samacharsecretary.com

चार युगों की अवधारणा: कितनी लंबी है कलयुग की वास्तविक अवधि?

हिंदू धर्म में समय को चार युगों जैसे सतयुग, त्रेतायुग, द्वापर और कलयुग, में बांटा गया है, जिन्हें मिलाकर एक महायुग बनता है. इनमें कलयुग को सबसे अंतिम और नैतिक रूप से सबसे कमजोर युग माना जाता है. धर्मग्रंथों में बताया गया है कि कलयुग की शुरुआत महाभारत युद्ध के बाद, लगभग 3102 ईसा पूर्व में हुई थी. इस हिसाब से देखा जाए तो अभी कलयुग का बहुत छोटा हिस्सा ही बीता है और इसका लंबा समय बाकी है. सबसे प्रचलित मान्यता मान्यता के अनुसार, चारों युगों की अवधि इस प्रकार है जैसे सतयुग 17,28,000 वर्ष, त्रेतायुग 12,96,000 वर्ष, द्वापर युग 8,64,000 वर्ष और कलयुग 4,32,000 वर्ष. इस गणना के अनुसार कलयुग की कुल आयु 4 लाख 32 हजार वर्ष मानी जाती है. यही कारण है कि इसे एक बहुत लंबा और धीरे-धीरे बदलने वाला युग माना गया है, जिसमें समय के साथ धर्म और नैतिकता का ह्रास होता जाता है. 1250 वर्ष वाली मान्यता कुछ पौराणिक मान्यताओं में युगों की अवधि को बहुत छोटे पैमाने पर भी समझाया गया है. इस मत के अनुसार हर युग की अवधि लगभग 1250 वर्ष होती है और इस तरह चारों युगों का पूरा चक्र केवल 5000 वर्षों में पूरा हो जाता है. इस दृष्टिकोण में युगों को प्रतीकात्मक रूप में देखा जाता है, जहां बदलाव अपेक्षाकृत तेजी से होते हैं. कुछ विद्वानों, जैसे परमहंस राजनारायण जी, ने युगों की अवधि को एक अलग तरीके से समझाया है. उनके अनुसार सतयुग 1200 वर्ष, त्रेता 2400 वर्ष, द्वापर 3600 वर्ष और कलयुग 4800 वर्ष का होता है. इस मत में युगों को मानव आधारित समय से जोड़ा गया है, न कि देवताओं के समय से. इससे यह समझने की कोशिश की गई है कि युगों की गणना को अधिक व्यावहारिक और ऐतिहासिक दृष्टि से भी देखा जा सकता है. वैदिक और ज्योतिष दृष्टिकोण वैदिक ग्रंथों में “युग” शब्द का अर्थ हमेशा लाखों वर्षों की अवधि नहीं रहा है. कई जगह इसे समय, काल या दिन-रात के रूप में भी प्रयोग किया गया है. वहीं ज्योतिष और खगोल विज्ञान के अनुसार पृथ्वी को राशि मंडल का एक पूरा चक्कर लगाने में लगभग 25,920 वर्ष लगते हैं, जिसे कुछ विद्वान एक युग चक्र के रूप में भी देखते हैं. इससे यह स्पष्ट होता है कि अलग-अलग काल और विद्वानों के अनुसार युग की परिभाषा बदलती रही है. कलयुग का अंत और भगवान कल्कि हिंदू धर्म के अनुसार जब कलयुग में पाप, अधर्म, झूठ और अन्याय अपनी चरम सीमा पर पहुंच जाएंगे, तब भगवान विष्णु का अंतिम अवतार, यानी कल्कि अवतार, प्रकट होगा. मान्यता है कि भगवान कल्कि सफेद घोड़े पर सवार होकर हाथ में तलवार लिए अवतार लेंगे और पृथ्वी से अधर्म का नाश करेंगे. उनके आगमन के साथ ही कलयुग समाप्त हो जाएगा और एक बार फिर से सतयुग की शुरुआत होगी, जिसे सत्य और धर्म का युग माना जाता है.

क्या कलयुग अपने अंत की ओर है? जानिए शास्त्रों में क्या दिए गए हैं संकेत

 क्या सच में कलयुग अपने अंतिम चरण पर है? आज के समय में टूटते रिश्ते, घटता भरोसा और बदलती जीवनशैली कई सवाल खड़े कर रही है. हर दिन की खबरें बताती हैं कि सही और गलत के बीच की रेखा धीरे-धीरे धुंधली होती जा रही है. इंसानियत कमजोर पड़ती नजर आ रही है. ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या यह सिर्फ आधुनिकता का असर है या फिर उन संकेतों की शुरुआत, जिनका जिक्र हमारे शास्त्रों में पहले ही किया जा चुका है. शास्त्रों के अनुसार, जब पाप अपनी सीमा पार करता है, तब भगवान अवतार लेते हैं. कल्कि पुराण के मुताबिक, जब धरती पर पाप बढ़ जाएगा तो भगवान कल्कि धरती पर अवतार लेंगे. पुराणों के अनुसार, भगवान कल्कि भगवान विष्णु के आखिरी अवतार हैं, जो धरती पर पाप कम करने के लिए आएंगे. लेकिन किसी भी युग का अंत अचानक नहीं होता है. यह धीरे-धीरे हमारे सामने ही आकार लेता है. शास्त्रों में बताए गए संकेत और आज की स्थिति श्रीमद्भागवत पुराण में वर्णन मिलता है कि कलयुग के अंतिम समय में इंसान सही और गलत का फैसला अपने स्वार्थ के आधार पर करेगा. अगर आज के समाज को देखें, तो यह बात काफी हद तक सच लगती है. डिजिटल दुनिया में हजारों लोगों से जुड़े होने के बावजूद, इंसान अंदर से अकेला होता जा रहा है. परिवार टूट रहे हैं, रिश्तों की मर्यादा कमजोर हो रही है. प्रकृति भी असंतुलन की ओर बढ़ती दिख रही है. नदियां प्रदूषित हो रही हैं और हवा जहरीली होती जा रही है. इन परिस्थितियों को कई लोग उन संकेतों के रूप में देखते हैं, जो एक बड़े बदलाव या रीसेट की ओर इशारा करते हैं. क्या कल्कि अवतार और प्रलय के संकेत दिखाई दे रहे हैं? पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, प्रलय विनाश नहीं बल्कि सृष्टि के शुद्धिकरण का समय होता है. कुछ धार्मिक स्थानों से जुड़ी मान्यताएं भी इस ओर संकेत करती हैं. – कहा जाता है कि उत्तर प्रदेश के संभल में भगवान कल्कि का जन्म होगा. – महाराष्ट्र के केदारेश्वर मंदिर के चार खंभों को चार युगों का प्रतीक माना जाता है, जिनमें से अब सिर्फ एक बचा है. – वहीं जोशीमठ में हो रही घटनाओं और नरसिंह भगवान की मूर्ति से जुड़ी मान्यताएं भी बड़े बदलाव की ओर इशारा कर रही हैं. हालांकि, सबसे जरूरी बात यह है कि कलयुग का अंत केवल बाहरी घटनाओं से नहीं जुड़ा है, बल्कि यह हमारे अंदर चल रहे धर्म और अधर्म के संघर्ष का परिणाम भी है. अंत में, हमारे कर्म ही तय करेंगे कि हम आने वाले समय में किस दिशा में खड़े होंगे. कैसा होगा भगवान कल्कि का रूप? धार्मिक ग्रंथों में बताया गया है कि भगवान कल्कि का स्वरूप बेहद तेजस्वी और दिव्य होगा. वे एक सफेद घोड़े पर सवार होकर प्रकट होंगे, जिसे देवदत्त कहा गया है. उनके हाथ में एक शक्तिशाली तलवार होगी, जिसकी चमक बहुत प्रखर बताई जाती है. कहा जाता है कि उनकी गति इतनी तेज होगी कि वह पल भर में कहीं भी पहुंच सकते हैं. उनका व्यक्तित्व इतना प्रभावशाली होगा कि अधर्म की शक्तियां उनसे भयभीत हो जाएंगी. कल्कि को कौन देगा शिक्षा? मान्यताओं के अनुसार, भगवान परशुराम कल्कि के गुरु होंगे. वही उन्हें युद्ध कौशल और अस्त्र-शस्त्र चलाने की शिक्षा देंगे. परशुराम पहले से ही एक महान योद्धा माने जाते हैं, इसलिए उनके मार्गदर्शन में कल्कि पूरी तरह तैयार होंगे, ताकि वे धर्म की रक्षा कर सकें और बुराई का अंत कर सकें. किससे होगा कल्कि का सामना? कल्कि अवतार का उद्देश्य दुनिया से पाप और अन्याय को खत्म करना बताया गया है. वे उन लोगों और शासकों का नाश करेंगे, जो समाज में गलत काम और अत्याचार फैलाते हैं. उनका सबसे बड़ा मुकाबला ‘कलि’ नाम की शक्ति से होगा, जो कलयुग की नकारात्मकता का प्रतीक मानी जाती है. यह लड़ाई सिर्फ हथियारों की नहीं, बल्कि अच्छाई और बुराई के बीच एक बड़ा संघर्ष होगी. अंत में, कल्कि धर्म की फिर से स्थापना करेंगे और दुनिया में संतुलन वापस लाएंगे.

महाभारत के श्राप और कलयुग का संबंध, युधिष्ठिर से लेकर अश्वत्थामा तक की कथाएं

महाभारत सिर्फ एक युद्ध की कहानी नहीं, बल्कि जीवन का एक बड़ा ग्रंथ माना जाता है. यह कौरवों और पांडवों के बीच हुआ युद्ध था, जो धर्म और अधर्म की लड़ाई का प्रतीक है. इसमें हमें कर्म, सत्य, रिश्तों और निर्णयों के परिणाम के बारे में गहरी सीख मिलती है. इस दौरान कई ऐसे श्राप दिए गए, जिन्हें लेकर मान्यता है कि उनका असर आज के कलयुग में भी देखा जाता है. इन श्रापों को लोग कर्मों के फल और चेतावनी के रूप में देखते हैं. तो आइए विस्तार से जानते हैं उन श्रापों के बारे में. युधिष्ठिर ने दिया था समस्त नारी जाति को श्राप महाभारत की कथानुसार, जब कर्ण की मृत्यु हुई थी, तब उसकी अंतिम क्रिया के समय कुंती ने पांडवों को बताया कि कर्ण उनका बड़ा भाई था. यह सच जानकर युधिष्ठिर को बहुत दुख और पछतावा हुआ, क्योंकि उन्होंने अपने ही भाई के खिलाफ युद्ध किया था. युधिष्ठिर को लगा कि अगर यह सच पहले पता होता, तो महाभारत का युद्ध टल सकता था. उन्होंने गुस्से में आकर कहा कि आगे से कोई भी महिला किसी बात को पूरी तरह छुपाकर नहीं रख पाएगी. इस कथा के आधार पर माना जाता है कि महिलाएं कोई भी बात ज्यादा समय तक छिपाकर नहीं रख पाती हैं. हालांकि, यह सिर्फ एक पौराणिक मान्यता है, इसका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है. राजा परीक्षित को मिला था मृत्यु का श्राप कथानुसार, राजा परीक्षित की कहानी महाभारत के बाद की मानी जाती है और इसे कलयुग की शुरुआत से भी जोड़ा जाता है. एक बार राजा परीक्षित शिकार के लिए जंगल गए था. वहां उन्हें शमीक ऋषि ध्यान में लीन दिखाई दिए. राजा ने कई बार उनसे बात करने की कोशिश की, लेकिन ऋषि मौन व्रत में थे, इसलिए उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. इससे नाराज होकर परीक्षित ने गुस्से में आकर एक मरा हुआ सांप उठाया और ऋषि के गले में डाल दिया. जब यह बात ऋषि के पुत्र को पता चली, तो उन्होंने क्रोधित होकर राजा को श्राप दे दिया कि 7 दिनों के भीतर सर्प के काटने से उनकी मृत्यु हो जाएगी. कहा जाता है कि श्राप के अनुसार 7वें दिन तक्षक नाम के नाग ने राजा परीक्षित को डस लिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई थी. श्रीकृष्ण ने दिया था अश्वत्थामा को श्राप महाभारत की कथा के मुताबिक, अपने पिता दौणाचार्य की मृत्यु के प्रतिशोध में आकर अश्वत्थामा ने सोते हुए पांडवों के पुत्रों (उपपांडवों) की हत्या कर दी थी. यह कृत्य युद्ध के नियमों के खिलाफ माना गया था. साथ ही, उन्होंने उत्तरा के गर्भ को भी नष्ट करने की कोशिश की, ताकि अर्जुन का वंश समाप्त हो जाए. इस घटना से दुखी और क्रोधित होकर श्री कृष्ण ने अश्वत्थामा को कठोर श्राप दिया था. श्री कृष्ण ने अश्वत्थामा को श्राप देते हुए कहा कि वे कभी मर नहीं पाएंगे और कलयुग के अंत तक धरती पर भटकते रहेंगे. लोक मान्यताओं के अनुसार, अश्वत्थामा आज भी जीवित हैं और अलग-अलग जगहों पर उनके दिखने की कहानियां सुनने को मिलती हैं, हालांकि इसका कोई प्रमाण नहीं है. कलयुग की अवधि क्या है? धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, कलयुग की कुल अवधि लगभग 4,32,000 साल मानी गई है. कहा जाता है कि इसकी शुरुआत भगवान कृष्ण के पृथ्वी से जाने के बाद, करीब 3102 ईसा पूर्व में हुई थी. अब तक इसके हजारों साल बीत चुके हैं और यह युग अभी लंबे समय तक चलेगा.