samacharsecretary.com

आजकल कम उम्र में क्यों बढ़ रही IVF की जरूरत? इन आदतों और कारणों से प्रभावित हो रही प्रजनन क्षमता

नई दिल्ली एक जमाना था जब IVF (इन विट्रो फर्टिलाइजेशन) की जरूरत उन कपल को ज्यादा पड़ती है, जिनकी उम्र 40 साल या उससे अधिक हो चुकी है, लेकिन अब यह तस्वीर बदल रही है, आजकल 30 से 35 साल की उम्र में ही कई कपल को IVF और फर्टिलिटी ट्रीटमेंट की जरूरत पड़ रही है. महिलाएं ही नहीं पुरुषों में भी कम उम्र में बांझपन की समस्या हो रही है. सवाल ये है कि ऐसा क्या हो गया है कि इतनी कम उम्र में ही फर्टिलिटी घट चुकी है।  30-35 की उम्र में क्यों बढ़ रही IVF की जरूरत? दिल्ली के क्रिस्टा IVF में IVF स्पेशलिस्ट डॉ. मुग्धा रुस्तगी बताती हैं कि आजकल 30 से 35 साल की उम्र के कपल IVF कराने आ रहे हैं, कारण ये है कि 30 से 35 साल की उम्र में सामान्य तरीके से बच्चा कंसीव होने में समस्या आ रही है. चिंता की बात यह है कि पहले 40 साल की उम्र के बाद महिलाओं के शरीर में अंडों की संख्या कम होने लगती थी, लेकिन अब यह गिरावट 30 से 35 साल के बीच हो रही है. अब पहले की तुलना में PCOS, एंडोमेट्रियोसिस और हार्मोन से जुड़ी परेशानियां ज्यादा होने लगी हैं. वहीं, पुरुषों में स्पर्म की संख्या में कमी आ रही है. समय से पहले ही स्पर्म काउंट कम हो रहा है. महिलाओं में भी एग कम बन रहे हैं. इन वजहों से 30 की उम्र में भी कपल फर्टिलिटी एक्सपर्ट की मदद ले रहे हैं।  बढ़ती उम्र में शादी भी एक वजह एलांटिस हेल्थकेयर, नई दिल्ली के चेयरमैन और ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी एवं IVF विभाग के प्रमुख डॉ. मनन गुप्ता बताते हैं कि अब कपल 30 साल की उम्र के बाद शादी कर रहे हैं और कुछ कपल 35 साल में बच्चा प्लान करते हैं. देरी से शादी और बच्चे की प्लानिंग के कारण लोगों में सामान्य तरीके से बच्चा कंसीव नहीं हो पा रहा है, जबकि पहले शादी 30 साल से कम उम्र में हो जाती थी. बच्चे भी समय से प्लान किए जाते थे, लेकिन अब करियर की भागदौड़  के कारण बच्चे देरी से प्लान किए जा रहे हैं. जो लोग 30 के बाद बच्चे प्लान कर रहे हैं उनको भी आईवीएफ का सहारा लेना पड़ रहा है. नेचुरल तरीके से बच्चा कंसीव नहीं हो रहा है।  खराब लाइफस्टाइल और खानपान बिगाड़ रहा फर्टिलिटी डॉ. मनन कहते हैं कि अब लोगों की लाइफस्टाइल और खानपान काफी बिगड़ गया है. देर रात जागना, घंटों ऑफिस में बैठकर काम करना, जंक फूड खाना और एक्सरसाइज न करना जैसी चीजों के कारण लोगों के हार्मोन पर असर पड़ रहा है. इससे पुरुषों और महिलाओं दोनों की फर्टिलिटी समय से पहले कम हो रही है. ऐसे में जरूरी है कि लोग अपने खानपान और लाइफस्टाइल को ठीक रखें। 

Infertility: सिर्फ महिलाएं नहीं, पुरुष भी हो रहे बांझपन के शिकार; IVF की बढ़ती मांग ने बढ़ाई चिंता

नई दिल्ली माता-पिता बनने का सपना पूरा करने के लिए अब पहले से ज्यादा कपल IVF की मदद ले रहे हैं. एवेंडस की रिपोर्ट बताती है कि देश में जून 2024 तक करीब 3.20 लाख आईवीएफ साइकिल हुई थी, लेकिन ये आंकड़ा 2028 तक 5.50 लाख तक जा सकता है, हालांकि आईवीएफ कराने वालों की संख्या बढ़ना खराब सेहत की निशानी है. अलग- अलग अस्पतालों के आईवीएफ सेंटर से ये भी पता चला है कि अब महिलाएं ही नहीं, बल्कि पुरुष भी बड़ी संख्या में इनफर्टिलिटी का शिकार हो रहे हैं।  भारत में कितनी तेजी से बढ़ रहा IVF? दिल्ली के अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल में सीनियर कंसल्टेंट डॉ. मेघा मित्तल बताती हैं कि देश में 2023 तक हर साल लगभग 2 से 2.5 लाख IVF साइकिल होती थी, लेकिन 2030 तक यह संख्या सालाना 5 से 6 लाख तक पहुंच सकती है. इलाज के लिए आने वाले कपल्स का आंकड़ा हर साल बढ़ रहा है. आईवीएफ साइकिल भी पहले की तुलना में ज्यादा हो रही हैं।  क्रिस्टा IVF की डॉ. निधि सहरावत ने बताया कि अब IVF के बारे में जानकारी लेने वाले कपल की संख्या काफी बढ़ गई है. 2025-26 में IVF कंसल्टेशन में 33.2% का इजाफा हुआ है. IVF साइकिल भी 2025-26 में 58.6%  तक बढ़ी है. मरीजों की संख्या भी 40.1% ज्यादा हो गई है।  महिलाओं में  PCOS और पुरुषों में स्पर्म काउंट एक बड़ी समस्या  डॉ निधि ने बताया कि उनके यहां आईवीएफ के लिए आने वाली कुल महिलाओं में करीब 35 फीसदी ऐसी हैं ,जिनको PCOS है और इस वजह से वह आईवीएफ का सहारा ले रही हैं. उन्होंने यह भी बताया कि लगभग आधे मामलों में पुरुषों में भी इनफर्टिलिटी की समस्याएं हैं. उनमें स्पर्म काउंट का कम होना और उसकी क्वालिटी का खराब होना जैसी समस्याएं देखी जा रही है।  डॉ निधि के मुताबिक,स्पर्म काउंट का कम होना ओलिगोस्पर्मिया नाम की बीमारी है. पुरुषों में बीते कुछ सालों में ये समस्या काफी बढ़ी है. डॉ. मेघा ने भी आईवीएफ कराने वाले कपल्स में ये दो हेल्थ प्रॉबल्म ज्यादा देखी हैं. उनका कहना है कि इनफर्टिलिटी केवल महिलाओं में ही नहीं पुरुषों में भी देखी जा रही है. 20 से 30 % पुरुषों में ये देखा जा रहा है. इसके अलावा खराब खानपान, देर से शादी, बढ़ती उम्र , महिलाओं में में परिवार शुरू करने का फैसला इसके बड़े कारण हैं।  देर से परिवार शुरू करना पड़ सकता है भारी एलांटिस हेल्थकेयर में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मनन गुप्ता ने बताया कि IVF की बढ़ती मांग के पीछे लाइफस्टाइल और मेडिकल कारणों की भूमिका है. देर से शादी और ज्यादा उम्र में परिवार शुरू करने का फैसला भी उनमें से एक है. महिलाओं की उम्र बढ़ने के साथ उनके अंडों की संख्या कम हो जाती है. कई महिलाएं PCOS के कारण भी सामान्य तरीके से बच्चा कंसीव नहीं कर पाती हैं. वहीं, पुरुषों में भी उम्र के साथ स्पर्म काउंट कम हो जाता है।   कब डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए? अगर 1 साल तक प्रयास करने के बाद भी नॉर्मल तरीके से बच्चा कंसीव नहीं हो रहा है तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है. सामान्य तौर पर 35 साल से कम उम्र की महिलाओं को एक साल कोशिश के बाद और 35 साल या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को छह महीने कोशिश के बाद जांच कराने की सलाह दी जाती है. अगर पहले से PCOS की बीमारी है और पुरुष को उसकी सेहत ठीक नहीं लग रही है तो भी डॉक्टर से सलाह जरूर लें।