samacharsecretary.com

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की घोषणा: 31 जनवरी तक पूरे होंगे जमीन से संबंधित सभी काम

पटना सीएम नीतीश कुमार ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने समृद्धि यात्रा पर गोपालगंज रवाना होने से पहले जमीन विवाद के मामले को कम करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि 20 नवंबर 2025 को राज्य में नई सरकार के गठन के कुछ ही दिनों बाद हमलोगों ने बिहार को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने हेतु सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया है। सात निश्चय-3 (2025-30) के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान‘ (Ease of Living) का मुख्य मकसद राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को और भी आसान बनाना है। इसे लेकर हमलोग लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रहे हैं। अनावश्यक भूमि विवाद उत्पन्न होते हैं सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि कई बार ऐसा देखा गया है कि राज्य में जमीन मापी कराने के इच्छुक लोगों द्वारा आवेदन देने के पश्चात जमीन मापी की प्रक्रिया संपन्न होने में काफी वक्त लग जाता है। इस कारण लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। जमीन की समय पर मापी नहीं होने के कारण अनावश्यक भूमि विवाद उत्पन्न होते हैं। ऐसे में ‘सबका सम्मान-जीवन आसान‘ (Ease of Living) के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु भूमि मापी की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी, समयबद्ध एवं नागरिक अनुकूल बनाने के लिए निम्न निर्णय लिए गए हैं :     31 जनवरी 2026 तक जमीन मापी के लिए लंबित आवेदनों का निपटारा विशेष भूमि मापी अभियान चलाकर कर दिया जाएगा।     एक अप्रैल 2026 से अविवादित जमीन की मापी के लिए आवेदक द्वारा मापी शुल्क जमा किए जाने के अधिकतम 7 कार्य दिवस में जमीन की मापी सुनिश्चित की जाएगी तथा विवादित जमीन की मापी के लिए आवेदक द्वारा मापी शुल्क जमा किए जाने के अधिकतम 11 कार्य दिवस में जमीन की मापी सुनिश्चित की जाएगी।     अविवादित तथा विवादित जमीन की निर्धारित कार्य दिवस में मापी की प्रक्रिया पूर्ण कर अमीन द्वारा मापी का प्रतिवेदन मापी के पश्चात आवेदक के आवेदन की तिथि के 14वें दिन निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।     निर्धारित समय सीमा के अंदर जमीन मापी सुनिश्चित करने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा आवश्यक कर्मचारियों एवं संसाधनों की व्यवस्था के साथ-साथ पूरी प्रक्रिया के गहन पर्यवेक्षण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।       मुझे पूरा विश्वास है कि जमीन मापी प्रक्रिया को सरल बनाने से संबंधित यह पहल समस्त प्रदेशवासियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी और उनका दैनिक जीवन और भी आसान हो सकेगा।     इस व्यवस्था के संबंध में यदि आप कोई अन्य विशिष्ट सुझाव देना चाहते हैं तो अपने बहुमूल्य सुझाव 25 जनवरी 2026 तक निम्न में से किसी एक माध्यम से दे सकते हैं।

पटना साहिब में गुरु गोविंद सिंह का 359वां प्रकाश पर्व, CM नीतीश कुमार ने की अरदास

पटना बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को दशमेश पिता श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 359वें प्रकाश पर्व पर तख्त श्रीहरिमंदिर जी परिसर, पटना साहिब में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की मुख्यमंत्री ने तख्त श्रीहरिमंदिर जी, पटना साहिब में मत्था टेका और राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से आये जत्थेदारों, हरिमंदिर जी प्रबंधक कमिटी के सदस्यों द्वारा मुख्यमंत्री को तलवार, अंगवस्त्र, सरोपा एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा बाल लीला मैणी संगत जाकर वहां भी मत्था टेका और राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, विधायक रत्नेश कुशवाहा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पटना प्रमण्डल के आयुक्त अनिमेष परासर, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा, अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारीगण, गुरूद्वारा प्रबंधक कमिटी के सदस्यगण, सिख संगत, सेवादार एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित थे।

‘गरिमा भूलना लोकतंत्र का अपमान’—हिजाब विवाद में रांची में नीतीश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन

रांची हिजाब प्रकरण को लेकर बिहार से लेकर झारखंड तक बवाल मचा हुआ है. शुक्रवार को रांची में झारखंड मुस्लिम युवा मंच के सदस्यों ने ‘महिलाओं का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ के नारों के साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला फूंका. मोहम्मद शाहिद अय्यूबी ने कहा कि जब कोई संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति अपनी मर्यादा भूलकर महिला का अपमान करता है, तो वह केवल एक महिला नहीं बल्कि पूरे समाज, संविधान और लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाता है. झारखंड मुस्लिम युवा मंच के अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद अय्यूबी ने कहा कि हम उस देश में रहते हैं जहां नारी को शक्ति, सम्मान और संवेदना का प्रतीक माना गया है. हिंदू धर्म में नारी को दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती का स्वरूप कहा गया है. वहीं इस्लाम में मां के कदमों तले जन्नत बताई गई है और बेटी को जिगर का टुकड़ा बताया गया है. याद दिल दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान कथित तौर पर एक महिला डॉक्टर के हिजाब हटाने वाले प्रकरण को लेकर झारखंड की राजधानी रांची में मुस्लिम युवा मंच ने जोरदार प्रदर्शन किया. संगठन के अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद अय्यूबी के नेतृत्व में आक्रोशित युवाओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन कर कड़ा विरोध दर्ज कराया. अय्यूबी ने कहा कि जब कोई संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति अपनी मर्यादा भूलकर महिला का अपमान करता है, तो वह केवल एक महिला नहीं बल्कि पूरे समाज, संविधान और लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाता है. उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ केवल एक सरकारी नारा नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है, जिसे आचरण और भाषा दोनों में अपनाना होगा. दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश में महिलाओं और अल्पसंख्यकों के अधिकारों का खुलेआम हनन हो रहा है. झारखंड मुस्लिम युवा मंच ने केंद्र एवं राज्य सरकारों से मांग की कि वे महिला अधिकारों और अल्पसंख्यक अधिकारों की केवल बात न करें, बल्कि सख्त कानून, स्पष्ट कार्रवाई और जवाबदेही सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में कोई भी प्रभावशाली व्यक्ति इस तरह का दुस्साहस न कर सके. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ हाथों में तख्तियां लेकर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया. यह विरोध आंदोलन किसी एक व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि महिला सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए है. जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती और सार्वजनिक जीवन में महिलाओं के सम्मान की गारंटी नहीं दी जाती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा. मोहम्मद शाहिद ने कहा कि जब देश की बेटियां शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान और प्रशासन के क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं, तब उन्हें इस प्रकार अपमानित किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ है. देश में किसी महिला, वह भी एक डॉक्टर के साथ, इस तरह का व्यवहार अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है.

नीतीश कुमार ने दारोगा दीक्षांत परेड की ली सलामी, खुली जीप में परेड निरीक्षण बना आकर्षण

पटना  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) आज नालंदा जिला स्थित बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर (Bihar Police Academy, Rajgir) में प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक के दीक्षांत परेड समारोह (Convocation parade ceremony) में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने खुली जीप में सवार होकर दीक्षांत परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। साथ ही प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों का उत्साहवर्द्धन किया।  नीतीश कुमार ने कहा कि समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। आप सभी ने अच्छे ढंग से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। मुझे भरोसा है कि आप अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ करेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों को पुरस्कृत किया। इस दौरान अंकित कुमार को बेस्ट प्रोवेशनर ओवरऑल, रुपेश कुमार को बेस्ट प्रोवेशनर आउटडोर, अंकित कुमार को बेस्ट प्रोवेशनर इंडोर एवं मीना कुमारी को बेस्ट प्रोवेशनर परेड कमांडर के रूप में पुरस्कृत किया गया। दीक्षांत परेड कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों को शपथ दिलाई गई। ध्वजरोही वाहकों ने राष्ट्रीय ध्वज और एकेडमी ध्वज को लेकर परेड में प्रदर्शन किया। साथ ही प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों ने बेहतर परेड का प्रदर्शन कर लोगों का मन जीत लिया। वहां उपस्थित लोगों ने ताली बजाकर उनका उत्साहवर्द्धन किया।    कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर की निदेशक आर. मलार विजी ने प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया। दीक्षांत परेड कार्यक्रम के पूर्व मुख्यमंत्री ने बिहार पुलिस अकादमी का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि राज्य सरकार द्वारा अकादमी के विस्तार हेतु अकादमी परिसर से सटे 22 एकड़ अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की स्वीकृति दी गयी है। इस भूमि की अधिग्रहण की कार्रवाई जिला प्रशासन, नालंदा द्वारा की जा रही है। इस अतिरिक्त भूमि में नया प्रशासनिक भवन, परेड मैदान, अधिकारियों के लिए आवास एवं अन्य सुविधाओं का निर्माण किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पूर्व में कई बार इस पुलिस अकादमी का भ्रमण किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन कार्यों को जल्द पूरा करें।    ज्ञातव्य है कि 2023 बैच के 1218 पुलिस अवर निरीक्षकों का बुनियादी प्रशिक्षण आज पूरा हो गया है जिनमें 436 महिलाएं भी शामिल हैं। इसमें पहली बार नियुक्त 03 ट्रान्स जेन्डर पुलिस अवर निरीक्षकों का भी प्रशिक्षण कराया गया है। इन सभी पुलिस अवर निरीक्षकों को प्रशिक्षण के उपरांत विभिन्न जिलों में पदस्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर बिहार पुलिस अकादमी का गठन वर्ष 2008 में हुआ था तथा इसके लिए 133 एकड़ भूमि राजगीर में उपलब्ध कराई गई। मुख्यमंत्री द्वारा इस अकादमी के परिसर का उद्घाटन दिनांक 03 दिसंबर, 2018 को किया गया।   बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण, बिहार पुलिस सेवा के अधिकारियों तथा पुलिस अवर निरीक्षकों का प्रशिक्षण कराया जाता है। बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में प्रशासनिक भवन, प्रशिक्षण भवन, पुस्तकालय, क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला, सीनियर पुलिस ऑफिसर मेस, 05 जूनियर पुलिस ऑफिसर मेस, अधिकारियों के लिए आवास, स्वीमिंग पुल एवं परेड मैदान बनाया गया है। इसके अलावा 1100 लोगों की क्षमता का कॉन्फ्रेन्स भवन निर्माणाधीन है जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जायेगा। इसके साथ-साथ अकादमी परिसर में 08.49 एकड़ भूमि में 4000 सिपाहियों के लिए आवासन हेतु बैरक एवं क्लास रूम का निर्माण किया जा रहा है। 

निगरानी विभाग को सख्त हिदायत: जीरो टॉलरेंस से ही बनेगा भ्रष्टाचार-मुक्त बिहार – CM नीतीश

पटना बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग एवं निगरानी विभाग के कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। समीक्षा के दौरान मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग एवं निगरानी विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभाग के कार्यों की अद्यतन एवं विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कुमार ने अधिकारयों को कहा कि मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग एवं निगरानी विभाग के कार्यों को बेहतर ढंग से क्रियान्वित करें। सरकार की जो प्राथमिकतायें हैं उसके आधार पर कार्यों को तेजी से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार को समाप्त करने में निगरानी विभाग कारगर, संवदेनशील एवं अपनी गतिशील भूमिका निभा रहा है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार का उद्देश्य न्याय के साथ विकास करते हुये जीरो टॉलरेंस की नीति का अनुसरण कर राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि सुशासन और पारदर्शिता के साथ सरकार की योजनाओं को लागू करें जिससे आम जन को उसका सीधा और त्वरित लाभ मिल सके।  

बख्तियारपुर में नीतीश कुमार ने किया मतदान, लोगों से बढ़-चढ़कर वोट करने की अपील

पटना बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए गुरूवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 121 सीट पर मतदान जारी है। इसी कड़ी में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार  ने पटना के बख्तियारपुर में अपना वोट डाला। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा, " लोकतंत्र में मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, दायित्व भी है। आज बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हो रहा है- सभी मतदाताओं से आग्रह है कि अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। मतदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। पहले मतदान, फिर जलपान!" बता दें कि राजधानी पटना समेत मतदान वाले 18 जिलों के कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें लग गई हैं। ग्रामीण इलाकों में सुबह-सुबह मतदान करने के इच्छुक मतदाताओं की कतारें ज्यादा लंबी देखी जा रही है। इन विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच होने वाले मतदान के दौरान असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।