स गोमती किनारे कदम रसूल वार्ड के साझिया घाट पर 7.64 लाख रुपये से बैरिकेडिंग, रैंप और सिविल कार्य होंगे। अयोध्यादास द्वितीय वार्ड में बैरल नंबर-02 के पास घाट सुधार पर 4.21 लाख रुपये खर्च होंगे। झूलेलाल वाटिका में ग्रिल मरम्मत और अन्य कामों के लिए 9.99 लाख, जबकि वहां तक पहुंच मार्ग के लिए 4.40 लाख रुपये प्रस्तावित हैं। निजामपुर में 7.98 लाख रुपये से नया घाट बनेगा। लोलाई तालाब पर 9.61 लाख रुपये से रेलिंग और इंटरलाकिंग टाइल्स लगेंगी। सरोजनी नगर प्रथम के सात स्थलों पर 6.99 लाख रुपये से मरम्मत होगी। सरोजनी नगर द्वितीय के बंधुआ तालाब और सिपेट चौराहे के पास क्रमशः 1.90 लाख और 1.98 लाख रुपये खर्च होंगे। बरहा रेलवे कालोनी में 1.98 लाख, चित्रगुप्त नगर के चार स्थलों पर 2.87 लाख, केसरीखेड़ा के पांच स्थलों पर 7.29 लाख और गीतापल्ली के दो स्थलों पर 5.27 लाख रुपये से सुधार होंगे। हैदरगंज तृतीय के जेबी गार्डन, गोविंद नगर तालाब और नरपत खेड़ा के भुइयन देवी मंदिर तालाब में मरम्मत-पेंटिंग होगी। आलमनगर के गोरिल्ला तालाब तक पहुंच मार्ग भी सुधरेगा। काला कोठी घाट पर म्यूरल पेंटिंग, टेंट, मेज-कुर्सी और मरम्मत के लिए 9.84 लाख रुपये, कुड़ियाघाट पर म्यूरल पेंटिंग के लिए 9.89 लाख और चतुरिया घाट पर 9.86 लाख रुपये रखे गए हैं। इस्माइलगंज प्रथम के चार पार्कों में घाट निर्माण पर 6.07 लाख और इस्माइलगंज द्वितीय के तीन पार्कों के सुधार पर 7.82 लाख रुपये खर्च होंगे। शंकरपुरवा प्रथम में घाट मरम्मत, टेंट, पंडाल, मंच और साउंड सिस्टम के लिए 4.53 लाख तथा आरएस एकेडमी के सामने पार्क सुधार के लिए 9.02 लाख रुपये निर्धारित हैं। इंदिरा प्रियदर्शिनी वार्ड के सेक्टर-14 सहित अन्य स्थलों के जीर्णोद्धार पर 5.52 लाख रुपये खर्च होंगे। राय इंद्रजीत पार्क में कुंड और पाथवे के लिए 4.77 लाख तथा गायत्रीपुरम सरोवर में कुंड के लिए 4.59 लाख रुपये रखे गए हैं। हिंदनगर के चार स्थलों पर घाट निर्माण के लिए 4.98 लाख, राजीवनगर घोसियाना और चंद्रा विहार में 7.07 लाख रुपये प्रस्तावित हैं। बोटिंग क्लब के पास 4.96 लाख, रायल सिटी में 1.25 लाख और मानस पार्क में 1.75 लाख रुपये से घाट बनेंगे। शारदानगर-1 में पीडब्ल्यूडी कालोनी के सामने घाट निर्माण पर 67 हजार रुपये खर्च होंगे। योजना का उद्देश्य पूजा स्थलों को व्यवस्थित कर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक इंतजाम करना है।  

मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में त्योहारों पर सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए योगी सरकार प्रतिबद्ध

सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश निरस्त, 24×7 मुस्तैद रहेगा यूपीडा का स्टाफ लखनऊ त्योहारों का उत्साह, अपनों से मिलने की उमंग और घर पहुंचने की खुशी के बीच प्रत्येक यात्री की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से दीपावली एवं छठ पूजा के अवसर पर उत्तर प्रदेश के एक्सप्रेसवे पर बढ़ने वाले यातायात के दबाव को देखते हुए योगी सरकार ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों एवं मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) द्वारा सभी संबंधित एक्सप्रेसवे पर अतिरिक्त संसाधनों के साथ पूरी क्षमता से व्यवस्थाओं का संचालन किया जा रहा है। यातायात के सुचारु संचालन, सड़क सुरक्षा और यात्रियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश निरस्त त्योहारों के दौरान संभावित यातायात दबाव को देखते हुए सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। समस्त स्टाफ यात्रियों की सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर मुस्तैद रहेगा। अनावश्यक जल्दबाजी न करें, धैर्य बनाए रखें यूपीडा ने वाहन चालकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान एक्सप्रेसवे पर वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण कुछ स्थानों पर अतिरिक्त प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है। ऐसे में अनावश्यक जल्दबाजी न करें, धैर्य बनाए रखें और यातायात नियमों का पालन करते हुए व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग दें। योगी सरकार का संकल्प है कि त्योहारों की खुशियां हर परिवार तक सुरक्षित पहुंचें। इसी प्रतिबद्धता के साथ यूपीडा यात्रियों के सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक आवागमन के लिए 24×7 निरंतर तत्पर है।

बिहार के बलथी गांव में छठ की तैयारी तेज, पुश्तैनी हुनर से महानगरों तक पहुंच रही परंपरा

 सिमरीबख्तियारपुर (सहरसा) लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर कोसी क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजारों में छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली पूजन सामग्री की मांग बढ़ने लगी है।  वहीं, छठ पर्व में विशेष महत्व रखने वाले पारंपरिक सूप और दौरा की खरीदारी भी जोर पकड़ने लगी है। इस बीच सिमरीबख्तियारपुर प्रखंड के बलथी गांव में तैयार हो रहे सूप और दौरा की मांग अब कोसी क्षेत्र तक सीमित नहीं रह गई है।  यहां बने सूप और दौरा से दिल्ली से लेकर चंडीगढ़ तक छठ पर्व की रौनक बढ़ेगी। महानगरों में रहने वाले कोसी क्षेत्र के लोगों के साथ अन्य ग्राहक भी यहां के पारंपरिक सूप और दौरा मंगा रहे हैं। परिवार का हर सदस्य कर रहा काम बलथी गांव का मल्लिक परिवार इन दिनों सूप और दौरा बनाने में पूरी तरह व्यस्त है। परिवार के सदस्य सुबह से देर रात तक इस काम में जुटे रहते हैं। छठ पर्व नजदीक आते ही परिवार की व्यस्तता बढ़ जाती है। घर के आंगन और आसपास के स्थानों पर सूप और दौरा तैयार करने का काम लगातार चल रहा है।  परिवार का हर सदस्य अपनी क्षमता के अनुसार इस काम में हाथ बंटा रहा है। कोई सूप तैयार करने में जुटा है तो कोई दौरा बनाने और उसे अंतिम रूप देने में लगा है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि पर्व के अवसर पर मांग इतनी बढ़ जाती है कि समय पर आर्डर पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत करनी पड़ती है। कोसी से महानगरों तक पहुंच रही पारंपरिक कला मल्लिक परिवार के सदस्यों ने बताया कि बलथी गांव में तैयार किए जा रहे सूप और दौरा की मांग अब दूसरे राज्यों तक पहुंच गई है। दिल्ली से लेकर चंडीगढ़ तक यहां निर्मित सामान भेजे जा रहे हैं। महानगरों में रहने वाले लोग छठ पर्व के अवसर पर अपने घरों और परिवारों के लिए कोसी में बने सूप और दौरा मंगवा रहे हैं।  खासकर बिहार और कोसी क्षेत्र से बाहर रहने वाले लोग छठ की परंपरा से जुड़े सामान को लेकर विशेष उत्साह दिखा रहे हैं। इससे गांव में तैयार होने वाले इन पारंपरिक सामानों को व्यापक बाजार मिल रहा है। छठ में सूप और दौरा का है विशेष महत्व छठ महापर्व में सूप और दौरा का धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। सूर्योपासना के इस महापर्व में व्रती सूप में फल, ठेकुआ, नारियल और अन्य पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। वहीं, दौरा में पूजा की सामग्री और प्रसाद को रखकर घाट तक ले जाया जाता है।  छठ की पारंपरिक पूजा पद्धति में इन दोनों वस्तुओं का विशेष स्थान है। यही वजह है कि आधुनिकता के दौर में भी सूप और दौरा की मांग कम नहीं हुई है। बल्कि महानगरों में रहने वाले लोग भी छठ की पारंपरिक विधि और रीति-रिवाजों को पूरी श्रद्धा के साथ निभा रहे हैं। पुश्तैनी हुनर से परिवार को मिलता है रोजगार बलथी गांव के मल्लिक परिवार के लिए सूप और दौरा बनाना केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि पुश्तैनी परंपरा और पारिवारिक हुनर का हिस्सा है। पीढ़ियों से इस काम से जुड़े परिवार के सदस्य छठ पर्व के मौसम में अपनी मेहनत के दम पर रोजगार का अवसर तैयार करते हैं। पर्व के समय बढ़ने वाली मांग उनके लिए साल के सबसे महत्वपूर्ण व्यावसायिक अवसरों में से एक होती है। परिवार के सभी सदस्य मिलकर उत्पादन करते हैं, ताकि स्थानीय बाजार के साथ-साथ दूसरे शहरों से आने वाले आर्डर भी पूरे किए जा सकें। परंपरा को बचाने में जुटा है परिवार बदलते समय और बाजार में तरह-तरह की आधुनिक वस्तुओं के आने के बावजूद छठ पर्व में पारंपरिक सूप और दौरा की अहमियत बरकरार है। बलथी गांव का मल्लिक परिवार अपने पुश्तैनी हुनर को जीवित रखते हुए इस परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।  परिवार की मेहनत से तैयार सूप और दौरा जब दिल्ली और चंडीगढ़ जैसे महानगरों तक पहुंचते हैं तो इसके साथ कोसी की लोककला, संस्कृति और छठ की परंपरा भी दूर-दराज के शहरों तक पहुंचती है। यह गांव के कारीगरों के हुनर और मेहनत की पहचान के साथ-साथ कोसी की सांस्कृतिक विरासत के विस्तार की भी कहानी है।

छठ महापर्व का पारंपरिक उल्लास, दिल्ली से पटना तक गूंजे छठ गीत और भक्ति की स्वर लहरियाँ

भोपाल  चार दिन तक चली सूर्य उपासना की परंपरा मंगलवार को सुबह पूरी हो गई। कार्तिक शुक्ल सप्तमी पर आज छठ महापर्व का आखिरी दिन है। भोपाल के 52 घाटों पर सुबह की पहली किरण के साथ श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को दूध, जल और प्रसाद से अर्घ्य अर्पित किया। इसी के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत पूर्ण हुआ। नगर निगम ने घाटों पर सुरक्षा, रोशनी, पेयजल और सफाई की व्यवस्था की थी। पुलिस और प्रशासनिक टीमें भी सुबह से मौजूद रहीं। श्रद्धालुओं ने शांति और अनुशासन के साथ पूजा संपन्न की। दरअसल, भोपाल में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का समापन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ हुआ। चार दिनों से चल रही सूर्य उपासना की परंपरा भक्ति, अनुशासन और उत्साह के माहौल में पूरी हुई। प्रदेशभर के साथ भोपाल में भी श्रद्धालु सुबह की पहली किरण के साथ घाटों पर पहुंचे और सूर्य देव तथा छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ पूजा देशभर में पूरे उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली से लेकर नोएडा, चंडीगढ़ और मुंबई तक घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. गोरखपुर के गुरु गोरखनाथ घाट, पटना के कंकड़बाग और दीघा घाट, और नोएडा के कालिंदी कुंज तट पर हजारों श्रद्धालु परिवारों सहित पहुंचे. छठ महापर्व के दौरान घाट भक्ति गीतों, ढोलक की थाप और पारंपरिक गीतों से गुलजार रहे. छठ घाटों पर वेदी को केले से पारंपरिक तौर पर सजाया गया.. इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी बीजेपी नेता संजय मयूख के आवास पर पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया. प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए. चार दिन चलने वाला यह पर्व सूर्य देव और छठी मैया की आराधना के साथ संपन्न हुआ, जिसने एक बार फिर पूरे देश को आस्था और एकता के रंग में रंग दिया. दिल्ली के यमुना नदी के वासुदेव घाट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छठ पूजा में हिस्सा लेने वाले हैं. उनकी इस यात्रा के मद्देनजर घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी खुद घाटों का दौरा कर पूजा की तैयारियों का जायजा लिया है. बिहार में इस बार छठ का राजनीतिक रंग भी देखने को मिला. विधानसभा चुनाव में कई राजनीतिक दलों के उम्मीदवार घाटों पर पहुंचे और श्रद्धालुओं का आशीर्वाद लिया. राजनेताओं की मौजूदगी ने माहौल को और भी खास बना दिया. छठ का महापर्व फिर से बड़े उत्साह से मनाया जा रहा है, जहां हर कोई सूर्य देव के प्रति आस्था और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करता नजर आ रहा है. देश के कई प्रमुख क्षेत्रों जैसे पटना, गोपालगंज, मऊ, वाराणसी, नोएडा, और दिल्ली के घाटों पर सुबह और शाम की पूजा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है. आस्था का अद्भुत संगम राजधानी के 52 घाटों पर मंगलवार को आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। कमला पार्क, वर्धमान पार्क, खटलापुरा घाट, प्रेमपुरा घाट, हथाईखेड़ा डैम, बरखेड़ा और घोड़ा पछाड़ डैम पर हजारों श्रद्धालु एकत्र हुए। घाटों पर पारंपरिक गीतों की गूंज, दीयों की रोशनी और पूजा की तैयारियों से वातावरण भक्ति से भर गया। 36 घंटे का निर्जला उपवास समाप्त सुबह जैसे ही सूरज की पहली किरण जल में पड़ी, व्रती महिलाओं ने दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास समाप्त हुआ। अर्घ्य के बाद व्रती महिलाओं ने पारण कर व्रत का समापन किया। भोजन में चावल, दाल, साग, सब्जी, पापड़, बड़ी, पकौड़ी और चटनी का पारंपरिक प्रसाद शामिल रहा। पुलिस का अमला रहा तैनात नगर निगम की ओर से सभी घाटों पर सफाई, पेयजल, रोशनी और सुरक्षा की व्यवस्थाएं की गई थीं। पुलिस व प्रशासनिक अमला सुबह से ही तैनात रहा। शीतलदास की बगिया में भी छठ पर्व की रौनक देखने लायक रही। यहां भोपाल दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के विधायक भगवान दास सबनानी ने पहुंचकर श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं। भोजपुरी एकता मंच की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लोकगीतों और भजनों ने समा बांध दिया। इस साल अधिक श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे भोजपुरी एकता मंच के अध्यक्ष कुंवर प्रसाद ने बताया कि सोमवार शाम अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद श्रद्धालु पूरी रात भजन-कीर्तन में लीन रहे। मंगलवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिन की पूजा संपन्न हुई। इस बार पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे। दीपों की जगमगाहट, फूलों की सजावट और लोकगीतों की मधुर ध्वनि से पूरा भोपाल छठ मैया की भक्ति में डूबा नजर आया।

मैया की कृपा पाने के लिए जरूर गाएं ये आरती, छठ पूजा होगी सफल

देशभर में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का आज दूसरा दिन है. यह पर्व सूर्य देव और छठी मैया की उपासना के लिए समर्पित है. खासतौर पर बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और नेपाल के क्षेत्रों में इस पर्व का अत्यधिक महत्व है. यह पर्व चार दिनों तक चलता है और इसमें कठोर नियमों, व्रत और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है. छठ की नहाय-खाय से शुरुआत होती है. इस दिन व्रती स्नान कर शुद्ध भोजन ग्रहण करते हैं. दूसरे दिन खरना मनाया जाता है, जिसमें व्रती दिनभर निर्जला उपवास रखते हैं और शाम को गुड़ की खीर, रोटी और केला का प्रसाद बनाकर व्रत खोलती हैं. तीसरे दिन यानी संध्या अर्घ्य के समय भक्त नदी, तालाब या जलाशय में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हैं. चौथे दिन उषा अर्घ्य के साथ पर्व का समापन होता है, जब भक्त उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार और समाज की खुशहाली की प्रार्थना करते हैं. साथ ही पूजा के समय हर किसी को छठी मैया की आरती करनी चाहिए. छठी मैया की आरती जय छठी मैया ऊ जे केरवा जे फरेला खबद से, ओह पर सुगा मंडराए. मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाए.. जय छठी मैया… ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदिति होई ना सहाय. ऊ जे नारियर जे फरेला खबद से, ओह पर सुगा मंडराए.. जय छठी मैया… मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाए. ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय.. जय छठी मैया… अमरुदवा जे फरेला खबद से, ओह पर सुगा मंडरराए. मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाए.. जय छठी मैया… ऊ जे सुहनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय. शरीफवा जे फरेला खबद से, ओह पर सुगा मंडराए.. जय छठी मैया… मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाए. ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय.. जय छठी मैया… ऊ जे सेववा जे फरेला खबद से, ओह पर सुगा मंडराए. मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाए.. जय छठी मैया… ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय. सभे फलवा जे फरेला खबद से, ओह पर सुगा मंडराए.. जय छठी मैया… मारबो रे सुगवा धनुख से, सुगा गिरे मुरझाए. ऊ जे सुगनी जे रोएली वियोग से, आदित होई ना सहाय.. जय छठी मैया…

सांध्य अर्घ्य आज: छठ व्रत की रस्मों में घाट पर श्रद्धालुओ का ताता

रायपुर उत्तर भारत के महापर्व छठ को लेकर रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग समेत पूरे प्रदेशभर में तैयार हो चुका है. नहाए खाए में सात्विक भोजन खाकर व्रतियों ने महापर्व छठ पूजा की शुरुआत हो गई है. वहीं आज तीसरे दिन डूबते सूर्य को व्रती महिलाएं और पुरुष अर्ध्य देंगे. घरों में जहां आज मिट्‌टी के चूल्हे बनाए गए तो गेंहू, चावल धोकर सुखाए गए. बीते कल खरना के साथ ही तीन दिनों का कठिन व्रत भी शुरू हो चुका है. इसी कड़ी में राजधानी रायपुर का महादेव घाट भी सजकर तैयार हो गया है. बता दें कि बिलासपुर के पूर्व छठ घाट में सुबह से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. यहां छठ पूजा को लेकर समिति द्वारा भव्य तैयारी किया गया है. तो वहीं, दुर्ग जिले में भी इस पावन पर्व को लेकर शहर प्रशासन भी तैयारियों में जुट गया है. दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सभी घाटों में पहुंचकर वहां की तैयारियों का निरीक्षण कर जायजा लिया है. तालाबों की सफाई, घाट की रंग रोंगन के साथ ही भिलाई के 20 और दुर्ग में 10 से ज्यादा तालाबों में व्रती आज शाम डूबते सूर्य को अर्घ देंगे. वही मंगलवार की सुबह उगते सूर्यदेव की आराधाना के बाद यह व्रत पूरा होगा. इधर सुपेला, छावनी, बैंकुठधाम, सूर्य कुंड, कोहका, मुक्तिधाम तालाबों में आस्था का सैलाब उमड़ने वाला है. सुपेला के सबसे पुराने तालाब में अभी भी सफाई का दौर चल रहा है. वहीं बाजार भी दौरा, सूपा, मौसमी फल, पूजन सामग्री, पारंपरिक दीए सहित अन्य सामग्रियों से भर गया हैं. रात को भी तालाबों में विशेष रौशनी की गई है. खासकर सेक्टर-2, सेक्टर-7, राधिका नगर, बैंकुठधाम तालाबों में विशेष तैयारियां की जा रही है.

यमुना में बह रहा साफ जल! छठ पूजा से पहले घाटों की सफाई में जुटा सिंचाई विभाग

यमुनानगर  छठ महापर्व अब पूरे भारत में मनाया जाने लगा है। बिहार और उत्तर प्रदेश से शुरू हुई यह प्रथा धीरे-धीरे पूरे देश में चल रही है। यमुनानगर में भी भारी संख्या में बिहार और उत्तर प्रदेश, पूर्वांचल के लोग रहते हैं। यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर के किनारे एक दर्जन से अधिक स्थानों पर यह पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। पिछले कई दिनों से यमुनानगर नगर निगम के कर्मचारी यमुना के किनारों को साफ सुथरा बनाने में जुटे हुए हैं। वहीं श्रद्धालुओं ने भी यमुना के किनारे आकर तैयारी शुरू कर दी हैं।  श्रद्धालुओं का मानना है कि विधिवत रूप से पूजा अर्चना करने से जहां संतान की प्राप्ति होती है, सुख समृद्धि प्राप्त होती है, वहीं समाज और प्रदेश का विकास होता है। श्रद्धालु पवन प्रताप यादव ने बताया कि 26 अक्टूबर को महिलाएं पकवान बनाकर खाएगी। उसके बाद 27 अक्टूबर को छिपते हुए सूर्य को अर्द्ध देकर यह व्रत आरंभ करेंगी। 28 अक्टूबर को उगते हुए सूर्य को अर्द्ध देकर यह व्रत समाप्त करेंगे। इस दौरान महिलाएं जल और अन्न का ग्रहण नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि विधिवत रूप से पूजा अर्चना करने से सभी तरह की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। माता कुंती और माता सीता ने भी यह व्रत रखे थे।   वहीं, सिंचाई विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर आरएस मित्तल ने बताया कि सरकार के आदेश पर यमुना की पिछले कई दिन से सफाई चल रही है। इस बार यमुना में दिल्ली तक स्वच्छ जल उपलब्ध होगा। छठ पूजा महोत्सव में महिलाएं विधिवत रूप से पूजा अर्चना कर सकें, उन्हें किसी तरह की कोई दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। सुपरिटेंडेंट इंजीनियर आरएस मित्तल ने बताया कि मुख्यमंत्री का आदेश है कि सभी जगह स्वच्छ जल मिले, इसी को लेकर तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि प्रयास यह हो रहा है कि यमुना में कोई भी दूषित जल ना मिले। यमुनानगर में यमुना के किनारे बलिया लगाई जाएगी। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया की बलियों के उस पार ना जाएं ताकि कोई दुर्घटना ना घटे।  लाइटों का भी प्रबंध किया जाएगा। यमुना किनारे कूड़े में लगाई आग  इसी बीच नगर निगम की ओर से यमुना किनारे इकट्ठा किए गए कूड़े में आग लगाने का मामला सामने आया है। जिससे आसपास के क्षेत्र में धुआं ही धुंआ हो गया। आज क्यों और किसने लगाई इसकी जिम्मेवारी लेने को कोई तैयार नहीं है।  

छठ महापर्व की शुरुआत, CM हेमंत ने साझा की शुभकामनाएं

रांची  छठ पूजा एक प्रमुख भारतीय त्योहार है जिसे खासतौर पर बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, नेपाल, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल में मनाया जाता है। छठ पूजा की शुरुआत आज नहाय-खाय के साथ हो चुकी है और इसका समापन सूर्यदेव को सुबह अर्घ्य देने के साथ होगा। छठ पूजा का समापन मंगलवार, 28 अक्टूबर 2025 को प्रातः कालीन अर्घ्य के साथ होगा। वहीं, सीएम हेमंत सोरेन ने छठ पर्व की शुभकामनाएं दी हैं। सीएम हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "आज नहाय-खाय के पावन अनुष्ठान के साथ लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा का शुभारंभ हो रहा है। यह महापर्व हमारे जीवन में शुद्धता, श्रद्धा, संयम, समर्पण, संकल्प, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का अद्भुत संदेश देता है। छठी मईया एवं भगवान भास्कर से यही प्रार्थना है कि सभी व्रतियों और परिवारजनों को उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दें। यह पर्व हमारे राज्य और देश में खुशहाली, सद्भाव और नई ऊर्जा का संचार करे। जय छठी मईया!! जय भगवान भास्कर!!