samacharsecretary.com

CM नीतीश का औचक दौरा: विभागीय निरीक्षण से अधिकारियों में अफरा-तफरी

रांची बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को मुख्य सचिवालय के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। नीतीश कुमार ने निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव कोषांग, मंत्रिमंडल कक्ष, वित्त मंत्री का कार्यालय, अतिथि कक्ष सहित मुख्य सचिवालय के विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं और कार्य पद्धति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लोग समय पर कार्यालय आयें और बेहतर ढंग से कार्य का निष्पादन करें। कार्यालय में अनुशासित रहकर पूरी संवेदनशीलता के साथ सभी काम करें जिससे कार्यों को ससमय पूर्ण किया जा सके। उन्होंने कहा कि पूरे परिसर की साफ-सफाई नियमित हो। परिसर सुसज्जित और आकर्षक दिखे। परिसर एवं उद्यान क्षेत्र हरा-भरा रहे इसके लिए जहां जरूरत हो वहां पौधारोपण करायें। आगंतुकों के बैठने और उनकी सुविधाओं का भी ख्याल रखें। मुख्य सचिवालय को और बेहतर एवं व्यवस्थित बनाने की योजना पर काम करें। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त डॉ. एस. सिद्धार्थ, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी राजेन्दर, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि,डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

शेरपुर-दिघवारा परियोजना शीघ्र पूरा हो: अधिकारियों को सीएम नीतीश कुमार की सख्त हिदायत

पटना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दानापुर-बिहटा ऐलिवेटेड कॉरिडोर तथा शेरपुर-दिघवारा गंगा पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने दानापुर-बिहटा ऐलिवेटेड कॉरिडोर का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से बिहटा से कोईलवर तक यातायात सुगम होगा। पटना शहर को एन0एच0-922 और कोईलवर पुल से जोड़ने में मदद मिलेगी। यह एनएच-922 को रिंग रोड (कन्हौली मोड़) एनएच-139 को एम्स गोलम्बर से जोड़नेवाले एक महत्त्वपूर्ण फीडर कॉरिडोर के रूप में कार्य करेगा। इस परियोजना के तहत बिहटा अन्तर्राट्रीय हवाई अड्डा के लिये विशेष कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने कहा कि हम लगातार इस परियोजना का निरीक्षण करते रहे हैं और समय-समय पर इसके संबंध में सुझाव देते रहे हैं। कार्य को जल्द से जल्द से पूर्ण करें। मुख्यमंत्री ने शेरपुर-दिघवारा गंगा पुल के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। पटना शहर पर यातायात का बोझ कम होगा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि शेरपुर-दिघवारा परियाजना के पूर्ण होने से पटना शहर पर यातायात का बोझ कम होगा साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था और सुदृढ़ एवं सुगम होगी। उन्होंने कहा कि छपरा, सीवान, गोपालगंज और हाजीपुर की ओर जानेवाले लोगों को अब पटना शहर से होकर गुजरने की आवश्यता नहीं होगी। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से राज्यवासियों को एक जगह से दूसरे जगह जाने का वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा। हम लगातार इसका निरीक्षण करते रहे हैं, जल्द से जल्द इस कार्य को पूर्ण करें। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप कुमार आर पुदुकलकट्टी, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

किसानों के लिए खुशखबरी: नीतीश सरकार बनाएगी हर प्रखंड में आधुनिक सब्जी केंद्र

पटना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहारवासियों के लिए एक बार फिर बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि बिहार के 534 प्रखंडों में आधुनिक सब्जी केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इस योजना से ग्रामीणों को नए रोजगार के अवसर मिलेंगे और शहरवासियों को ताजी और सस्ती सब्जियां सीधे उपलब्ध होंगी। दुर्गा पूजा जैसे पावन अवसर पर यह कदम प्रदेशवासियों के लिए विशेष तोहफे जैसा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पहल से हर घर तक गुणवत्तापूर्ण और शुद्ध सब्जियां पहुंचेंगी और राज्य के 38 जिलों की जनता स्वस्थ एवं सस्ती सब्जियों का लाभ उठा सकेगी। किसानों को मिलेगा फायदा किसान अब बिचौलियों के बजाय सीधे सब्जी केंद्रों पर अपनी उपज बेच सकेंगे। इससे उन्हें फसल का उचित और पारदर्शी मूल्य मिलेगा। मंडी दलालों का दखल कम होने से किसानों की आय निश्चित रूप से बढ़ेगी। सब्जी केंद्रों में आधुनिक कोल्ड स्टोरेज और वेयरहाउस की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों की सब्जियां लंबे समय तक सुरक्षित रहेंगी और फसल खराब होने की समस्या कम होगी। किसानों को इन केंद्रों के माध्यम से नई कृषि तकनीकों, क्वालिटी बीज और उन्नत खेती के गुर सिखाए जाएंगे। इससे उनकी पैदावार और गुणवत्ता दोनों में सुधार आएगा। सब्जी केंद्र नेटवर्क के जरिए स्थानीय, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक किसानों की उपज पहुंच सकेगी। इससे किसानों को अपनी मेहनत का सीधा लाभ मिलेगा और अधिक दाम प्राप्त होंगे। केंद्रों के माध्यम से किसानों तक सरकारी योजनाओं, सब्सिडी और अनुदान की जानकारी तेजी से पहुंचेगी। इसमें प्राकृतिक आपदा में मुआवजा, बीज पर सब्सिडी आदि शामिल हैं। इन केंद्रों के संचालन, भंडारण, पैकेजिंग और मार्केटिंग से गांवों में नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। अब नहीं रहेगा बिचौलियों का दबदबा मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से सब्जी मंडियों में बिचौलियों और दलालों की मनमानी समाप्त हो जाएगी। सब्जियों की दरें सरकार द्वारा तय उचित मूल्य पर मिलेंगी। हर प्रखंड में बनने वाले सब्जी केंद्र बिहारवासियों को भरोसा देंगे कि अब किसी भी घर का आंगन हरी-भरी सब्जियों से वंचित नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इस पहल से यह स्पष्ट होता है कि वे सिर्फ विकास की बातें नहीं करते, बल्कि जनता के जीवन में ठोस सुधार लाने वाले निर्णय भी लेते हैं। उनका उद्देश्य है, हर घर विकास, हर हाथ को काम और हर थाली में ताजा भोजन। यही नीतीश कुमार की सोच है, जो आज पूरे बिहार की ताकत बन चुकी है।  

बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने महात्मा गांधी को किया याद, दी श्रद्धांजलि

पटना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके बताए मार्ग और विचारों का अनुसरण करने से समाज में भाईचारे और सद्भाव का माहौल कायम होगा। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स' पर लिखा है, ‘‘राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को उनकी जयंती पर उन्हें नमन। बापू के विचार और आदर्श हमें निरंतर प्रेरणा देते हैं। हमें बापू के विचारों का अनुसरण करना चाहिए और उन्हें आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए। बापू के दिखाए मार्ग और शिक्षाओं का अनुसरण कर समाज में भाईचारे एवं सद्भाव का वातावरण बनेगा और राष्ट्र प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा।'' राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान भी राजधानी पटना स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित समारोह में शामिल हुए, जहां राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव सहित राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों के सदस्य भी उपस्थित थे। बाद में मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शहर के शास्त्री नगर स्थित पार्क पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें भी श्रद्धांजलि दी। नीतीश कुमार ने कहा, ‘‘शास्त्री जी का जीवन सादगी और देशभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर हमें राष्ट्रीय एकता को और मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।

बिहार में रबी सीजन की शुरुआत, सीएम नीतीश ने किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाई

पटना बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को वासंतिक (रबी) महाभियान का शुभारंभ किया। सीएम नीतीश कुमार ने आज एक अणे मार्ग से वासंतिक (रबी) महाभियान (2025 – 26 ) का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर किसान जागरुकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सभी 38 जिलों के लिए एल.ई.डी युक्त प्रचार वाहनों को सभी पंचायतों में किसानों को जागरूक करने के लिए रवाना किया गया। रबी – 2025 की सफलता के लिये रबी महाभियान की शुरूआत की जा रही है। कृषि विभाग द्वारा वासंतिक (रबी) मौसम में फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिये कई कार्यक्रमों का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस महाभियान में सभी कृषि विज्ञान केन्द्रों के वैज्ञानिक और विभाग के सभी कृषि प्रसार कर्मी सम्मलित होंगे। इसके माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी तकनीकी प्रशिक्षण देते हुए कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी जायेगी। साथ ही कृषि विभाग की योजनाओं का प्रचार-प्रसार तथा विभिन्न उपादानों का वितरण पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जायेगा। किसानों को उपलब्ध कराए जाएंगे प्रमाणित बीज लाभार्थी किसान को कृषि की उन्नत तकनीक एवं विभागीय योजना अन्तर्गत अनुदान के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा जानकारी एवं प्रशिक्षण दी जाएगी। इसके अतिरिक्त किसानों के बीच विभिन्न योजनाओं के तहत अनुदानित दर पर उपादान का वितरण भी किया जायेगा। किसानों को प्रमाणित बीज विभाग द्वारा रबी अभियान के दौरान उपलब्ध कराया जाएगा । कृषि विभाग द्वारा किसानों को तेलहन, दलहन, मक्का के साथ-साथ बागवानी फसलों, गेहूँ के बीज / उपादान मुहैया कराया जा रहा है। इसके साथ ही कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत दिया जाने वाला अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।  

नीतीश कुमार ने गोपालगंज में किया 1599 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ

गोपालगंज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सांसद संजय झा रविवार को गोपालगंज पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने सबेया फील्ड में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं के लाभुकों से सीधा संवाद स्थापित किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कुल 1599 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने राज्य के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि सरकार जनहित में लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने लाभुकों से बातचीत के दौरान उनकी समस्याएं और सुझाव सुने और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, सांसद संजय झा ने क्षेत्र के विकास के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए अपने विचार रखे। इस कार्यक्रम का मंच संचालन भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गिरी ने किया। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, जनक राम, भाजपा के पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी, रामसेवक सिंह और जदयू जिलाध्यक्ष आदित्य शंकर शाही ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और अधिकारी मौजूद रहे।  

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का बड़कागांव आगमन, तैयारियों में जुटा प्रशासनिक अमला

गोपालगंज गोपालगंज जिले के हथुआ विधानसभा क्षेत्र के बड़कागांव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संयुक्त संवाद कार्यक्रम को लेकर मुक्ति आदर्श उच्च विद्यालय के मैदान में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासनिक अधिकारी, पथ निर्माण, बिजली विभाग और पीएचइडी के कर्मचारी इलाके में कैंप कर हर बिंदु पर निगरानी रख रहे हैं। जिले के सभी अधिकारी स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं का अध्ययन कर समाधान निकालने में जुटे हैं। 28 सितंबर को होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार की शाम डीएम पवन कुमार सिन्हा, हथुआ एसडीएम अभिषेक कुमार चंदन और एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने सभा स्थल का निरीक्षण किया। पूर्व मंत्री रामसेवक सिंह, जेडीयू जिलाध्यक्ष आदित्य शंकर शाही और अन्य पार्टी नेता भी तैयारियों में शामिल हुए। अधिकारियों की टीम लगातार इलाके में कैंप कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही है। सुरक्षा एजेंसियां भी मौके पर तैनात हैं और हर बिंदु पर निगरानी कर रही हैं। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हेलिपैड के लिए सबेया एयरपोर्ट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। हेलिपैड से सड़क मार्ग के जरिए सभा स्थल तक पहुंचा जाएगा। बड़कागांव में इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह और खुशी की लहर है। क्षेत्र में लंबे समय से लंबित कई समस्याओं के समाधान पर काम शुरू होने की उम्मीद है। लोग मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के आने से क्षेत्र के विकास और संभावित बड़ी घोषणाओं की प्रतीक्षा में हैं।