samacharsecretary.com

राजस्थान में विकास यात्रा की शुरुआत, सीएम शर्मा ने रथों को किया रवाना

जयपुर  मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में शुक्रवार को हरिश्चंद्र माथुर राजस्थान लोक प्रशासन संस्थान से 50 विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम जनता के सेवक के रूप में कार्य कर रहे हैं और प्रदेश के विकास का पहिया बिना रुके, बिना थमे आगे बढ़ रहा है। हमारी जिम्मेदारी है कि हम जनता को अपने कामों का हिसाब दें। इसीलिए हमारी सरकार ने पिछले वर्ष की भांति ही इस वर्ष भी अपने सुशासन का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा है। उन्होंने कहा कि विकास रथ हर विधानसभा क्षेत्र में गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक पहुंचकर आमजन को सरकार की योजनाओं से जोड़ने का काम करेंगे।  उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे इन जनल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की इस पहल का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि विकास रथ में उपलब्ध सुझाव पेटिका के माध्यम से अपने सुझाव दें। राज्य सरकार इन सुझावों को आगामी बजट में समाहित करेगी। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योग दुनियाभर में पहुंचा है। उन्होंने सभी को बधाई देते हुए कहा कि अब दीपावली महोत्सव को यूनेस्को की अमूर्त विरासत सूची में शामिल किया गया है। आने वाले समय में भारत दुनिया का नेतृत्व करेगा और इसमें राजस्थान की भी अहम भूमिका होगी। युवा बनेंगे रोजगार प्रदाता मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय पेपरलीक के कारण युवाओं के साथ कुठाराघात हुआ। हमारी सरकार के कार्यकाल में अब तक एक भी पेपरलीक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि लगभग 92 हजार सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और 20 हजार युवाओं को इसी माह में नियुक्तियां दी जाएंगी। हम पांच साल में चार लाख सरकारी नौकरी देंगे। उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान के माध्यम से 35 लाख करोड़ के एमओयू किए गए जिनमें से 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू की ग्राउंड ब्रेकिंग की जा चुकी है। सरकार द्वारा निजी क्षेत्र में ढाई लाख रोजगार के अवसर प्रदान किए गए हैं। आगामी समय में युवाओं के लिए युवा पॉलिसी लाई जा रही है। हम चाहते हैं कि युवा रोजगार प्राप्त करने के साथ रोजगार प्रदाता भी बनें। शर्मा ने कहा कि किसान, महिला, युवा, मजदूर सशक्त होंगे तो देश-प्रदेश विकसित बनेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत 25 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत 70 लाख जरूरतमंदों को जोड़ा गया है। साथ ही, गरीब परिवार की महिलाओं को 450 रुपये में गैस सिलेण्डर मिल रहा है। वहीं, लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत बालिकाओं को 1.50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य सरकार ने बिना भेदभाव के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में दी विकास निधि मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पिछले दो वर्षों में कानून का राज स्थापित किया है। हमारी सरकार ने पिछले दो वर्ष में जितने कार्य किए हैं, उतने पूर्ववर्ती सरकार ने पांच वर्ष में नहीं किए। उन्होंने कहा कि हम जनता के बीच रहकर काम करते हैं तथा हमने गत दो बजटों में बिना भेदभाव के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में विकास निधि दी है। हम प्रदेश की 8 करोड़ जनता के लिए काम कर रहे हैं। 

जवाहर सर्किल पर दिखे CM भजनलाल शर्मा, बिना सिक्योरिटी के की सुबह की सैर

जयपुर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार तड़के अचानक जवाहर सर्किल पहुंचे और आम लोगों के साथ करीब आधे घंटे तक मार्निंग वॉक की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद सीमित रही और मुख्यमंत्री ने प्रोटोकॉल को भी साइड में रख दिया। सामान्य दिनों में मुख्यमंत्री के लिए रूट लगाया जाता है, लेकिन आज बिना किसी पूर्व सूचना के वे सीधे पार्क पहुंच गए। भजनलाल शर्मा इससे पहले भी मुख्यमंत्री बनने से पहले लगातार जवाहर सर्किल में सैर करते रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वे जयपुर के कई पार्कों में पहुंचकर सुबह की सैर और योग जारी रखे हुए हैं। मुख्यमंत्री निवास पर भी वे प्रतिदिन लगभग पौना घंटे योग और वॉक करते हैं। सुबह की सैर के पीछे मुख्यमंत्री का उद्देश्य सिर्फ फिटनेस नहीं, बल्कि ‘फिट राजस्थान’ का संदेश देना और आमजन से संवाद कायम रखना भी है। आज भी वॉक के दौरान उन्हें कई पुराने परिचित मिले, जिनसे उन्होंने आत्मीय बातचीत की और वे कुछ दूरी तक उनके साथ चले। मुख्यमंत्री की इस बिना प्रोटोकॉल वाली सैर ने आम लोगों को चौंकाया भी और उनके सरल स्वभाव की एक बार फिर झलक दिखाई।

राजस्थान बनेगा उद्योग हब: सीएम शर्मा ने दिया बड़े बदलावों का संकेत

जयपुर /नई दिल्ली नई दिल्ली के भारत मंडपम में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एवं इंडस्ट्री (एफआईसीसीआई) के 98वें वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन समारोह हुआ। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे फिक्की के कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, निवेशकों और उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान अब पूरी तरह व्यापार और उद्योग विस्तार के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप तेज गति से काम कर रही है और नए भारत की औद्योगिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी से पहले भारत के उद्योगपति जिस तरह देश को आगे बढ़ाने की कल्पना करते थे, राजस्थान उसी विरासत को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने उद्योग जगत को स्पष्ट संदेश दिया, "राजस्थान तैयार है… व्यापार के लिए भी और मजबूत साझेदारी के लिए भी।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में भारत ने ऐतिहासिक परिवर्तन देखे हैं, और इसी प्रगति की राह पर राजस्थान भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। सीएम ने बताया कि दिसंबर में उनकी सरकार बनने के बाद से ही राज्य की प्राथमिकता उद्योग, बुनियादी ढांचे और ऊर्जा क्षेत्र में सुधार रही है। उन्होंने कहा, “हमने सबसे पहले उन बाधाओं को दूर किया जिनसे उद्योग प्रभावित हो रहे थे। आज राज्य में निवेश के लिए स्थिर और पारदर्शी माहौल तैयार किया जा चुका है।” भजनलाल शर्मा ने ऊर्जा क्षेत्र का जिक्र करते हुए बताया कि राजस्थान अब सोलर पावर उत्पादन का राष्ट्रीय केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में हम अग्रणी हैं और देश की ऊर्जा सुरक्षा में योगदान कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि ऑटोमोबाइल सेक्टर, विनिर्माण तथा एमएसएमई उद्योगों को मजबूत करने के लिए भी राज्य सरकार लगातार नीतिगत सुधार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में सामाजिक बुनियादी ढांचे पर भी तेजी से काम हो रहा है। राज्य में 100 करोड़ रुपए के सामाजिक विकास फंड की शुरुआत की गई है, जिसमें 25 प्रतिशत राशि सीधे जमीनी स्तर के विकास कार्यों में लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की पहचान उसकी समृद्ध विरासत, संस्कृति और मेहनती जनता से है। यह राज्य अपने सामर्थ्य से देश की आर्थिक वृद्धि में बड़ा योगदान देगा। हमारी सरकार सुशासन, विकास और सामाजिक उत्थान को एक साथ लेकर चल रही है। अंत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उद्योग जगत के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि राजस्थान आने वाले वर्षों में उद्योग और निवेश के लिए भारत का प्रमुख गंतव्य बनेगा।

राजस्थान में प्रशासनिक हलचल तेज, एक्शन मोड में CM भजनलाल शर्मा

जयपुर राजस्थान की प्रशासनिक मशीनरी एक बार फिर से पूरी रफ्तार पकड़ने जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर राज्य सरकार ने आईएएस (IAS), आरएएस (RAS) और आरपीएस (RPS) अधिकारियों के तबादलों की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। सीएमओ (मुख्यमंत्री कार्यालय) में कई चरणों की बैठकों और समीक्षा के बाद सूची को लगभग अंतिम रूप दे दिया गया है। सूत्रों के अनुसार आईएएस तबादला सूची किसी भी समय जारी हो सकती है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव स्तर से लेकर जिला कलेक्टरों तक कई पदों पर बदलाव की मंजूरी दे दी है। इस सूची में कई चौंकाने वाले नाम शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को बुधवार देर शाम सीएमओ बुलाकर चर्चा की गई, जिसमें उन्हें संभावित तबादलों को लेकर संकेत दिए गए। राजस्थान में लंबे समय से कई जिलों में प्रशासनिक नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा थी। अब सीएम भजनलाल शर्मा के सख्त और तेज प्रशासनिक रुख के चलते इन अटकलों को बल मिला है। आरएएस (RAS) अधिकारियों की सूची भी तैयार है, जिसमें ज़िलास्तर और विभागीय पदों पर बड़ी संख्या में परिवर्तन की संभावना जताई जा रही है। वहीं, आरपीएस (RPS) अधिकारियों की सूची भी विचार-विमर्श के अंतिम चरण में है। जानकारी के अनुसार सरकार इस वीकेंड तक लगभग सभी तबादला सूचियां जारी कर सकती है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि यह तबादला अभियान राज्य की कार्यकुशलता और जवाबदेही बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले 22 अक्टूबर (बुधवार) को सरकार ने 34 आईपीएस (IPS) अधिकारियों की तबादला सूची जारी की थी, जिसमें जयपुर पुलिस कमिश्नर सहित कई प्रमुख पदों पर फेरबदल हुआ था।