samacharsecretary.com

जैकी श्रॉफ ने जूही चावला को खास अंदाज में दी जन्मदिन की बधाई, शेयर किया तस्वीरों का वीडियो

मुंबई,  90 के दशक की पॉपुलर अभिनेत्री जूही चावला ने हिंदी सिनेमा में अपनी खूबसूरती से एक अलग पहचान बनाई है। जूही ने अपनी जिंदगी में शोहरत के साथ-साथ कई उतार-चढ़ाव भी देखे हैं। हरियाणा के अंबाला में जन्मीं जूही चावला गुरुवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने उन्हें खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने जूही की कुछ तस्वीरों का एक मोंटाज वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर शेयर किया, जिसके साथ उन्होंने जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, “हैप्पी बर्थडे जूही चावला।” जूही ने हिंदी सिनेमा में अपनी अदाकारी से कई यादगार फिल्में दीं। अभिनेत्री ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। इसके बाद वे मिस वर्ल्ड तक के पायदान तक पहुंची थीं। इसके बाद उन्होंने अभिनय में किस्मत आजमाई और 1986 में आई फिल्म ‘सल्तनत’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। हालांकि, यह फिल्म ज्यादा कमाल नहीं दिखा पाई थी, जिसके बाद अभिनेत्री ने कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा। यहां पर किस्मत आजमाने के बाद उन्होंने फिर से बॉलीवुड का रुख किया। यहां पर उन्हें सबसे बड़ा फिल्मी ब्रेक फिल्म ‘कयामत से कयामत तक’ से मिला। फिल्म ‘कयामत से कयामत तक’ में अभिनेत्री ने मुख्य भूमिका निभाई थी, जिसके लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड फॉर बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड मिला था। साथ ही इसको हिंदी सिनेमा की ऐतिहासिक फिल्मों में से एक बताया गया था। बताया जाता है कि ये फिल्म शेक्सपियर के रोमियो और जूलियट की एक मॉडर्न एडॉप्शन थी। इसके बाद अभिनेत्री ने ‘प्रतिबंध’ (1990), ‘स्वर्ग’ (1990), ‘बोल राधा बोल’ (1992), ‘हम हैं राही प्यार के’ (1993), ‘डर’ (1993), और ‘अंदाज’ जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया था। जूही एक अभिनेत्री होने के साथ-साथ आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स की सह-मालकिन भी हैं। इसी के साथ ही उन्होंने शाहरुख खान के साथ मिलकर ‘ड्रीम्स अनलिमिटेड’ नाम का प्रोडक्शन हाउस भी शुरू किया, जिसके तहत फिर भी दिल है हिंदुस्तानी और अशोका जैसी फिल्में दी हैं।  

फिल्म ‘अकेला’ के 34 साल पूरे, जैकी श्रॉफ ने शेयर किया अमिताभ बच्चन संग फिल्म से जुड़ा एक सीन

मुंबई,  एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘अकेला’ को रिलीज हुए शनिवार को 34 साल पूरे हो गए। इस मौके पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने फिल्म से जुड़ी पुरानी यादों को ताजा किया। जैकी श्रॉफ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमिताभ बच्चन संग फिल्म से जुड़ा एक क्लिप शेयर किया, जिसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “फिल्म ‘अकेला’ के 34 साल पूरे।” जैकी श्रॉफ अभिनीत ‘अकेला’ साल 1991 की एक एक्शन थ्रिलर फिल्म थी। इस फिल्म में जैकी श्रॉफ के साथ-साथ अमिताभ बच्चन, अमृता सिंह, मीनाक्षी शेषाद्रि, शशि कपूर, आदित्य पंचोली, और हेलेन जैसे कलाकार अहम रोल में थे। फिल्म का निर्देशन रमेश सिप्पी ने किया था और जिसे सलीम खान ने लिखा था। फिल्म में जैकी श्रॉफ ने शेखर नाम के एक किरदार का रोल किया है, जबकि अमिताभ बच्चन ने इंस्पेक्टर विजय वर्मा का किरदार निभाया है, लेकिन फिल्म उन दिनों बॉक्स ऑफिस में कोई खास प्रदर्शन न कर सकी थी। यह फिल्म अमिताभ और रमेश सिप्पी की साथ में चौथी फिल्म थी। इससे पहले शोले, शान व शक्ति में अमिताभ रमेश सिप्पी के डायरेक्शन में काम कर चुके थे। अमिताभ के साथ शशि कपूर की यह आखिरी फिल्म थी। कहा जाता है कि इस फिल्म में हेलन पूरे छह साल के ब्रेक के बाद लौटी थीं। अभिनेता जैकी श्रॉफ की कुछ फिल्में और सीरीज रिलीज हो चुकी हैं और कुछ रिलीज के लिए लाइन पर हैं। इससे पहले वे उनकी सीरीज ‘हंटर-2’ और अनुपम खेर की फिल्म ‘तन्वी-द-ग्रेट’ में नजर आए थे और वे जल्द ही समीर विद्वांस की अपकमिंग फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा’ में नजर आएंगे। फिल्म में जैकी के अलावा, नीना गुप्ता, कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे भी नजर आएंगी। इसका निर्माण धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है। करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, शरीन मंट्री केडिया और किशोर अरोड़ा द्वारा निर्मित फिल्म 25 दिसंबर को रिलीज होगी।  

अशोक कुमार और किशोर कुमार को जैकी श्रॉफ ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

मुंबई,  हिंदी सिनेमा के दिग्गज अशोक कुमार की जन्मतिथि और किशोर कुमार की पुण्यतिथि सोमवार को है। इस मौके पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने दोनों को याद किया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए दोनों कलाकारों को श्रद्धांजलि अर्पित की। जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम पर पहली स्टोरी में अशोक कुमार की पुरानी तस्वीर और वीडियो शेयर की और लिखा, “अशोक कुमार जी को उनकी जयंती पर सादर नमन। हम उन्हें स्नेह और सम्मान के साथ याद करते हैं।” दूसरी स्टोरी में उन्होंने किशोर कुमार के एक गाने का वीडियो क्लिप शेयर किया, जिसमें किशोर अपनी मधुर आवाज में गीत गाते नजर आ रहे हैं। इसके साथ जैकी ने कैप्शन में लिखा, “किशोर कुमार जी की पुण्यतिथि पर उन्हें हृदय से याद कर रहे हैं।” अशोक कुमार, जिनका असली नाम कुमुद लाल गांगुली था, उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1936 में फिल्म ‘जीवन नैया’ से की थी, जिसके बाद उन्होंने ‘अछूत कन्या’, ‘हावड़ा ब्रिज’, ‘किस्मत’, ‘चलती का नाम गाड़ी’, ‘बंदिनी’, ‘बंधन’, ‘झूला’ और ‘कंगन’ जैसी कई यादगार फिल्मों में काम किया। उनकी फिल्म ‘किस्मत’ (1943) ने इतिहास रचा, जब यह भारतीय सिनेमा की पहली ऐसी फिल्म बनी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 1 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। इस फिल्म में अशोक कुमार ने एंटी-हीरो का किरदार निभाया था। इस भूमिका ने उन्हें रातोंरात सुपरस्टार बना दिया। अशोक कुमार ने केवल अभिनय तक ही सीमित नहीं रहे। उन्होंने फिल्म निर्माण और निर्देशन में भी योगदान दिया। इसी के साथ ही इस दिन किशोर कुमार की बात करें तो उनका असली नाम आभास कुमार गांगुली था। वे एक बहुमुखी कलाकार थे। उनके बड़े भाई अशोक कुमार की वजह से ही उनका रुझान सिनेमा की ओर हुआ। किशोर ने 1946 में फिल्म ‘शिकारी’ से अभिनय शुरू किया, लेकिन उनकी गायकी ने उन्हें अमर बना दिया। ‘चलती का नाम गाड़ी’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय और गायन ने दर्शकों का दिल जीता। गायक, अभिनेता, निर्देशक, निर्माता और संगीतकार के रूप में किशोर ने हर क्षेत्र मं  अपनी छाप छोड़ी।