samacharsecretary.com

राजस्थान में सर्दी ने पकड़ी रफ्तार, शेखावाटी–जयपुर में गिरा पारा

  जयपुर राजस्थान में कोहरे के बीच अब हल्की ठंडी हवाओं ने भी दस्तक दे दी है। इसके असर से शेखावाटी के साथ-साथ जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह-शाम सर्दी का असर बढ़ने लगा है, जबकि कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। बुधवार को नागौर में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फतेहपुर में 3.8, लूणकरणसर में 4.3 और डूंगरपुर में 4.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। ठंडी हवाओं के चलते शेखावाटी क्षेत्र के सीकर, फतेहपुर, चूरू और पिलानी सहित नागौर व बीकानेर के आसपास के इलाकों में सुबह और शाम कड़ाके की ठंड महसूस की गई। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में कोहरे का असर भी बरकरार है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर में बुधवार को भी घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल अगले एक-दो दिन प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। कोहरे के चलते प्रदेश में सड़क हादसों की संख्या भी बढ़ रही है। वहीं हवाई और रेल परिवहन पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को भी जयपुर एयरपोर्ट आने वाली कुछ डोमेस्टिक फ्लाइट्स तय समय से देरी से पहुंची। हालांकि 18-19 दिसंबर से उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी जिलों में 19 से 22 दिसंबर के बीच कहीं-कहीं हल्के बादल छा सकते हैं। वहीं, प्रदेश के अन्य हिस्सों में बुधवार को मौसम साफ रहा और सुबह से तेज धूप खिली रही। धूप तेज होने के कारण कई शहरों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और जोधपुर में 30.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कोहरे में डूबा पलामू, कांपा गुमला: जानिए झारखंड में आगे कैसा रहेगा मौसम

रांची झारखंड के कई जिलों में बीते 24 घंटे के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है। कहीं ठंड में बढ़ोतरी हुई है तो कहीं दिन के तापमान में मामूली गिरावट से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। राहत की बात यह है कि राज्य के किसी भी हिस्से में शीतलहर की स्थिति नहीं बनी है। सुबह-शाम ठंड का असर, शीतलहर से फिलहाल राहत        मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बना हुआ है, जिसके कारण सुबह और शाम के समय ठंड महसूस की जा रही है। हालांकि दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ सुकून मिल रहा है। फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और अगले कुछ दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। कोहरे की वजह से कई इलाकों में द्दश्यता काफी कम हो गई। वहीं शीतलहर का भी कोई अलर्ट नहीं है। डालटनगंज में घने कोहरे से 300 मीटर तक सिमटी दृश्यता पलामू जिले के डालटनगंज में द्दश्यता घटकर 300 मीटर रह गई, जबकि राजधानी रांची में 700 मीटर और जमशेदपुर में 800 मीटर रिकॉर्ड की गई। बेतला क्षेत्र में घने कोहरे के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह करीब 9 बजे तक कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर चलना जोखिमभरा रहा। ठंड के कारण किसान, मजदूर और छोटे व्यवसायी ठिठुरते हुए काम करते नजर आए। शाम ढलते ही ठंड बढ़ने से लोग जल्दी घरों में दुबक गए। स्कूल और कोचिंग जाने वाले बच्चों को भी सुबह की ठंड झेलनी पड़ी। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के लगभग सभी जिलों में सुबह के समय कोहरा या धुंध देखी जा रही है, जबकि दिन में आसमान साफ रहता है। गुमला का तापमान पहुंचा 7 डिग्री राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया। वहीं पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे अधिक है। डालटनगंज में अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री गिरकर 25.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री बढ़कर 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री घटकर 24.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री बढ़कर 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री और न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम केंद्र रांची के अनुसार  अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

सावधान बिहार! तापमान में तेज गिरावट और घना कोहरा, मौसम विभाग ने जारी किया नया अपडेट

पटना राज्य में तापमान में कोई बड़ा बदलाव फिलहाल नहीं दिख रहा है और ठंड की स्थिति यथावत बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन दिनों के दौरान राज्य के कई इलाकों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर तक का कोहरा छा सकता है। विशेष रूप से गंगा किनारे बसे क्षेत्रों में देर तक धुंध बने रहने के आसार जताये गये हैं, जिससे सुबह की द्दश्यता प्रभावित हो सकती है। विभाग ने बताया है कि इस दौरान मौसम में किसी प्रकार के बड़े उतार- चढ़ाव की संभावना नहीं है। पूर्वानुमान के मुताबिक आगामी पांच दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी खास बदलाव की उम्मीद नहीं है। यानी फिलहाल राज्य में ठंड की मौजूदा स्थिति जैसी है, वैसी ही बनी रहने वाली है। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि सुबह के समय वाहन चलाते समय सतर्क रहें।

नवंबर में गिरेगा पारा: धुंध से ढका राजस्थान, शुरू हुई कड़ाके की ठंड

जयपुर राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा। जयपुर, अजमेर, जोधपुर, बीकानेर और भरतपुर संभाग में अगले 2 से 3 दिनों तक आसमान साफ और दिन में धूप खिली रहने की संभावना है। तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। वहीं, उदयपुर और कोटा संभाग में अगले 48 घंटे तक आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। बीते दिनों जिन जिलों में बारिश हुई है, अब वहां धुंध का असर भी देखने को मिल रहा है। पिछले सप्ताह 24 से 30 अक्टूबर के बीच राज्य में औसतन 19.6 मिमी वर्षा हुई। पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में कहीं-कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार नवंबर में प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश होने के संकेत हैं। हालांकि रात के तापमान में विशेष गिरावट नहीं होगी और सर्दी का असर सामान्य रहेगा। उदयपुर, कोटा, जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग में दिन का तापमान औसत से नीचे रह सकता है। पिछले तीन दिनों की बारिश के बाद शुक्रवार को अलवर और आसपास के इलाकों में हल्की धुंध छाई रही। वहीं उदयपुर, डूंगरपुर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। देर शाम तक मौसम साफ हो गया। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, हिंद महासागर में इंडियन ओशन डायपॉल कमजोर और प्रशांत महासागर में ला-नीना की स्थिति बनी हुई है, जिससे पूरे भारत में (जम्मू-कश्मीर और तमिलनाडु को छोड़कर) नवंबर में सामान्य से ज्यादा बारिश की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर, जबकि सबसे कम 18.2 डिग्री सेल्सियस पाली में दर्ज हुआ। सीकर, टोंक, अजमेर, अलवर, बारां, प्रतापगढ़ और सिरोही में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे रहा। प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान (तापमान 31 अक्टूबर का डिग्री सेल्सियस में है) — अजमेर 27.8 और 18.9, भीलवाड़ा 25.7 और 20.5, वनस्थली (टोंक) 25.6 और 18.8, अलवर 27 और 21, जयपुर 27.8 और 21.1, पिलानी 31.7 और 20.7, सीकर 29.5 और 19.5, कोटा 25.8 और 21.2, चित्तौड़गढ़ 26.3 और 19, उदयपुर 24 और 20.2, बाड़मेर 34.4 और 23.1, जैसलमेर 34.2 और 19, जोधपुर 31.8 और 22.2, बीकानेर 32.2 और 19.4, चूरू 31.5 और 20.5, गंगानगर 31.5 और 20.1, नागौर 32 और 19.2, जालोर 31 और 22.3, दौसा 28.1 और 21.5, प्रतापगढ़ 25.5 और 20.3, झुंझुनूं 29.9 और 20.5, पाली 27.1 और 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा।