samacharsecretary.com

‘मेस’ के साथ फिर जुड़ी ऋतिक रोशन और प्राइम वीडियो की जोड़ी

मुंबई,  प्राइम वीडियो आने वाली ऑरिजनल फिल्म 'मेस', ऋतिक रोशन और ईशान रोशन द्वारा उनके बैनर 'एचआरएक्स फिल्म्स' (फिल्मक्राफ्ट प्रोडक्शंस की एक डिवीजन) के तहत बनाई जा रही है। इस प्रोजेक्ट में राजेश ए. कृष्णन की 'सोडा फिल्म्स लैब' भी उनके साथ जुड़ी है।राजेश ए. कृष्णन के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म का प्रोडक्शन जल्द ही शुरू होने वाला है। यह कॉमेडी फिल्म स्ट्रीमिंग सर्विस और एचआरएक्स फिल्म्स (फिल्मक्राफ्ट प्रोडक्शंस की एक डिवीजन) के बीच दूसरा कोलैबोरेशन है, इससे पहले थ्रिलर सीरीज 'स्टॉर्म' का एलान हो चुका है। इस फिल्म की ओरिजिनल पटकथा अमेरिकी लेखक पॉल सोटर ने लिखी है, जबकि अडैप्टेड स्क्रीनप्ले और डायलॉग्स कपिल सावंत ने लिखे हैं। 'मेस' की कहानी लुटेरों के एक ऐसे अजीबोगरीब ग्रुप के बारे में है, जो एक ओसीडी से पीड़ित आदमी के घर में घुस जाते हैं। धीरे-धीरे उन्हें एहसास होता है कि खतरा उस परिवार को नहीं, बल्कि खुद उन्हें है और इस रात भर चलने वाली खींचतान में उनका बचना मुश्किल है। निर्माता ऋतिक रोशन ने कहा, "'स्टॉर्म' के साथ प्राइम वीडियो के साथ एक खास सफर की शुरुआत हुई थी और 'मेस' हमारी कंपनी 'एचआरएक्स फिल्म्स' के लिए एक अगला और स्वाभाविक कदम है।" उन्होंने कहा, "प्राइम वीडियो के साथ हमारी साझेदारी ने हमें कुछ अलग और नया कर दिखाने का मौका दिया है, और यह प्रोजेक्ट उसी सोच को पूरी तरह से दर्शाता है। राजेश (राजेश ए. कृष्णन) एक प्रोड्यूसर और डायरेक्टर के तौर पर अपनी एक अलग पहचान रखते हैं; उनके पास कॉमेडी को एक बेहतरीन कहानी के साथ जोड़ने का शानदार हुनर है। 'मेस' के लिए उनका नजरिया शुरू से ही कमाल का रहा है। जैसे-जैसे फिल्म का काम आगे बढ़ रहा है, मैं और ईशान इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं। हमारा मानना है कि यह फिल्म उन दर्शकों को बहुत पसंद आएगी जो लीक से हटकर और नई तरह की कहानियों को देखना पसंद करते हैं।"  

ऋतिक रोशन के पर्सनैलिटी राइट्स : दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनाया फैसला, ई-कॉमर्स और सोशल प्लेटफॉर्म्स से हटाने होंगे पोस्ट

नई दिल्ली,  दिल्ली हाईकोर्ट ने बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन को बड़ी राहत दी है। अदालत ने ऋतिक रोशन के पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए एक अहम आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत कोर्ट ने बिना अनुमति के सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म पर लगाए गए पोस्ट्स के यूआरएल हटाने का निर्देश दिया है। यह कदम ऋतिक रोशन की पहचान और छवि के अनधिकृत उपयोग को रोकने के लिए उठाया गया है। न्यायालय ने इस मामले की सुनवाई के दौरान यह भी कहा कि आदेश पारित करने से पहले सभी संबंधित पक्षों को सुना जाएगा ताकि न्यायसंगत निर्णय लिया जा सके। अदालत ने ऋतिक रोशन के वकील से प्रोफाइल पेजों का विवरण मांगा है और साथ ही मूल सब्सक्राइबर की जानकारी भी हासिल करने को कहा है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि आदेश पारित करते समय सभी पक्षों की बात सामने आए और न्याय प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़े। इस मामले में अदालत ने ईबे, फ्लिपकार्ट, और टेलीग्राम जैसे बड़े ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की दलीलों को भी रिकॉर्ड पर लिया है। इन प्लेटफॉर्म्स ने बताया है कि कुछ पोस्ट का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है और इसलिए उन पोस्ट के यूआरएल हटाने की मांग की जा रही है। ऋतिक रोशन की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि उनकी तस्वीरों और नाम का ऑनलाइन दुरुपयोग किया जा रहा है। इसमें कई बार उनकी पहचान से जुड़ी गलत और भ्रामक सामग्री भी शामिल है, जो उनके व्यक्तित्व अधिकारों का उल्लंघन है। इसके अलावा, कुछ लोग उनकी छवि का इस्तेमाल करके कमाई भी कर रहे हैं, जो पूरी तरह से गैरकानूनी है। इसी वजह से अभिनेता ने न्यायालय से आग्रह किया कि उनके पर्सनैलिटी राइट्स की कड़ी सुरक्षा की जाए और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर बिना अनुमति उनके फोटो, वीडियो या नाम के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया जाए। ऋतिक रोशन के अलावा कई अन्य मशहूर हस्तियों ने भी अपने पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए अदालत का रुख किया है। इनमें ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, करण जौहर और कुमार सानू जैसे नाम शामिल हैं, जिन्होंने बिना अनुमति के अपनी तस्वीरों, आवाज और पहचान के इस्तेमाल को रोकने के लिए अदालत से राहत मांगी थी। अदालतों ने इन सभी को अंतरिम राहत देते हुए कहा था कि उनकी पहचान का अपमानजनक या गलत तरीके से उपयोग नहीं किया जाना चाहिए। भारत में पर्सनैलिटी राइट्स को लेकर अभी तक कोई विशेष कानून नहीं बना है, लेकिन न्यायालय संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत निजता के अधिकार की रक्षा करते हुए हस्तियों को संरक्षण प्रदान कर रहे हैं। यह अधिकार किसी भी व्यक्ति की पहचान, छवि और आवाज को बिना अनुमति के उपयोग से बचाता है।  

ऋतिक रोशन करेंगे डिजिटल डेब्यू? ‘स्टॉर्म’ के लिए प्राइम वीडियो से मिलाया हाथ

मुंबई प्राइम वीडियो ने आज अपनी आने वाली ओरिजिनल ड्रामा सीरीज ‘स्टॉर्म’ की घोषणा की है. इस प्रोजेक्ट के साथ सुपरस्टार ऋतिक रोशन  और उनकी कंपनी HRX फिल्म्स (फिल्मक्राफ्ट प्रोडक्शंस का हिस्सा) का एक नया और रोमांचक कोलैबोरेशन शुरू हुआ है. इस सीरीज को अजीतपाल सिंह ने बनाया और डायरेक्ट किया है, जिसकी दिलचस्प कहानी अजीतपाल सिंह, फ्रांस्वा लुनेल और स्वाति दास ने लिखी है. आने वाली इस सीरीज़ को ऋतिक रोशन और ईशान रोशन प्रोड्यूस कर रहे हैं. बता दें कि यह ऋतिक रोशन  के लिए स्ट्रीमिंग की दुनिया में पहला कदम होगा. ‘स्टॉर्म’ में पार्वती थिरुवोथु, आलया एफ, सृष्टि श्रीवास्तव, रमा शर्मा और सबा आजाद जैसी शानदार कलाकारों की टीम नजर आएगी. इसका प्रोडक्शन जल्द ही शुरू होने वाला है. ये एक रोमांचक थ्रिलर ड्रामा है, जिसकी कहानी मुंबई की बैकड्रॉप पर आधारित है. प्राइम वीडियो के वाइस प्रेसिडेंट, APAC और MENA गौरव गांधी ने कहा, “प्राइम वीडियो में हमारा मकसद हमेशा अच्छे कलाकारों और क्रिएटिव लोगों को मौका देना है, चाहे वो कैमरे के आगे हों या पीछे. हम ऐसी कहानियां लाना चाहते हैं जो दुनिया भर के लोगों को पसंद आएं. ऋतिक रोशन भारतीय फिल्मों के सबसे टैलेंटेड और रचनात्मक स्टार्स में से एक हैं. उनके और HRX Films के साथ हमारा यह साथ काम करना हमारे लिए बहुत खास है. ‘स्टॉर्म’ सिर्फ एक सीरीज नहीं, बल्कि एक नए और रोमांचक सफर की शुरुआत है, जिससे आगे और भी बेहतरीन प्रोजेक्ट्स आएंगे. इस सीरीज को बनाते समय हमें बहुत अच्छा अनुभव मिला. ऋतिक की खास सोच और ईशान रोशन की जोश और मेहनत ने कहानी को और बेहतर बना दिया. ‘स्टॉर्म’  में दमदार महिला किरदार और दिलचस्प कहानी है, जो हमें यकीन है कि दुनिया भर के दर्शकों को पसंद आएगी.” एक्टर ऋतिक रोशन ने कहा, “‘स्टॉर्म’ ने मुझे ओटीटी की दुनिया में बतौर प्रोड्यूसर अपनी शुरुआत करने का एक शानदार मौका दिया. साथ ही प्राइम वीडियो, जो बेहतरीन कहानियाँ दर्शकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है, मेरे लिए पहली पसंद रहा. ‘स्टॉर्म’ की तरफ मुझे जिस चीज ने खींचा, वह अजीतपाल द्वारा बनाई गई दिलचस्प और सच्चाई से भरी दुनिया है. कहानी गहरी, दमदार और यादगार किरदारों से भरी हुई है, जिन्हें बेहद टैलेंटेड कलाकार निभाने वाले हैं. इस सीरीज में सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के दर्शकों को जोड़ने की ताकत है. मैं बेहद उत्साहित हूं कि लोग प्राइम वीडियो पर इसकी शानदार कहानी को देखेंगे.”