samacharsecretary.com

सर्दी का कहर: उत्तर भारत ठंड की गिरफ्त में, एक हफ्ते तक कोहरे का अलर्ट; जानें शीतलहर की स्थिति

 नई दिल्ली उत्तर भारत में अगले सात दिनों तक सुबह और शाम के समय बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी मध्य प्रदेश, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पू्र्वी राजस्थान में चार जनवरी को शीतलहर की चेतावनी है। इसके अलावा, पांच से आठ जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के कुछ इलाकों, पांच से नौ जनवरी के दौरान पश्चिमी राजस्थान, पांच से 10 जनवरी के दौरान पूर्वी राजस्थान में और छह व सात जनवरी के दौरान झारखंड में शीतलहर चलने की पूरी संभावना है।   मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान, उत्तर पश्चिम भारत में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद इसमें दो दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिलेगी। अगले तीन दिनों के दौरान, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। अगले दो दिनों में महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभवना नहीं है। इसके बाद इसमें चार दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। जम्मू कश्मीर में पारा हिमांक के नीचे लुढ़का वहीं, उत्तर भारत शनिवार को भयंकर ठंड की चपेट में रहा तथा जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में पारा हिमांक बिंदु से नीचे चला गया। मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड का प्रकोप रहा और सुबह के शुरुआती घंटों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि चार से सात जनवरी तक राष्ट्रीय राजधानी में अलग-थलग स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना है। विभाग ने रविवार को यहां घना कोहरा छाये रहने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। जब न्यूनतम तापमान मौसमी औसत से 4.5 से 6.5 डिग्री नीचे गिर जाता है, तब शीतलहर घोषित की जाती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 1.2 डिग्री अधिक था। यहां अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। यहां आयानगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड पर सबसे अधिक अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कड़ाके की सर्दी का अलर्ट: चार दिन में 1–3 डिग्री लुढ़केगा पारा, सतर्क रहें

रायपुर  छत्तीसगढ़ के उत्तर और मध्य संभागों में ठंड और कोहरे का दौर जारी है. इसी बीच मौसम विभाग ने आगामी दिनों में प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ने की चेतावनी जारी की है. अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है. इसके साथ ही सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभागों में शीतलहर चलने की भी आशंका जताई है. बता दें, गुरुवार सुबह राजधानी रायपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, सरगुजा, मैनपाट और GPM समेत कई स्थानों में सुबह कोहरा छाया रहा. प्रदेश में दिन का सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं रात का सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल कोई विशेष मौसमी प्रणाली (सिनोप्टिक सिस्टम) सक्रिय नहीं है, जिससे मौसम शुष्क बना रहेगा. राजधानी में आज का मौसम रायपुर शहर में आज को कोहरा छाए रहने की संभावना है. साथ ही अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है. वहीं शीतलहर के असर को देखते हुए रायपुर मेयर मीनल चौबे और कमिश्नर विश्वदीप ने सभी जोन कमिश्नरों और जोन स्वास्थ्य अधिकारियों को रात के समय फील्ड में मौजूद रहकर अलाव व्यवस्था की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो. रायपुर नगर निगम ने आम नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए शहर के 12 अलग-अलग स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी है. इससे बेघर लोगों, राहगीरों और जरूरतमंदों को कड़ाके की ठंड से राहत मिल सकेगी. ऐसा रहा बीते दिन प्रमुख शहरों का तापमान शहर अधिकतम तापमान (∘C) न्यूनतम तापमान (∘C) दुर्ग 30.8 09.2 माना एयरपोर्ट 29.5 09.6 बिलासपुर 29.0 11.8 जगदलपुर 30.2 10.5 पेण्ड्रारोड 26.0 09.0